सिलेंडर मे आग लगने से दो लोगों की मौत, आपूर्तिकर्ता कंपनी और एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आठ दिन बाद थी बेटी की शादी, मचा कोहराम

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के थाना जेवर क्षेत्र स्थित ग्राम दयानतपुर में बीती रात को रसोई गैस के सिलेंडर में रिसाव के चलते लगी आग और सिलेंडर फटने से हुई दो लोगों की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पुलिस ने गैस आपूर्तिकर्ता कंपनी और गैस एजेंसी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम दयानतपुर के रहने वाले कुशल पाल सिंह ने आज रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 23 नवंबर 2026 को ग्राम दयानतपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लगी, तथा गैस सिलेंडर फट गया। इस घटना में वीरपाल सिंह (56) उनके पुत्र अभिषेक (24) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल एवं उसका दो वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर की गुणवत्ता, वाल्व, सील, रिपेयरिंग एवं सुरक्षा के मानकों के अनुपालन में लापरवाही की आशंका है। गैस आपूर्ति कर्ता कंपनी एवं संबंधित एजेंसी का दायित्व है कि उपभोक्ताओं को पूर्णत सुरक्षित एवं निर्धारित मांगों के अनुरूप सिलेंडर उपलब्ध कराए। उन्होंने इस मामले में गैस आपूर्ति कर्ता कंपनी, संबंधित गैस एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125,287 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि आम नागरिकों के जीवन एवं सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुशल पाल के अनुसार जिस घर में यह घटना हुई है उस घर में आठ दिन बाद बेटी की शादी थी। शादी के लिए घर में 23 एलपीजी सिलेंडर रखे गए थे। गैस सिलेंडर में रिसाव हो रहा था। इसी बीच बिजली की तार में स्पार्किंग हुई और आग लग गई। आग की चपेट में रखा एक अन्य सिलेंडर भी आ गया तथा दोनों सिलेंडर फट गए। घटना की सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ा तथा घर में प्रवेश कर आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों का कहना है कि अगर घर में रखे 23 सिलेंडर फट जाते तो गांव की काफी लोगों की जान जा सकती थी, तथा यह घटना और भयावह हो सकती थी।
19वीं मंजिल से कूदकर 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के नोयडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाली एक 11वीं कक्षा की छात्रा ने आज तड़के अपनी सोसाइटी के 19वीं मंजिल स्थित फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना सेक्टर -39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाले अभिनव दुबे की 16 वर्षीय बेटी डिशिता दुबे ने 19वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से मंगलवार सुबह 3 बजे के करीब छलांग लगा दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला की मृतका के परिजनों ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया था। इस बात से वह परेशान थी। वह एक नामी स्कूल से 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता एडीडास कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वह मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। मृतका के मोबाइल फोन और परिवार के लोग से पूछताछ के आधार पर आत्महत्या के कारण कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

वही इस घटना से सोसाइटी में हड़कंप मचा हुआ है। जब यह घटना हुई तब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे। छात्रा के नीचे गिरने की सूचना उसके परिजनों को भी नहीं थी। सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें जब बताया तो वह बदहवास से नीचे आए। उनके आसपास के फ्लैट मे रहने वाले लोग भी उठकर नीचे आ गए। इस घटना को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
गन्ने से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत
गंगा स्नान से लौट रहे परिवार की ट्रॉली पलटी, कई लोग घायल, डीएम और एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में बिजनाैर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दाेपहर काे गन्ने से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और उसके नीचे दबकर महिला और उसकी बेटी की माैत हाे गई, जबकि कई लाेग घायल है। पुलिस ने शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। जिलाधिकारी जोगेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि गांव अकबरपुर झोझा निवासी निलेश अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नारनौर गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। मंगलवार दोपहर सभी लोग स्नान कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली चांदपुर-जलीलपुर मार्ग पर गांव अकबरपुर सीमली के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी स्याऊ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने विमलेश (35) और उसकी बेटी निधि (08) काे मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल निलेश और महिला जानकी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पूजा, मुन्नी, ओमपाल और प्रिंस को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना सड़क हादसे में मा-बेटी की माैत हुई है। अन्य घायलाें काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत 30 मूक-बधिर वाहन चालकों को वितरित किए गए हेलमेट
यातायात जागरूकता रैली निकालकर आमजन को किया गया जागरूक

गोण्डा। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 24.11.2026 को जनपद गोण्डा में क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात द्वारा अंबेडकर चौराहे पर 30 मूक-बधिर वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए तथा उन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान कर यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। इसके उपरांत यातायात जागरूकता रैली अंबेडकर चौराहे से गांधी पार्क तक निकाली गई। गांधी पार्क में आमजन को एकत्रित कर मूक-बधिर वाहन चालकों द्वारा प्रयुक्त किये जाने वाले इस प्रतीक चिह्न के बारे में भी अवगत कराया गया,ताकि मूक-बधिर वाहन चालकों को रास्ते में आमजन से किसी प्रकार की असुविधा न हो। रैली के दौरान आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए तथा हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

गोण्डा पुलिस की अपील—
गोण्डा पुलिस आमजन एवं समस्त वाहन चालक दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क पर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखे।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में की सहभागिता

*गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति व्यक्त की श्रद्धा, देवीपाटन मण्डल के समस्त जनपदवासियों को दी गुरु पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं*

*गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, सेवा, समानता एवं सामाजिक सद्भाव का देती हैं संदेश*

गोण्डा। गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल ने तहसील सदर, गोण्डा स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया तथा अरदास में सहभागिता की। मण्डलायुक्त ने देवीपाटन मण्डल के गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती सहित समस्त जनपदवासियों को गुरु नानक जयंती एवं गुरु पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मण्डलायुक्त ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन एवं उनकी महान शिक्षाओं का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, सेवा, समानता, सत्य एवं सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने तथा सभी के प्रति सम्मान एवं सद्भाव का भाव रखने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' आज भी प्रासंगिक है। यह संदेश हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी एवं परिश्रम से जीवनयापन करने तथा अपनी कमाई एवं संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज में प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं एकता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।

मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता, सदाचार, सेवा एवं परोपकार है। ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को भी सुदृढ़ करते हैं।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव एवं उत्साह के साथ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का स्मरण किया।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण पर दिया जोर*


*अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यों की हुई समीक्षा बैठक*


*निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करने के दिए निर्देश*


*गोण्डा 24 नवम्बर,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा पुनरीक्षण कार्य से जुड़े जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावली का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से अर्हता रखने वाले ऐसे सभी व्यक्तियों का नाम निर्वाचक नामावली में शत-प्रतिशत पंजीकृत कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जो अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप क्षेत्रवार कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा पात्र व्यक्तियों तक पहुंच बनाकर उनका पंजीकरण कराने के लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कोई भी अर्ह व्यक्ति निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। इस कार्य में सभी अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित संवाद बनाए रखना भी आवश्यक है।

उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा स्वयं अपने स्तर से प्रतिदिन करें। साथ ही सुपरवाइजरों को भी निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी करें और प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन संबंधी एक महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें सभी संबंधित अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

बैठक में पुनरीक्षण कार्यों को अभियान के रूप में संचालित करते हुए शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतलाल पटेल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद रजी, समस्त उपजिलाधिकारीगण, जनपद स्तरीय अधिकारीगण सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल समेत तीन दोषियों को तीन-तीन साल की सजा

लखनऊ। लखनऊ की एमपी/एमएलए कोर्ट ने मंगलवार को 28 साल पुराने मामले में पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल समेत तीन दोषियों को तीन-तीन साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा सभी दोषियों पर जुर्माना भी लगाया गया है।

यह पूरी घटना साल 28 साल पहले 12 अगस्त 1998 की है। आरोप है कि हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन में अधिकारियों से मारपीट, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और एक सरकारी वाहन को आग के हवाले कर दिया गया था। तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर एमएम कटियार की तहरीर पर हजरतगंज थाने में पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल के अलावा हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ हजरतगंज थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया।

28 वर्ष तक चली लंबी न्यायिक प्रक्रिया और विवेचना के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कई गवाहों के बयान दर्ज कराए और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने मामले की सुनवाई के बाद इसी नवंबर माह की तारीख में फैसला सुरक्षित रखते हुए हुए अगली तारीख 24 नवंबर को तय की थीं।

न्यायालय ने मंगलवार को गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपितों को दोषी करार देते हुए तीन—तीन साल की सजा सुनाई जाती है। इसके अलावा 36—36 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, इस मामले के दो अन्य आरोपित मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मौत हो चुकी थी, जबकि राजेंद्र अग्रवाल को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया।
थाना को0नगर पुलिस द्वारा दहेज मृत्यु के मामले में 01 वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार


गोण्डा। थाना कोतवाली नगर पुलिस मु0अ0सं0 1073/2026 धारा 85, 80(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में वांछित अभियुक्त संजय गौतम पुत्र अमरनाथ निवासी ग्राम इमरती विशेन,थाना कोतवाली नगर,जनपद गोण्डा को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर मा0 न्यायालय रवाना किया गया।


*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 23.011.2026 को वादी सत्यनरायन पुत्र सन्तराम निवासी ग्राम आबिद अली पुरवा, मौजा फिरोजपुर तरहर, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कोतवाली नगर पर लिखित तहरीर दी गयी कि उनकी पुत्री का विवाह दिनांक 03.04.2026 को संजय गौतम पुत्र अमरनाथ निवासी ग्राम इमरती विशेन, थाना कोतवाली नगर के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति संजय गौतम, सास, ससुर एवं देवर शनि व ऋषि द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल एवं सोने की जंजीर की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। दिनांक 21.11.2026 को वादी को सूचना मिली कि उनकी पुत्री की ससुराल वालों द्वारा गला दबाकर हत्या कर दी गई । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना को0नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। आज दिनांक 24.11.2026 को थाना को0नगर पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन के आधार पर दहेज हत्याभियुक्त संजय गौतम पुत्र अमरनाथ को उसके घर के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया ।
गंगा में डूबे चार लोग, किशोरी बची, महिला समेत तीन लापता

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के दौरान बिजनौर के नांगल में हादसा, पुलिस और गोताखोरों की टीमें गंगा में चला रहीं तलाश अभियान



लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने पहुंचे चार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। एक किशोरी को बचा लिया गया जबकि एक महिला और दो बच्चे अभी भी लापता है। उनकी तलाश के लिए पुलिस और गोताखारों की टीमें लगी हुई है।

यह हादसा नांगल क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे का है। आसपास मौजूद लोगों ने 14 वर्षीय किशोरी दिव्यांगी को सकुशल बचा लिया, जबकि 22 वर्षीय महिला गुड़िया और दो किशोर सूरज उर्फ छोटू (16) हर्ष सैनी (16) लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। तीनों लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि नजीबाबाद के रामपुरा से एक ही परिवार के करीब 8 से 10 लोग गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार के चार सदस्य गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने दिव्यांगी को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन गुड़िया, सूरज और हर्ष का कोई पता नहीं चल सका। गुड़िया (22) अरविंद की पत्नी हैं, जाे नजीबाबाद के रामपुर का रहने वाला है। सूरज उर्फ छोटू (16), राजकुमार और हर्ष सैनी (16) प्रमोद सैनी का बेटा हैं। दिव्यांगी संजीव सैनी की बेटी है।

एसपी सिटी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। तीनों लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 50 वाहनों का चालान


*संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर चलाया सघन चेकिंग अभियान, नियमों की अनदेखी करने वालों में मचा हड़कंप*


*ओवरलोडिंग पर भी हुई कार्रवाई, 2 पिकअप सहित 6 वाहन किए गए सीज*


*गोण्डा 24 नवम्बर,2026*।
जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रशासन आर०सी० भारतीय के नेतृत्व में पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान में ओवरस्पीडिंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस (नो डीएल), बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (नो एचएसआरपी), गलत पार्किंग, बिना हेलमेट तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए कुल 50 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे वाहनों के विरुद्ध सीज 9चल रहे 2 ओवरलोड पिकअप वाहनों को सीज किया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर 3 ऑटो तथा 1 ई-रिक्शा को भी सीज किया गया। इस प्रकार संयुक्त टीम द्वारा कुल 6 वाहनों को सीज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

एआरटीओ प्रशासन आरसी भारतीय ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक प्रपत्र अपने पास रखें, वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाएं तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही वाहन को निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें और ओवरलोडिंग एवं खतरनाक ड्राइविंग से बचें।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरे राहगीरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।