संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने बाबासाहेब को किया याद, बोले- संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर

#pmmodionconstitutionday

आज पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में उनकी ओर से दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।

देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस के मौके पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया। पीएम मोदी ने लिखा, 'सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब और संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन। संविधान के रूप में उनकी ओर से दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।'

क्यों मनाया जाता है 'संविधान दिवस'

2015 से प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत में हर साल 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था, जो 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। साल 2009 में जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने राज्य में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाना शुरू किया था। 2015 में बतौर प्रधानमंत्री मोदी ने भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे देश में इस विशेष दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की थी। इस ऐतिहासिक दिन (26 नवंबर) को संविधान दिवस के रूप में मनाने के लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर 2015 को संविधान स्वीकृत होने के 65 वर्ष बाद अधिसूचित किया। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य नागरिकों के बीच संविधान के मूल्यों को बढ़ावा देना है।

*‘देश की संवैधानिक यात्रा में महिलाओं की अहम भूमिका’, संविधान दिवस पर पीएम मोदी का लेख, विपक्ष को घेरा

#pmmodiconstitutiondayarticle

26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इस खास दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। संविधान दिवस के इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख लिखा है। इसमें उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता, सामाजिक और आर्थिक न्याय तथा अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र किया। लेख में उन्होंने संविधान को केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों और बेहतर भविष्य की नींव बताया।

एक दशक पहले लिया गया संविधान दिवस मनाने का निर्णय

भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में, जहां अनेक पंथ, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचार परंपराएं हैं, वहां यह बहुत जरूरी है कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों की चारदीवारी से कहीं आगे तक पहुंचे। हमारा प्रयास रहा है कि जन-जन की चेतना से, विशेषकर युवाओं से संविधान का जुड़ाव और गहरा हो। इसी सोच के साथ एक दशक पहले हमारी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया था।

‘संविधान हमारी जिंदगी के सफर का एक अहम हिस्सा’

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत का संविधान हमारी जिंदगी के सफर का एक अहम हिस्सा है, जिसमें वो भी शामिल हैं। उन्होंने लिखा, एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बालक, जिसे विरासत में कोई विशेषाधिकार या सुविधा नहीं मिली, एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभाल सकता है, ये हमारे संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है। ये हमारे संविधान की ही देन है कि आज किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं। हमने अपने विनम्र प्रयासों से संविधान को और अधिक सशक्त बनाकर कृतज्ञता के इस ऋण को चुकाने की कोशिश की है।

संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय का आधार बताया

पीएम मोदी ने संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय का आधार बताया। संविधान ने सामान्य नागरिकों को भी अधिकार, समानता और आगे बढ़ने का मौका दिया। सरकारी योजनाओं और सुधारों से सामाजिक व आर्थिक न्याय को मिली मजबूती। 1950 के बाद पहली बार आज हमारे संविधान का अपडेटेड वर्जन आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है। इससे हमारा संविधान जनसामान्य के और करीब आया है। 1950 में संविधान लागू होने के बाद भी हमारे देश में 1860 के दशक में गुलामी के दौर में बनी दंड संहिता ही लागू रही। भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से हमने अपने क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में मौलिक बदलाव लाने का प्रयास किया है। गुलामी के दौर की व्यवस्था में दंड पर जोर था। भारतीय न्याय संहिता का जोर नागरिक आधारित व्यवस्था और न्याय पर है।

पूर्व सरकारों पर संविधान को कमजोर करने का आरोप

हमारे इतिहास में ऐसे अवसर भी आए हैं, जब उन्हीं लोगों ने संविधान को कमजोर करने का रास्ता चुना, जिन पर इसकी रक्षा का दायित्व था। विडंबना देखिए कि ये वही लोग हैं, जिन्हें पांच दशकों तक देश की बागडोर संभालने का अवसर मिला। इस वर्ष, 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 साल पूरे हो चुके हैं। उस समय देश में एक ऐसी सरकार थी, जिसे जनता ने चुनकर नहीं भेजा था। उस सरकार ने अंतरिम संसद में अपने बहुमत का इस्तेमाल करके नागरिकों की मौलिक आजादी छीन ली थी। यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से कुछ ही महीने पहले किया गया था। इससे साफ है कि इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और लोगों के विरोध की आवाज को दबाना था।

’38वें और 39वें अमेंडमेंट को पढ़ने की अपील

इसी प्रकार आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के भी 50 साल पूरे हो रहे हैं। इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति को सीमित किया और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को बुनियादी रूप से बदल दिया। मैं युवाओं से यह भी आग्रह करूंगा कि वे 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का भी अध्ययन करें। इससे वे समझ सकेंगे कि सत्ता की लालची और संविधान-विरोधी सोच रखने वाली सरकार किस स्तर तक जा सकती है।

’आर्टिकल 356 का दुरुपयोग का जिक्र

चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए बार-बार आर्टिकल 356 का दुरुपयोग भी हमारे इतिहास का एक चिंताजनक अध्याय है। एक राजनीतिक दल के नाम करीब सौ बार आर्टिकल 356 थोपने का रेकॉर्ड दर्ज है। एक पूर्व प्रधानमंत्री ने तो इस मामले में अर्धशतक भी लगाया है। हमारे संविधान निर्माताओं की अपेक्षा थी कि पूरे भारत में संविधान अपने मूल स्वरूप और अपनी मूल भावना के साथ लागू हो। लेकिन 70 साल से भी अधिक समय तक आर्टिकल 370 और 35-ए के कारण जम्मू-कश्मीर में हमारा पूरा संविधान लागू नहीं हो पाया। वहां SC, ST, OBC समाज और महिलाओं के अधिकारों का हनन होता रहा। 2019 में जाकर इस ऐतिहासिक अन्याय का अंत हुआ।

‘नक्सलवाद के खात्मे से संतोष, लेकिन दिमागी नक्सली बचे हैं’

दशकों तक देश के अनेक हिस्सों खासकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो हमारे संविधान ने उसे दिए हैं। इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से मुझे विशेष संतोष मिला है। अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी बिना किसी भय के अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है। हथियारी नक्सली समाप्त होने के बाद अब केवल दिमागी नक्सली बचे हैं। वो आज के दौर की वास्तविकताओं से कोसों दूर हैं और देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिशों में लगातार जुटे हैं। ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। हमारे संविधान निर्माता विशेषकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इसके पूरी तरह खिलाफ थे।

‘संवैधानिक यात्रा महिलाओं के स्मरण के बिना अधूरी’

हमारे संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं के स्मरण के बिना भी अधूरी है, जिन्होंने इसे आकार देने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन इस साल के शुरू में जो हुआ उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। एक बार फिर उसने दिखाया है कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसके मन में कितना कम सम्मान है। मैं देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती। हमारे संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से तय है। दुर्भाग्य से विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी आज विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बनती जा रही है। उसे समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना, अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प कभी नहीं हो सकता।

कौन है कॉमेडियन यश माहेश्वरी? छठ पर्व और सिंदूर की परंपरा पर किया घिनौना मजाक

#whoiscomedianyashmaheshwaricommentedonbihariwomen

स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने छठ महापर्व और बिहारी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। यश माहेश्वरी ने अपने शो में छठ पर्व और सिंदूर लगाने की परंपरा का भद्दा मजाक बनाया। यश माहेश्वरी के वायरल वीडियो के बाद अब बिहार पुलिस एक्शन में आ गई है। हालांकि, कॉमेडियन ने विवाद बढ़ने के बाद माफी मांग ली है। लेकिन उन पर कार्रवाई की मांग लगातार की जा रही थी।

यश माहेश्वरी हो सकते हैं गिरफ्तार

स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने हाल ही में बिहार की महिलाओं और छठ पूजा में सिंदूर लगाने की परंपरा पर टिप्पणी कर दी थी. सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया। देखते ही देखते उनके इस बयान पर बवाल मच गया। पटना पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। पटना साइबर थाने में जन भावनाओं को आहत करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद जल्द ही यश माहेश्वरी की गिरफ्तारी की आशंका भी बढ़ गई हैं।

विवाद बढ़ने पर मांगी माफी

इधर, यश ने विवाद बढ़ने पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। यश माहेश्वरी ने माफी मांगते हुए कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था और उन्होंने वादा किया कि वे यह गलती दोबारा नहीं दोहराएंगे। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलेड कर कहा, ‘मेरा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। इस मुद्दे पर मैं 100 प्रतिशत गलत था। इस तरह की गलती अब दोबारा कभी नहीं करुंगा।’

बिहार में महिलाओं के सिंदूर लगाने के तरीके पर अभद्र टिप्पणी

बता दें की यश माहेश्वरी ने अपने एक शो में बिहार की महिलाओं को लेकर बहुत ही ओछी टिप्पणियां की थी। उसने बिहार में महिलाओं के सिंदूर लगाने के तरीके का बहुत ही गंदा मजाक उड़ाया। वो यही नहीं रुका, छठ पर्व या अन्य पावन मौकों पर सिंदूर लगाने के तरीके पर भी बदजुबानी की। यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं को लेकर और भी कई अपमानजनक टिप्पणियां की थीं।

यूपी में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस-सपा के बीच खींचतान शुरू, अखिलेश ने इस सीटों पर तारे उम्मीदवार

#spcongressseatsharingupelection2027

2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच खींचतान शुरू हो गई है। यूपी में सपा और कांग्रेस के गठबंधन के बीच चल रही बैठकों के दौर के बीच सपा ने 5 सीटों पर प्रत्याशियों को उतार दिया है। जिसके बाद से कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।

बातचीत के बीच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। दोनों दलों के बीच 24 नवंबर को दूसरे दौर की चर्चा भी हुई। माना जा रहा था कि बातचीत आगे बढ़ेगी और सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी, लेकिन इसी बीच अखिलेश यादव ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सबको चौंका दिया है। इसके बाद गठबंधन की राजनीति में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सपा ने इन पांच सीटों पर उतारे उम्मीदवार

समाजवादी पार्टी ने 24 नवंबर को पांच विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। इस सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चार और बुंदेलखंड की एक सीट शामिल है. पार्टी ने बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। इन पांच नामों में चार मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया गया है। जबकि ललितपुर से ज्योति लोधी को मौका दिया गया है।

सांसद इमरान मसूद ने उठाए सवाल

सूची में शामिल पांचों नामों से ज्यादा चर्चा सहारनपुर की दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने को लेकर हो रही है। समाजवादी पार्टी द्वारा यूपी चुनावों के लिए पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यहां जो कुछ भी हो रहा है, उससे लगता है कि इस मामले में गंभीरता की कमी है। गंभीरता की कमी इसलिए है क्योंकि एक तरफ तो आप (समाजवादी पार्टी) बातचीत कर रहे हैं, और दूसरी तरफ आप घोषणाएं कर रहे हैं। इसलिए, अब हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए, क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं, क्योंकि इस स्थिति में क्या करना है, इसका फैसला पार्टी ही लेगी। जब आपने मेरे खिलाफ यह घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं, या फिर भाजपा से? यह तो तय होना चाहिए न कि आप भाजपा से लड़ना चाहते हैं या हमसे? ऐसे में, मैं इस पर और क्या कह सकता हूं?"

सीट बंटवारें पर सहमति बनाना होगा चुनौतीपूर्ण

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक में कांग्रेस ने 120 विधानसभा सीटों की सूची सपा को सौंपी है, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की सूची में रायबरेली और अमेठी की कई विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें कुछ ऐसी सीटें भी हैं, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने सहारनपुर की दो सीटों पर भी दावा किया है, जबकि सपा ने वहां अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए है। ऐसे में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

अनंत सिंह की बेटी की शादी आज, जुटेंगे कई दिग्गज, मेहमानों का स्वागत करेंगे अनंत सिंह

#anantsinghdaughter_wedding

बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज होने वाली है। इसके लिए बाढ़ के नदवां गांव स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर भव्य तैयारियां की गई हैं। इस शादी में बिहार की राजनीति के कई दिग्गज नेताओं, जनप्रतिनिधियों और खास मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। अनंत सिंह खुद कई बड़े नेताओं को बेटी की शादी का न्योता दे चुके हैं।

10 बीघा जमीन में पंडाल तैयार

ये शादी बिहार के चर्चित नेता के परिवार की है, इसलिए इसमें राजनीतिक गलियारों और अन्य क्षेत्रों के कई दिग्गज और वीवीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। करीब 10 बीघा जमीन में पंडाल तैयार किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से पंडाल बनाए गए हैं। यहां 30 स्टॉल लगाए गए हैं। चार लाख लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया गया है।

500 हलवाई और 300 चूल्हे

भोज की तैयारी के लिए 300 से अधिक चूल्हे लगाए गए हैं और बिहार व दूसरे राज्यों से आए करीब 500 हलवाई व कारीगर बड़े-बड़े कड़ाहों में पकवान तथा मिठाइयां बनाने में जुटे हैं। खाने के साथ रसगुल्ला, गुलाब जामुन और लालमोहन जैसी मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। वहीं लाखों पूड़ियां बनाने के लिए कई टन आटा, चावल, दाल, सब्जियां, दूध, तेल और अन्य राशन की व्यवस्था की गई है।

घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार

खास बात यह है कि शादी समारोह शुरू होने से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शादी समारोह में नदवां गांव के तैयार मैदान में दोपहर 2 बजे से घुड़दौड़ प्रतियोगिता शुरू होगी। जिसमें अलग-अलग जगहों से घोड़े और घुड़सवार हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए खास इनाम रखे गए हैं। जिनमें पहले स्थान पर आने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार मिलेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।

151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचेगी बारात

घुड़दौड़ प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में जुट जाएंगे। बारात पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर से आएगी। रात आठ बजे तक दूल्हा ऋषिकेश सिंह 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे। बारातियों का स्वागत भी खास अंदाज में किया जाएगा। रात नौ बजे वरमाला का कार्यक्रम निर्धारित है। वरमाला का मंच जयपुर की थीम पर तैयार किया जा रहा है। जयमाला मंच के सामने मैदान में रेस्टोरेंट की तर्ज पर विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, अनंत सिंह खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वरमाला के बाद विवाह की रस्में शुरू होंगी। इस दौरान बारातियों और अन्य मेहमानों के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। बारातियों के लिए विशेष व्यंजनों का इंतजाम किया गया है।

सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

नदवां में इस भव्य शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज सुबह अनंत सिंह के बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार, दोपहर में घुड़दौड़ और शाम को बारात आएगी। बुधवार शाम कई वीवीआईपी मेहमानों के आगमन के लिए 6 हेलीपैड बनाए गए हैं। इसके अलावा गाड़ियों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे, जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली में मिला सरकारी बंगला, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला

#dalailamanewresidencegovernmentbungalowinlutyensdelhi

केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को लुटियंस दिल्ली के वीआईपी इलाके में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर यह आवंटन किया गया है। हालांकि, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। सूत्रों के अनुसार, दलाई लामा को पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित बंगला आवंटित किया गया है।

तीन साल के लिए मिलता है सरकारी आवास

केंद्र सरकार ने आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा और उनके कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को लुटियंस दिल्ली में एक टाइप-7 सरकारी बंगला आवंटित किया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में उनके दौरों के लिए एक स्थायी ठिकाना मिल गया है। नियमों के तहत, इस तरह के सरकारी आवास सामान्यतः तीन साल की अवधि के लिए हस्तांतरित किए जाते हैं, जिनमें आगे विस्तार का प्रावधान भी रहता है।

निर्वासित तिब्बती संसद ने खबर का किया स्वागत

निर्वासित तिब्बती संसद की स्पीकर डोलमा त्सेरिंग ने इस खबर का स्वागत करते हुए इसे बहुत अच्छी खबर बताया। उन्होंने कहा कि इस आवास से दलाई लामा के लिए राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करना और दिल्ली में रुकना काफी सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगा। इस फैसले का स्वागत करते हुए, निर्वासित तिब्बती संसद और इसकी स्थायी समिति के सदस्य चोदक ग्यात्सो ने कहा कि जब हमारे पास अपना कोई देश नहीं था, तब भारत सरकार ने हमें शरण दी। हमने अपना देश खो दिया था, तब भारत ने हमें धर्मशाला में जगह दी, स्कूल और कई ऐसे संस्थान दिए जो हमारी संस्कृति को बचाए रखने में मदद करते हैं। हाल ही में दिल्ली के अपने आधिकारिक दौरे को याद करते हुए, जिसके दौरान चोदक ग्यात्सो ने कई सांसदों से मुलाकात की थी। ग्यात्सो ने बताया कि वे खुद तिब्बती डिप्टी स्पीकर के साथ उस बंगले को देखने गए थे, उन्होंने इस मौके को एक बड़ा सम्मान बताया।

क्या है गादेन फोडरंग ट्रस्ट?

'गादेन फोडरंग' मूल रूप से तिब्बत की राजधानी ल्हासा स्थित ड्रेपुंग मठ में दलाई लामा के निवास और ऐतिहासिक तिब्बती प्रशासनिक केंद्र का नाम रहा है। 1959 में तिब्बत से निर्वासित होकर भारत आने के बाद दलाई लामा ने धर्मशाला को अपना केंद्र बनाया। साल 2011 में जब 14वें दलाई लामा ने स्वेच्छा से अपनी राजनीतिक शक्तियां एक निर्वाचित तिब्बती नेतृत्व को सौंप दीं, तब उनके कार्यालय को धर्मशाला में एक निजी ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया गया था। स्वयं दलाई लामा इस ट्रस्ट के चेयरमैन हैं। यह ट्रस्ट दलाई लामा की संस्था और उनके आध्यात्मिक कार्यों को संरक्षित रखने, मानवीय मूल्यों व अंतर-धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने, तिब्बती संस्कृति व पहचान की रक्षा करने, पर्यावरण संरक्षण और प्राचीन भारतीय ज्ञान की समझ को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। इसके अलावा, भविष्य में 14वें दलाई लामा के पुनर्जन्म (उत्तराधिकारी) की पहचान करने की प्रक्रिया में भी इस ट्रस्ट की भूमिका को बेहद निर्णायक माना जाता है।

पंजाब में बीजेपी-अकाली दल मिलकर लड़ेंगे चुनाव, अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान

#bjpakalidalallianceamitshahannouncement

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने अपने पुराने गठबंधन को फिर से बहाल करने का औपचारिक ऐलान किया है। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों दलों ने एक बार फिर साथ आने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में दोनों दलों ने फिर से हाथ मिलाया

अमित शाह ने किया अकाली दल का एनडीए में स्वागत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुखबीर सिंह बादल तथा अकाली दल का एनडीए गठबंधन में स्वागत किया। अमित शाह ने गठबंधन का ऐलान करते हुए बताया कि अकाली दल आज लौटकर फिर एनडीए में आ रहा है। मैं सुखबीर बादल और अकाली दल का एनडीए में फिर से स्वागत करता हूं। जब पीएम को बताया गया कि एनडीए में एक और साथी आ रहा है तो वो काफी खुश हुए। उन्होंने खुद सुखबीर बादल को फोन कर बधाई दी। बीजेपी और अकाली दल का गहरा रिश्ता रहा है। यह गठबंधन हिंदू सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। हमारा रिश्ता अटूट रहा है।

शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा- अमित शाह

अकाली दल और बीजेपी ने सीट शेयरिंग को लेकर रुख फिलहाल साफ नहीं किया है। हालांकि, गठबंधन में 'बड़े भाई' की भूमिका कौन निभाएगा, इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "स्वाभाविक रूप से, शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जिसमें अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा।" पंजाब में एनडीए गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं, "जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। जो भी बड़ा भाई है, वही मुख्यमंत्री बनेगा।"

सुखबीर बादल ने क्या कहा

सुखबीर बादल ने कहा कि आज बड़ा शुभ दिन है। आज फिर एक गठबंधन हुआ है। यह एक इमोशनल गठबंधन है। मेरा पिता जी कहते थे कि यह गठबंधन पंजाब के हित के लिए गठबंधन है। उन्होंने कहा कि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है। अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है। 1996 में आडवानी जी और वाजपेयी ने यह रिश्ता जोड़ा था। यह रिश्ता पंजाब को सुरक्षित बनाने का रिश्ता है। पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। आज पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारी और मजदूरी बचाने की जरूरत है। यह सिर्फ डबल इंजन सरकार कर सकती है।

2020 में टूटा था गठबंधन

बता दें कि बीजेपी और अकाली दल का पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में यह फैसला लिया गया था। इन कानूनों के विरोध में अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। गठबंधन टूटने के बाद बीजेपी और अकाली दल ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। लेकिन दोनों पार्टियां का यह फैसला उनके लिए नुकसानदायक साबित हुआ। राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से अकाली दल को केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी। वहीं बीजेपी के खाते में सिर्फ दो सीटें आई थीं। अब दोनों पार्टियों ने एक बार फिर गठबंधन करके खुद की स्थिति को मजबूत करने की कोशिश की है।

राहुल गांधी ने शेयर किया सोनिया और प्रियंका संग बातचीत का वीडियो, पिता राजीव की सुरक्षा हटाए जाने पर उठाए सवाल

#rahulgandhirecalledsoniagandhibookbelongingsharedvideowithpriyanka

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में राहुल, सोनिया गांधी की किताब पर मां और बहन प्रियंका से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया गया है। इस पारिवारिक बातचीत में आरोप लगाया गया है कि राजीव गांधी की सुरक्षा में कटौती कोई सामान्य चूक या महज हादसा नहीं था। उनकी सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी।

राहुल-प्रियंका ने मां के साथ की बातचीत

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव हाल ही में लॉन्च हुई है। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर राजनीति तक के बारे में कई बातें लिखी हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मां सोनिया और बहन प्रियंका के साथ बातचीत का वीडियो शेयर कर पुरानी यादें ताजा की है। साथ ही इस किताब में अभी भी कई चीजें उन्होंने नहीं लिखी हैं जिनके बारे में राहुल और प्रियंका ने अपनी मां के साथ बैठकर बात की।

मां ने अपनी किताब में कुछ बातें शामिल नहीं की-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा है, 'यह प्रस्ताव योजना के मुताबिक आगे नहीं बढ़ा। मेरा सातवां जन्मदिन भी योजना के मुताबिक नहीं रहा'। उन्होंने लिखा, 2004 के फैसले से हममें से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ लोगों को खुशी हुई। बता दें कु साल 2004 में यूपीए को बहुमत मिलने के बाद सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने की अटकलें शुरू हो गई थीं। यह वो दौर था, जब लोकसभा चुनाव में 145 सीटों के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी, लेकिन तब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद नहीं स्वीकार किया, जिसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला लिया गया।

दर्द फिर से ताजा हो गया-राहुल गांधी

राहुल कहते हैं, प्रियंका और मैं अपनी मां के साथ बैठकर इन सब बातों पर चर्चा करने लगे। उन यादों में वापस जाने से वह खुशी, वह हंसी और उस समय महसूस किया गया दर्द सब कुछ फिर से ताजा हो गया। मां का 'अपनापन' खोजने का सफर बहुत सारे प्यार और भयानक दुखों से भरा रहा है, और उन्होंने इन सबका सामना पूरी गरिमा और हिम्मत के साथ किया है।

पिता की सुरक्षा वापस लेने पर उठाए सवाल

वीडियो पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा है कि पापा (राजीव गांधी) की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक खास मकसद था। इस बात का जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव में भी किया है। सोनिया ने किताब में लिखा है कि प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद भी राजीव गांधी की जान को खतरा था। सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं कि दिसंबर 1990 में सरकारी समिति ने फैसला लिया था कि राजीव के लिए SPG सुरक्षा जारी रहनी चाहिए। लेकिन इसके अगले महीने वीपी सिंह सरकार ने एसपीजी सुरक्षा हटा ली थी और जिम्मेदारी पुलिस को दे दी गई थी। अगले ही साल 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की तारीख तय, दो साल बाद 16 दिसंबर को पहुंच रहीं देश

#sheikhhasinawantstoreturntobangladeshondecember_16

बांग्लादेश की सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने वतन लौटने की तारीख तय कर दी है। शेख हसीना ने 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की योजना की घोषणा की है। उन्होंने राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से दिल्ली से उड़ान की मांग की है। खास बात यह है कि इसी दिन बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान से आजादी की जीत की याद दिलाता है।

दो साल से ज्यादा समय के बाद वतन वापसी

शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ दिया था। उस समय देश में छात्रों के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन चल रहा था, जो हिंसक हो गया था। इसके बाद देश में हुए तख्तापलट के बाद वह भारत आ गई थीं। हसीना 15 साल के शासन को समाप्त करने वाले छात्र-नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद देश छोड़कर भागी थीं। अब दो साल से ज्यादा समय बाद उन्होंने पहली बार अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है।

16 दिसंबर को ही क्यों वापसी की योजना?

16 दिसंबर बांग्लादेश के इतिहास में बेहद अहम दिन है। ये दिन बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह 1971 में पाकिस्तान से देश की मुक्ति का प्रतीक है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तान की सेना ने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश की आजादी की लड़ाई अपने निर्णायक मुकाम पर पहुंची थी। इस दिन को पूरे देश में विजय दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजने की चेतावनी

बांग्लादेश ने चेतावनी दी है कि अगर शेख हसीना वापस लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। यह धमकी बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद ने दी है। उनकी वापसी से पहले बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग भी एक्टिव हो गई है। वहीं, शेख हसीना की वापसी की अटकलों के बीच बांग्लादेश ने भारत से लगी सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। बांग्लादेश की बार्डर गार्ड फोर्स के डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमान सिद्दीकी ने यह जानकारी दी है। सिद्दीकी ने रविवार को कहा कि दिसम्बर में किसी भी विवादित व्यक्ति को बांग्लादेश में प्रवेश से रोकने के लिए सीमा सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा बांग्लादेश

बांग्लादेशी मंत्री शमा ओबैद ने कहा है कि बांग्लादेश भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है। वहीं, भारत का कहना है कि वह वह हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश के अनुरोध की जांच कर रहा है और इस पर भारतीय कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। शेख हसीना को बांग्लादेश की अदालत ने उनकी अनुपस्थिति में हुई सुनवाई के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हत्याओं के लिए मौत की सजा सुनाई है।

बालेंद्र शाह ने भारत को बताया सबसे भरोसेमंद पड़ोसी, पीएम मोदी ने 24 हजार करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान

#indianepaldevelopmentassistanceagreements

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का भारत दौरा उनके पूरे देश के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के लिए बड़ी मदद का एलान किया है। भारत नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये देगा। यह राशि बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और दीर्घकालीन विकास पर खर्च होगी। बालेन शाह ने आज हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से औपचारिक मुलाकात की। जिसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

भारत ने 24 हजार करोड़ के पैकेज की घोषणा की

पीएम मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भारत में स्वागत किया। पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है। दोनों नेताओं के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बातचीत हुई। इसके बाद उन्होंने संयुक्त बयान दिया। पीएम मोदी ने कहा, ‘अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि के लिए हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। आज, नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए हम 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन पैकेज की घोषणा करते हैं।

भारत-नेपाल संबंध पर क्या बोल पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने कहा, भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे पीपल टू पीपल टाइज के धागों से बुने हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी।

नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह-बालेन शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी भारत के साथ रिश्तों को अटूट और बेहद खास बताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह विशाल हैं। उन्होंने मुश्किल वक्त और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भारत की ओर से मिलने वाली मदद के लिए भारत सरकार और यहां के लोगों का आभार भी जताया।

नेपाल-भारत सहयोग के लिए सहमति बनी

नेपाली पीएम बालेंद्र शाह ने आगे कहा कि हमने अपने सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने और आधुनिक बनाने के लक्ष्य को लेकर प्रतिनिधिमंडल स्तर पर बातचीत की। हमारे द्विपक्षीय संबंधों को लेकर ठोस और दूरदर्शी चर्चा की है। प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ-साथ नेपाल-भारत सहयोग के लिए सहमति बनी है।

भारत-नेपाल के बीच 8 बड़े समझौते

भारतीय प्रधानमंत्री और नेपाली प्रधानमंत्री की बातचीत के बीच दोनों देशों के बीच 8 बड़े समझौते हुएः-

1.भारत के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन विभाग के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग का समझौता।

2.भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) और नेपाल के नेशनल पुलिस अकादमी (एनपीए) के बीच समझौता।

3.भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाल के सिविल सेवकों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम पर समझौता।

4.भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में सहयोग का समझौता।

5.भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया उपग्रह के उपयोग के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन (सैटकॉम) नेटवर्क स्थापित करने का समझौता।

6.भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग का समझौता।

7.भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग का समझौता।

8.भारत सरकार और नेपाल सरकार के बीच पशुधन और मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग का समझौता।