बलरामपुर भाजपा में सुलगता बड़ा सवाल दशकों का पसीना, वफादारी का इम्तिहान... समर्पित नेता डी.पी. सिंह को कब मिलेगा उनका हक और सम्मान?
40 सालों की अटूट निष्ठा और संघर्ष का पूरा ब्योरा

1986 से छात्र राजनीति: लगातार 40 वर्षों से सार्वजनिक जीवन और छात्र हितों के संघर्ष से सक्रिय।

1990 से भाजपा के सिपाही बीते 36 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के विचारों और सिद्धांतों को समर्पित।

1997 से जिला मीडिया प्रभारी पिछले 29 सालों से आज तक संगठन के पक्ष को मजबूती से जनता और प्रेस के सामने रखने का अनुभव।
जब दौर कठिन था,तब थामा था भाजपा का झंडा

बलरामपुर के पुराने कार्यकर्ताओं और रणनीतिकारों का स्पष्ट कहना है कि आदरणीय डी.पी. सिंह जी उस दौर से पार्टी के लिए पसीना बहा रहे हैं,जब जनपद में भाजपा का झंडा उठाने वाले गिने-चुने लोग ही हुआ करते थे। प्रतिकूल से प्रतिकूल परिस्थितियों में भी उन्होंने संगठन के विचार को गांव-गांव तक पहुंचाया और जिले में भाजपा की नींव को मजबूत किया।

"जब भाजपा के पास संसाधन नहीं थे,तब डी.पी.सिंह जैसे कार्यकर्ताओं का निष्ठावान संघर्ष ही पार्टी का सबसे बड़ा बल था।"
कार्यकर्ताओं का उभरता दर्द: 'नयों को तवज्जो,अपनों को सिर्फ
इंतजार?'

इतने लंबे संघर्ष,निष्ठा और निरंतर सेवा के बाद भी डी.पी.सिंह जी को अब तक कोई बड़ा संगठनात्मक पद या अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व (टिकट या बड़ी जिम्मेदारी) न मिलना स्थानीय कार्यकर्ताओं के गले नहीं उतर रहा है।

जनपद के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच अब यह सवाल खुलकर गूंज रहा है:

क्या वफादारी ही सबसे बड़ी कमजोरी बन गई है?

दूसरे दलों से आए 'आयाराम-गयाराम' चेहरों को तुरंत बड़े पद और मौके,लेकिन दशकों से पसीना बहाने वाले मूल कार्यकर्ताओं को दरकिनार क्यों?

क्या 'कार्यकर्ता आधारित पार्टी' का दावा करने वाली भाजपा अपने ही पुराने स्तंभों को भूल रही है?

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से तीखे और सीधे सवाल
मेहनत का सिला कब? क्या दशकों तक संगठन के लिए समर्पित रहने वाले निष्ठावानों की मेहनत का यही मूल्यांकन है?
ठोस कदम का इंतजार: क्या बलरामपुर में पार्टी की साख को मजबूत करने वाले डी.पी.सिंह जैसे जननेताओं के लिए शीर्ष नेतृत्व कोई बड़ा फैसला लेगा?

मनोबल पर असर: यदि निस्वार्थ सेवा करने वाले वरिष्ठों को अनदेखा किया जाएगा,तो धरातल पर काम करने वाले नए कार्यकर्ताओं के मनोबल का क्या होगा?

उम्मीदें अब शीर्ष नेतृत्व पर टिकीं
बलरामपुर के समर्पित कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय समर्थकों को अब केवल भाजपा के केंद्रीय व प्रदेश शीर्ष नेतृत्व से उम्मीद है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस जमीनी आक्रोश और जनभावना को गंभीरता से समझेगा तथा वरिष्ठ नेता डी.पी.सिंह जी को उनकी दीर्घकालिक सेवाओं का उचित राजनीतिक मुकाम और सम्मान प्रदान करेगा।
श्री आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में सजेगा अलौकिक दीपोत्सव: 11 हजार दीपों से जगमगाएगा पावन शक्तिपीठ!
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के ऐतिहासिक नगर पंचायत तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर इस दीपावली पर आस्था, संस्कृति और प्रकाश के महापर्व का एक बार फिर भव्य साक्षी बनने जा रहा है। स्वदेशी परंपरा और सनातन संस्कृति के इस अनूठे केंद्र पर इस बार का दीपोत्सव बेहद खास और दिव्य होने वाला है।

11 हजार दीपों की रोशनी से रोशन होगा शक्तिपीठ
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 11 हजार मिट्टी के दीपक एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे।

स्वदेशी और परंपरा का संदेश मिट्टी के दीपक हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति और संस्कारों के जीवंत प्रतीक हैं, जिन्हें बढ़ावा देने के लिए इस बार आयोजन को विशेष रूप दिया गया है।
भव्य सजावट: मंदिर प्रशासन की देखरेख में पूरे परिसर को आकर्षक लाइटिंग और फूलों से सजाया जा रहा है, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।

भक्तिमय माहौल दीपावली के दिन इस दिव्य नजारे के साक्षी बनने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के देवीपाटन पहुंचने की उम्मीद है। जब हजारों दीप एक साथ जगमगाएंगे, तो पूरा शक्तिपीठ अलौकिक ऊर्जा से सराबोर हो उठेगा।

मानवता की अनूठी पहल: पीठाधीश्वर महाराज बांटेंगे खुशियां
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देवीपाटन पीठाधीश्वर, परम पूज्य महंत मिथिलेशनाथ योगी महाराज जी द्वारा सामाजिक सरोकारों की अनूठी मिसाल पेश की जाएगी।

जरूरतमंद बच्चों के संग दीपावली: दीपावली के पावन दिन महाराज जी द्वारा देवीपाटन, जनकपुर, ननमहरा और आबर गौरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जाकर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को मिठाइयां व फुलझड़ियां वितरित की जाएंगी।
उद्देश्य: इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी बच्चा इस रोशनी के पर्व की खुशियों से वंचित न रहे और हर चेहरे पर मुस्कान खिले।

महंत जी का संदेश "दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और अपनों के जीवन में उजाला भरने का उत्सव है।" पीठाधीश्वर महाराज ने समस्त क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल  तरीके से पर्व मनाने की अपील की है।
सनातन धर्म रक्षक पंडित उमेश दुबे के निधन से शोक की लहर
जौनपुर। खुटहन थाना अंतर्गत स्थित दौलतपुर गांव निवासी सनातन धर्म रक्षक पंडित उमेश दुबे के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कल शाम उनकी तबीयत अचानक खराब होने के बाद उन्हें इलाज के वाराणसी ले जाया गया था। अत्यंत विनम्र, शालीन और धार्मिक स्वभाव के पंडित उमेश दुबे का पूरे क्षेत्र में बहुत ही सम्मान था। वे अपने पीछे एक लड़का,दो लड़की,दो भाई से भरा पूरा परिवार छोड़ गये। उनके निधन पर एनसीपी नेता पारसनाथ तिवारी, ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, डॉ श्रीपाल पांडे, राम अनंद पांडे, विजय शंकर पांडे, डॉ सुभाष चंद्र पांडे, सरपंच कैलाशनाथ पांडे, शिवपूजन पांडे, प्रधान नरेंद्र यादव, समाजसेवी अरुण तिवारी, चंद्रकांत दुबे, गुड्डू दुबे, गगन दुबे, सुरेश तिवारी, प्रमोद पांडे, मुकुंदधर तिवारी, दयाराम उपाध्याय, संजय पांडे, दयाशंकर पांडे, राजन पांडे, जगदीश पांडे, जगदंबा पांडे, दिनेश गुप्ता, नन्हे मिश्रा, मुकेश पांडे, राहुल सिंह, डीएम दुबे, गुरु प्रसाद दुबे समेत अनेक लोगों ने दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर सरयू-कटरा घाट पर भव्य सरयू आरती, भजन संध्या एवं दीपोत्सव का आयोजन


*श्रद्धा, आस्था और भक्ति के संगम से जगमगाया सरयू-कटरा घाट, दीपदान कर दिया गया स्वच्छ एवं निर्मल नदियों का संदेश*


*जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला गंगा समिति द्वारा हुआ भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने की सहभागिता*


*गोण्डा 05 नवम्बर,2026*।
जनपद में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार गंगा उत्सव-2026 के उपलक्ष्य में जिला गंगा समिति की तत्वावधान में वन विभाग द्वारा करनैलगंज स्थित सरयू-कटरा घाट पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सरयू आरती, भजन संध्या, दीपदान एवं दीपोत्सव का आयोजन पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सरयू नदी का तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों के प्रति जनमानस में श्रद्धा, सम्मान एवं संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय संस्कृति, परंपरा और नदी सभ्यता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा। सरयू आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने मां सरयू की आराधना की। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं दीपदान कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मां सरयू के तट पर दीप प्रज्वलित कर सुख, समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। दीपोत्सव के मनोहारी दृश्य ने पूरे घाट को अलौकिक छटा से आलोकित कर दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने ऐसे आयोजनों को भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर उदाहरण बना। सरयू-कटरा घाट पर आयोजित इस भव्य दीपोत्सव ने न केवल लोगों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई, बल्कि नदियों के संरक्षण एवं उनके प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायी संदेश भी दिया।

इस अवसर पर माननीय जिला अध्यक्ष भाजपा गोण्डा श्री अकबाल बहादुर तिवारी, जिला महामंत्री श्री विष्णु प्रताप नारायण सिंह, कर्नलगंज विधायक प्रतिनिधि श्री सूरज सिंह, श्री गुड्डू सिंह, परसपुर प्रधान पसका श्री पिंकू सिंह, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र दीक्षित, जिला पंचायत सदस्य श्री विवेक सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्र की माताएं-बहनें तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सादाबाद में भीषण अग्निकांड: जिंदा जलकर बुजुर्ग दंपती की मौत, शादी में गया था बेटा
लखनऊ /हाथरस। उत्तर प्रदेश हाथरस सादाबाद में सादाबाद कस्बे के मोहल्ला कहारान में बुधवार/ बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर के अंदर सो रहे 70 वर्षीय शहजाद और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय दंपती का छोटा बेटा शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार शहजाद पेशे से दर्जी थे और अपनी पत्नी व छोटे बेटे के साथ मकान में रहते थे। बुधवार रात खाना खाने के बाद बुजुर्ग दंपती सो गए थे। इसी दौरान अचानक मकान में आग भड़क उठी। रात का समय होने के कारण जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। लपटों ने पूरे मकान को घेर लिया, जिससे दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने मकान के अंदर तलाशी ली, जहां दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए दमकल की टीम व पुलिस बल ने काफी मशक्कत की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बाबतपुर एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत
वाराणसी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना सब प्रमुख एकनाथ शिंदे का बाबा विश्वनाथ जी की नगरी काशी में आगमन पर उत्तर भारतीय संघठन के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष गुलाब चंद दुबे और मुंबई के उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भारी संख्या में पहुंचकर बाबतपुर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को देखकर एकनाथ शिंदे खुश नजर आए। उन्होंने हर हर महादेव कहकर सबका अभिवादन किया।
मुठभेड़ में लूट के दो इनामी बदमाश व सिपाही घायल
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम दुल्हदेपुर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर बिना नंबर की स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी अभिषेक की हथेली घायल हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीतापुर के सिद्धौली थाना क्षेत्र के वाड़ी निवासी 25 हजार के इनामी राहुल दीक्षित व 15 हजार के इनामी रामसनेहीघाट के गढ़ी मजरे मऊ गौरपुर निवासी सौरभ कुमार वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 और .12 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की काली स्कूटी बरामद की है। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रामसनेहीघाट भेजा गया।
जौनपुर : बच्चों से भरी स्कूल बस डिवाइडर से टकराई, 22 बच्चों समेत 40 घायल
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार के पास बुधवार रात बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस सवार 36 बच्चों समेत 40 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रतापगढ़ के जहानाबाद से संबंधित स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। हादसे की सूचना पर 108 सेवा के ईएमई मनीष सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और सर्किल की सभी उपलब्ध एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान ईएमटी जयप्रकाश ने एंबुलेंस में ही घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि पायलट मोहम्मद शाहिद ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में कुल 22 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें एक छात्रा सौम्या पांडेय की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। शेष बच्चों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस बच्चों के डिनर के लिए रुकी थी। आशंका है कि चालक ने शराब का सेवन किया था। हादसे के बाद से चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड केकार्यकर्ताओं ने बुधवार को हजरतगंज थाना में पहुंचकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत पत्र थाना प्रभारी को साैंपा है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए गए अपने बयान पर भले ही माफी मांग ली हो, लेकिन उनका विरोध तेजी से शुरू हो गया है। राजनीतिक, संत समाज उनके इस बयान को लेकर विरोध में है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना पहुंचकर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव ने थाना प्रभारी काे शिकायत पत्र साैंपते हुए धीरेंद्र शास्त्री पर कार्रवाई की मांग की है।

अपने बयान में प्रवेश यादव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम काे लेकर जो टिप्पणी की है, इसे हिंदूओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के साथ सपा यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता भी थे।

हजरतगंज थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि उक्त मामले में मिली तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भगवान श्रीकृष्ण और ठाकुर जी के भक्त हैं। उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। कहा कि हम ना थोड़े जोश-जोश में आकर कई बार ऐसा कर जाते हैं। भाव में आकर कुछ भी कह जाते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं कहना चाहिए था।
भारत विकास परिषद मेन शाखा द्वारा धूमधाम से मनाया गया दीपावली का रंगारंग कार्यक्रम ‘ज्योतिर्मय उत्सव’
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। भारत विकास परिषद मेन शाखा द्वारा न्यू दावत पार्टी हॉल, लिंक रोड पर दीपावली के पावन अवसर पर भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम ‘ज्योतिर्मय उत्सव’ का हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय मिश्रा (व्यापारी नेता), हर्षवर्धन जैन, अशोक सिंघल एवं शाखा के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सामूहिक वंदे मातरम्, लक्ष्मी-गणेश मंत्रोच्चारण, श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर परिषद के लगभग 40 सदस्य अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अनेक सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने उत्सव को यादगार बना दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बिंदु टंडन, प्रतिमा, प्रवीण कुमार अग्रवाल एवं डॉक्टर बी.के. आत्रेय ने अपने सुमधुर गीतों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं प्रीतवर्धन शर्मा ने हास्य एवं चुटकुलों से सभी को खूब हंसाया। विनीत गुप्ता एवं मनीष गर्ग ने मनोरंजक तंबोला खेल का आयोजन कराया, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।

शाखा की महिला सदस्यों ने सुंदर पारंपरिक परिधानों में गरबा नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। समय पर पहुंचने वाले सदस्यों को समयबद्धता पुरस्कार तथा लकी ड्रॉ के माध्यम से आकर्षक उपहार दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी उपस्थित सदस्यों को दीपावली के सुंदर उपहार भेंट किए गए।

महिला सहभागिता एवं सहयोग रहा सराहनीय

कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन बिंदु टंडन एवं डॉ. अंजली गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में वंदना शर्मा, सचिव डॉ. अंजली गर्ग, सुनीता शाह एवं नवनीत गुप्ता का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर शाखा अध्यक्ष कांति राठी ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी प्रेम, पारिवारिक एकता, संस्कार एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।

अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इसके पश्चात सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों ने सुरुचिपूर्ण रात्रिभोज का आनंद लिया।

इस प्रकार ‘ज्योतिर्मय उत्सव’ दीपावली की खुशियों, सांस्कृतिक उल्लास और पारिवारिक आत्मीयता का सुंदर संगम बनकर यादगार रहा।