बिहार में बदला मौसम का मिजाज : पटना सहित कई जिलों में आंधी के साथ हुई हल्की बारिश, इन जिलों में वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
डेस्क : बिहार के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। पुरवा की वजह से पछुआ अब प्रभाव बढ़ाने लगा है, जिससे गर्मी बढ़ने के आसार हैं। वहीं आज गुरुवार की सुबह पटना समेत कई जिलों में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गुरुवार से वातावरण में नमी की मात्रा में कमी आएगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। पटना एवं आसपास में अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होने के कारण लोगों को गर्मी परेशान करेगी।
![]()
मौसम विभाग की ओर से आज 8 मई यानी गुरुवार को मौसम विभाग ने सुबह 9 बजे तक मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मध्य भारत और समीपवर्ती ओडिशा क्षेत्र में एक चक्रवातीय परिसंचरण की स्थिति है। पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने से तापमान में बढ़ोतरी का ट्रेंड दिखेगा। राज्य के अधिकतर जिलों में गर्म एवं शुष्क पछुआ हवा बहेगी। पटना सहित लगभग सभी जिलों में दिन व रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। 10 से 16 मई तक अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कहीं-कहीं तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। नौ से 13 मई तक उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, दक्षिण पश्चिम एवं दक्षिण-पूर्व भागों में उष्ण एवं शुष्क दिवस रहने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के कुछ भागों में हल्की वर्षा के आंकड़े जारी किए गए। इनमें बिहारशरीफ में 7.0 मिमी, बेगूसराय में 2.0 मिमी, शेखपुरा में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान बुधवार को सामान्य से 4.2 डिग्री की वृद्धि के साथ 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 38.8 डिग्री के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना व आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सुपौल में 15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली।
8 hours ago