मुठभेड़ में लूट के दो इनामी बदमाश व सिपाही घायल
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम दुल्हदेपुर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर बिना नंबर की स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी अभिषेक की हथेली घायल हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीतापुर के सिद्धौली थाना क्षेत्र के वाड़ी निवासी 25 हजार के इनामी राहुल दीक्षित व 15 हजार के इनामी रामसनेहीघाट के गढ़ी मजरे मऊ गौरपुर निवासी सौरभ कुमार वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 और .12 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की काली स्कूटी बरामद की है। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रामसनेहीघाट भेजा गया।
जौनपुर : बच्चों से भरी स्कूल बस डिवाइडर से टकराई, 22 बच्चों समेत 40 घायल
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार के पास बुधवार रात बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस सवार 36 बच्चों समेत 40 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रतापगढ़ के जहानाबाद से संबंधित स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। हादसे की सूचना पर 108 सेवा के ईएमई मनीष सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और सर्किल की सभी उपलब्ध एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान ईएमटी जयप्रकाश ने एंबुलेंस में ही घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि पायलट मोहम्मद शाहिद ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में कुल 22 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें एक छात्रा सौम्या पांडेय की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। शेष बच्चों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस बच्चों के डिनर के लिए रुकी थी। आशंका है कि चालक ने शराब का सेवन किया था। हादसे के बाद से चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड केकार्यकर्ताओं ने बुधवार को हजरतगंज थाना में पहुंचकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत पत्र थाना प्रभारी को साैंपा है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए गए अपने बयान पर भले ही माफी मांग ली हो, लेकिन उनका विरोध तेजी से शुरू हो गया है। राजनीतिक, संत समाज उनके इस बयान को लेकर विरोध में है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना पहुंचकर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव ने थाना प्रभारी काे शिकायत पत्र साैंपते हुए धीरेंद्र शास्त्री पर कार्रवाई की मांग की है।

अपने बयान में प्रवेश यादव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम काे लेकर जो टिप्पणी की है, इसे हिंदूओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के साथ सपा यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता भी थे।

हजरतगंज थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि उक्त मामले में मिली तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भगवान श्रीकृष्ण और ठाकुर जी के भक्त हैं। उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। कहा कि हम ना थोड़े जोश-जोश में आकर कई बार ऐसा कर जाते हैं। भाव में आकर कुछ भी कह जाते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं कहना चाहिए था।
भारत विकास परिषद मेन शाखा द्वारा धूमधाम से मनाया गया दीपावली का रंगारंग कार्यक्रम ‘ज्योतिर्मय उत्सव’
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। भारत विकास परिषद मेन शाखा द्वारा न्यू दावत पार्टी हॉल, लिंक रोड पर दीपावली के पावन अवसर पर भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम ‘ज्योतिर्मय उत्सव’ का हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय मिश्रा (व्यापारी नेता), हर्षवर्धन जैन, अशोक सिंघल एवं शाखा के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सामूहिक वंदे मातरम्, लक्ष्मी-गणेश मंत्रोच्चारण, श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर परिषद के लगभग 40 सदस्य अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अनेक सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने उत्सव को यादगार बना दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बिंदु टंडन, प्रतिमा, प्रवीण कुमार अग्रवाल एवं डॉक्टर बी.के. आत्रेय ने अपने सुमधुर गीतों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं प्रीतवर्धन शर्मा ने हास्य एवं चुटकुलों से सभी को खूब हंसाया। विनीत गुप्ता एवं मनीष गर्ग ने मनोरंजक तंबोला खेल का आयोजन कराया, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।

शाखा की महिला सदस्यों ने सुंदर पारंपरिक परिधानों में गरबा नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। समय पर पहुंचने वाले सदस्यों को समयबद्धता पुरस्कार तथा लकी ड्रॉ के माध्यम से आकर्षक उपहार दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी उपस्थित सदस्यों को दीपावली के सुंदर उपहार भेंट किए गए।

महिला सहभागिता एवं सहयोग रहा सराहनीय

कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन बिंदु टंडन एवं डॉ. अंजली गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में वंदना शर्मा, सचिव डॉ. अंजली गर्ग, सुनीता शाह एवं नवनीत गुप्ता का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर शाखा अध्यक्ष कांति राठी ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी प्रेम, पारिवारिक एकता, संस्कार एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।

अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इसके पश्चात सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों ने सुरुचिपूर्ण रात्रिभोज का आनंद लिया।

इस प्रकार ‘ज्योतिर्मय उत्सव’ दीपावली की खुशियों, सांस्कृतिक उल्लास और पारिवारिक आत्मीयता का सुंदर संगम बनकर यादगार रहा।
दीपावली पर यूपी-112 रहेगी अलर्ट, डीजी ने सभी जिलों को दिए सुरक्षा के निर्देश,हॉटस्पॉट चिह्नित कर संवेदनशील मार्गों पर तैनात किए जाएंगे पीआरवी वा

पांच नवंबर तक मुख्यालय भेजना होगा संशोधित रूट चार्ट

लखनऊ। दीपावली पर्व पर प्रदेश में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यूपी-112 मुख्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी पीआरवी वाहनों को पूरी तरह सक्रिय और उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीजी ने दीपावली के दौरान पूर्व में हुई घटनाओं और विभिन्न आयोजनों का विश्लेषण कर संवेदनशील स्थानों और हॉटस्पॉट की पहचान करने को कहा। थाना क्षेत्र और स्थान के आधार पर तैयार सूची के अनुसार संवेदनशील मार्गों पर यूपी-112 के वाहनों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संशोधित रूट चार्ट पांच नवंबर तक मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

डीजी ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की कमी अथवा तकनीकी खराबी के कारण कोई भी पीआरवी वाहन निष्क्रिय नहीं रहना चाहिए। सभी जिलों में वाहनों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी बिना देरी के घटनास्थल पर पहुंच सकें।

उन्होंने यूपी-112 के संचार और निगरानी तंत्र को भी मजबूत रखने के निर्देश दिए। इसके तहत आरओआईपी पर तैनात कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, आपातकालीन सूचनाओं की प्रभावी निगरानी करने और पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग एवं जांच कराने को कहा गया।

बैठक में 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। डीजी ने सभी जनपदों के नोडल अधिकारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को त्वरित और निर्बाध आपातकालीन पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित कर किया गया लाभान्वित, पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों को भी मिली विभिन्न योजनाओं की सौगात

*240 ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों का हुआ वितरण, 20 लाभार्थियों को शादी अनुदान एवं 60 अभ्यर्थियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण के स्वीकृति पत्र/प्रमाण पत्र प्रदान किए गए*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से बुधवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकास भवन, कंसापुर ज्ञानपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों को शादी अनुदान योजना एवं ओ-लेवल/सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को कुल 398 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 240 ट्राइसाइकिल, 31 व्हीलचेयर, 50 स्मार्ट केन, 33 लेप्रोसी किट, 17 एमआर किट, 06 ब्रेल किट, 06 कान की मशीन तथा 15 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल शामिल हैं। सहायक उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलने के साथ ही उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

इसी क्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की पुत्रियों के विवाह हेतु संचालित शादी अनुदान योजना के अंतर्गत 20 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ओ-लेवल/सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत चयनित 60 प्रशिक्षुओं को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समाज के प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें दैनिक जीवन में सुगमता प्रदान करने के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी प्रकार शादी अनुदान एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण जैसी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं शैक्षिक संबल प्रदान करने के साथ युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देती हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के अतिरिक्त जिला विकास अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त दिव्यांगजनों एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के चयनित लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
ट्रक व बाइक की भिडन्त में युवक घायल मुकदमा दर्ज*


अमृतपुर फर्रुखाबाद 4 नवम्बर।राजेपुर थाना क्षेत्र के जमापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के चचुपुर मझटोरा निवासी राजाराम पुत्र चंपू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र मुनीश 14 अक्टूबर को शाम करीब छह से सात बजे के बीच फिरोज के साथ बाइक से कोल्ड स्टोर से घर लौट रहा था। बाइक मुनीश चला रहा था। जब दोनों जमापुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी शाहजहांपुर की तरफ से फर्रुखाबाद की ओर जा रहे ट्रक के चालक ने तेज गति और लापरवाही से बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार फिरोज दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राजाराम ने बताया कि वह अपने पुत्र के उपचार में व्यस्त थे, जिसके चलते थाने पहुंचने में देरी हुई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक महेश कुमार को सौंपी गई है।
प्रशासन से नाराज किसानों का छठवें दिन भी धरना जारी*


अमृतपुर फर्रुखाबाद।
भारतीय किसान यूनियन अखंड के बैनर तले किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राजेपुर के क्षेत्रीय कार्यालय पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना एवं भूख हड़ताल छठवें दिन भी जारी रही। किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।धरने के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर विश्वास मिश्रा ने चार नए पुलों का निर्माण जल्द कराने तथा बेवर-इटावा हाईवे पर 15 दिन के अंदर नई लेयर डालने का कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था। पीडब्ल्यूडी के जेई अंकित सिंह ने सड़कों का चिन्हांकन कर कार्ययोजना उपलब्ध कराने की बात कही। भूख हड़ताल पर बैठे जिला उपाध्यक्ष रक्षपाल सिंह सोमवंशी का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।किसानों ने अमृतपुर तहसील में कथित अवैध खनन, पपियापुर के किसानों की अंश संशोधन संबंधी समस्याओं और लेखपाल पर किसानों से रुपये मांगने के आरोपों को प्रमुखता से उठाया। संगठन का कहना है कि छठवें दिन तक कोई सक्षम अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा।
इससे नाराज संगठन ने दीपावली पर प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में कार्यालय पर 'एक दीपक, एक व्यक्ति के नाम' कार्यक्रम के तहत दीपक जलाने तथा खनन अधिकारी के कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है।इस मौके पर राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राजेश कुमार उर्फ बबलू दीक्षित, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आशीष यादव, जिला उपाध्यक्ष रक्षपाल सिंह सोमवंशी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष लकी उर्फ मुन्ना खां, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह परमार, तहसील संरक्षक राधा रमण बाबा, अरुण त्रिपाठी, मानू खान, मदनपाल सिंह, अवधेश सिंह सोमवंशी, राष्ट्रीय सचिव संजीव कठेरिया, कुलदीप चौहान, सुरेंद्र सिंह यादव और बिहार प्रदेश सचिव सुनील सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
मां की ममता को शर्मसार करने वाली घटना: डेढ़ साल के मासूम की जान गई, बेटे की गर्दन पर बैठी थी मां
20 दिन पहले बड़ी बेटी पर भी किया था लाठी से हमला, मानसिक बीमारी से जूझ रही महिला हिरासत में; चार महीने से ग्वालियर में चल रहा था इलाज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जालौन में मां और बच्चे के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोटरा थाना क्षेत्र के सीकरी व्यास गांव में मंगलवार तड़के एक महिला पर अपने ही डेढ़ साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले मासूम को अपने पास बुलाया और फिर उसकी गर्दन पर बैठ गई। सुबह जब पति की नजर बच्चे पर पड़ी तो वह पत्नी को बच्चे की गर्दन पर बैठा देखकर सन्न रह गया। उसने तत्काल पत्नी को हटाया, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, सीकरी व्यास गांव निवासी राजेश बरार मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। करीब दस वर्ष पहले उनकी शादी हमीरपुर जिले के बंगरा गांव की रहने वाली पारो (28) से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय ऋषभ, छह वर्षीय रश्मि, चार वर्षीय मोहिनी और डेढ़ वर्षीय रितिक शामिल हैं। राजेश के माता-पिता भी परिवार के साथ रहते हैं।

परिजनों के मुताबिक, पारो पिछले कई महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थी। करीब चार महीने से ग्वालियर में उसका उपचार भी चल रहा था। वह पहले भी तीन बार घर से कहीं चली गई थी, जिसके बाद राजेश उसे तलाश कर वापस लाया था। उसके व्यवहार में अचानक बदलाव और गुस्से के कारण बच्चे भी उसके पास सोने से डरते थे। छोटा बेटा रितिक अधिकतर अपनी दादी शांति या दादा परमानंद के पास सोता था।

दादा के पास सो रहा था मासूम, मां उठाकर ले गई

मंगलवार सुबह करीब चार बजे रितिक अपने दादा परमानंद के पास लेटा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पारो उसे उठाकर अपने पास ले गई। सुबह करीब पांच बजे राजेश की नजर बच्चे पर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। पारो बच्चे की गर्दन पर बैठी थी और उसके हाथ भी गर्दन पर थे। राजेश ने तत्काल पत्नी को हटाया, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। बच्चे के गले पर दबाव के निशान भी मिले।

घटना की सूचना राजेश ने तत्काल पुलिस की आपात सेवा को दी। सूचना मिलते ही कोटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पति की तहरीर पर पुलिस ने पारो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

20 दिन पहले बड़ी बेटी पर भी किया था हमला

परिजनों ने बताया कि पारो का गुस्सा कई बार इस कदर बढ़ जाता था कि वह बच्चों के साथ भी मारपीट करने लगती थी। करीब 20 दिन पहले छह वर्षीय बेटी रश्मि घर में खेल रही थी। उसके शोर मचाने पर पारो गुस्से में आ गई और वहां रखी लाठी से बेटी पर हमला कर दिया था। इस घटना में रश्मि को चोट आई थी। परिवार के लोगों के मुताबिक, महिला के व्यवहार से बच्चे सहमे रहते थे।

क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। महिला पर अपने डेढ़ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मानसिक बीमारी में व्यवहार बदलने पर समय रहते उपचार जरूरी

मनोरोग विशेषज्ञ अर्चना विश्वास के अनुसार, कुछ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में व्यक्ति के व्यवहार और भावनाओं पर नियंत्रण प्रभावित हो सकता है। गंभीर तनाव, अवसाद, बाइपोलर डिसऑर्डर, मनोविकृति, नींद की कमी और अन्य मानसिक या शारीरिक समस्याएं इसके पीछे कारण हो सकती हैं।

ऐसी परिस्थितियों में व्यक्ति छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ा हो सकता है। उसके व्यवहार में अचानक बदलाव, असामान्य शक, गुस्सा और आक्रामकता दिखाई दे सकती है। कुछ गंभीर स्थितियों में वास्तविकता को समझने और सही-गलत का आकलन करने में भी परेशानी हो सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, व्यवहार में लगातार बदलाव, असामान्य गुस्सा, नींद और खानपान में परिवर्तन तथा खुद या दूसरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में योग्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से समय पर परामर्श और उपचार कराना जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति के व्यवहार से बच्चों या परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा को खतरा हो तो उन्हें सुरक्षित रखना और तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मऊ: मऊ रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज, बड़ी-बड़ी मशीनों से हो रहा निर्माण
मऊ रेलवे फाटक पर रेलवे पुल (ओवरब्रिज) का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मौके पर बड़ी-बड़ी मशीनों के जरिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

आप देख सकते है कि पुल निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था की ओर से तेजी से काम किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पुल का निर्माण पूरा होने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।