68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगति काे लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले अभ्यर्थी
— विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- मामला संज्ञान में है यह नीतिगत मामला है

— मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर समाधान कराने का मिला आश्वासन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 की आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में पिछले 87 दिनों से अनवरत धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार दोपहर को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के साथ राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग तथा विधान परिषद की सामाजिक एवं संसदीय सद्भाव समिति की रिपोर्ट भी सौंपी। इसके अलावा आंदोलन के दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों और उपमुख्यमंत्री से हुई मुलाकातों तथा उनके द्वारा दिए गए आश्वासनों का पूरा विवरण भी विधानसभा अध्यक्ष को उपलब्ध कराया।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने ज्ञापन लेने के बाद कहा कि यह प्रकरण प्रदेश सरकार के संज्ञान में है। उन्होंने इसे नीतिगत मामला बताते हुए मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर प्रकरण को निस्तारण कराने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अहित नहीं होने दिया जाएगा।

आंदोलन के सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग है कि संबंधित आयोगों और विधान परिषद की समिति की रिपोर्ट के अनुरूप आरक्षण विसंगति दूर की जाए। ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। साथ ही दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षित श्रेणी का लाभ मिले।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधियों और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शीघ्र न्यायपूर्ण निर्णय लेने की अपील की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, रणविजय सिंह सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।
आठ गांवों के अंबेडकर पार्कों का होगा कायाकल्प, अरैला चकभीखा में हुआ भूमि पूजन
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। संविधान दिवस के अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के आठ गांवों में स्थित अंबेडकर पार्कों का कायाकल्प किया जाएगा। इसके तहत पार्कों में छत निर्माण, प्रतिमा स्थापना, बाउंड्रीवाल सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसी क्रम में गुरुवार को अरैला चकभीखा गांव स्थित अंबेडकर पार्क में विधि-विधान से भूमि पूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में तथागत गौतम बुद्ध एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह गौतम ने भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर डॉ. धर्म सिंह गौतम ने कहा कि बाबा साहब का जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। अंबेडकर पार्कों के सुंदरीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों का विकास होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान चंदा देवी, प्रधान प्रतिनिधि वंशी प्रसाद, एडवोकेट अभयदीप, वीडियो समाज कल्याण दुर्गेश सिंह, सरिता देवी, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक सुमंगल, दीप यादव, अजीत, संतोष, पंकज, शशिकेश, उत्तम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रानीपुर ब्लॉक में 254 लाभार्थियों को आवास की चाबी, 549 को मिले स्वीकृति पत्र
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। रानीपुर ब्लॉक परिसर में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता छोटू प्रसाद ने मुख्यमंत्री आवास योजना के 254 लाभार्थियों को आवास की चाबी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के 549 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि छोटू प्रसाद ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की मंशा है कि कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान या खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। आवास योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए आवास निर्माण के लिए मिलने वाली धनराशि का सदुपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी रामाकांत, समाज कल्याण विभाग के वीडियो दुर्गेश सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह, सहायक विकास अधिकारी विजय शंकर सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संविधान दिवस पर सपा कार्यकर्ताओं ने लिया पीडीए सरकार बनाने का संकल्प
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कस्बे के अंबेडकर स्थल पर गुरुवार को विधायक राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेता लाल मोहम्मद राईनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र कुमार ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को समानता, सम्मान एवं अधिकार दिलाने का काम किया। इसके लिए पूरा समाज उनका ऋणी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कुछ लोग संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने सामाजिक समानता और सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए पीडीए सरकार बनाने का संकल्प लिया। वहीं, मुख्य अतिथि लाल मोहम्मद राईनी ने कहा कि प्रदेश अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। सामाजिक न्याय और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पीडीए की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया है।

इस अवसर पर धर्म प्रकाश यादव, अमान अहमद, डॉ. सोचन भारती, सदानंद यादव, अशोक कुमार गौतम, बुद्धराम, रामानंद राम, रागिनी सिंह, रवि पासी, दिनेश कुमार रावत, राम प्रकाश यादव, राम दुलारे राम, करमचंद्र, मुसाफिर यादव, जय हिंद यादव, राम शब्द यादव, राजमन यादव, पंचमेश यादव, सुनीता यादव, कमर अहमद, अजीत यादव, राजकुमार पासवान, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सीएचसी अधीक्षक ने की समीक्षा, आठ परिवारों से किया संपर्क
लहरपुर के रूढ़ा गांव में एमडीए कार्यक्रम का लिया जायजा, सात दिसंबर तक चलेगा दवा सेवन अभियान; ग्रामीणों से दवा खाने की अपील

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी, बीपीएम गौरव सक्सेना और बीसीपीएम मनोज वर्मा ने एमडीए कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के ग्राम रूढ़ा का दौरा कर दवा सेवन कार्यक्रम की समीक्षा की। इस मौके पर  टीम ने गांव के 8 परिवारों से संपर्क कर फाइलेरिया की दवा का सेवन करने वाले लोगों की जानकारी ली और अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी ने फैमिली रजिस्टर की जांच कर गांव का दौरा कर गांव में लगाई गई  प्रचार सामग्री की भी जांच की।
अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी ने बताया कि आगामी 7 दिसंबर तक फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम प्रस्तावित है, उन्होंने आशा अल्पना एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता अभय कुमार को प्राथमिकता के आधार पर लोगों को दवा का सेवन कराने एवं गांव से बाहर गए लोगों के वापस आने पर उन्हें दवा खिलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से संपर्क कर अपील की कि फाइलेरिया से बचाव के लिए सभी लोग अनिवार्य रूप से दवा का सेवन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
रोटरी क्लब ने बांटे स्कूल बैग, बच्चों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
‘उड़ान’ कार्यक्रम में एक सैकड़ा से अधिक बच्चों को मिली शिक्षा और स्वास्थ्य की सौगात

फर्रुखाबाद। रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद की ओर से अमेठी कोहना जूनियर विद्यालय में ‘उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक सैकड़ा से अधिक छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराईं !


कार्यक्रम में डॉ. बी.के. चौधरी, डॉ. शिवाशीष उपाध्याय, डॉ. वी.के. गुप्ता , डा एस पी सिंह, डा रोहित तिवारी.डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ,डा सुरभि, डा आकांशा ,डा सरोज बाला, डा अनुराग अग्रवाल ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद के अध्यक्ष रोटेरियन दीपक खन्ना ने कहा कि रोटरी क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। ‘उड़ान’ कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य की देखभाल करना है। उन्होंने कहा कि एक स्कूल बैग केवल पढ़ाई का सामान नहीं, बल्कि बच्चे के सपनों और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का माध्यम है।

कार्यक्रम में पहुंचे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्व प्रताप सिंह ने बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए तथा रोटरी क्लब के सामाजिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी आवश्यक है।

मोनिका खन्ना ने मंच संचालन किया व विद्यालय प्रभारी श्री पुष्पेंद्र सिंह द्वारा सभी व्यवस्थाएं देखी गई ।रोटरी क्लब के सन्दीप अग्रवाल, हर्षित मेहरोत्रा,नेहा श्रीवास्तव, शरद रस्तोगी, नेहा रस्तोगी,रितु गुप्त ,पूर्वी मेहरोत्रा, सारिका चौधरी, उदित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब ने कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ‘सेवा के माध्यम से बेहतर भविष्य’ का संदेश दिया।
मंडलायुक्त कानपुर ने कलेक्ट्रेट में राजस्व विभाग के विभिन्न पटलों का किया गहन निरीक्षण, पटल सहायकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर दिया विशेष जोर*

फर्रुखाबाद । मंडलायुक्त कानपुर एस0 राजलिंगम द्वारा आज अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का गहनतापूर्वक अवलोकन कर वहां संचालित कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव तथा शासकीय कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में मंडलायुक्त द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित ई-गवर्नेंस सेल, आयुध अनुभाग, संग्रह अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय एवं राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित पटलों पर उपलब्ध अभिलेखों, पत्रावलियों, पंजिकाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए उनके रखरखाव एवं कार्यों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

मंडलायुक्त ने विभिन्न पटलों पर तैनात पटल सहायकों से उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पटल सहायक अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ करें। कार्यालयों में अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रखरखाव सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। साथ ही ई-गवर्नेंस से संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने निर्वाचन संबंधी अभिलेखों एवं राजस्व अभिलेखागार के रखरखाव का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महत्वपूर्ण अभिलेखों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख तत्काल उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संविधान गौरव दिवस पर डॉ. बी०आर० आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत मूर्ति स्थलों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित

*जनपद में चयनित 39 स्थलों पर कराया जा रहा है बाबासाहेब एवं सामाजिक न्याय के महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण एवं सौन्दर्यीकरण*

*विधानसभा अमृतपुर के शेराखार गौटिया एवं विधानसभा कायमगंज के बराबिकू में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुए कार्यक्रम*



फर्रुखाबाद।
राज्य सरकार द्वारा भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, आदर्शों, सामाजिक समरसता तथा सामाजिक न्याय के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘डॉ. बी०आर० आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के अंतर्गत प्रदेशभर में बाबासाहेब एवं राष्ट्रीय स्तर के समाज सुधारकों तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं के नवीनीकरण एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।

आज 26 नवम्बर 2026 को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रातः 10:00 बजे मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेशव्यापी इस कार्यक्रम का आयोजन हाईब्रिड मोड में किया गया, जिसके अंतर्गत जनपद  की समस्त विधानसभाओं में चिन्हित स्थलों पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर चयनित मूर्ति विकास स्थलों पर पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

प्रदेश सरकार द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों से जुड़े कुल 3,955 स्थलों पर सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्य प्रारंभ कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद फर्रुखाबाद में कुल 39 स्थलों का चयन किया गया है, जहां प्रतिमाओं के नवीनीकरण, परिसर के सौन्दर्यीकरण एवं आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

जनपद में विधानसभा अमृतपुर के अंतर्गत शेराखार गौटिया में विधायक सुशील कुमार शाक्य की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधानसभा कायमगंज के अंतर्गत बराबिकू में  विधायक डॉ. सुरभि की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। दोनों स्थलों पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से जुड़े विकास कार्यों के अंतर्गत पूजन कार्यक्रम आयोजित कर योजना के उद्देश्यों को रेखांकित किया गया।

इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व, न्याय एवं सामाजिक समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समान अधिकार एवं सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी एक समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।

योजना के माध्यम से प्रतिमाओं एवं उनसे जुड़े स्थलों का विकास कर उन्हें सम्मानजनक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं आदर्शों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा समाज कल्याण विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समीक्षा कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के दिए निर्देश
*कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे, अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें अधिकारी एवं राजनीतिक दल : मंडलायुक्त*


फर्रुखाबाद।
मंडलायुक्त कानपुर एवं रोल प्रेक्षक (विधानसभा निर्वाचक नामावली) एस0 राजलिंगम की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसका मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर प्राप्त हो सके।

उन्होंने निर्देशित किया कि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के साथ-साथ ऐसे सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर संपर्क कर पात्र व्यक्तियों को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही प्राप्त होने वाले फार्मों की समयबद्ध जांच एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।

मंडलायुक्त ने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 23 लाख 74 हजार मतदाता चिन्हित हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यापक मतदाता आधार को ध्यान में रखते हुए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की नियमित समीक्षा की जाए तथा जिन क्षेत्रों एवं बूथों पर नए पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष ध्यान देकर प्रगति बढ़ाई जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सम्मिलित होना लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। जिला प्रशासन का यह दायित्व है कि कोई भी पात्र मतदाता आगामी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित न रहे। इसके लिए निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक करें।

बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मंडलायुक्त ने अपेक्षा की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में जिला प्रशासन को अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से बूथ स्तर पर पात्र मतदाताओं की पहचान कराने, छूटे हुए मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। प्रशासन एवं राजनैतिक दलों के आपसी समन्वय से पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले प्रत्येक पात्र आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने मंडलायुक्त को जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं अब तक की प्रगति की जानकारी दी तथा आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी  विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने सीएम डैश पोर्टल पर विभिन्न विकासकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की*
*आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने तथा शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क करने के दिए निर्देश*

*पीएम सूर्यघर बिजली योजना के अंतर्गत अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने पर दिया जोर*

*बैठक से अनुपस्थित जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं औषधि निरीक्षक के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही के निर्देश*


फर्रुखाबाद : मंडलायुक्त कानपुर एस0 राजलिंगम की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैश पोर्टल पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा उनकी रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मंडलायुक्त ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण किया जाए।

बैठक में मंडलायुक्त ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की संख्या में वृद्धि की जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क करें तथा उसकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संतुष्टि के आधार पर निस्तारण की कार्यवाही करें। केवल पोर्टल पर निस्तारण प्रदर्शित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।

*पीएम सूर्यघर बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर*

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इससे लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को विशेष रूप से योजना से जोड़ने के प्रयास किए जाएं, जिन्होंने बैंकों से होम लोन प्राप्त किया है तथा जिनके यहां 05 किलोवाट से अधिक क्षमता का विद्युत संयोजन है। संबंधित विभागीय अधिकारी बैंक अधिकारियों एवं विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे संभावित लाभार्थियों को चिह्नित करें तथा उन्हें योजना के लाभों की जानकारी देते हुए आवेदन के लिए प्रेरित करें।

*अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश*

बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं औषधि निरीक्षक के अनुपस्थित पाए जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों एवं महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहें तथा विभागीय कार्यों की प्रगति से अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों।

*सीएम डैश पोर्टल की रैंकिंग एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा*

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ द्वारा सीएम डैश पोर्टल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग के संबंध में मंडलायुक्त को विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें पीएम सूर्यघर बिजली योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, पर्यटन राज्य योजना, सेतु निर्माण, ओडीओपी टूलकिट वितरण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, आईजीआरएस, आयुष्मान कार्ड, रानी लक्ष्मीबाई श्रम सम्मान योजना, धान खरीद तथा खाद्य उपलब्धता सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैश पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों एवं विभागीय अभिलेखों में पूर्ण समानता रखी जाए। योजनाओं से संबंधित डाटा समय से अपडेट किया जाए तथा जिन योजनाओं में जनपद की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष प्रयास करते हुए प्रगति में सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।