मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अभिनव पहल ‘परंपरा से पोषण’ से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिल रही नई दिशा*
*पारंपरिक पौष्टिक खानपान को बढ़ावा देकर कुपोषण पर प्रहार, बलरामपुर में 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को मिला पोषण का उपहार*
*विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने वितरित की लोहे की कड़ाही एवं पोषण किट*
*गुड़, भुना चना, सत्तू, कैल्शियम, ओआरएस-जिंक एवं फोर्टिफाइड राशन से लाभार्थियों को किया जा रहा पोषण के प्रति जागरूक*
*देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों में अब तक 1,046 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को किया गया लाभान्वित*
*गोण्डा, 25 नवम्बर, 2026।* मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, कुपोषण की समस्या को दूर करने तथा पारंपरिक पौष्टिक खानपान की समृद्ध भारतीय परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर संचालित ‘परंपरा से पोषण’ अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में जनपद बलरामपुर में पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित कर 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में विधायक सदर पल्टूराम, जिलाधिकारी विपिन जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने लाभार्थियों को स्वास्थ्य का उपहार स्वरूप पारंपरिक लोहे की कड़ाही एवं पोषण किट वितरित की।
*पारंपरिक खानपान और आधुनिक पोषण का समन्वय*
अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को गुड़, भुना चना, सत्तू जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ कैल्शियम, ओआरएस-जिंक तथा पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड टेक होम राशन (THR) उपलब्ध कराया गया। लोहे की कड़ाही के वितरण का उद्देश्य भोजन में आयरन की उपलब्धता बढ़ाने के पारंपरिक उपाय को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से माताओं को दैनिक भोजन में पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा, विधायक पल्टूराम ने कहा कि मातृ एवं शिशु पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। पारंपरिक खाद्य पदार्थों को दैनिक खानपान में शामिल कर कुपोषण की समस्या से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।
जिलाधिकारी विपिन जैन ने कहा कि ‘परंपरा से पोषण’ अभियान पारंपरिक खाद्य परंपराओं को पुनर्जीवित करने के साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा बच्चों के वजन, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान का वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित निगरानी तथा माताओं को पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और प्रभावी बनाया जाएगा।
*चारों जनपदों में 1,046 लाभार्थियों तक पहुंचा अभियान*
उल्लेखनीय है कि मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों में ‘परंपरा से पोषण’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक जनपद गोण्डा में 250, बहराइच में 296, श्रावस्ती में 250 तथा बलरामपुर में 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषण सामग्री वितरित की जा चुकी है। इस प्रकार मण्डल में कुल 1,046 लाभार्थियों को अभियान से लाभान्वित किया गया है।
*सामग्री वितरण से आगे, पोषण की आदतों में बदलाव का प्रयास*
मण्डलायुक्त की इस पहल की विशेषता यह है कि इसका उद्देश्य केवल पोषण सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि पारंपरिक एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को परिवारों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। इसके माध्यम से माताओं को बच्चों के संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करते हुए कुपोषण के विरुद्ध सामूहिक जनभागीदारी विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी माताएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k