आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर मौत का तांडव, टेंपो-टाटा 407 की भिड़ंत में तीन की मौत
हाथरस के सासनी क्षेत्र में नगला भूरा के पास आमने-सामने टकराए दोनों वाहन

कई लोग गंभीर घायल, क्रिकेट अकादमी से लौट रहे थे टेंपो सवार युवक

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार काे सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भूरा और राधिका ढाबे के पास छोटा हाथी और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार कुछ युवक अलीगढ़ के मडराक स्थित क्रिकेट अकादमी से अभ्यास करने के बाद हाथरस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में छोटा हाथी और टेंपो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में कुछ घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में मृतकों में एक की पहचान 18 वर्षीय अभिषेक निवासी मेंडू के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हाथरस पुलिस अधीक्षक चिरंजी नाथ सिंह का कहनाह तीन लोगों की एक्सीडेंट में मृत्यु हो गई है
योगीराज में शिक्षा के मंदिर में लगातार हो रही हैं ताबड़तोड़ चोरियां
  *शिक्षाक्षेत्र रूपईडीह के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अनेगी में 15 दिनों के अंदर तीसरी बार हुई चोरी


गोंडा। पुलिस के लिए ये चोरों का खुला चैलेंज है। पुलिस ने सिर्फ मामला दर्ज करके ठंडेबस्ते में डालने का काम किया है। बीते करीब डेढ़ साल में 6 से 7 बार पूर्व माध्यमिक विद्यालय अनेगी में चोरी हो चुकी है। राजकीय संपत्ति की लूट को चोरों ने अंजाम दिया लेकिन गोंडा पुलिस सिर्फ हाथ पर हाथ रखकर बैठे नजर आ रही है।
हद तो तब हो गयी जब इसी महीने नवंबर में 15 दिनों के अंदर चोरों ने दो बार इसी सरकारी  स्कूल की दीवार काटकर स्कूली बच्चों के खाने पीने के सामान के साथ टैबलेट भी अपने साथ ले गए। वहीं एक बार फिर आज रात 25/26 नवबंर की रात को बच्चों के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला खाद्यान उठा ले गए।ये बात और है कि शिक्षा विभाग द्वारा ये सारी व्यवस्थाएं पुन: उपलब्ध कराई जाएंगी लेकिन ये कितने दिन तक बच्चों के लिए इस स्कूल में सुरक्षित रह पाती हैं इसका कोई पता नहीं है क्योंकि गोंडा पुलिस की निष्क्रियता साबित करती है कि चोरों का हौंसला बुलंद है और ो किस दिन पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए फिर से उपलब्ध करवाए गए राजकीय सामान को उठा ले जाएं?वैसे दीवार काटकर ले गए उन सामानों के बारे में इटियाथोक पुलिस  का कहना है कि जांच जारी है, उचित कार्यवाई की जाएगी।
बताते चलें पहली चोरी 13-14 नवंबर, दूसरी चोरी 20-21 नवंबर, और तीसरी चोरी आज फिर 25-26 नवंबर को हुई है।बीते साल हुई चोरी और इस महीने हुई चोरी में अब तक कोई भी पकड़ा नहीं गया, सरकारी सामान की रिकवरी होने की बात तो बहुत दूर है।
जबकि इटियाथोक थाने में सरकारी स्कूल में चोरी क  भी दर्ज है लेकिन बार बार चोर चोरी करते ही जा रहे हैं।ये बात योगी राज में पुलिसिया कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगा रही है।
वहीं दूसरी तरफ ये बात भी समझ से बाहर है कि इस मामले को लेकर गोंडा पुलिस के आला  अधिकारी इटियाथोक थाने के विरूद्ध कोई कार्यवाई करने से क्यों कतरा रहे हैं?
श्री गुरु नानक देव की शिक्षाएं एक समृद्ध तथा मूल्यवान जीवन पर आधार बनाती हैंl

    श्री गुरु नानक देव जी को वैश्विक गुरु के रूप में जानेl

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

सहिब श्री गुरु नानक देव महाराज जी के 557वा के प्रकाशपर्व की पूर्व संध्या पर सुमित्रा देवी ग्रामीण सेवा संस्थान के तत्वाधान में शिव नगर चौराहा नंदन तालाब मोहल्ले में नाम सिमरन सत्संग का आयोजन किया गया।
पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मकसद गुरु नानक की शिक्षाओं के करीब लोगों को लाना है जिसमें समानता,महिला सशक्तिकरण,अलग पंथो के लिए सहिष्णुता और सेवा पर गुरु नानक देव की शिक्षाएं एक समृद्ध तथा मूल्यवान जीवन पर आधार बनाती हैंl
सुनील कुमार शुक्ल ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की नैतिक शिक्षाओं और मूल्यों का रचनात्मक ढंग से प्रचार प्रसार किया जाएगा श्री गुरु नानक देव जी के अनमोल संदेशों को सभी लोगों खासकर युवाओं के बीच पहुंचाने के लिए मजबूत प्रयास करेंगे क्योंकि गुरु नानक एक समुदाय के नहीं हैं वह अपने समय से बहुत आगे थे और आज उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रासंगिक हैं उनके संदेशों को सभी पृष्ठभूमियों के लोगों ने पसंद किया है और उसमें एक मजबूत सामाजिक संरचना बनाने में मदद मिली जो दबे कुचले लोगों को सम्मान देती है।
सुविख्यात समाजसेवी व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविन्दर सिंह ने कहा हम चाहते हैं कि लोग गुरु नानक को एक वैश्विक गुरु के रूप में जाने क्योंकि उनके विचार लोगों को एक साथ ला सकते हैं विश्व में ध्रुवीकरण और घृणा की घटनाएं बढ़ रही हैं और हमें ऐसे संदेश देने चाहिए जो सभी लोगों के बीच सौहार्द और प्रेम का माहौल बनाने में मदद हो सके सुप्रभात यात्रा इस बात को ध्यान में रखकर तैयार की गई है कि युवा एक बेहतर कल के लिए दुनिया को बदल सकते हैंlविचार रखने वालों में सर्वश्री सुशील शुक्ल,संजय श्रीवास्तव सरदार पतविंदर सिंह रघुनाथ प्रसाद मिश्रा,नैतिक शुक्ला,के.के. शुक्ल, संजीव शुक्ल, दामोदर तिवारी,नंदू,रमेश कनौजिया,शंकर भारतीय,अनिल शुक्ला आदि कई लोगों ने श्री गुरु नानक  देव महाराज जी के जीवन  शिक्षा लेने की अपील की।
सपा ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, पुरानी पेंशन की बहाली, बेरोजगारों को पांच हजार मासिक भत्ता, किसानों की कर्जमाफी का भी वादा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने चुनावी एजेंडे में युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर गुरुवार को चुनावी घोषणा-पत्र(सत्ताईस का संकल्प) जारी करते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, बेरोजगार युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता, किसानों की कर्जमाफी और शहरी क्षेत्रों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया। घोषणा-पत्र में रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।

कर्मचारियों को साधने के लिए सपा ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने का वादा किया है। वहीं, युवाओं के लिए पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने तथा पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी कैंटीन शुरू करने की भी घोषणा की गई है।

अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र में कृषि क्षेत्र में किसानों की कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया है। बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

कानून-व्यवस्था और भूमि विवादों पर सख्त रुख अपनाने का संकेत देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली, धमकी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए अलग विशेष कार्यबल (एसटीएफ) गठित करने की घोषणा की गई है। यह कार्यबल विशेष रूप से गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीनों को कब्जे से बचाने के लिए काम करेगा। अखिलेश ने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बुनियादी ढांचे के विकास के तहत तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कों का संपर्क उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर गरीबों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों को मुफ्त उपचार, दवाएं, भोजन और आवासीय सुविधा देने की बात कही गई है। लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान को पूरी क्षमता से संचालित करने, वहां शोध गतिविधियां शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी घोषणा-पत्र में शामिल हैं। इस दौरान आजम खान, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद डिंपल यादव समेत पार्टी के नेतागण एवं कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
प्रभु नाथ राय उत्त्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष नियुक्त, चार सदस्य भी नामित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को प्रभु नाथ राय को उत्त्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही सदस्य के रूप में वाराणसी की सीता मिश्रा, आजमगढ़ के कृष्ण कुमार सिंह, महराजगंज के अशोक जायसवाल और गोरखपुर के डॉक्टर फूल चंद गुप्ता को नियुक्त किया गया है। प्रमुख सचिव मनीष सिंह की ओर से गुरुवार को जारी किये गये आदेश में कहा गया है कि उपाध्यक्ष समेत सभी सदस्यों का कार्यकाल नामांकन तिथि से एक वर्ष का होगा।
दवा खाने से आए बुखार मतलब शरीर में हैं फाइलेरिया परजीवी
• परसेंडी ब्लॉक के राही और गोदरिया गांव के लाभार्थियों के अनुभव से दूर हुआ भ्रम
• पूरे परिवार ने खाई दवा, एक को आया बुखार
• आशा कार्यकर्ता ने समझाया- शरीर में छिपे परजीवी नष्ट होने पर ही आते हैं ऐसे लक्षण तो राहत की सांस ली

सीतापुर, 26 नवंबर 2026 

परसेंडी ब्लॉक के राही गांव के वेद प्रकाश शुक्ला (52) के पूरे परिवार ने फाइलेरिया रोधी दवा खाई। सब सामान्य रहे लेकिन वेद को रात में बुखार आ गया। सुबह होते ही आशा कार्यकर्ता मीना देवी पर फट पड़े। मीना देवी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "ईश्वर को धन्यवाद दीजिए, आप सुरक्षित हो गए हैं। यह दवा का बुरा असर नहीं है, बल्कि आपके शरीर में पहले से छिपे फाइलेरिया के सूक्ष्म परजीवी नष्ट होने के कारण हुआ है। यदि आपने दवा न खाई होती तो आने वाले वर्षों में आप इस बीमारी की चपेट में आ सकते थे।"

जनपद के 10 ब्लाक में चल रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के दौरान घर-घर जाकर दवा खिला रही स्वास्थ्य टीमों के सामने इस तरह के खूब मामले आ रहे हैं। वेद प्रकाश का मामला ताजा है। स्वास्थ्य टीम के सामने फाइलेरिया रोधी दवा खाई। रात में तेज बुखार आ गया। आशा कार्यकर्ता के समझाने पर भौंचक हो गए। बोले- उन्हें तो फाइलेरिया का कोई लक्षण नहीं है। इस पर आशा ने समझाया कि यही इस बीमारी की सबसे गंभीर बात है। मच्छर के काटने से फैलने वाले इस रोग के लक्षण 10 से 15 साल बाद उभरते हैं। एक बार हाथ या पैर में सूजन आ जाए तो फिर स्थायी इलाज नहीं है।
मरीज के पास उठने-बैठने से संक्रमण फैलने की आशंका पर आशा ने स्पष्ट किया कि यह छुआछूत की बीमारी नहीं है। जब कोई मच्छर संक्रमित व्यक्ति को काटता है तो सूक्ष्म परजीवी खून के जरिए मच्छर में चले जाते हैं। यही मच्छर जब किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है तो परजीवी उसके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं।

परिवार में सिर्फ उन्हीं को हुई प्रतिक्रिया, जिनमें था संक्रमण-
वेद प्रकाश ने बताया कि उनके परिवार के सभी सदस्यों ने दवा खाई, लेकिन किसी और को कोई दिक्कत नहीं हुई। इस पर आशा कार्यकर्ता ने कहा कि यही सबसे बड़ा प्रमाण है—जिनके शरीर में परजीवी नहीं होते, उन्हें दवा खाने के बाद प्रतिक्रिया नहीं होती। समस्या केवल उन्हीं को महसूस होती है, जिनके भीतर छिपे परजीवी दवा के असर से मर रहे होते हैं। पूरी बात समझने के बाद वेद प्रकाश ने राहत की सांस ली और अगले साल भी पूरे परिवार के साथ दवा खाने का संकल्प लिया। राही गांव के ही नौ वर्षीय गणेश और गोदरिया गांव के 26 वर्षीय उमेश कुमार को भी दवा सेवन के बाद बुखार और उल्टी की शिकायत हुई थी। स्वास्थ्य टीम की काउंसलिंग के बाद दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

यही एमडीए अभियान की असली सफलता है: डॉ. दीपेंद्र वर्मा

अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा का कहना है कि दवा खाने के बाद कुछ लोगों में उल्टी या हल्का बुखार आना दरअसल अभियान की सफलता को दर्शाता है। इसका सीधा अर्थ है कि लोग जागरूक होकर दवा खा रहे हैं और दवा अपना काम कर रही है। एमडीए का मूल उद्देश्य यही है कि सभी को दवा खिलाकर शरीर में छिपे परजीवियों को नष्ट कर दिया जाए। जब सभी लोग दवा का सेवन करेंगे तो संक्रमण की कड़ी टूट जाएगी और जनपद पूरी तरह फाइलेरिया मुक्त हो जाएगा।

सीएमओ की अपील: अफवाहों से बचें, टीम के सामने जरूर खाएं दवा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुख रंजन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रांति या अफवाह में न आएं। फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित और जीवनरक्षक है। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी लोग सात दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य टीम के सामने दवा का सेवन जरूर करें।

आंकड़ों में फाइलेरिया -

26,53,429 को खिलाई जानी है दवा
4,453 मरीज फाइलेरिया के चिह्नित
3,985 हाथीपांव और 468 हाइड्रोसील के रोगी
आईपीएस आलोक सिंह बने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अध्यक्ष
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार को 1995 बैच के आईपीएस आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज का नया अध्यक्ष बनाया है। वर्तमान में वह पुलिस महानिदेशक पीएसी के पद पर तैनात है।

कार्मिक अनुभाग-4 के विशेष सचिव असीम कुमार सिंह की ओर से गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई। निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हुए थे, जिसके बाद से यह पद खाली चल रहा था। इसकी अब जिम्मेदारी आईपीएस आलोक सिंह के पास रहेगी। पद ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक उनका कार्यकाल रहेगा।

आईपीएस आलोक सिंह अपने तीन दशक के कैरियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। गौतमबुद्धनगर के पहला पुलिस कमिश्रर बनने का भी गौरव प्राप्त है। इससे अलावा मरेठ, कानपुर समेत कई जिलों में उनकी तैनाती रही है। आलोक सिंह के नियुक्ति के बाद चार प्रमुख भर्ती संस्थानों का नेतृत्व आईपीएस अफसरों के पास होगा।
68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगति काे लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले अभ्यर्थी
— विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- मामला संज्ञान में है यह नीतिगत मामला है

— मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर समाधान कराने का मिला आश्वासन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 की आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में पिछले 87 दिनों से अनवरत धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार दोपहर को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के साथ राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग तथा विधान परिषद की सामाजिक एवं संसदीय सद्भाव समिति की रिपोर्ट भी सौंपी। इसके अलावा आंदोलन के दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों और उपमुख्यमंत्री से हुई मुलाकातों तथा उनके द्वारा दिए गए आश्वासनों का पूरा विवरण भी विधानसभा अध्यक्ष को उपलब्ध कराया।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने ज्ञापन लेने के बाद कहा कि यह प्रकरण प्रदेश सरकार के संज्ञान में है। उन्होंने इसे नीतिगत मामला बताते हुए मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर प्रकरण को निस्तारण कराने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अहित नहीं होने दिया जाएगा।

आंदोलन के सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग है कि संबंधित आयोगों और विधान परिषद की समिति की रिपोर्ट के अनुरूप आरक्षण विसंगति दूर की जाए। ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। साथ ही दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षित श्रेणी का लाभ मिले।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधियों और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शीघ्र न्यायपूर्ण निर्णय लेने की अपील की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, रणविजय सिंह सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।
आठ गांवों के अंबेडकर पार्कों का होगा कायाकल्प, अरैला चकभीखा में हुआ भूमि पूजन
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। संविधान दिवस के अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के आठ गांवों में स्थित अंबेडकर पार्कों का कायाकल्प किया जाएगा। इसके तहत पार्कों में छत निर्माण, प्रतिमा स्थापना, बाउंड्रीवाल सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसी क्रम में गुरुवार को अरैला चकभीखा गांव स्थित अंबेडकर पार्क में विधि-विधान से भूमि पूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में तथागत गौतम बुद्ध एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह गौतम ने भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर डॉ. धर्म सिंह गौतम ने कहा कि बाबा साहब का जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। अंबेडकर पार्कों के सुंदरीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों का विकास होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान चंदा देवी, प्रधान प्रतिनिधि वंशी प्रसाद, एडवोकेट अभयदीप, वीडियो समाज कल्याण दुर्गेश सिंह, सरिता देवी, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक सुमंगल, दीप यादव, अजीत, संतोष, पंकज, शशिकेश, उत्तम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रानीपुर ब्लॉक में 254 लाभार्थियों को आवास की चाबी, 549 को मिले स्वीकृति पत्र
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। रानीपुर ब्लॉक परिसर में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता छोटू प्रसाद ने मुख्यमंत्री आवास योजना के 254 लाभार्थियों को आवास की चाबी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के 549 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि छोटू प्रसाद ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की मंशा है कि कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान या खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। आवास योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए आवास निर्माण के लिए मिलने वाली धनराशि का सदुपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी रामाकांत, समाज कल्याण विभाग के वीडियो दुर्गेश सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह, सहायक विकास अधिकारी विजय शंकर सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।