सपा सरकार बनी तो वाराणसी में दौड़ेगी मेट्रो : अखिलेश यादव
दिवंगत सपा नेता राजेश यादव नत्थू के परिजनों से मिलने पहुंचे पार्टी अध्यक्ष, भाजपा सरकार पर बेरोजगारी और शहर की गंदगी को लेकर साधा निशाना


लखनऊ, वाराणसी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो रेल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह बनारस के लोगों को यह भरोसा दिलाना चाहते हैं कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर शहर को मेट्रो की सौगात मिलेगी।

मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे अखिलेश यादव डाफी-लंका स्थित पार्टी के दिवंगत पदाधिकारी राजेश यादव नत्थू के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने राजेश यादव की पत्नी चंदा यादव से बातचीत कर परिवार को ढांढ़स बंधाया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने भावुक होकर कहा कि हमने एक सच्चा सिपाही खोया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नारेबाजी कर उनका स्वागत किया।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में सपा की जीत का उल्लेख करते हुए इसे बाबा विश्वनाथ का दोहरा आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ ने आशुतोष सिन्हा को जिताया और लाल बिहारी यादव की जीत भी सुनिश्चित कराई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपनी जीत का कोई अहंकार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग "डबल इंजन" सरकार और "डबल रफ्तार" विकास के दावे करते थे, उन्हें जनता ने पूरी तरह नकार दिया है और अब उन्हें दोहरी हार का सामना करना पड़ा है।

भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के जाने के बाद ही बनारस शहर मुस्कराएगा। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और वाराणसी में गंदगी की समस्या को लेकर भी सरकार की आलोचना की। अखिलेश यादव ने रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए किसानों की समस्याओं पर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के हटने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर नौजवानों, किसानों सहित समाज के सभी वर्गों के हित में काम किया जाएगा। इस दौरान पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, मनोज राय धूपचंडी, नवनिर्वाचित एमएलसी (स्नातक) आशुतोष सिन्हा समेत पार्टी के वरिष्ठ एवं स्थानीय नेता मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं 86 शिकायतें,
Sb न्यू ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं।जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पत्रकारों के हक की लड़ाई में SPM ने भरी हुंकार, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; सहारनपुर में पत्रकारों की एकजुटता ने दिखाई संगठन की ताकत
राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद के निर्देश पर जिला अध्यक्ष रियासत खान और वरिष्ठ उपाध्यक्ष नौशाद शाह के नेतृत्व में पत्रकारों ने उठाई आवाज, पत्रकार सुरक्षा कानून सहित चार प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वतंत्रता और अधिकारों की लड़ाई को लेकर संयुक्त पत्रकार महासभा (SPM) लगातार संघर्ष कर रही है। इसी कड़ी में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद के निर्देशानुसार सहारनपुर जिला अध्यक्ष मोहम्मद रियासत खान एवं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नौशाद शाह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुट होकर महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह को सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने, पत्रकारों पर हमला करने और धमकाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज झूठे मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा एवं आर्थिक सहायता योजना लागू करने की मांग उठाई गई।

इस दौरान जिला अध्यक्ष मोहम्मद रियासत खान ने पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। वे अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं, लेकिन कई बार उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के दौरान उत्पीड़न, धमकियों और झूठे मुकदमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाया जाना बेहद जरूरी है।

वहीं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नौशाद शाह ने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुटता बेहद आवश्यक है। संगठन का उद्देश्य केवल अपने सदस्यों के हितों की रक्षा करना नहीं, बल्कि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर उसकी आवाज बनकर खड़ा होना है। पत्रकारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना संगठन की प्राथमिकता है।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद ने कहा कि संयुक्त पत्रकार महासभा पत्रकारों का ऐसा सशक्त संगठन है, जो पिछले कई वर्षों से पत्रकारों के हितों की लड़ाई लड़ रहा है। हमारा स्पष्ट संकल्प है कि पत्रकार हमारा हो या किसी अन्य संगठन से जुड़ा हो, यदि उसके साथ अन्याय या उत्पीड़न होता है तो SPM उसकी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा। पत्रकारों के सम्मान, स्वतंत्रता, सुरक्षा और अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सहारनपुर की टीम की एकजुटता और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित पदाधिकारी और सदस्य हैं। जब सभी पत्रकार एक मंच पर आकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल रहे: सहारनपुर जिला अध्यक्ष मोहम्मद रियासत खान, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नौशाद शाह, कासिम रजा, राजा अली जाफरी, शोएब दिलदार, साजिद चौधरी, रमन गुप्ता, प्रीतम कश्यप एवं समसुल आरफीन सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य।

संयुक्त पत्रकार महासभा ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठन का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और देश के किसी भी कोने में पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन उसकी आवाज उठाने के लिए तत्पर रहेगा।

संयुक्त पत्रकार महासभा (SPM)
पत्रकारों का सशक्त संगठन
पत्रकारों के हित, सम्मान, स्वतंत्रता एवं सुरक्षा के लिए सदैव संघर्षरत।
सूबेदार विपिन भारद्वाज का पगड़ी पहनाकर किया भव्य सम्मान, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने सौंपी हस्तिनापुर विधानसभा की जिम्मेदारी
रामराज। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में सनातन धर्म मंदिर, रामराज में देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सूबेदार विपिन भारद्वाज (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) के सम्मान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। इस दौरान सूबेदार विपिन भारद्वाज को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत करते हुए देश के प्रति उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की गई।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष पंडित विजेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेंद्र त्रिवेदी तथा हस्तिनापुर विधानसभा अध्यक्ष विपिन चंद शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी और ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से सूबेदार विपिन भारद्वाज को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने उनके देश सेवा के योगदान को समाज के लिए गौरव और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना में रहकर देश की सीमाओं और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देना किसी भी व्यक्ति के लिए गर्व की बात है। सैनिक अपने परिवार और व्यक्तिगत जीवन से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा के लिए दिन-रात कर्तव्य निभाते हैं। ऐसे वीर जवानों का सम्मान करना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में लगे प्रत्येक सैनिक के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना है।

इस दौरान देश सेवा, राष्ट्रहित, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सनातन संस्कृति को लेकर भी चर्चा हुई। मंच पर मौजूद सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत करते हुए समाज को एकजुट रहने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में प्रतिभाशाली और देश के लिए समर्पित व्यक्तियों का सम्मान होने से आने वाली पीढ़ियों को भी आगे बढ़ने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से सूबेदार विपिन भारद्वाज को संगठन में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई। उन्हें हस्तिनापुर विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रदान की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में महासभा सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाजहित के कार्यों को नई दिशा देगी।

सम्मान समारोह के समापन पर ब्राह्मण समाज की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं समाज के लोगों के लिए खानपान की विशेष व्यवस्था भी की गई। दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर सूबेदार विपिन भारद्वाज को शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में उत्साह, सामाजिक एकता और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में गोण्डा पुलिस ने प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान-*

गोण्डा। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) के माध्यम से प्राप्त जनशिकायती प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में अक्टूबर माह की शासन द्वारा जारी रैंकिंग में गोण्डा पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय, लोकभवन द्वारा प्रतिमाह आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा एवं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रदेश के सभी जनपदों की रैंकिंग जारी की जाती है। शिकायतों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर संबंधित प्रार्थना पत्र डिफाल्टर की श्रेणी में आ जाते हैं। ऐसे में समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के आधार पर जनपदों की रैंकिंग निर्धारित होती है। गोण्डा पुलिस द्वारा जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के फलस्वरूप यह उपलब्धि हासिल की गई है। इस अवसर पर जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों के कार्यों की सराहना की गई। साथ ही आईजीआरएस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक उत्कर्ष पाण्डेय एवं उनकी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसी प्रकार मेहनत एवं लगन से कार्य करने हेतु उत्साहवर्धन किया गया।

*आईजीआरएस सेल की टीम का विवरण-*
1. आईजीआरएस प्रभारी श्री उत्कर्ष पाण्डेय
2. आ0 वी0पी0 कुमार
3. आ0 राम नरेश
4. आ0 बृजेश
5. म0आ0 शिखा वर्मा
6. म0आ0 प्रीति
7. म0आ0 नैंसी गुप्ता

*मीडिया सेल, गोण्डा।*
थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा चोरी करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, चोरी की गई पानी की मोटर बरामद


दिनांक 01.11.2026 को रात्रि करीब 08:30 बजे ग्राम रघुनाथपुर निवासी मिथुन सिंह पुत्र राम फेर सिंह के खेत में लगी पानी की मोटर अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। वादी द्वारा मोटर की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि चोरी की गई मोटर गांव के ही मनमोहन सिंह पुत्र विश्राम सिंह के घर पर रखी हुई है। इस पर वादी अपने साथ गांव के अन्य व्यक्तियों को लेकर अभियुक्त के घर पहुंचा, जहां घर के सामने बनी कुरिया में चोरी की गई मोटर बरामद हुई।

*कार्यवाही-*
दिनांक 03.11.2026 को वादी मिथुन सिंह एवं उनके साथ आए ग्रामीणों द्वारा अभियुक्त मनमोहन सिंह को चोरी की गई मोटर सहित पकड़कर थाना नवाबगंज लाया गया। थाना पुलिस द्वारा अभियुक्त को हिरासत में लेकर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया तथा उसके विरुद्ध मु0अ0सं0-370/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गई।
दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों की दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं दीपावली मेला-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ

*जिलाधिकारी ने विभिन्न स्टालों का किया अवलोकन, दिव्यांगजनों के उत्पादों की स्वयं की खरीदारी*


*महिला दिव्यांग लाभार्थियों को वितरित की गई मोटराइज्ड साइकिल, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी गई विभागीय योजनाओं की जानकारी*

*गोण्डा, 03 नवम्बर 2026*। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग गोण्डा एवं बाबा बद्रीदास जन कल्याण सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में प्रकाश मैरिज हाल, पंतनगर गोण्डा में जनपद के दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं निर्मित विभिन्न उत्पादों एवं सामग्रियों की दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं दीपावली मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के दीये, फूलबत्ती, अचार, एलईडी बल्ब, अगरबत्ती, मोमबत्ती, दोना, पत्तल तथा विभिन्न प्रकार के मसालों सहित अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों को देखा और उनके निर्माण एवं बिक्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं भी कई स्टालों से उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों द्वारा अपने हुनर और मेहनत से तैयार किए गए उत्पाद उनकी प्रतिभा, आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन की भावना को प्रदर्शित करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी एवं मेले के आयोजन से दिव्यांगजनों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलता है। इससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ-साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होता है। आमजन को भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीदारी करनी चाहिए, जिससे उनके रोजगार एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिव्यांगजनों के हितार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं के लाभ, पात्रता तथा उनसे जुड़ने की प्रक्रिया को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को जागरूक किया जा सके।

इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा महिला दिव्यांग लाभार्थियों को मोटराइज्ड साइकिल का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग महिलाओं को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के साथ उनकी स्वतंत्रता, गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा एवं हुनर का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेखिका सुमति श्रीवास्तव ने विनय शर्मा दीप को भेंट की अपनी पुस्तक
जौनपुर । जनपद की उत्कृष्ट कवयित्री, लेखिका श्रीमती सुमति श्रीवास्तव का नाम जब भी कहीं आता है तो नि:संदेह सम्मान सहित लिया जाता है। सुमति का स्वभाव ही सु+मति अर्थात अच्छी बुद्धि,सुंदर विचार,विनम्रता, व्यवहार में
कोमलता लिए सामाजिक, आध्यात्मिक विशेषता से परिपूर्ण है जो बहुत ही शांत स्वभाव,सुलझी हुई और समझदार उत्कृष्ट शिक्षिका, विदुषी,लेखिका या घर की सबसे समझदार सदस्य हैं।ऐसी सर्वगुण संपन्न शिक्षिका अवश्य ही अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को सुंदर संदेश देने का कार्य किया है। मुंबई से कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप की उपस्थिति विगत दिनों कवयित्री सुमति श्रीवास्तव के आवास सिटी स्टेशन,जानकीपुरम कालोनी जौनपुर में हुई।जहां जनपद के नामचीन कवि एवं लेखक राजेश कुमार पाण्डेय,गीतकार रविन्द्र कुमार शर्मा दीप के साथ सुमति के परिवार के सदस्य उपस्थित थे। जिनके सानिध्य में सुमति ने अपनी पुस्तक ' आखिर क्यूं ' दीप जी को सप्रेम भेंट दी।दीप ने उक्त पुस्तक में संकलित कहानी की भूरी भूरी प्रशंसा की और भविष्य में उत्कृष्ट लेखनी से सुमति जी का नाम सुर्खियों में हों ऐसी शुभकामनाएं दी। वास्तव में आखिर क्यूं पुस्तक पाठकों के हृदय को स्पर्श करती हुई आगे बढ़ती है जिसे सभी पाठकों को निसंदेह पढ़ना चाहिए।
पाक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायलखंसी थाना पुलिस ने पाक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरायलखंसी पुलिस टीम ने 3 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए सरवन पटवा (26 वर्ष), पुत्र काशीनाथ पटवा, निवासी जफ्फरपुर डीहिया, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया।

आरोपी के विरुद्ध थाना सरायलखंसी में मु0अ0सं0 297/2026 के तहत धारा 137(2), 87, 64(1) बीएनएस एवं 3/4 पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में मु0अ0सं0 168/2020, धारा 363, 366, 376 भादवि एवं 3/4 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज रहा है।
68500 शिक्षक भर्ती का मामला फिर गरमाया, मंत्री आशीष पटेल के आवास पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
आरक्षण विसंगति दूर कर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग, 64 दिन से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों को मंत्री ने दीपावली तक दिया समय

लखनऊ। 68500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। लगातार 64 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने पिछड़ा वर्ग आयोगों के आदेशों के अनुरूप भर्ती का परिणाम संशोधित करने और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर हुई कथित गड़बड़ी का अब तक समाधान नहीं किया गया है। इस संबंध में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों का पालन कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि लगातार आवाज उठाने के बावजूद शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थी अपने अधिकारों के लिए दो महीने से अधिक समय से शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की ओर से इस मामले में आदेश जारी किया जा चुका है और 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी आरक्षण विसंगति पर चर्चा हो चुकी है, तो फिर समाधान में देरी क्यों की जा रही है।

अभ्यर्थियों ने मांग की कि आयोगों के निर्देशों के मुताबिक भर्ती का संशोधित परिणाम जारी किया जाए और आरक्षण के दायरे में आने वाले योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। उनका कहना था कि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए।

करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन चलने के बाद कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल अपने आवास से बाहर आए और अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री ने कहा कि वह अभ्यर्थियों के पक्ष में मजबूती से पैरवी कर रहे हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों की चिंता को जायज बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के उनके अधिकार पर कोई रोक नहीं लगाई जाएगी। साथ ही उन्होंने दीपावली तक का समय देने की अपील की।

मंत्री के आश्वासन के बाद भी अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी जारी रखी। प्रदर्शन के दौरान 'आरक्षण की चोरी नहीं चलेगी', 'आरक्षण तुमको देना होगा' और '68500 शिक्षक भर्ती पूरी करो' जैसे नारे लगाए गए।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अभ्यर्थी मंत्री की ओर से दिए गए दीपावली तक के समय का इंतजार करेंगे। यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक और ठोस फैसला नहीं होता है तो वे दीपावली भी मंत्री के आवास पर ही मनाने के लिए मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिक्षक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, अमित, अजीत सिंह, विनय प्रजापति, राहुल, दीपक, नसीम, रेखा रानी, कोमल रानी, ललिता चौधरी, क्षमा, मनोज, अरविंद और संतोष समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।