भारत की समृद्ध विरासत के प्रति युवा पीढ़ी को संवेदनशील बनाना समय की जरूरत : जयवीर सिंह

- पर्यटन मंत्री ने विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया

लखनऊ: 25 नवम्बर, 2026। राज्य संग्रहालय, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) द्वारा विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर, 2026) के अवसर पर आयोजित विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित करने के लिए आज पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जयवीर सिंह, मंत्री, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश की उपस्थिति रही।

विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं युवाओं में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्मारकों तथा विश्व धरोहर स्थलों के प्रति जागरूकता एवं अभिरुचि विकसित करने के उद्देश्य से राज्य संग्रहालय द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इनमें विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर की कैनवास पेंटिंग प्रतियोगिता, विद्यालय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता तथा विद्यालय स्तर की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं ऐतिहासिक ज्ञान का परिचय दिया।

समारोह के दौरान मंत्री, जयवीर सिंह द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को देश की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संग्रहालय केवल प्राचीन वस्तुओं के संरक्षण एवं प्रदर्शन के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे ज्ञान, शिक्षा, शोध तथा सांस्कृतिक चेतना के महत्वपूर्ण संस्थान भी हैं।

इस अवसर पर मंत्री ने राज्य संग्रहालय द्वारा भारत के सांस्कृतिक विश्व धरोहर स्थलों पर आधारित लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश की समृद्ध स्थापत्य कला, ऐतिहासिक स्मारकों, सांस्कृतिक परम्पराओं एवं विश्व धरोहर स्थलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं विषय की प्रभावशाली प्रस्तुति की प्रशंसा की।

जयवीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत हमारी राष्ट्रीय पहचान एवं गौरव का महत्वपूर्ण आधार है। नई पीढ़ी को अपनी विरासत के महत्व से परिचित कराना तथा उसके संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता है। राज्य संग्रहालय द्वारा विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनियों एवं प्रतियोगिताओं जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनकी सृजनात्मक क्षमता को भी प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम में विशेष सचिव, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश, सुश्री दीपा रंजन; संजय कुमार सिंह, निदेशक, संस्कृति निदेशालय, उत्तर प्रदेश, जे.पी. सिंह, सलाहकार, पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश, अमित अग्निहोत्री, निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य अभिलेखागार सहित विभिन्न विद्यालयों के गणमान्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं, प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी तथा अन्य आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन निदेशक, राज्य संग्रहालय, लखनऊ डॉ. विनय कुमार सिंह द्वारा किया गया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी खेमका, सहायक निदेशक, राज्य संग्रहालय, लखनऊ द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के महत्व, विश्व धरोहर स्थलों के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों तक इस अमूल्य धरोहर को पहुंचाने के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। समारोह का समापन प्रतिभागियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

- इन प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार :-

- प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता- जूनियर वर्ग

1- सार्थक सिंह - प्रथम पुरस्कार

2- लव वर्मा - द्वितीय पुरस्कार

3- चित्रेश - तृतीय पुरस्कार

- सीनियर वर्ग

1- गौरव कुमार गुप्ता - प्रथम पुरस्कार

2- प्रवीन - द्वितीय पुरस्कार

3- प्रतिमा मौर्या - तृतीय पुरस्कार

- चित्रकला प्रतियोगिता

1- अनुप्रिया वर्मा - प्रथम पुरस्कार

2- वीरेन्द्र - द्वितीय पुरस्कार

3- मानस सिंह - तृतीय पुरस्कार

- सीनियर वर्ग परीक्षा परिणाम

1- श्रेया वर्मा - प्रथम पुरस्कार

2- तनिशा गुप्ता - द्वितीय पुरस्कार

3- अंश गौतम - तृतीय पुरस्कार

70 साल में लगीं 14 हजार फैक्ट्रियां, हमने साढ़े नौ साल में 35 हजार के पार पहुंचाई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मेरठ में ₹2,913 करोड़ से बनेगी अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमीनियम बेवरेज कैन फैक्ट्री, मुख्यमंत्री योगी ने किया वर्चुअल शिलान्यास

- मुख्यमंत्री योगी ने कहा-खेल के साथ अब एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र बन रहा मेरठ

- बोले - बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ उत्तर प्रदेश

- देश के 55 फीसदी मोबाइल और 60 फीसदी इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे: मुख्यमंत्री

- 15 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा, आगामी समिट में 7.5 लाख करोड़ की होगी ग्राउंड ब्रेकिंग: योगी

- मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड से 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनेगा प्रदेश: सीएम

लखनऊ, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद लगभग 70 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कुल 14 हजार फैक्ट्रियां ही लग पाई थीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन दो हजार फैक्ट्रियां स्थापित कर इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंचा दी है। उन्होंने कहा कि पहले की तरह धीमी रफ्तार से काम होता तो इन वर्षों में मुश्किल से 1,700 से 1,800 फैक्ट्रियां ही लग पातीं। मुख्यमंत्री बुधवार को अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ में ₹2,913 करोड़ की औद्योगिक परियोजना के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन एल्युमीनियम बेवरेज कैन बनाने की विश्वस्तरीय फैक्ट्री स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया।

- एंकर यूनिट बनेगी परियोजना, खेल के साथ ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र बन रहा मेरठ

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मेरठ के लिए एंकर यूनिट के रूप में कार्य करेगी। इससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग क्षेत्र के लिए व्यापार के नए द्वार खुलेंगे। मेरठ ओडीओपी के तहत खेल के सामान के लिए विश्व प्रसिद्ध है और यहां मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है। अब यह शहर खेल और पारंपरिक उद्योगों के साथ एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।

- सिंगापुर, जापान और ताइवान ने किया निवेश

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का भूमि पूजन हुआ और दो दिन पहले ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये के निवेश की दिशा में कदम बढ़ाया गया। नमो भारत रैपिड रेल, 12 लेन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता मेरठ को विश्वस्तरीय मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करती है। यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी जैसी पहल के माध्यम से वैश्विक कंपनियों को आमंत्रित किया जा रहा है। भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स के बढ़ते बाजार का लाभ भी कंपनी को मिलेगा।

- बीमारू राज्य से उबरकर शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी लगभग तीन गुना बढ़ी है। आज यूपी देश का अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक पूंजीगत व्यय के साथ देश में सर्वाधिक कैपेक्स करने वाला राज्य बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पॉलिसी पैरालिसिस समाप्त कर मजबूत कानून-व्यवस्था और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने का परिणाम है कि आज देश के 55 फीसदी मोबाइल और 60 फीसदी इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे हैं। डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र प्रदेश की औद्योगिक शक्ति को नई ऊंचाई दे रहे हैं।

- 15 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा, डिरेगुलेशन 1.0 में यूपी को पहला स्थान

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है और उत्पादन भी शुरू हो गया है। आगामी इन्वेस्टर समिट में लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग होगी। आज एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि 75 हजार एकड़ का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आईएमएलसी, एफडीआई और फॉर्च्यून-500 नीति सहित 36 सेक्टोरल पॉलिसी तथा निवेश मित्र सिंगल विंडो व्यवस्था से उद्यमियों को सुविधाएं मिल रही हैं। इसी प्रतिबद्धता के चलते डिरेगुलेशन 1.0 में यूपी को देश में पहला स्थान मिला है। उद्योगों की मांग के अनुरूप कार्यबल तैयार करने के लिए लाखों आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक एसटीईएम ग्रेजुएट्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

- सैमसंग, एलजी, माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां यूपी में कर रही हैं निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, एचसीएल, फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनियां 'मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड' के संकल्प को साकार कर रही हैं। इन कंपनियों की भागीदारी से वर्ष 2030 तक प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।

- कार्यक्रम में रहे मौजूद

मेरठ में आयोजित समारोह में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक गुलाम मोहम्मद और अमित अग्रवाल, विधान परिषद सदस्यगण तथा बॉल बेवरेज पैकेजिंग के प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट उपस्थित रहे। वहीं अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग एवं यूपीडा के सीईओ अजय चौहान और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद सहित वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।

राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय: योगी

- लखनऊ में टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर साधा निशाना, गिनाईं उपलब्धियां

 - अयोध्या जा रहे अखिलेश रामभक्तों से मांगें माफी, दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं: मुख्यमंत्री

 - सपा का पीडीए परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी, सपा-कांग्रेस गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल: योगी

 - घुसपैठियों को अपना मानती है सपा, मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम हों: मुख्यमंत्री

 - कट्टा-बम की फैक्ट्रियों से ब्रह्मोस निर्माण तक बदली प्रदेश की तस्वीर, 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

 - बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव आस्था के अनुरूप अभिवादन हैं। विदाई में राम नाम सत्य कहा जाता है। अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। यदि नब्बे के दशक में सपा नेतृत्व को सद्बुद्धि आई होती तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलतीं। अब उन्हें रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे।

 - पीडीए का अर्थ परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी

मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते हुए कहा कि उसकी राजनीति परिवार तक सीमित है। भाजपा का मतदाता प्रत्येक राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और विरासत का सम्मान करता है। उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है।

 - चुनाव से पहले ही विफल गठबंधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है। एक ओर बैठकें चल रही हैं, दूसरी ओर प्रत्याशी घोषित हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि दोनों दलों ने प्याज भी खाया और जूता भी। भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया से होगा।

 - घुसपैठ और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि भारतीय नागरिकों पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि वह 1992 से गोरखपुर में रह रहे हैं। उत्तराखंड की देवभूमि और सीमा सुरक्षा में वहां के जवानों का योगदान सम्माननीय है। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को उन्होंने मतदाता सूची शुद्ध करने की प्रक्रिया बताया। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए। प्रत्येक पात्र भारतीय का नाम सूची में रहे, लेकिन विदेशी नागरिक को मताधिकार नहीं मिल सकता। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

 - बीमारू राज्य से ग्रोथ इंजन बना यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था थी। अब विकास योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, अब 17 संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। सात शहरों में मेट्रो चल रही है।

 - अब कट्टा-बम नहीं, ब्रह्मोस का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया पनपे और कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं। अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। निवेश के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनी हैं और 50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर इकाई, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर विकसित हो रहे हैं। देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत यूपी में तैयार होता है। एमएसएमई और ओडीओपी से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। नोएडा जाने से जुड़ा पुराना अंधविश्वास भी तोड़ा गया।

 - चार लाख खरीदारों को मिले आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में चार लाख खरीदार मकान मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार ने बिल्डरों और खरीदारों के बीच संवाद से समस्याएं सुलझाकर चार लाख लोगों को आवास दिलाए।

 - साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आगामी 26 जनवरी तक साढ़े दस लाख नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि सपा की चार सरकारों में हुई कुल नियुक्तियां भी वर्तमान सरकार की एक चौथाई नहीं थीं। कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए 25 दिसंबर 2021 को टैबलेट वितरण शुरू हुआ। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट मिले। दूसरे चरण में 25 लाख का लक्ष्य है, जिनमें एक लाख से अधिक वितरित हो चुके हैं। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

 - सुरक्षा से खिलवाड़ पर जेल या जहन्नुम

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की ओर गलत निगाह डालने वालों के लिए दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम। कानून को चुनौती देने वालों से कानून के अनुसार निपटा जाएगा।

- मोदी आदर्श, कमल ही चुनाव चिह्न

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वमान्य नेता और अपना आदर्श बताया। स्वयं को पार्टी का सामान्य सिपाही बताते हुए कहा कि भविष्य में मिलने वाली जिम्मेदारी निभाएंगे। कमल का फूल पार्टी के लिए सब कुछ है और वह इसी चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे। राहुल गांधी को लॉन्च होकर भी विफल रहने वाला रॉकेट बताया। भारत को विश्व की आध्यात्मिक शक्ति, यूपी को असीम संभावनाओं वाला प्रदेश और युवाओं को विकसित यूपी का सारथी बताया। बुलडोजर को यूपी की ताकत कहा।

- माता के निधन के बाद निभाया संन्यासी धर्म

मुख्यमंत्री ने माता के निधन के दिन अंतिम संस्कार से जुड़े संस्कार संपन्न कर हरिद्वार में प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी और कार्यक्रम में भागीदारी का उल्लेख किया। भावुक होकर उन्होंने कहा कि यही संन्यासी धर्म है।

सपा की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, बोले- 'बड़के भैया' को जवाब है या 'M' वाले इमरान भाई को

- 'ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए अखिलेश', सपा की पहली लिस्ट पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला

- अखिलेश में राजनीतिक समीकरण बचाने की दिख रही बेचैनी: मंत्री ओम प्रकाश राजभर

- पांच सीटों का ऐलान दिखाता है कि अखिलेश सभी 403 सीटों को लेकर घबराएं हुए हैं: राजभर

लखनऊ, 25 नवंबर। समाजवादी पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पर यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन अभी फाइनल नहीं हुआ और अखिलेश यादव ने जल्दबाजी में उम्मीदवार भी घोषित कर दिए। उन्होंने पूछा कि यह कांग्रेस के 'बड़के भैया' को जवाब है या 'एम' वाले इमरान भाई को। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अखिलेश यादव ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी देखकर इतना घबरा गए हैं कि उन्होंने पहली लिस्ट में पांच में से चार मुस्लिम उम्मीदवार घोषित कर दिए। 

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव एक तरफ कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की पसंद वाली सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर रहे हैं। अखिलेश यादव में गठबंधन बचाने की चिंता और अपना राजनीतिक समीकरण बचाने की बेचैनी दोनों साफ दिख रहे हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस को भी इस पर ध्यान देना चाहिए कि कैसे अखिलेश बातचीत के बीच एक-एक करके उसकी पसंद की सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित करते जा रहे हैं।

- 'ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए अखिलेश'

ओम प्रकाश राजभर ने सपा की पहली सूची में मुस्लिम उम्मीदवारों की संख्या को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। राजभर ने सवाल उठाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली से पहले चार मुस्लिम उम्मीदवारों की घोषणा संयोग है या मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का डर। राजभर ने कहा कि अखिलेश ने टिकट तो पांच ही घोषित किए हैं, लेकिन उनकी घबराहट पूरी 403 सीटों वाली दिखाई दे रही है।

सीट बंटवारे से पहले सहारनपुर में सपा का दांव, इमरान मसूद नाराज

- अखिलेश यादव से पूछा- बीजेपी से लड़ना है या कांग्रेस से?



"यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीटों को लेकर खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को नाराज कर दिया है। मसूद ने सपा के फैसले पर सवाल उठाते हुए साफ कहा कि पार्टी को तय करना होगा कि उसकी लड़ाई बीजेपी से है या कांग्रेस से।"

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया। सपा के इस कदम से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज नजर आए।

समाजवादी पार्टी ने बेहट विधानसभा सीट से विधायक उमर अली खान और सहारनपुर ग्रामीण सीट से विधायक आशु मलिक को प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों सीटों पर फिलहाल समाजवादी पार्टी का कब्जा है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इन सीटों पर दावेदारी की चर्चा के बीच सपा के प्रत्याशियों की घोषणा ने गठबंधन की बातचीत को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

- इमरान मसूद ने सपा को दी दो टूक

सपा के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सपा से स्पष्ट तौर पर कहा कि उसे तय करना होगा कि वह बीजेपी से लड़ना चाहती है या कांग्रेस से।

मसूद ने कहा, 'सपा तय कर ले कि उसे बीजेपी से लड़ना है या मुझसे और कांग्रेस से। मैं अपनी पार्टी में बात करूंगा कि हमें क्या करना है।'

- जिन सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी, वहीं सपा ने खोले पत्ते

सहारनपुर की जिन सीटों को लेकर कांग्रेस की ओर से दावेदारी की जा रही थी, उन्हीं सीटों पर समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। ऐसे में गठबंधन की बातचीत के बीच सपा का यह कदम कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है। एक तरफ दोनों दल गठबंधन की मेज पर सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सपा की ओर से प्रत्याशियों के ऐलान ने सहयोगी दलों के बीच राजनीतिक संदेशों और रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

- 2027 से पहले गठबंधन में सीटों की खींचतान?

सहारनपुर से उठी नाराजगी अब सीट बंटवारे की बातचीत में भी असर डाल सकती है। सवाल यह है कि कांग्रेस इस फैसले पर क्या रुख अपनाएगी और क्या दोनों दल इन सीटों को लेकर सहमति बना पाएंगे? 2027 की चुनावी जंग से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सियासी खींचतान के संकेत सामने आने लगे हैं। सहारनपुर का घटनाक्रम गठबंधन की आगे की बातचीत के लिए अहम माना जा सकता है।

अखिलेश का मन रोजा-इफ्तारी में ही लगता है, चुनाव के चलते मंदिर-गुरुद्वारा जाना पड़ रहाः राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल

- भारत विरोधी है इंडी गठबंधन, सपा-कांग्रेस को जनता नकार चुकीः प्रकाश पाल

- अखिलेश राज में गुरुद्वारों पर मुस्लिमों ने किए कब्जेः बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

- अखिलेश जब सीएम थे, तब सिखों की जमीन पर खुलेआम कब्जा करते थे मुस्लिमः दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ, 24 नवंबर। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश का मन केवल रोजा-इफ्तारी में लगता है। लेकिन चुनावी मजबूरी के चलते उन्हें गुरुद्वारे और मंदिर जाना पड़ रहा है। वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश सरकार में सिखों की जमीनों और गुरुद्वारों पर कब्जे किए जाते थे। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। 

प्रकाश पाल ने कहा कि अखिलेश का असली चेहरा सनातन विरोधी है। यूपी की जनता सपा को नकार चुकी है। लोग भूले नहीं है कि कैसे अखिलेश के राज में प्रदेश के दलितों, पिछड़ों और महिलाओं का शोषण हुआ। सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मचे बवाल पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि इंडी गठबंधन भारत विरोधी है। इसका मकसद केवल देश को तोड़ना है। 

- 'अखिलेश राज में गुरुद्वारों पर किए गए कब्जे'

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के इलाकों में सिखों का मुसलमानों ने शोषण किया। सहारनपुर में गुरुद्वारे पर मुस्लिमों ने कब्जा किया। 1984 के दंगे के न्याय को लेकर जब कानपुर में सिख सड़कों पर उतरे थे, तब भी अखिलेश यादव चुप रहे। बीजेपी प्रवक्ता ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन को 'लठबंधन' बताते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों की जमीन पर कोई ताकत नहीं बची है। लेकिन मीटिंग-मीटिंग खेल रहे हैं और एक-दूसरे को ही नीचा दिखा रहे हैं।

26 सीट देकर सपा ने कांग्रेस को बताई उसकी सियासी हैसियत, मंत्री दानिश आजाद का इंडी गठबंधन पर तीखा हमला

- एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने में जुटे हैं सपा-कांग्रेस, इंडी गठबंधन पर दानिश आजाद ने साधा निशाना

- सीटों के लिए सपा-कांग्रेस में खींचतान, विकास का कोई एजेंडा नहीं : दानिश आजाद अंसारी

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर घमासान मचा हुआ है, लेकिन प्रदेश के विकास और जनता के मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। दानिश आजाद ने दावा किया कि यूपी की जनता 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से NDA सरकार बनाएगी।

- 'सीटों की खींचतान में उलझे, विकास का एजेंडा गायब'

दानिश आजाद ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर इस कदर खींचतान है कि दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप लगाने और छीछालेदर करने में जुटे हैं। सिर्फ 26 सीटें देकर सपा ने कांग्रेस को उसकी राजनीतिक हैसियत दिखा दी है। हकीकत यह है कि दोनों दलों के पैरों के नीचे जमीन नहीं बची है और दोनों घमंड में चूर हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस का यूपी में कोई जनाधार नहीं है। 2027 में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

- 'यूपी की जनता भूली नहीं है सपा का शासनकाल

दानिश आजाद ने कहा कि सपा-कांग्रेस ने संवैधानिक मर्यादा को तार-तार करने का काम किया है। यूपी की जनता भूली नहीं है कि सपा के शासनकाल में किस तरह प्रदेश में माफियाओं का आतंक था। महिलाएं और बेटियां तक सुरक्षित नहीं थी। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने सपा को सत्ता से बाहर कर दिया है।

सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान से सुरक्षित है भारत की पहचान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 - गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान को किया नमन

 - बोले- सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा रहेगी तो दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी

 - सच्ची आध्यात्मिकता पलायन नहीं, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक खड़े होना सिखाती है: मुख्यमंत्री

 - मुख्यमंत्री आवास से पड़ी वीर बाल दिवस की नींव, आज पूरा देश कर रहा चार साहिबजादों को नमन

 - गुरु नानक देव जी के 'एक ओंकार' और 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' के संदेश को बताया मानवता का मार्गदर्शक

 - सिख समाज ने अंगवस्त्र, तलवार और चित्र भेंट कर किया सम्मान, दिवंगत माता जी के लिए अरदास का आह्वान

लखनऊ, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान से भारत की पहचान सुरक्षित है। देश और धर्म की रक्षा के लिए सिख गुरुओं ने जो बलिदान दिया, वह भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनकी परंपरा ने न केवल आस्था और संस्कृति की रक्षा की, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने का साहस भी दिया। जब तक भारत सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई भी ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को ऐशबाग रोड स्थित डीएवी पीजी कॉलेज मैदान में श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश सरकार और जनता की ओर से सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर तलवार तथा गुरु नानक देव जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

 - सच्ची आध्यात्मिकता अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने मानवता को जोड़ने और समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने देशभर में यात्राएं कर 'एक ओंकार' का संदेश दिया। ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसकी संतान हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता पलायन नहीं सिखाती, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा देती है। सिख गुरुओं की परंपरा इसी साहस, त्याग और समर्पण का प्रतीक है।

 - नाम जपो, कीरत करो और वंड छको में समाहित है मानवता का संदेश

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको' का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज को नई दिशा मिली। ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और अपनी कमाई में दूसरों को भागीदार बनाना जीवन को सार्थक बनाता है। गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर व्यवस्था इसका जीवंत उदाहरण है। यहां जाति, मत और मजहब का भेद किए बिना सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह समानता और सेवा की भावना भारतीय समाज की बड़ी शक्ति है।

 - मुख्यमंत्री आवास से पड़ी थी वीर बाल दिवस की नींव

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से मुख्यमंत्री आवास में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई थी। सात वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के बाद से मुख्यमंत्री आवास में वीर बाल दिवस का आयोजन किया जाता है। आज पूरा देश गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के त्याग और बलिदान को नमन कर रहा है। उनका बलिदान युवा पीढ़ी को धर्म, राष्ट्र और मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिले।

 - कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थों में उमड़ा आस्था का सैलाब

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का दिन अत्यंत पवित्र है। सुबह चार बजे से वह प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों की जानकारी ले रहे हैं। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी मेले में 15 लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन काशी में देव दीपावली मनाई जाती है। मान्यता है कि भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा पर त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त किया था। इसी पावन अवसर पर गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व आध्यात्मिक महत्व को और बढ़ाता है।

 - मुख्यमंत्री की दिवंगत माता जी के लिए अरदास का आह्वान

समारोह में राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संगत से अरदास का आह्वान किया। उन्होंने मुख्य ग्रंथी से दिवंगत आत्मा को ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना करने का आग्रह किया। साथ ही मुख्यमंत्री के परिवार की कुशलता और देश-प्रदेश की सेवा में उनके निरंतर समर्पण की कामना की।

 - मुख्यमंत्री ने सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ा: परविंदर सिंह

उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके प्रयासों से सिख समाज में एकजुटता बढ़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

 - कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

समारोह में अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा यहियागंज के मुख्य सेवादार डॉ. गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला के मुख्य सेवादार डॉ. अमरजोत सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार मनमीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार राजू गांधी, सरदार सतनाम सिंह सेठी और पार्षद चरणजीत गांधी सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने सपा को बताई उसकी हैसियत ', मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर निशाना
' *कांग्रेस समझ गई है यह आजम, अमर और शिवपाल वाली मजबूत सपा नहीं है: ओपी राजभर*
*'शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा भुगतेंगे अखिलेश', राजभर का सपा प्रमुख पर निशाना*
*इंडी गठबंधन के पास अब कोई वोट बैंक नहीं, भाईचारे का 'चारा' भी इस बार कहेगा खुदा हाफिज: राजभर*

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में ही सपा को उसकी हैसियत बता दी गई। राजभर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने महज 20 मिनट में चाय पिलाकर सपा नेताओं को सीटों के बंटवारे का पत्र थमा दिया और बराबर हिस्सेदारी की बात कहकर विदा कर दिया। उन्होंने कहा कि न प्रियंका गांधी ने दिलचस्पी दिखाई और न ही केसी वेणुगोपाल ने कोई रिस्पॉन्स दिया।
राजभर ने कहा कि कांग्रेस समझ गई है कि यह अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल सिंह यादव वाली ताकतवर सपा नहीं है। अब पार्टी के पास एकमात्र 'लाइजनर चाचा' ही बचे हैं। उन्होंने  कहा कि सपा के जमीनी कार्यकर्ता भी हैरान हैं कि अखिलेश को उनके 'लाइजनर चाचा'  पिछले 10 साल से कौन सी पीएचडी करा रहे हैं, जिसे वह अब तक क्लियर नहीं कर पाए हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस की नस-नस पहचानने वाले शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा यही होगा।
*शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का किया जिक्र*
राजभर ने अखिलेश को सलाह दी कि 'लाइजनर चाचा' के हसीन ख्वाबों वाली थीसिस पढ़ना छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के अंडर में जमीनी राजनीति पर पीएचडी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि शिवपाल की संगत में रहने से अखिलेश दिल्ली में बैठे मतलबी दोस्तों के तीन-तिकड़म से बच सकते हैं। राजभर ने कहा कि कहीं अगला राजनीतिक धमाका शिवपाल सिंह यादव ही न कर दें। उन्होंने कहा कि सपा में माहौल ऐसा बना दिया गया है कि शिवपाल के खेमे के करीब 45 विधायक कभी भी पासा पलट सकते हैं।
*इंडी गठबंधन के पास कोई वोट बैंक नहीं*
राजभर ने इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास अब कोई वोट बैंक नहीं बचा है। उन्होंने अखिलेश के एम-वाई समीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भाईचारे का 'चारा' भी इस बार खुदा हाफिज कहने के लिए तैयार बैठा है। राजभर ने कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस के नेता भी इसी मौके के इंतजार में हैं।
उप्र : विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का जनप्रतिनिधियों को टास्क

- अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विधायकों को 50 और सांसदों को 10 चौपाल लगाने का दिया गया लक्ष्य
- 5 दिसंबर तक अभियान पूरा करने के निर्देश, कमजोर विधानसभा सीटों पर MLC और राज्यसभा सांसद भी संभालेंगे जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपने जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच उतरने का लक्ष्य दिया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर गांव-गांव चौपाल लगाने और जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। इस दौरान चुनावी रणनीति, संगठन की सक्रियता और मतदाता सूची से जुड़े अभियान पर चर्चा की गई।
बीजेपी ने अपने सभी विधायकों को विधानसभा क्षेत्र में 50 चौपाल लगाने का लक्ष्य दिया है, जबकि लोकसभा सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में 10 चौपाल आयोजित करनी होंगी। इन चौपालों को 5 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी का जोर जनप्रतिनिधियों के जरिए सीधे गांवों और स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करने पर है।

- कमजोर सीटों पर विशेष अभियान
बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई गई, जहां बीजेपी के विधायक नहीं हैं या संगठन की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर चौपाल आयोजित की जाएंगी। इस जिम्मेदारी में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) और राज्यसभा सांसदों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कमजोर क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियां तेज की जा सकें।

- मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर जोर
चौपाल अभियान के जरिए मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया है। खासतौर पर युवा मतदाताओं, महिलाओं और उन लोगों को सूची में शामिल कराने की रणनीति है, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। पार्टी जनप्रतिनिधियों को इस अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

- प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी रिपोर्ट
बीजेपी नेतृत्व ने बूथ और चौपाल अभियान की प्रगति पर निगरानी रखने की भी योजना बनाई है। जनप्रतिनिधियों को अभियान पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजनी होगी। पार्टी की रणनीति के तहत सांसद, विधायक, एमएलसी और राज्यसभा सांसद सभी को क्षेत्रवार जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क बढ़ाने की कवायद तेज की जा रही है।