दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात*
*जनपद के 1,65,786 लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा ₹10.58 करोड़ से अधिक की सब्सिडी का अंतरण*
विधायक भोजपुर की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम, पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र*
फर्रुखाबाद । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कर-कमलों द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ लोक भवन, लखनऊ में किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा लगभग ₹1500 करोड़ की धनराशि लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शित किया गया। इस दौरान विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद स्तर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं लाभार्थियों ने मा० मुख्यमंत्री जी के संबोधन तथा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में हुई प्रगति एवं योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ वर्ष 2016 में किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं वंचित परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्त स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन के साथ गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर एवं पाइप उपलब्ध कराया जाता है, जिससे महिलाओं को पारंपरिक ईंधन से होने वाले धुएं एवं उससे जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक जनपद में कुल 1,65,786 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के 96,947, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के 19,813 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के 49,026 लाभार्थी शामिल हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली एवं होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। इसके क्रम में सब्सिडी अंतरण की व्यवस्था प्रारंभ की गई, जिसके माध्यम से गैस सिलेंडर रिफिल की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को दो निःशुल्क सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल वितरण की व्यवस्था दो चरणों में निर्धारित की गई है। प्रथम चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्रदान किया जाएगा। दीपावली पर्व के अवसर पर प्रथम चरण के अंतर्गत एक निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सभी पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य ₹965.00 है। इसमें केंद्र सरकार द्वारा ₹323.24 की सब्सिडी तथा राज्य सरकार द्वारा ₹641.76 की सब्सिडी अनुमन्य है। इस प्रकार पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल की पूरी धनराशि सब्सिडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि आज आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद के कुल 1,65,786 उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा कुल ₹10,58,90,400 (दस करोड़ अट्ठावन लाख नब्बे हजार चार सौ रुपये) की सब्सिडी धनराशि अंतरित की जा रही है। इस धनराशि से दीपावली के अवसर पर पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी दी तथा कहा कि उज्ज्वला योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक स्वच्छ रसोई ईंधन की सुविधा पहुंचाना है। त्योहारों के अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा से लाभार्थी परिवारों को आर्थिक सहायता प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

*जनपद के 1,65,786 लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा ₹10.58 करोड़ से अधिक की सब्सिडी का अंतरण*

फर्रुखाबाद।
Sb ब्यूरो रितेश मिश्रा
दिवंगत सपा नेता राजेश यादव नत्थू के परिजनों से मिलने पहुंचे पार्टी अध्यक्ष, भाजपा सरकार पर बेरोजगारी और शहर की गंदगी को लेकर साधा निशाना
Sb न्यू ब्यूरो रितेश मिश्रा
राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद के निर्देश पर जिला अध्यक्ष रियासत खान और वरिष्ठ उपाध्यक्ष नौशाद शाह के नेतृत्व में पत्रकारों ने उठाई आवाज, पत्रकार सुरक्षा कानून सहित चार प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
रामराज। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में सनातन धर्म मंदिर, रामराज में देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सूबेदार विपिन भारद्वाज (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) के सम्मान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। इस दौरान सूबेदार विपिन भारद्वाज को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत करते हुए देश के प्रति उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की गई।
9 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k