दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने सपा को बताई उसकी हैसियत ', मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर निशाना
' *कांग्रेस समझ गई है यह आजम, अमर और शिवपाल वाली मजबूत सपा नहीं है: ओपी राजभर*
*'शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा भुगतेंगे अखिलेश', राजभर का सपा प्रमुख पर निशाना*
*इंडी गठबंधन के पास अब कोई वोट बैंक नहीं, भाईचारे का 'चारा' भी इस बार कहेगा खुदा हाफिज: राजभर*

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में ही सपा को उसकी हैसियत बता दी गई। राजभर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने महज 20 मिनट में चाय पिलाकर सपा नेताओं को सीटों के बंटवारे का पत्र थमा दिया और बराबर हिस्सेदारी की बात कहकर विदा कर दिया। उन्होंने कहा कि न प्रियंका गांधी ने दिलचस्पी दिखाई और न ही केसी वेणुगोपाल ने कोई रिस्पॉन्स दिया।
राजभर ने कहा कि कांग्रेस समझ गई है कि यह अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल सिंह यादव वाली ताकतवर सपा नहीं है। अब पार्टी के पास एकमात्र 'लाइजनर चाचा' ही बचे हैं। उन्होंने  कहा कि सपा के जमीनी कार्यकर्ता भी हैरान हैं कि अखिलेश को उनके 'लाइजनर चाचा'  पिछले 10 साल से कौन सी पीएचडी करा रहे हैं, जिसे वह अब तक क्लियर नहीं कर पाए हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस की नस-नस पहचानने वाले शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा यही होगा।
*शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का किया जिक्र*
राजभर ने अखिलेश को सलाह दी कि 'लाइजनर चाचा' के हसीन ख्वाबों वाली थीसिस पढ़ना छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के अंडर में जमीनी राजनीति पर पीएचडी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि शिवपाल की संगत में रहने से अखिलेश दिल्ली में बैठे मतलबी दोस्तों के तीन-तिकड़म से बच सकते हैं। राजभर ने कहा कि कहीं अगला राजनीतिक धमाका शिवपाल सिंह यादव ही न कर दें। उन्होंने कहा कि सपा में माहौल ऐसा बना दिया गया है कि शिवपाल के खेमे के करीब 45 विधायक कभी भी पासा पलट सकते हैं।
*इंडी गठबंधन के पास कोई वोट बैंक नहीं*
राजभर ने इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास अब कोई वोट बैंक नहीं बचा है। उन्होंने अखिलेश के एम-वाई समीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भाईचारे का 'चारा' भी इस बार खुदा हाफिज कहने के लिए तैयार बैठा है। राजभर ने कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस के नेता भी इसी मौके के इंतजार में हैं।
उप्र : विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का जनप्रतिनिधियों को टास्क

- अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विधायकों को 50 और सांसदों को 10 चौपाल लगाने का दिया गया लक्ष्य
- 5 दिसंबर तक अभियान पूरा करने के निर्देश, कमजोर विधानसभा सीटों पर MLC और राज्यसभा सांसद भी संभालेंगे जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपने जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच उतरने का लक्ष्य दिया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर गांव-गांव चौपाल लगाने और जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। इस दौरान चुनावी रणनीति, संगठन की सक्रियता और मतदाता सूची से जुड़े अभियान पर चर्चा की गई।
बीजेपी ने अपने सभी विधायकों को विधानसभा क्षेत्र में 50 चौपाल लगाने का लक्ष्य दिया है, जबकि लोकसभा सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में 10 चौपाल आयोजित करनी होंगी। इन चौपालों को 5 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी का जोर जनप्रतिनिधियों के जरिए सीधे गांवों और स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करने पर है।

- कमजोर सीटों पर विशेष अभियान
बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई गई, जहां बीजेपी के विधायक नहीं हैं या संगठन की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर चौपाल आयोजित की जाएंगी। इस जिम्मेदारी में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) और राज्यसभा सांसदों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कमजोर क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियां तेज की जा सकें।

- मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर जोर
चौपाल अभियान के जरिए मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया है। खासतौर पर युवा मतदाताओं, महिलाओं और उन लोगों को सूची में शामिल कराने की रणनीति है, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। पार्टी जनप्रतिनिधियों को इस अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

- प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी रिपोर्ट
बीजेपी नेतृत्व ने बूथ और चौपाल अभियान की प्रगति पर निगरानी रखने की भी योजना बनाई है। जनप्रतिनिधियों को अभियान पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजनी होगी। पार्टी की रणनीति के तहत सांसद, विधायक, एमएलसी और राज्यसभा सांसद सभी को क्षेत्रवार जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क बढ़ाने की कवायद तेज की जा रही है।
रेशम उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राकेश सचान
- मंत्री ने कहा- योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें अधिकारी

- सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू होने और 16 जनपदों में कोया मंडियों की स्थापना से कृषकों को मिल रहा आर्थिक लाभ
- कृषक प्रशिक्षण में वरिष्ठ वैज्ञानिकों को आमंत्रित करने, भव्य 'सिल्क एक्सपो' आयोजित करने के निर्देश

लखनऊ, 23 नवम्बर 2026। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को डालीबाग, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में रेशम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषक प्रशिक्षण एवं विभागीय प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेशम उत्पादन को बढ़ावा देकर प्रदेश के रेशम कृषकों की आय में निरंतर वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत शहतूत वृक्षारोपण, कीटपालन गृह निर्माण और उपकरण वितरण का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के उपरांत ही अगली किस्त की धनराशि जारी की जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या शिथिलता की गुंजाइश न रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा 'मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना', 'सिल्क समग्र-2' योजना तथा 'राज्य कृषि विकास योजना' (एस.ए.डी.पी.) सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति आख्या विस्तार से प्रस्तुत की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि वर्ष 2026-27 में उत्पादित होने वाली सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू किए जाने तथा प्रदेश के 16 जनपदों— बहराइच, गोण्डा, लखीमपुर, सीतापुर, कुशीनगर, बस्ती, गोरखपुर, औरैया, मेरठ, सहारनपुर, सोनभद्र, झांसी, फतेहपुर, कानपुर नगर, वाराणसी एवं पीलीभीत में कोया मंडियों की स्थापना से रेशम कृषकों को बड़ा आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में अब तक 275 प्राथमिक रेशम सहकारी समितियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 25 समितियों के जन सुविधा केंद्र भी खोले गए हैं। साथ ही पोस्ट-ककून तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहयोग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि कृषकों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न बनाकर अत्यंत व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्यीय एवं अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रेशम क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि किसान आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अधिक उत्पादन कर सकें। मंत्री ने रेशम उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और कारीगरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से भव्य 'सिल्क एक्सपो' आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
बैछक में अपर मुख्य सचिव रेशम बी. एल. मीणा, निदेशक रेशम आनंद कुमार शुक्ला सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश व प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
- गुरु नानक देव जी के सामाजिक सद्भाव, करुणा और मानव सेवा के संदेश को आत्मसात करें : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ: 23 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली धार्मिक परम्पराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता की परम्परा के अनुरूप सभी लोग इन पर्वों को श्रद्धा, उल्लास एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। श्री मौर्य ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को आडम्बरों और अंधविश्वासों से दूर रहकर सत्य, समानता, प्रेम, करुणा, दया एवं विनम्रता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनके सर्वधर्म समभाव और सामाजिक सद्भाव के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और जीवन दर्शन से समाज को नई दिशा प्रदान की तथा मानवता की सेवा को सर्वोच्च महत्व दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्श हमें भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान, प्रेम और सद्भाव का भाव रखने तथा जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देते हैं। हम सभी को उनके जीवन दर्शन और शिक्षाओं को केवल अपने विचारों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने आचरण एवं जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कामना की कि कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती के ये पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लाएं तथा समाज में एकता, सद्भाव, सेवा और भाईचारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ करें।
टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, धरातल पर दिखे योजनाओं का असर : मंत्री राकेश सचान

- लखनऊ में भव्य 'उ.प्र. हैंडलूम, सिल्क एवं खादी एक्सपो' आयोजित करने तथा फैशन शो व बायर-सेलर मीट कराने के निर्देश

- बुनकरों के कल्याणार्थ संचालित विद्युत फ्लैट रेट योजना, सौर ऊर्जा योजना, बुनकर समृद्धि योजना तथा कौशल प्रशिक्षण लक्ष्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

लखनऊ, 23 नवम्बर 2026। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को डालीबाग, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विभागीय प्रगति की गहन समीक्षा की।
बैठक में मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022 तथा बुनकर कल्याण की योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर इसका असर दिखाई दे। उन्होंने नीति के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों और परिक्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए तथा दिसंबर माह से परिक्षेत्रीय कार्यशालाएं (वर्कशॉप) आयोजित कर उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान 'उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022' की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध बजट प्रावधान के सापेक्ष शासन से प्राप्त स्वीकृति में से अधिकांश धनराशि व्यय की जा चुकी है तथा कई अन्य इकाइयों को प्रोत्साहन धनराशि के संवितरण (डिस्बर्समेंट) की स्वीकृति प्रदान की गई है। नीति के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष पात्र इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट (एलओसी) जारी किए जा चुके हैं और अनेक इकाइयों को प्रोत्साहन धनराशि वितरित की जा चुकी है। मंत्री राकेश सचान ने स्वीकृत अवशेष धनराशि का शीघ्र एवं पारदर्शी उपयोग पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पाइपलाइन में मौजूद अन्य परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की जा सके।
मंत्री राकेश सचान ने प्रदेश के हस्तशिल्प और वस्त्र उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए विपणन आयोजनों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के बाहर देश के बड़े शहरों में आयोजित की जा रही है तथा आगामी 30 नवम्बर से भुवनेश्वर एवं 20 दिसम्बर से जोधपुर में आयोजन प्रस्तावित है। मंत्री ने निर्देशित किया कि लखनऊ में भव्य 'उ.प्र. हैंडलूम, सिल्क एवं खादी एक्सपो' का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही फैशन शो तथा बायर-सेलर मीट को एक्सपो के साथ समन्वित कर भव्य रूप से आयोजित किया जाए। इसके अतिरिक्त आगामी माहों में 'इंडिया आईटीएमई-2026', 'गारटेक्स टेक्सप्रोसेस इंडिया-2027' तथा 'भारत टेक्स-2027' में प्रदेश के बुनकरों एवं वस्त्र इकाइयों की प्रभावी प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई जाएगी।
बुनकर कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि बुनकरों को निर्बाध और किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में अवगत कराया गया कि 'अटल बिहारी बाजपेयी पावरलूम बुनकर विद्युत फ्लैट रेट योजना' के अंतर्गत बजट प्रावधान के सापेक्ष धनराशि यूपीपीसीएल को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 'मुख्यमंत्री बुनकर सौर ऊर्जा योजना' के तहत सामान्य वर्ग तथा अनुसूचित जाति/जनजाति के बुनकरों को आकर्षक शासकीय अनुदान पर सोलर प्लांट स्थापित कराने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। 'मुख्यमंत्री हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना' के तहत प्रथम चरण में निर्धारित क्लस्टरों के लक्ष्य से अधिक क्लस्टरों और बुनकरों को चिन्हित किया गया है। वहीं 'मुख्यमंत्री हथकरघा एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना' तथा 'झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना' के अंतर्गत स्वीकृत बजट के सापेक्ष शत-प्रतिशत पारदर्शी व्यय एवं लाभार्थियों को समयबद्ध किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री राकेश सचान ने 'उ.प्र. वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना' के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित प्रशिक्षण लक्ष्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने हेतु निट्रा,  भारत सरकार की टेक्सटाइल कमेटी तथा उ.प्र. कौशल विकास मिशन के साथ समन्वय कर प्रशिक्षण कार्यक्रम तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, विशेष सचिव शेषमणि पाण्डे सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सपा-कांग्रेस हैं ‘पूर्व सत्ताधारी गैंग’, दोनों में सीटें नहीं इलाका बांटने पर हो रही चर्चा: अंकुश त्रिपाठी
*भाजपा प्रवक्ता ने सपा-कांग्रेस को बताया ‘वसूली गैंग’, बोले- दोनों का मकसद सत्ता में लौटकर प्रदेश में लूटमार करना है* 
*केवल मुस्लिम वोट के लिए गठजोड़  कर रहे सपा-कांग्रेस, जनता की सेवा करना मकसद नहीं: अंकुश त्रिपाठी*

लखनऊ, 23 नवंबर।समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के लिए जारी चर्चाओं के बीच भाजपा ने तीखा निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि यह सीट शेयरिंग की बैठक नहीं, बल्कि दो ‘पूर्व सत्ताधारी गैंग’ के बीच इलाके बांटने की कवायद है। इसीलिए बैठक महज 20 मिनट में ही झगड़े और आरोप-प्रत्यारोप के बीच खत्म हो गई। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर छींटाकशी करते हुए नाराज होकर उठ गए।
*सीटों पर नहीं बनी बात, एक-दूसरे पर लगाए आरोप*
अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि दोनों ‘गैंग’ सिर्फ मुस्लिम वोट के लिए गठजोड़ की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बैठक के दौरान दोनों ‘वसूली गैंग’ आपस में ही भिड़ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों का मकसद जनता की सेवा नहीं, बल्कि सत्ता में लौटकर प्रदेश में लूटमार और अपहरण का कारोबार फिर शुरू करना है।
*जनता को ठगने के लिए गठबंधन करना चाहते हैं सपा-कांग्रेस*
त्रिपाठी ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन यूपी की जनता के हित का नहीं, बल्कि जनता को ठगने का गठबंधन है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाती रहेंगी और इनके बीच गठबंधन की राह आसान नहीं है।
*केवल 20 मिनट तक चली कांग्रेस-सपा के बीच हुई सीट शेयरिंग बैठक*
बता दें कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सपा और कांग्रेस बीच सोमवार को हुई बैठक मात्र बीस मिनट ही चल सकी। इतनी कम देर में बैठक खत्म होने के बाद अटकलों का दौर भी तेज हो गया। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेता लगातार एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप करते रहते हैं। इसी तल्ख माहौल के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत शुरू हुई है।
'जनता का भरोसा NDA पर, इंडी गठबंधन में सिर्फ सीटों की खींचतान', भाजपा नेताओं का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

- सत्ता के लिए सिद्धांतों और विचारों से समझौता करने वाली पार्टी हैं सपा-कांग्रेस: मंत्री नरेंद्र कश्यप

- 'इंडी गठबंधन में कोई किसी की सुनने को तैयार नहीं', मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना

- दानिश बोले - सीट शेयरिंग के बहाने एक दूसरे को राजनीतिक हैसियत दिखा रहे सपा और कांग्रेस

- सीटों के बंटवारे में उलझी रहेंगी सपा-कांग्रेस, यूपी में तीसरी बार खिलेगा कमल: यूपी भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह

लखनऊ, 23 नवंबर। सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भाजपा नेताओं ने तीखा निशाना साधा है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इंडी गठबंधन में कभी सकारात्मक तालमेल नहीं रहा। जबकि, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर आपसी खींचतान का आरोप लगाया। वहीं, यूपी भाजपा के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों की साजिशें नाकाम हो जाएंगी। एनडीए के सभी दल 2027 के लिए मजबूती से एकजुट हैं।

- 'गठबंधन चुनाव तक सीमित, जमीन पर कोई असर नहीं'

नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इंडी गठबंधन के दलों के बीच कभी सकारात्मक तालमेल नहीं रहा। चुनाव के समय गठबंधन की बात होती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही ये दल अलग-अलग रास्तों पर चलने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए ये दल सिद्धांतों और विचारों से समझौता करते हैं। हकीकत यह है कि इस गठबंधन का यूपी में कोई जनाधार नहीं है।

- 'सीटों के लिए आपस में खींचतान कर रहे गठबंधन के दल'

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि इंडी अलायंस के घटक दलों के बीच इतनी खींचतान है कि कोई किसी की सुनने को तैयार नहीं है। सीट शेयरिंग के बहाने दोनों दल एक-दूसरे को अपनी राजनीतिक हैसियत दिखा रहे हैं। बैठक में दोनों दल ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल करने की कोशिश में लगे हैं, ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता NDA पर विश्वास करती है और यही वजह है कि गठबंधन लगातार दो बार से सत्ता में है। 2027 में डबल इंजन की सरकार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।

- 'एनडीए के सभी घटक दल 2027 के लिए एकजुट'

नीरज सिंह ने कहा कि सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर किस तरह से घमासान मचा हुआ है, यह सब देख ही रहे हैं। चुनाव से पहले ही इन्हें अपनी हार नजर आ रही है, इसीलिए ये आपस में ही लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल मजबूती से एक साथ खड़े हैं। 2027 में प्रदेश में लगातार तीसरी बार कमल खिलेगा।

सरयू-कमला एक्सप्रेस से रोटी-बेटी के रिश्ते को नई ऊर्जा: मुख्यमंत्री

- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े, अयोध्या धाम स्टेशन से समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मुख्यमंत्री बोले - मां सरयू और कमला का मिलन विरासत व विकास का बेहतरीन संगम

- पड़ोसी प्रथम नीति से नेपाल सीमा पर बिछ रहा रेल और हाईवे का जाल: मुख्यमंत्री योगी

- मुख्यमंत्री ने कहा- 127 साल बाद लौटे पिपरहवा अवशेष, नेपाल से अटूट आस्था

- 19 घंटे में 604 किमी तय करेगी साप्ताहिक ट्रेन, भारत-नेपाल के बीच आवागमन होगा सुगम

अयोध्या, 23 नवंबर। अयोध्या धाम एवं जनकपुर धाम के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ऐतिहासिक रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है। मां सरयू की पावन धारा से अभिसिंचित अयोध्या धाम और मां कमला के पवित्र जल से सिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरासत और विकास के अद्भुत संगम का जीवंत उदाहरण है। इसके शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे रामलला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारत के श्रद्धालु जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे।

- हजारों वर्षों पुराना है रोटी-बेटी का रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का हजारों वर्षों पुराना संबंध आस्था, आत्मीयता, साझी नदियों व परिवारों से जुड़ा है, जिसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहते हैं। महर्षि विश्वामित्र संग राम-लक्ष्मण के मिथिला जाने और दशरथ द्वारा बारात ले जाने की कथा आज भी विवाह पंचमी पर जीवंत होती है। अयोध्यावासी जनकपुर को ससुराल और मिथिलावासी श्रीराम को पाहुन मानते हैं।

- काशी से पशुपतिनाथ तक आध्यात्मिक सेतु

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम दोनों देशों को आध्यात्मिक सेतु से जोड़ते हैं। प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से आई खिचड़ी चढ़ती है और बासंतिक नवरात्रि पर नेपाल से यात्रा देवीपाटन आती है। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और साधना स्थल पिपरहवा (कपिलवस्तु), श्रावस्ती, सारनाथ व कुशीनगर साझा विरासत हैं। जुलाई 2025 में 127 वर्ष बाद हांगकांग से भारत लौटे बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों का उद्गम स्थल सिद्धार्थनगर सीमा के निकट है।

- प्रधानमंत्री जी के 'HIT' फॉर्मूले से बदली सीमावर्ती कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की करनाली, गंडकी, राप्ती व महाकाली नदियां यूपी में सरयू, गंडक, राप्ती व शारदा बनकर बहती हैं। दोनों देशों की खुली सीमा विश्वास का अनोखा उदाहरण है। पड़ोसी प्रथम नीति के तहत यूपी के सात जनपद पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज नेपाल से लगभग 600 किलोमीटर सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'HIT' फॉर्मूले यानी हाईवेज, आईवेज व ट्रांसवेज पर तेजी से काम हो रहा है। 2018 में जनकपुर-अयोध्या बस सेवा शुरू हुई और अब रुपईडीहा में प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है, जिसके आसपास इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित हो रहा है।

- हाईवे, एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाराबंकी-बहराइच फोर लेन हाईवे बनने से रुपईडीहा-नेपालगंज का यात्रा समय आधा रह जाएगा। रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉड गेज व विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर टर्मिनल व वेयरहाउस बन रहे हैं, जबकि पिछले सप्ताह 1,450 करोड़ रुपये से निर्मित 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण हुआ। पिपरी नेपाल बॉर्डर से सिद्धार्थनगर व बस्ती होकर प्रयागराज तक फोर लेन कॉरिडोर पर कार्य जारी है। वहीं 750 किलोमीटर लंबा छह लेन गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होकर जनकपुर जाने वाला श्री राम जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है।

- पुनौरा धाम व 10 स्टेशनों पर ठहराव से बढ़ेगा पर्यटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम में आज महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट को नई ऊंचाई देगी। यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में भव्य मां जानकी मंदिर व आध्यात्मिक नगरी बन रही है। यूपी, बिहार और नेपाल के 10 स्टेशनों पर ठहराव से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल, शिल्प और परिवहन में हजारों रोजगार सृजित होंगे। यह ट्रेन जनकपुर में मिथिला पेंटिंग बनाने वाली बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। उत्तर प्रदेश रामायण और बौद्ध दोनों सर्किट का केंद्र है।

- अयोध्या जनकपुर के बीच ऐतिहासिक रेल सेवा: वेद प्रकाश गुप्ता

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या से जनकपुर के बीच इस ऐतिहासिक रेल सेवा से त्रेता युग से जुड़े दोनों देशों के सांस्कृतिक व धार्मिक रिश्ते नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में रेल, सड़क व हवाई कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। 

- भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मिलेगी नई मजबूती: राजेश कुमार पांडेय

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि रामायण की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क स्थापित होना गौरवपूर्ण क्षण है। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देगी।

- सरयू-कमला एक्सप्रेस की समय-सारिणी

यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या से जनकपुर के मध्य 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी। यह प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या से रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी और वापसी में प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी।

- कार्यक्रम में रहे मौजूद

समारोह में कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, एमएलसी हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित रेलवे, प्रशासन व पुलिस के अधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

लखनऊ में मनाया गया पुलिस झंडा दिवस, डीजीपी राजीव कृष्ण ने लगाया पुलिस कलर

- सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को दी बधाई, बोले- पुलिस ध्वज कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और जनसेवा का प्रतीक

लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। राजधानी लखनऊ में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस कलर लगाकर दिवस समारोह की शुरुआत की। पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल की कर्तव्यपरायणता, अनुशासन, साहस, त्याग और जनसेवा की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस झंडा दिवस कर्तव्यपरायणता, अदम्य साहस और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। यह दिन पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, त्याग और बलिदान के संकल्प को स्मरण कराने वाला अवसर है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस ध्वज को कर्तव्यनिष्ठा, अदम्य साहस, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का गौरवशाली प्रतीक बताते हुए प्रदेश के सभी कर्मठ एवं अनुशासित पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बधाई दी।

- प्रदेशभर की पुलिस लाइनों में हुए आयोजन

पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर प्रदेश की विभिन्न पुलिस लाइनों और इकाइयों में ध्वजारोहण, पुलिस ध्वज को सलामी देने और संदेश वाचन सहित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के जरिए पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा, जनसेवा और पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया गया। यहां बताते चलें कि हर वर्ष 23 नवंबर को झंडा दिवस मनाया जाता है।

बेटा, पढ़-लिखकर प्रिंस बनो, क्रिकेट में भी एडमिशन करवा देंगे’, सीएम योगी ने आठवीं के छात्र को दिया भरोसा

- गोंडा से जनता दर्शन में पहुंचे प्रिंस साहू की मुख्यमंत्री ने 4-5 मिनट तक की काउंसलिंग, पढ़ाई के साथ खेल पर ध्यान देने की दी सलाह

लखनऊ, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनता दर्शन में एक बच्चे के लिए अभिभावक की भूमिका में नजर आए। गोंडा से कक्षा आठ के छात्र प्रिंस साहू ने क्रिकेट खेलने के जुनून को पूरा करने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई तो मुख्यमंत्री ने उसकी बात ध्यान से सुनी और करीब चार-पांच मिनट तक काउंसलिंग की। सीएम योगी ने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी क्रिकेट प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद और कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने छात्र को प्रोत्साहित करते हुए कहा, ‘बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।’ साथ ही उन्होंने खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने और अच्छे अंकों से इस सत्र में उत्तीर्ण होने की सलाह दी।

- क्रिकेट का जुनून, आर्थिक तंगी बनी बाधा

गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू कक्षा आठ का छात्र है। उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपना नाम रोशन करना चाहता है। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते क्रिकेट की फीस भरने और जरूरी किट खरीदने में मुश्किल हो रही है। इसी उम्मीद के साथ प्रिंस सोमवार को मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचा। उसकी समस्या सुनने के बाद सीएम योगी ने समझाया कि अभी वह कक्षा आठ में है, इसलिए खेल के साथ पढ़ाई भी जरूरी है। उन्होंने मन लगाकर पढ़ने और अच्छे अंकों से परीक्षा पास करने को कहा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इसके बाद क्रिकेट कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराई जाएगी।

- हर फरियादी तक पहुंचे सीएम, अधिकारियों को समाधान के निर्देश

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी फरियादियों तक पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लेकर समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता के साथ किया जाए। शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और संतुष्टिपरक होना चाहिए।

- आर्थिक तंगी में नहीं रुकेगा किसी का इलाज

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा, बिजली समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए मुख्यमंत्री ने जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।