संविधान दिवस पर मायावती बाेली, आंबेडकर के सपना पूरा करने के लिए सत्ता हासिल करना जरुरी
लखनऊ। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार काे एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ’बहुजन समाज’ को एकजुट होकर सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथों में लेने की अपील की है।

मायावती ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर का ’आत्म-सम्मान व स्वाभिमान’ का मिशन सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं ले पाने के कारण आज भी अधूरा है। ’बहुजन समाज’ को आज ’संविधान दिवस’ पर सोच-विचार व गंभीर चिन्तन जरूर करना चाहिये।

मायावती ने कहा कि 26 नवम्बर के दिन जब केन्द्र व राज्य सरकारें ’संविधान दिवस’ मना रही हैं तो ’बहुजन समाज’ को, समय-समय पर बाबा साहेब अमर संदेश कि, ’सत्ता वह मास्टर चाबी है जिससे तरक़्क़ी, विकास के तमाम बन्द दरवाज़े खुल जाते हैं’, देश की आज़ादी के इतने लम्बे अर्से के बाद तथा उनके द्वारा बनाये गये बहुजन-हितैषी मानवतावादी व कल्याणकारी संविधान के होने के बावजूद भी, मंज़िल यानि कि दिल्ली की सत्ता दूर क्यों है,

उन्होंने कहा कि केन्द्र में अब तक रही सरकारों ने आरक्षण के संवैधानिक दायित्व समेत ग़रीबी, बेरोज़गारी, शिक्षा, स्वास्थ्य व आत्म-सम्मान आदि की अति-महत्वपूर्ण बुनियादी ज़रूरतों को, क्या ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभाया है? इस ज़िम्मेदारी को वास्तव में सही से नहीं निभाया है तो उसका हिसाब-किताब अभी क्यों नहीं?

वैसे भी 26 नवम्बर सन 1949 को तब संविधान की औपचारिक स्वीकृति से ठीक एक दिन पहले, संविधान सभा में अपने समापन भाषण में इन्हीं कुछ ख़ास बातों को लेकर बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर ने यही कहा था कि जातियाँ देश-विरोधी हैं, जातिवाद का परित्याग ज़रूरी है तथा भारत को देश से राष्ट्र में बदलने के लिए ठोस उपाय करने होंगे।

इतना ही नहीं बल्कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता से संतुष्ट नहीं हो जाना चाहिये बल्कि सामाजिक व आर्थिक लोकतंत्र भी देश के सम्पूर्ण व समग्र विकास के लिये ज़रूरी है, जिस समता, समानता एवं बंधुता की बेहतरीन मिसाल बसपा ने प्रदेश में अपने शासनकाल में ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त पर चलकर यहाँ ’सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ का सुखद सूत्रपात किया, मज़बूत बुनियाद डाली है।

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखण्ड व पंजाब राज्य में विधानसभा आमचुनाव अब काफी नज़दीक है तो बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान की पवित्र मंशा को सही से ज़मीन पर उतारना ज़रूरी है, जो संकीर्ण, सामंती व जातिवादी पार्टियों की सोच एवं कार्य संस्कृति से नहीं, बल्कि सर्वसमाज का हित एवं उनके जान, माल व मज़हब आदि सुरक्षित रखने की गारण्टी एकमात्र बसपा की तरक्की व उसके द्वारा ’बहुजन समाज’ के उत्थान से ही संभव है।



उन्हाेंने एक्स पर लिखा कि बसपा को ख़ासकर विरोधी पार्टियों, जातिवादी तत्वों व घोर स्वार्थी संगठनों आदि के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि अनेकों प्रकार के हथकण्डों का सामना करते हुये सत्ता की मंज़िल तक पहुंचाना ज़रूरी है, ताकि यहां यूपी में क़ानून द्वारा क़ानून का आयरन राज तथा जनहित, जनकल्याण व विकास के मामलों में भी ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की बेहतरीन हुकूमत यहां फिर से स्थापित हो सके और ग़रीबी, बेरोज़गारी, पिछड़ापन, दुखद पलायन आदि से त्रस्त सर्वसमाज के लोग यहाँ सुख-शान्ति के साथ खुशहाल जीवन बसर कर सकें।



मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान का कल्याणकारी राज्य का सपना काफी हद तक साकार होगा। आज ’संविधान दिवस’ पर लोगों का यही संकल्प हो तो यह देश व जनहित में होगा।
सड़क किनारे अधेड़ का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
फर्रुखाबाद,। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के काेतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में गुरुवार काे अधेड़ मातादीन का शव मिला।सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कार्यवाहक काेतवाल तेज सिंह ने बताया कि जहानगंज के ग्राम मिहदेल निवासी मातादीन (50) का शव मुर्हास कनहैया स्थित प्रभात ढाबा के निकट सड़क के किनारे पड़ा देखा गया। उसके गले में पीले रंग का अंगौछा लिपटा हुआ था, जिससे आशंका है कि मातादीन की गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलने पर हल्का इंचार्ज अशोक तिवारी ने मामले की जांच पड़ताल की। आसपास के लाेगाें से पता चला है कि अविवाहित माता दीन नशा करने का आदी और दिल्ली में ट्रक पर हेल्परी करता था। चार साल से गांव में रहकर मजदूरी करता था। जांच के दौरान मातादीन के गले पर कोई निशान और शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं थी। शव सड़क के किनारे पड़ा था। माैत की वजह जानने के लिए शव का पाेस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज और पुलिस लाइन में मनाया गया संविधान दिवस
-विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों और पुलिसकर्मियों ने ली संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

देवरिया। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय और पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर उसके मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।

महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के लेक्चर थिएटर- द्वितीय में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रजनी के नेतृत्व में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने संविधान की प्रस्तावना एवं मूल आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। प्राचार्य डॉ. रजनी ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का संदेश देता है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों का दायित्व है कि वे जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मरीजों को समान भाव से चिकित्सा सेवाएं प्रदान करें। कार्यक्रम में डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. संजय भट्ट, डॉ. शुभम पांडेय सहित अन्य फैकल्टी सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं, पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपनाते हुए कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता से करने का संदेश दिया।

एसपी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने तथा कानून के शासन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। जनपद के सभी थानों पर भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स गौरव सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सीओ क्राइम समेत 23 पुलिसकर्मियों का गैरजनपद तबादला, सभी कार्यमुक्त
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में जनपद फर्रुखाबाद पुलिस विभाग में तैनात सीओ क्राइम समेत 23 पुलिसकर्मियों का गुरुवार काे गैरजनपद तबादला हुआ है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को कार्यमुक्त कर दिया है। इनमें कई महत्वपूर्ण शाखाओं के प्रभारी और थानों की कमान संभाल रहे पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। कायमगंज, नवाबगंज और कंपिल थाना प्रभारियों के स्थानांतरण से थाना स्तर पर भी बदलाव हुआ है।

डीआईजी यमुना प्रसाद ने 17 नवंबर को तबादला आदेश जारी किए थे। इसके अनुपालन में जिले से स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को कार्यमुक्त करने की कार्रवाई की गई। तबादला सूची में सीओ अमोद कुमार सिंह सहित क्राइम ब्रांच, साइबर थाना, यातायात, चुनावी सेल और विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।

इनमें कायमगंज कोतवाली में तैनात विनोद शुक्ला, चुनावी सेल प्रभारी अनिल कुमार चौबे, पुलिस लाइन के मंजेश सिंह यादव और लक्ष्मी नारायण, साइबर थाना प्रभारी राजेश कुमार, एसपी के वाचक गोविंद हरी, श्रवण कुमार तथा आईजीआरएस प्रभारी रहमत खां को कानपुर देहात स्थानांतरित किया गया है।इसी तरह न्यायालय सुरक्षा प्रभारी मंजेश कुमार सिंह, वीआईपी सेल प्रभारी अमित गंगवार, अपराध शाखा के हरिश्याम सिंह, अमृतपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडे, पुलिस लाइन की पूनम अवस्थी और मनोज कुमार भाटी तथा डीसीआरबी प्रभारी सत्य प्रकाश को इटावा भेजा गया है।

विशेष जांच प्रकोष्ठ प्रभारी रणविजय सिंह, पुलिस लाइन के राजेश कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह और योगेंद्र सिंह तथा यातायात प्रभारी ओमप्रकाश पांडे को कन्नौज में नई तैनाती मिली है। क्राइम ब्रांच प्रभारी समर बहादुर को औरैया स्थानांतरित किया गया है। सीओ अमोद कुमार सिंह का तबादला भदोही किया गया है। वहीं नवाबगंज में तैनात रहे राजीव कुमार को झांसी रेंज और कंपिल थानाध्यक्ष नितिन कुमार को बरेली भेजा गया है।
संविधान के आदर्शों को आचरण और कार्यप्रणाली में आत्मसात करना जरूरी : भगवती सिंह
माध्यमिक शिक्षा परिषद के मुख्यालय में मनाया गया संविधान दिवस, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित मुख्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के सचिव भगवती सिंह ने की। इस दौरान परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

इस अवसर पर सचिव भगवती सिंह ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान के आदर्शों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और कार्यप्रणाली में आत्मसात करना भी आवश्यक है। इन मूल्यों को व्यवहार में उतारकर ही एक बेहतर और जिम्मेदार प्रशासनिक व्यवस्था का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तरदायी प्रशासनिक व्यवस्था के निर्माण में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करना ही संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी वास्तविक प्रतिबद्धता है। प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यों में इन मूल्यों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के अपर सचिव कमलेश कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ के अपर सचिव ज्योति प्रसाद, अपर सचिव (प्रशासन) सत्येंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी, उप सचिव (प्रशासन), परिषद के समस्त उप सचिव, सहायक सचिव, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर जनपद स्तरीय गोष्ठी, ग्राम प्रधान समेत कई सम्मानित
-राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर ग्राम प्रधान अतर सिंह सम्मानित, कुंडरी सहारनपुर का बढ़ाया मान



फर्रुखाबाद, । राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद जिले के गुरुवार को विकास भवन फतेहगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय गोष्ठी में कुंडरी सहारनपुर के ग्राम प्रधान अतर सिंह को सम्मानित किया गया। पशुपालन, गोवंश संरक्षण एवं गौशाला प्रबंधन के क्षेत्र में सहभागिता को लेकर आयोजित कार्यक्रम में जनपद के चयनित पांच लोगों को सम्मान प्रदान किया गया। इनमें ग्राम प्रधान अतर सिंह का नाम शामिल होने से कुंडरी सहारनपुर गांव का गौरव बढ़ा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा तथा जनपद के नामित नोडल अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने ग्राम प्रधान अतर सिंह को सम्मानित किया। उनके साथ याकूतगंज गौशाला की माधुरी देवी, बसेली के पवन कुमार, नेकपुर खुर्द के देवेंद्र कुमार और पहाड़पुर के विवेक कुमार को भी सम्मान प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस गोष्ठी में पशुपालन, विद्युत उत्पादन, वन संरक्षण एवं गौशाला प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाने पर जोर दिया गया।

गोष्ठी में अधिकारियों ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं। गोवंश संरक्षण और गौशालाओं का बेहतर प्रबंधन भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र पशुपालकों तक पहुंचाना और ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
योगी सरकार के स्वरोजगार के विजन पर प्रथम स्थान पाकर खरा उतरा आजमगढ़, बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे पायदान पर
- योगी सरकार की योजना से युवाओं को उद्यम की उड़ान, नौकरी मांगने नहीं, नौकरी देने की राह पर युवा

- डेढ़ लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य, बैंकों ने 63 हजार से अधिक ऋण किए स्वीकृत

- योगी सरकार की पहल से युवाओं को स्वरोजगार के लिए मिल रहा आर्थिक संबल

लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को नौकरी तलाशने की बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) प्रदेश के युवाओं के लिए स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहा है। योजना के तहत युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का नतीजा है कि आजमगढ़ ने ऋण वितरण की प्रगति में 75.69 प्रतिशत के साथ पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बलिया जिले ने 63.11 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है जबकि रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

टॉप फाइव में अमरोहा और जौनपुर जिले शामिल

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर छोटे उद्योग, व्यवसाय और स्वरोजगार की गतिविधियां शुरू करने के अवसर दिए जा रहे हैं।

खास बात यह है कि पांच लाख रुपये तक के ऋण पर ब्याज और गारंटी की बाध्यता नहीं है, जिससे अपना उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को आर्थिक सहायता प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सीएम युवा योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने के लक्ष्य के सापेक्ष आजमगढ़ ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले ने 75.69 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर प्रदेश की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं पूर्वांचल के ही बलिया ने 63.11 प्रतिशत प्रगति के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

इसके अलावा रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे, अमरोहा 49 प्रतिशत के साथ चौथे और जौनपुर 48.90 प्रतिशत प्रगति के साथ पांचवें स्थान पर है। इस तरह प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में पूर्वांचल के तीन जिले आजमगढ़, बलिया और जौनपुर शामिल हैं। वाराणसी ने भी योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 47.37 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया है।

पूर्वांचल के अन्य जिलों में भदोही 45.41 प्रतिशत के साथ 20वें, मऊ 44.71 प्रतिशत के साथ 22वें, गाजीपुर 41.89 प्रतिशत के साथ 32वें, चंदौली 40.76 प्रतिशत के साथ 38वें, सोनभद्र 40.35 प्रतिशत के साथ 40वें और मीरजापुर 31.13 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में 73वें स्थान पर है। आंकड़े बताते हैं कि पूर्वांचल के कई जिले युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

लक्ष्य से अधिक आवेदन, बैंकों ने 63 हजार से ज्यादा किए स्वीकृत

योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1.50 लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेशभर में योजना का व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन किया जा रहा है। 25 नवंबर तक प्रदेश में कुल 2,08,753 आवेदन प्राप्त हो चुके थे। इनमें से 1,88,611 आवेदन पत्र बैंकों को भेजे गए। बैंकों ने इनमें से 63,215 आवेदन स्वीकृत किए, जबकि 62,671 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इस प्रकार प्रदेश में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण की कुल प्रगति 41.78 प्रतिशत दर्ज की गई है। प्रदेश में आवेदन प्राप्त होने और उन्हें बैंकों तक पहुंचाने की गति यह दर्शाती है कि युवाओं में अपना उद्यम स्थापित करने को लेकर रुचि बढ़ रही है। वहीं आजमगढ़ की 75.69 प्रतिशत प्रगति प्रदेश के औसत 41.78 प्रतिशत से काफी अधिक है। जिले का यह प्रदर्शन बताता है कि योजना के तहत युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
संविधान दिवस पर पुलिस ने दोहराई निष्पक्ष सेवा की प्रतिबद्धता, एसपी ने दिलाया संकल्प
फर्रुखाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों की महत्ता बताते हुए कानून का शासन बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने संविधान की उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूलभूत आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए पुलिसकर्मियों को इन्हें अपनी कार्यशैली में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसकी गरिमा और मूल भावना को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ सरकारी तंत्र की भी जिम्मेदारी है। पुलिस बल पर यह दायित्व और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि आमजन का कानून और व्यवस्था पर विश्वास काफी हद तक पुलिस के व्यवहार और कार्यप्रणाली से जुड़ा होता है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए। पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा, जवाबदेही और आमजन की सुरक्षा का दायित्व भी है। पुलिस की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष महत्व होना चाहिए।

संवैधानिक मूल्यों से मजबूत होगा जनता का विश्वास

संविधान की प्रस्तावना में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र के आधारभूत स्तंभ हैं। न्याय प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार दिलाने की भावना का प्रतीक है, जबकि स्वतंत्रता और समानता नागरिकों की गरिमा एवं अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं।

बंधुता समाज में आपसी सौहार्द, एकता और सम्मान की भावना को मजबूत करती है। पुलिस व्यवस्था में इन आदर्शों का पालन कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में भी सहायक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे संविधान की मर्यादा को सर्वोपरि रखते हुए कानून के दायरे में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, वर्ग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं करेंगे और प्रत्येक नागरिक के सम्मान एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देंगे।

संविधान दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस बल को संवैधानिक दायित्वों, निष्पक्ष पुलिसिंग और जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला रहा।
लखनऊ में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली, औवैसी ने कहा कि ठाकुर राज' या 'यादव राज' नहीं चन्द्रशेखर को बनाएं मुख्यमंत्री
लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' का आयोजन किया गया। इस रैली के मंच से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने एक साथ आकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का शंखनाद किया।

आजाद समाज पार्टी के प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन केवल हाथ मिलाने का नहीं, बल्कि दिलों का मिलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने एक-एक वोट का इस्तेमाल सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के पक्ष में करें ताकि चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सके। ओवैसी ने कहा कि मतदान सबसे बड़ा हथियार है और वोट की ताकत से ही उत्तर प्रदेश में नया इतिहास लिखा जाएगा। '

मुस्लिम और दलित समाज की परेशानी एक'

ओवैसी ने अपने भाषण में मुस्लिम और दलित एकता पर जोर देते हुए कहा कि दोनों समाजों की परेशानियां एक जैसी हैं। उन्होंने कहा, "स्वराज्य का मतलब यह नहीं है कि प्रदेश में कभी ठाकुर राज हो जाए या कभी यादव राज। स्वराज्य का मतलब हिंदू राष्ट्र भी नहीं है। बाबा साहब के संविधान का असली अर्थ बराबरी हासिल करना है।"

भाजपा सरकार और संघ परिवार पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि ये लोग संविधान के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में अब 'गुंडाराज' खत्म होगा और इंसाफ एनकाउंटर या बुलडोजर से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से होगा। युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया गया है, लेकिन उनकी सरकार बनने पर युवाओं को शिक्षा और रोजगार दोनों मिलेंगे। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) पर जातिवाद और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए ओवैसी ने अखिलेश यादव को चुनौती दी। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव करहल सीट से किसी मुसलमान को टिकट देंगे? ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा कि सपा वाले बात समाजवाद और लोहिया की करते हैं, लेकिन काम केवल अपने परिवार का करते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि "अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा।"

रैली में पहुंचने पर दोनों नेताओं का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं, कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास लगे पोस्टर व होर्डिंग्स चर्चा का केंद्र रहे, जिन पर लिखा था— "दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा।"
भाजपा कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर मनाया गया संविधान दिवस,डॉ.भीमराव अंबेडकर को किया नमन
बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय 'अटल भवन' में संविधान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय के साथ अंबेडकर तिराहा एवं अंबेडकर पार्क में भी कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए संविधान में निहित न्याय,स्वतंत्रता,समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र,नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू',क्षेत्रीय मंत्री मंजू तिवारी,जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी,वंदना पासवान,वरुण सिंह 'मोनू',आद्या सिंह 'पिंकी',संजय शुक्ला,जिला महामंत्री बिंदू विश्वकर्मा,डी.पी.सिंह बैस,अवधेश तिवारी 'तरुण',सुनीता मिश्र,संदीप उपाध्याय,संजय शर्मा,गौरव मिश्र,सरिता शुक्ला,अक्षय शुक्ल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।