चयनित लाभार्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ने की ब्रीफिंग
फर्रुखाबाद।
रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों (सीधी भर्ती-2025) के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को दृष्टिगत रख कर बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की ब्रीफिंग की गई। उन्होंने ब्रीफिंग के दौरान अभ्यर्थियों को कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु निर्धारित ड्रेस कोड, पहचान पत्र साथ रखने, आवागमन एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही अभ्यर्थियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, बसों की व्यवस्था तथा मार्ग में जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
*कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला स्तरीय स्काउट-गाइड रैली के द्वितीय दिवस प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में दिखाया उत्साह

फर्रुखाबाद । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जनपद स्तरीय रैली का आयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया जा रहा है। रैली के द्वितीय दिवस विभिन्न ज्ञानवर्धक, साहसिक एवं रोमांचक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

द्वितीय दिवस का कार्यक्रम ध्वज शिष्टाचार के साथ प्रारंभ हुआ। इसके पश्चात प्रतिभागियों के लिए झंडी संकेत, साहसिक क्रियाकलाप, अनुमान लगाना, मीनार प्रदर्शन, टर्न आउट तथा आपदा प्रबंधन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गईं।
स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आपदा प्रबंधन संबंधी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को विपरीत परिस्थितियों में सजगता एवं सहायता के लिए आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

रैली के द्वितीय दिवस जिला मुख्यायुक्त दिनेश चंद्र वर्मा कार्यक्रम संयोजक दीपिका राजपूत एवं सहसंयोजक इंदू मिश्रा, जिला सचिव महेश चंद्र राजपूत तथा प्रधानाचार्य अनिल सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
निर्णायक मण्डल में भारती मिश्रा,हिमलेश शाक्य, सीमा, योगेश कुमार, पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, तरुण शुक्ला उपस्थित रहे
इस मौके पर प्रधानाचार्य संगीता यादव ऐस्टर रोज़ दयाल,पुष्पा सिंह, अनिल शाक्य,कृष्ण स्वरूप योगेश कुमार ,निर्मला सिंह,मीनाक्षी भास्कर,अल्पना द्विवेदी आदि उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया।

द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों का समापन कैंप फायर कार्यक्रम के साथ हुआ, इस दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ सहभागिता की। रैली परिसर में दिनभर उत्साह, अनुशासन और स्काउट-गाइड की सेवा भावना का वातावरण बना रहा। जीजीआईसी की गाइड की छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की गई ।
थाना को0 देहात पुलिस द्वारा दहेज मृत्यु के मामले में 02 वांछित अभियुक्तो को किया गया गिरफ्तार

*कार्यवाही-*
गोण्डा। दिनांक 19.07.2026 को थाना कोतवाली देहात पर पंजीकृत मु0अ0सं0 716/2026, धारा 85, 80(2) बीएनएस व धारा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम कैथौला डीहा स्थित अभियुक्तों के घर पर दबिश देकर मुकदमे से संबंधित 02 वांछित अभियुक्तों जय देवी एवं रामप्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*

वादी मुरलीधर दूबे निवासी नदईपुरवा बमडेरा, थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कोतवाली देहात में तहरीर दी गई कि उनकी पुत्री का विवाह दिनांक 07.05.2025 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार रामप्रकाश तिवारी पुत्र सुभाष चन्द्र तिवारी निवासी ग्राम कैथौला डीहा, थाना कोतवाली देहात के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा आंचल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस संबंध में मृतका द्वारा अपने मायके पक्ष को भी जानकारी दी गई थी। परिजनों एवं अन्य लोगों द्वारा ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दिनांक 19.07.2026 को सूचना मिली कि आंचल की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। वादी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का किया औचक निरीक्षण

*धान खरीद में पारदर्शिता, किसानों को आवश्यक सुविधाएं एवं उपज का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

*संभागीय खाद्य अधिकारी को मण्डल के सभी जनपदों में धान खरीद की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश*

गोण्डा। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने नवीन मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर धान खरीद की व्यवस्थाओं एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच, खरीद प्रक्रिया एवं संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा अब तक हुई खरीद की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ धान खरीद सुनिश्चित की जाए। क्रय केंद्रों पर पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान का नियमानुसार समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने पर विशेष जोर दिया। साथ ही खरीद से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने मौके पर मौजूद संभागीय खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि देवीपाटन मण्डल के सभी जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती में धान खरीद से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। सभी क्रय केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण करते हुए पारदर्शी एवं सुचारु खरीद व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा किसानों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो सके।
सीएम मॉडल विद्यालय बनाने को भेजी रिपोर्ट


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में तीसरे मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण ज्ञानपुर तहसील क्षेत्र के घरांव में होगा। औराई तहसील क्षेत्र के गिर्दबड़गांव एवं भदोही तहसील क्षेत्र के बहरैची में निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में ज्ञानपुर तहसील क्षेत्र के घरांव में भी सीएम माडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण होगा। जिला बेसिक विभाग द्वारा शासन को डीपीआर यानि स्ट्रैक्चर और लागत की रिपोर्ट भेज दी गई है। अब धन स्वीकृति होने के बाद डेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि बनने वाले विद्यालय में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का लाभ मिलेगा। जिले का तीसरा सीएम कंपोजिट माडल विद्यालय का निर्माण कार्य घरांव में होगा। परियोजना के तहत कुल करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीपीआर शासन को भेज दी गई है, अब धन स्वीकृति होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। विद्यालय परिसर में मुख्य भवन(+2), मिड डे मील भवन (+1), बाल वाटिका, मल्टीपरपज हॉल, प्रिंसिपल आवास, स्टाफ रूम, डोरमेट्री, गार्ड रूम, साइट डेवलपमेंट, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड एवं इंटरलॉकिंग सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। आधुनिक संसाधनों से युक्त यह विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर प्राप्त होंगे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बच्चों को दूर नहीं भेजना पड़ेगा।


*सीएम माडल कंपोजिट स्कूल में यह होगी सुविधा*


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि सीएम माडल कंपोजिट स्कूल में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा दी जाएगी। शिक्षा व्यवस्था यूपी बोर्ड के पाठ्यक्रम पर आधारित होगी। स्कूलों में स्मार्ट कक्षा, स्किल हब सेंटर, कंप्यूटर और भाषा प्रयोगशाला के साथ एआई लैब, संगीत लैब, साइंस लैब, पुस्तकालय जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक कक्षा कक्ष में स्मार्ट क्लास, मिड डे मील किचन, डायनिंग हाल, मल्टीपल हैंडवास यूनिट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होगी। बच्चे को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने की दिशा में तीनों तहसील क्षेत्रों में सीएम माडल कंपोजिट विद्यालय बनाए जा रहे हैं।
मिर्जापुर : सपा नेता शिव शंकर यादव के खिलाफ पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के साथ सैकड़ो की संख्या में ब्राह्मणों ने कोतवाली में किया प्


मिर्जापुर। सपा नेता शिव शंकर यादव के खिलाफ पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के साथ सैकड़ो की संख्या में ब्राह्मणों ने शहर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए सपा नेता शिव शंकर यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.
मिर्जापुर के सपा नेता शिव शंकर यादव ने ब्राह्मणों को लेकर कहा था जो शादी में श्लोक पढ़ा जाता है वह एक गली के तरह होता है , जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर रहा है इसी कड़ी में आज मिर्जापुर के शहर कोतवाली पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के नेतृत्व में सैकड़ो ब्राह्मण पहुंचकर कोतवाली के घेराव करते हुए सपा नेता शिव शंकर यादव खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है.
पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि सपा के नेता शिव शंकर यादव ने ब्राह्मणों को लेकर एक टिप्पणी की थी.इसी मामले को लेकर थाने में तहरीर दी गई है कोतवाल ने कहा है की जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी. साथ ही कहा अखिलेश यादव ऐसे नेता को अपने पार्टी से बाहर करें
ज्ञानपुर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सराय जगदीश रेलवे फाटक पर बनेगा 80 करोड़ का ओवरब्रिज, 18 करोड़ रुपये अवमुक्त, जल्द होगा शिलान्यास विपुल द

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ककराही और माधोसिंह रेलवे फाटक पर भी ओवरब्रिज निर्माण की तैयारी, प्रेस वार्ता में विधायक ने खोला विकास कार्यों का पिटारा; बोले जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान कराना प्राथमिकता

ज्ञानपुर सराय जगदीश हाल्ट स्थित रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से जल्द ही लोगों को निजात मिलने वाली है। लंबे समय से प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण के लिए 18 करोड़ रुपये अवमुक्त भी हो गए हैं। अब जल्द ही भूमि पूजन और शिलान्यास की तैयारी है। यह बड़ा ऐलान ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने कहा कि रेलवे से एनओसी समेत कुछ तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

विधायक ने बताया कि सराय जगदीश रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाला जाम क्षेत्र के लोगों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ था। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी होती थी तो विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम राहगीरों को भी घंटों परेशानी झेलनी पड़ती थी। इसी मार्ग पर स्थित माता सीता समाहित स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिन्हें जाम की समस्या से जूझना पड़ता था।
एक एंबुलेंस में जिंदगी और मौत से जूझता बच्चा बना संकल्प की वजह
विधायक विपुल दुबे ने प्रेस वार्ता में एक भावुक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक दिन इसी रास्ते से गुजरते समय उन्होंने एंबुलेंस में 16 वर्षीय बच्चे को जिंदगी और मौत से जूझते देखा था। रेलवे फाटक पर जाम के चलते हो रही परेशानी ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। उसी दिन उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान कराने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि अब ओवरब्रिज की स्वीकृति और धनराशि अवमुक्त होना उस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
30 दिन में तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कराने की कोशिश
विधायक ने बताया कि रेलवे विभाग की एनओसी सहित कुछ तकनीकी प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं, जिन्हें पूरा होने में करीब 30 दिन लग सकते हैं। इसके लिए वह प्रयागराज जाकर रेलवे के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही ब्रिज कारपोरेशन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शेष औपचारिकताएं जल्द पूरी कराने का प्रयास करेंगे, ताकि निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो सके।
ककराही और माधोसिंह रेलवे फाटक भी एजेंडे में
विपुल दुबे ने स्पष्ट किया कि विकास की यह पहल केवल सराय जगदीश तक सीमित नहीं रहेगी। ककराही और माधोसिंह रेलवे फाटक पर भी ओवरब्रिज निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के अन्य जनप्रतिनिधि भी इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। मूसी में निर्मित पुल का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पहले वहां रास्ता काफी संकरा था, जिससे आवागमन में कठिनाई होती थी। लोगों की सुविधा को देखते हुए पुल का निर्माण कराया गया।
कोनिया की समस्या के समाधान के लिए भी जमीन चिह्नित
प्रेस वार्ता में विधायक ने कोनिया क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र में आवागमन को लेकर होने वाली परेशानी के समाधान के लिए जमीन का चयन कर लिया गया है। पावर कारपोरेशन के स्तर पर कुछ प्रक्रियाएं शेष हैं, जिन्हें पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि वह स्वयं को ज्ञानपुर का वकील मानते हैं और क्षेत्र की समस्याओं को उठाना तथा विकास कार्यों की पैरवी करना अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। विकास के लिए किसी जादू की छड़ी की जरूरत नहीं होती, बल्कि निरंतर प्रयास, अधिकारियों से समन्वय और जनता के विश्वास से काम आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि ज्ञानपुर विधानसभा के साथ-साथ पूरे जनपद की जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है। जनता के आशीर्वाद, सहयोग और कार्यकर्ताओं के समर्थन से विकास कार्यों को गति देने का प्रयास जारी है। सराय जगदीश रेलवे ओवरब्रिज की स्वीकृति इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
दुर्गापूजा सकुशल संपन्न कराने पर कटका क्लब ने पुलिस अधिकारियों का जताया आभार
सुल्तानपुर। जनपद में दुर्गापूजा का पर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों के प्रति कटका क्लब सामाजिक संस्था ने आभार व्यक्त किया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह का सम्मान करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र विनम्र ने कहा कि दुर्गापूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। उनके बेहतर प्रबंधन और सहयोग से जनपद में दुर्गापूजा का पर्व सकुशल संपन्न हुआ। इसके लिए पूरी पुलिस टीम बधाई और आभार की पात्र है।

वहीं मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता और सजगता से आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहता है। दुर्गापूजा के दौरान पुलिसकर्मियों ने जिस तरह से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वह सराहनीय है।

कथा वाचक शनि मिश्र ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सफलता में प्रशासन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है। पुलिस प्रशासन ने आपसी सौहार्द, शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित समस्त पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त करते हैं।

इस दौरान कटका क्लब सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सहयोग और समन्वय बनाए रखने की बात कही।
मऊ में बैंक सखी रेनू मौर्य का हार्ट अटैक से निधन, 70 स्वयं सहायता समूहों का कराया था गठन; तीन बेटियों के सिर से उठा मां का साया
मऊ। दोहरीघाट ब्लॉक में कार्यरत बैंक सखी रेनू मौर्य का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की अमिला शाखा में कार्यरत थीं और गोफा गांव की निवासी थीं। उनके निधन की खबर से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

रेनू मौर्य ने अपने कार्यक्षेत्र में करीब 70 स्वयं सहायता समूहों का गठन कराया था। वह महिलाओं को समूहों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के लिए लगातार प्रेरित करती थीं। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं।

मंगलवार को बड़राव ब्लॉक परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें सुधांशु, ब्लॉक के कर्मचारी, समूह सखियां और बैंक सखियां शामिल हुईं। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत रेनू मौर्य को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रेनू मौर्य अपने पीछे तीन बेटियां छोड़ गई हैं। उनकी बड़ी बेटी 13 वर्ष, दूसरी 8 वर्ष और सबसे छोटी बेटी महज 4 वर्ष की है। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा रेनू मौर्य ही थीं।

शोकसभा में मौजूद लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए गए प्रयासों को याद किया। उनके निधन को स्वयं सहायता समूहों से जुड़े परिवारों और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मऊ: ताजोपुर सिंधी कुटी मंदिर के सामने सात महीने से खराब पड़ीं हाईमास्ट लाइटें, हादसों का खतरा

मऊ। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल एनएच-29 पर ताजोपुर स्थित सिंधी कुटी मंदिर के सामने नगर पालिका की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां करीब सात महीने से चार से पांच हाईमास्ट लाइटें जर्जर अवस्था में पड़ी हुई हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है।

एनएच-29 पर दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन लगा रहता है।

इसके बावजूद सड़क के इस हिस्से में हाईमास्ट लाइटें खराब होने के कारण अंधेरा छाया रहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही अंधेरे के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से जिले के तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से खराब पड़ी लाइटों की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। कर्मचारियों को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई।

इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया और न ही वापस कॉल की गई।

अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस समस्या पर कब पड़ेगी? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही नगर पालिका प्रशासन इन खराब लाइटों की सुध लेगा? स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कराकर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।