मंडलायुक्त ने सीएम डैश पोर्टल पर विभिन्न विकासकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की*
*आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने तथा शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क करने के दिए निर्देश*
*पीएम सूर्यघर बिजली योजना के अंतर्गत अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने पर दिया जोर*
*बैठक से अनुपस्थित जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं औषधि निरीक्षक के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही के निर्देश*
फर्रुखाबाद : मंडलायुक्त कानपुर एस0 राजलिंगम की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैश पोर्टल पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा उनकी रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण किया जाए।
बैठक में मंडलायुक्त ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की संख्या में वृद्धि की जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क करें तथा उसकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संतुष्टि के आधार पर निस्तारण की कार्यवाही करें। केवल पोर्टल पर निस्तारण प्रदर्शित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
*पीएम सूर्यघर बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर*
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इससे लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को विशेष रूप से योजना से जोड़ने के प्रयास किए जाएं, जिन्होंने बैंकों से होम लोन प्राप्त किया है तथा जिनके यहां 05 किलोवाट से अधिक क्षमता का विद्युत संयोजन है। संबंधित विभागीय अधिकारी बैंक अधिकारियों एवं विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे संभावित लाभार्थियों को चिह्नित करें तथा उन्हें योजना के लाभों की जानकारी देते हुए आवेदन के लिए प्रेरित करें।
*अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश*
बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं औषधि निरीक्षक के अनुपस्थित पाए जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों एवं महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहें तथा विभागीय कार्यों की प्रगति से अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों।
*सीएम डैश पोर्टल की रैंकिंग एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा*
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ द्वारा सीएम डैश पोर्टल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग के संबंध में मंडलायुक्त को विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें पीएम सूर्यघर बिजली योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, पर्यटन राज्य योजना, सेतु निर्माण, ओडीओपी टूलकिट वितरण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, आईजीआरएस, आयुष्मान कार्ड, रानी लक्ष्मीबाई श्रम सम्मान योजना, धान खरीद तथा खाद्य उपलब्धता सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैश पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों एवं विभागीय अभिलेखों में पूर्ण समानता रखी जाए। योजनाओं से संबंधित डाटा समय से अपडेट किया जाए तथा जिन योजनाओं में जनपद की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष प्रयास करते हुए प्रगति में सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k