पंजाब में बीजेपी-अकाली दल मिलकर लड़ेंगे चुनाव, अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान
#bjpakalidalallianceamitshahannouncement
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने अपने पुराने गठबंधन को फिर से बहाल करने का औपचारिक ऐलान किया है। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों दलों ने एक बार फिर साथ आने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में दोनों दलों ने फिर से हाथ मिलाया
![]()
अमित शाह ने किया अकाली दल का एनडीए में स्वागत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुखबीर सिंह बादल तथा अकाली दल का एनडीए गठबंधन में स्वागत किया। अमित शाह ने गठबंधन का ऐलान करते हुए बताया कि अकाली दल आज लौटकर फिर एनडीए में आ रहा है। मैं सुखबीर बादल और अकाली दल का एनडीए में फिर से स्वागत करता हूं। जब पीएम को बताया गया कि एनडीए में एक और साथी आ रहा है तो वो काफी खुश हुए। उन्होंने खुद सुखबीर बादल को फोन कर बधाई दी। बीजेपी और अकाली दल का गहरा रिश्ता रहा है। यह गठबंधन हिंदू सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। हमारा रिश्ता अटूट रहा है।
शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा- अमित शाह
अकाली दल और बीजेपी ने सीट शेयरिंग को लेकर रुख फिलहाल साफ नहीं किया है। हालांकि, गठबंधन में 'बड़े भाई' की भूमिका कौन निभाएगा, इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "स्वाभाविक रूप से, शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जिसमें अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा।" पंजाब में एनडीए गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं, "जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। जो भी बड़ा भाई है, वही मुख्यमंत्री बनेगा।"
सुखबीर बादल ने क्या कहा
सुखबीर बादल ने कहा कि आज बड़ा शुभ दिन है। आज फिर एक गठबंधन हुआ है। यह एक इमोशनल गठबंधन है। मेरा पिता जी कहते थे कि यह गठबंधन पंजाब के हित के लिए गठबंधन है। उन्होंने कहा कि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है। अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है। 1996 में आडवानी जी और वाजपेयी ने यह रिश्ता जोड़ा था। यह रिश्ता पंजाब को सुरक्षित बनाने का रिश्ता है। पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। आज पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारी और मजदूरी बचाने की जरूरत है। यह सिर्फ डबल इंजन सरकार कर सकती है।
2020 में टूटा था गठबंधन
बता दें कि बीजेपी और अकाली दल का पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में यह फैसला लिया गया था। इन कानूनों के विरोध में अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। गठबंधन टूटने के बाद बीजेपी और अकाली दल ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। लेकिन दोनों पार्टियां का यह फैसला उनके लिए नुकसानदायक साबित हुआ। राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से अकाली दल को केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी। वहीं बीजेपी के खाते में सिर्फ दो सीटें आई थीं। अब दोनों पार्टियों ने एक बार फिर गठबंधन करके खुद की स्थिति को मजबूत करने की कोशिश की है।






30 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.8k