धनतेरस से छठ तक लखनऊ में सुरक्षा का सख्त पहरा, बाजारों से लेकर गलियों तक पुलिस की रहेगी नजर
लखनऊ। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, पुलिस गश्त, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा है।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारी प्रतिदिन शाम को पर्याप्त पुलिस बल के साथ फुट मार्च और वाहन पेट्रोलिंग करें। प्रमुख बाजारों, शॉपिंग मॉल, सर्राफा प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। बाजारों में पुलिस पिकेट लगाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए।
महिला सुरक्षा और बाजारों में विशेष निगरानी
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बाजारों, मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया है। वहीं, जेबकतरी, टप्पेबाजी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील बाजारों और सर्राफा प्रतिष्ठानों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
आतिशबाजी की दुकानों और भंडारण स्थलों का संबंधित विभागों के साथ मिलकर निरीक्षण किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने अग्निशमन उपकरणों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जाम, स्टंटबाजी और नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई
त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। अवैध पार्किंग और अनावश्यक वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई होगी। जरूरत के मुताबिक डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था लागू की जाएगी।
शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कॉलोनियों, आवासीय परिसरों, सुनसान मार्गों और बाहरी इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी। बंद मकानों और संवेदनशील स्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर नजर रखने के साथ अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने फायर सर्विस, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा है। बाजारों में अग्निशमन वाहनों और एंबुलेंस के आवागमन के लिए रास्ते बाधामुक्त रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता, मोबाइल पुलिस टीम और क्विक रिस्पॉन्स व्यवस्था भी सक्रिय रखी जाएगी।
साइबर ठगी से बचने के लिए भी किया जाएगा जागरूक
त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल भुगतान में होने वाली धोखाधड़ी को लेकर आमजन और व्यापारियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की है।
तरुण गाबा ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय और सतर्क मौजूदगी दिखाई देनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे और थाना प्रभारी फुट मार्च व पेट्रोलिंग की निगरानी करेंगे।
Nov 04 2026, 16:26
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k