युवा उत्सव में लोक संस्कृति, कला और रचनात्मक प्रतिभाओं का दिखा संगम
*जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं औराई विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को वुडवर्ड पब्लिक स्कूल, भदोही में एक दिवसीय जनपद स्तरीय युवा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के युवाओं ने लोक संस्कृति, कला, साहित्य एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शैलेष कुमार माननीय विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि कुमार तिवारी एवं विभागीय कर्मचारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया।
युवा उत्सव के अंतर्गत लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग एवं कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला, सृजनात्मक सोच, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों एवं युवा कलाकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी प्रगति के आधार होते हैं। युवाओं में असीम ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार एवं सृजनात्मक क्षमता विद्यमान है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोककलाएं हमारी पहचान हैं। युवा पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। युवा उत्सव जैसे आयोजन नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा का निरंतर विकास करने और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक औराई दीनानाथ भास्कर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवा देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी भी हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कला, संस्कृति एवं खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक विधाएं हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में कविता लेखन की एक श्रेणी में प्रथम स्थान गरिमा पांडेय, द्वितीय स्थान सृष्टि तथा तृतीय स्थान अंकित सरोज ने प्राप्त किया। वहीं एक अन्य घोषित परिणाम में प्रथम स्थान आलो चटर्जी तथा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान कशिश मौर्या एवं श्रेया मौर्या ने प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में काशी नरेश विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रथम तथा वुडवर्ड पब्लिक स्कूल के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी भदोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला युवा अधिकारी, माय भारत तथा युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर विभागीय कार्यालय के आशुतोष गौतम, प्रशांत दुबे, शशि प्रकाश तिवारी तथा पीआरडी स्वयंसेवक रवि, विजय शंकर, श्री राजाराम, राजकुमार, श्री देवेंद्र प्रताप, ऋतुराज, विनय प्रताप सिंह सहित अन्य स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री रवि कुमार तिवारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अतिथियों, कलाकारों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। युवा उत्सव ने जनपद के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का एक सार्थक मंच प्रदान किया।
Nov 05 2026, 19:10
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k