मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में की सहभागिता
*गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति व्यक्त की श्रद्धा, देवीपाटन मण्डल के समस्त जनपदवासियों को दी गुरु पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं*
*गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, सेवा, समानता एवं सामाजिक सद्भाव का देती हैं संदेश*
गोण्डा। गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल ने तहसील सदर, गोण्डा स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया तथा अरदास में सहभागिता की। मण्डलायुक्त ने देवीपाटन मण्डल के गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती सहित समस्त जनपदवासियों को गुरु नानक जयंती एवं गुरु पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मण्डलायुक्त ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन एवं उनकी महान शिक्षाओं का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, सेवा, समानता, सत्य एवं सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने तथा सभी के प्रति सम्मान एवं सद्भाव का भाव रखने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' आज भी प्रासंगिक है। यह संदेश हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी एवं परिश्रम से जीवनयापन करने तथा अपनी कमाई एवं संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज में प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं एकता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता, सदाचार, सेवा एवं परोपकार है। ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को भी सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव एवं उत्साह के साथ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का स्मरण किया।
11 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.0k