संविधान दिवस पर जिलाधिकारी ने संविधान के मूल आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पर दिया जोर

*संविधान दिवस के अवसर पर संवैधानिक मूल्यों के साथ जनगणना-2027 एवं मतदाता जागरूकता पर भी हुई चर्चा।*

सुलतानपुर,संविधान दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्रीमती रत्नप्रिया की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना, उसमें निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में आत्मसात करने पर जोर दिया।
        
जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता का अधिकार सुनिश्चित करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। संविधान की प्रस्तावना में निहित ये आदर्श हमारे लोकतंत्र की आत्मा हैं। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें।
       
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि संविधान में निहित आदर्शों को दैनिक जीवन एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए। समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, न्याय एवं सम्मान मिले तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति नागरिकों का विश्वास और अधिक मजबूत हो, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।
       
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके अंतर्गत संचालित स्वगणना प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों एवं संसाधनों के बेहतर नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं स्वगणना में प्रतिभाग करने के साथ-साथ अपने परिवार, आस-पड़ोस एवं आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे जनगणना-2027 का कार्य व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न हो सके।
       
जिलाधिकारी ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नवयुवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने आस-पास ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें, जिनका नाम अभी तक सूची में सम्मिलित नहीं हो सका है।
       
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के मूल आदर्शों, जनगणना-2027 में जनसहभागिता तथा निष्पक्ष एवं समावेशी निर्वाचन व्यवस्था के महत्व पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर सभी सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जनपद के चयनित सहायक लेखाकारों एवं लेखा परीक्षकों को कल मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित

देवरिया,।M. N. पाण्डेय।

जनपद के चयनित सहायक लेखाकारों एवं लेखा परीक्षकों को कल 27 नवंबर को माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए नवचयनित अभ्यर्थियों को आज प्रातः कलेक्ट्रेट परिसर से बस द्वारा लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
        शासन द्वारा इस कार्यक्रम के लिए जनपद के नोडल अधिकारी के रूप में देवेंद्र नाथ श्रीवास्तव, राजेश कुमार जायसवाल एवं शुभम मिश्रा को नामित किया गया है।  वहीं, वरिष्ठ कोषाधिकारी, देवरिया के नेतृत्व में नवचयनित अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सम्मिलित होने के लिए लखनऊ रवाना हुए। माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा कल उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
2027 यूपी चुनाव: समाजवादी पार्टी आज जारी करेगी घोषणापत्र, 'पीडीए' पर रहेगा खास फोकस
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) गुरुवार को 'संविधान दिवस' के मौके पर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने की तैयारी कर रही समाजवादी पार्टी का मुख्य फोकस सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर रहने की उम्मीद है।

2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए अपना विजन और वादे पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें पार्टी का खास जोर अपने 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडे पर होगा। पार्टी नेताओं ने संकेत दिया है कि घोषणापत्र में पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितों और चिंताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सपा ने अपनी राजनीतिक रणनीति के एक अहम हिस्से के रूप में अपने 'पीडीए' फॉर्मूले को प्रमुखता दी है, जिसे वह प्रतिनिधित्व, समानता और सामाजिक न्याय से जोड़कर पेश करती है।इससे पहले बुधवार को, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीडीए समाज की राजनीतिक आकांक्षाओं के बारे में बात की। उन्होंने लिखा, "अब तक पीडीए ने दूसरों की सरकार बनवाने में मदद की है। इस बार पीडीए समाज ने ये संकल्प लिया है कि 2027 में 'अपनी पीडीए सरकार' बनाएंगे, 'सामाजिक न्याय का राज' लाकर भेदभाव मिटाएंगे और 'बंधु-राष्ट्र' बनाएंगे।"

उधर, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान है। दोनों दलों के बीच सीट फॉर्मूला तय होने से पहले ही समाजवादी पार्टी ने 5 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे कांग्रेस नेताओं की सार्वजनिक तौर पर नाराजगी देखने को मिली है।समाजवादी पार्टी ने गठबंधन के तहत कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में महज 26 सीटों की पेशकश की है। इससे भी कांग्रेस पार्टी नाराज दिख रही है। इसके चलते कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली और अमेठी में भी अनिश्चितता के बादल छाए हैं। रायबरेली और अमेठी, दोनों लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व फिलहाल कांग्रेस कर रही है।

चर्चाएं हैं कि पार्टी ने इन दो संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली सभी 10 विधानसभा सीटों पर अपना दावा पेश किया है। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस इन विधानसभा क्षेत्रों में से एक भी सीट नहीं जीत पाई थी, जबकि समाजवादी पार्टी ने छह सीटें जीतीं और बाकी सीटें भाजपा के खाते में गईं।यह भी चर्चाएं हैं कि समाजवादी पार्टी पिछली बार जीती गई सीटें कांग्रेस या किसी अन्य सहयोगी दल को नहीं देगी। ऐसे में संभावना यही है कि अखिलेश यादव की पार्टी ज्यादा सीटें छोड़ने के लिए तैयार नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन में गजेंद्र राठी बने मोरना ब्लॉक अध्यक्ष
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। उ०प्र० उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी व खतौली प्रभारी सुरेश चन्द ने आज भोपा मोरना शुक्रताल में कमेटी बनाते हुए गजेन्द्र राठी को मोरना ब्लॉक का अध्यक्ष व मीरापुर विधान सभा क्षेत्र मीरापुर का चुनाव प्रभारी मनोनीत किया।
गजेन्द्र राठी के नेतृत्व में भोपा में मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया।

जिसमें मुख्य अतिथि राकेश त्यागी ने महिपाल को भोपा नगर अध्यक्ष, अमरपाल सैनी नगर महामंत्री, चन्द्रपाल राठी कोषाध्यक्ष, कार्तिकेय प्रेस प्रवक्ता, विकास राठी नगर वरिष्ठ मंत्री, राजेन्द्र कुमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष, इरशन संरक्षक पद की शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा कि कस्बा क्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। समस्या सुनने वाला तक कोई नहीं है। शहर-शहर, गाँव-गाँव, हर बूथ तक व्यापार संगठन का विस्तार करेंगे। मीरापुर के क्षेत्र प्रभारी गजेन्द्र राठी ने कहा कि हर क्षेत्र में संगठन का विस्तार किया जायेगा, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का हल हो सके।

खतौली प्रभारी सुरेश चन्द ने अध्यक्षता की तथा सभी का आभार प्रकट किया। समारोह में कृष्णवीर सिंह, सुरेश पाल, विनोद कुमार, हरेन्द्र सिंह, सतेन्द्र सिंह, संजीव कुमार, जय सिंह, ओमप्रकाश, दिनेश कुमार, अनुज राठी, रमेश, सचिन आदि उपस्थित रहे।
ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हुसैनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क हादसे में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेला गांव के पास बेकाबू डंपर ने मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से मोटरसाइकिल चालक सौरभ (22) पुत्र चंद्रगुप्त मौर्य, शबनम (35) पुत्री हामिद व इलमा (17) पुत्री सरीफ मौत हो गई। वही घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने, उसके संबंध में जानकारी जुटाने तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करें।
केंद्रीय टीम ने परसेंडी ब्लॉक में किया भ्रमण, फाइलेरिया अभियान का लिया जायजा -
- ग्रामीणों से सीधा संवाद कर दिए बचाव के टिप्स सीतापुर 25 नवंबर 2026: जनपद में चल रहे फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आईडीए अभियान का सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करने के लिए बुधवार को केंद्रीय दल ने परसेंडी ब्लॉक का भ्रमण किया। 

इस भ्रमण दल में राष्ट्रीय स्तर से एनसीवीबीडीसी भारत सरकार, दिल्ली के सीनियर सीएमओ डॉ. सुदर्शन मण्डल की अध्यक्षता में आई इस टीम में नेशनल लीड (गवर्नमेंट एंड स्ट्रेटेजिक अफेयर्स) सोमनाथ बनर्जी, पाथ के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अमरेश कुमार और एनसीवीबीडीसी के कंसल्टेंट डॉ. जितेंद्र कुमार शामिल रहे। वहीं, राज्य स्तर से आरओएचएफडब्ल्यू (RoHFW) उत्तर प्रदेश के आरडी डॉ. जुल्फिकार अहमद, यूपी-पीसीआई इंडिया के स्टेट प्रोग्राम मैनेजर ध्रुव सिंह और एएसपीएम विकास द्विवेदी मौजूद रहे।

सीएचसी निरीक्षण में मिलीं खामियां, हाउस मार्किंग सुधारने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी का जायजा लिया, जहां दवा सेवन के लिए निर्धारित बूथ नहीं लगा पाया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों को दवा खिलाने के बाद घरों पर की जाने वाली हाउस मार्किंग के लिए आशा कार्यकर्ताओं को सुधार करने के निर्देश दिए।
मूड़ा कलां और रौना में रैंडम विजिट, ग्रामीणों व मरीजों से लिया फीडबैक-
इसके बाद टीम ने रैंडम साइट के रूप में ग्राम मूड़ा कलां और रौना का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। निरीक्षण दल ने ग्रामीणों से दवा की खुराक के बारे में विस्तार से पूछताछ की, जैसे—उन्होंने कितनी गोलियां खाईं, कैसे खाईं और क्या दवा खाने से पहले नाश्ता या भोजन किया था। सभी ग्रामीणों ने संतोषजनक और सही जवाब दिए। सत्यापन में यह बात सामने आई कि सभी लाभार्थियों ने स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही दवा का सेवन किया था। टीम ने नाइट ब्लड सर्वे के दौरान पाए गए पॉजिटिव व्यक्ति से भी दवा सेवन और खुराक की जानकारी ली।
टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि आपके गांव में फाइलेरिया के कई मरीज हैं, इसलिए सभी लोग हर एमडीए अभियान में बचाव की दवा का सेवन जरूर करें और मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। इस दौरान टीम ने फाइलेरिया मरीजों को राहत पाने के लिए व्यायाम के तरीके भी सिखाए, जिसमें पंजे के बल खड़े होना और सोते समय प्रभावित पैर को ऊंचा रखना प्रमुख रूप से शामिल रहा।
उत्तर प्रदेश में 28 पुलिस अधिकारियों के तबादले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग में बड़े पैमाने में अफसरों के तबादले बुधवार को हुए हैं। इनमें 18 अपर पुलिस अधीक्षक और 10 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। तबादले में आईपीएस पुनीत द्विवेदी को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से अपर पुलिस उपायुक्त कमिश्नरेट लखनऊ बनाया गया है। नीतू को वाराणसी से गौतमबुद्धनगर, शिवा सिंह को कानपुर नगर से आगरा और अमित कुमावत को लखनऊ से गाजियाबाद भेजा गया है। किरण यादव को कमिश्नरेट लखनऊ से एएनटीएफ मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) बनाया गया है। पुष्कर वर्मा को प्रयागराज से फतेहगढ़, आदित्य को आगरा से बदायूं और शैव्या गोयल को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद में नयी तैनाती मिली है। भवरे दीक्षा अरुण को शाहजहांपुर से पीटीएस मेरठ और माविस टॉक को सोनभद्र से कमिश्नरेट लखनऊ में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। इनके अलावा कुमार रणविजय सिंह को मुरादाबाद से आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अनूप कुमार को मऊ से सोनभद्र और देवेंद्र सिंह प्रथम को 39वीं वाहिनी पीएसी मीरजापुर से शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया है। इंदुप्रभा सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। अतुल कुमार चौबे को मुजफ्फरनगर से मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा), ममता कुरील को अलीगढ़ से मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और गिरीश कुमार सिंह को फतेहगढ़ से अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) बनाया गया है। इसी तरह पियूष कुमार सिंह को गाजियाबाद से मैनपुरी और अभिषेक तिवारी को मैनपुरी से मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) की जिम्मेदारी दी गई है। नितिन कुमार सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर से पीटीएस मुरादाबाद, श्रेष्ठा को एटीएस लखनऊ से 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर और नवीना शुक्ला को एएनटीएफ मुख्यालय से एसीओ मुख्यालय भेजा है। नवीन कुमार सिंह को कमिश्नरेट लखनऊ से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में स्टाफ ऑफिसर बनाया है। विभा सिंह को पीटीएस मेरठ से छठी वाहिनी पीएसी मेरठ और राघवेंद्र कुमार मिश्रा को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ से पांचवीं वाहिनी एसएसएफ सहारनपुर भेजा है। अरुण कुमार सिंह द्वितीय को यातायात निदेशालय लखनऊ से आजमगढ़, डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं से यातायात निदेशालय लखनऊ और पंकज कुमार श्रीवास्तव को आजमगढ़ से मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
अटल भवन में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न,बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
**बलरामपुर।** आज जिला भाजपा कार्यालय 'अटल भवन',बलरामपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री,राज्यसभा सांसद (झारखंड) एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधायकगण,पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायकगण,वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी,जिला महामंत्री,पूर्व जिलाध्यक्ष,जिला पंचायत अध्यक्ष तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अध्यक्षगण सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर संगठनात्मक विषयों,आगामी कार्ययोजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त,सक्रिय एवं प्रभावी बनाने,कार्यकर्ताओं की सहभागिता बढ़ाने तथा संगठन की नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्रा,भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री गौरव भाटिया,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजकिशोर मौर्य,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.आरती तिवारी,भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र,बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम,तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेन्द्र कुमार सिंह (शैलू) एवं नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' सहित अनेक सम्मानित जनप्रतिनिधिगण,पार्टी पदाधिकारी एवं कर्मठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन की मजबूती,आपसी समन्वय और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर सभी ने अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
आईपीएस पुष्कर वर्मा के सामने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की चुनौती
फर्रुखाबाद। शासन ने बुधवार काे बडे़ पैमाने में पुलिस अफसराें के तबादले किए हैं।इस सूची में जिले के भी एक अधिकारी का नाम शामिल है। फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात डॉ. गिरीश कुमार सिंह का स्थानांतरण अलीगढ़ हुआ है, जबकि उनकी जगह पर 2021 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा को फर्रुखाबाद का नया अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। अब तक प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे पुष्कर वर्मा के सामने जिले में अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस की कार्यप्रणाली में और अधिक सक्रियता लाने की चुनौती होगी।

फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात डॉ. गिरीश कुमार सिंह का स्थानांतरण अलीगढ़ कर दिया गया है। उन्हें वहां अपर पुलिस अधीक्षक अपराध की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुष्कर वर्मा की तैनाती को जिले की पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। युवा जोश, पुलिस कमिश्नरेट में काम करने का अनुभव और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन उनकी कार्यशैली के अहम पक्ष हैं। फर्रुखाबाद में अब उन्हें अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ संगठित अपराध, चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में काम करना होगा। थानों की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखना, पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहने की उम्मीद है।

हरियाणा के पानीपत निवासी पुष्कर वर्मा का जन्म 9 नवंबर 1996 को हुआ था। उनके पिता का नाम राकेश कुमार वर्मा है। वर्ष 2021 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी पुष्कर वर्मा ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में स्थान बनाया। 28 मार्च 2022 को उन्होंने आईपीएस सेवा में प्रवेश किया और 28 मार्च 2024 को उनकी सेवा की पुष्टि हुई।

प्रशिक्षु अधिकारी से पुलिस कमिश्नरेट तक का अनुभव

पुष्कर वर्मा अपने सेवाकाल में सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु), सहायक पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। 19 मार्च 2025 को उन्हें प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी मिली थी।
अचानक आग लगने से ग्रहस्ती का सामान जलकर राख, जानवरों का भी आग ने लील लिया निवाला
रात्रि में लगी आग कोई बुझने तक नहीं पहुंचा, घर में खाने के लिए एक भी दाना नहीं बचा

फर्रुखाबाद। विकास खंड शमशाबाद की ग्राम पंचायत सादिकपुर में रात्रि को राकेश कश्यप के मकान में अचानक आग लगने से कमरों में रखा 15 कुंतल गेहूं जानवरों का भूसा के अलावा अन्य सामान चलकर राख हो गया है पीड़ित ने बताया कि आग लगने की सूचना रात में ही 112 को दी गई थी लेकिन रात्रि के समय कोई भी आग बुझाने के लिए गांव नहीं पहुंचा, सुबह पहुंचने पर सुलग रही आग को बुझाया गया, आग लगने के कारण खाने के लिए एक दाना भी नहीं बचा है जानवरों का निवाला तक छीन लिया है उन्होंने कहा कि अब समस्या ज्यादा उत्पन्न हो गई है, अब प्रशासन आग का अवलोकन करने के बाद कितना पैसा देगा। यह समक्ष में नहीं आ रहा है। पीड़ित ने बताया कि सुबह घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दी गई है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है । पीड़ित ने बताया कि उसका लाखों रुपए का नुकसान हुआ है और इस की भरपाई करने में काफ़ी समय लग जाएगा।