गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर सरयू-कटरा घाट पर भव्य सरयू आरती, भजन संध्या एवं दीपोत्सव का आयोजन
*श्रद्धा, आस्था और भक्ति के संगम से जगमगाया सरयू-कटरा घाट, दीपदान कर दिया गया स्वच्छ एवं निर्मल नदियों का संदेश*
*जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला गंगा समिति द्वारा हुआ भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने की सहभागिता*
*गोण्डा 05 नवम्बर,2026*।
जनपद में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार गंगा उत्सव-2026 के उपलक्ष्य में जिला गंगा समिति की तत्वावधान में वन विभाग द्वारा करनैलगंज स्थित सरयू-कटरा घाट पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सरयू आरती, भजन संध्या, दीपदान एवं दीपोत्सव का आयोजन पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सरयू नदी का तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों के प्रति जनमानस में श्रद्धा, सम्मान एवं संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय संस्कृति, परंपरा और नदी सभ्यता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा। सरयू आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने मां सरयू की आराधना की। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं दीपदान कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मां सरयू के तट पर दीप प्रज्वलित कर सुख, समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। दीपोत्सव के मनोहारी दृश्य ने पूरे घाट को अलौकिक छटा से आलोकित कर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने ऐसे आयोजनों को भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर उदाहरण बना। सरयू-कटरा घाट पर आयोजित इस भव्य दीपोत्सव ने न केवल लोगों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई, बल्कि नदियों के संरक्षण एवं उनके प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायी संदेश भी दिया।
इस अवसर पर माननीय जिला अध्यक्ष भाजपा गोण्डा श्री अकबाल बहादुर तिवारी, जिला महामंत्री श्री विष्णु प्रताप नारायण सिंह, कर्नलगंज विधायक प्रतिनिधि श्री सूरज सिंह, श्री गुड्डू सिंह, परसपुर प्रधान पसका श्री पिंकू सिंह, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र दीक्षित, जिला पंचायत सदस्य श्री विवेक सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्र की माताएं-बहनें तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
5 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1