दो आईपीएस अफसराें के तबादले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को दो आईपीएस अफसराें के तबादले हुए हैं। स्थानंतरण में आईपीएस संकल्प शर्मा और संतोष कुमार मिश्रा के नाम शामिल हैं।शासन ने 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी संकल्प शर्मा को पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर में संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद से स्थानांतरित कर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया है। वहीं, संतोष कुमार मिश्रा को पीटीएस जालौन में पुलिस उपमहानिरीक्षक के पद से हटाकर संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर में नवीन तैनाती दी है।
डीपीएम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया विद्या विश्वविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण
**कक्षा 12 के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों की दी गई जानकारी, सचिव जगदीश त्यागी ने उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित**

**बहसूमा, मेरठ।** डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा के कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने विद्या विश्वविद्यालय, मेरठ का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और करियर निर्माण की संभावनाओं से रूबरू कराना था।

विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बीटेक, बीबीए, बीसीए, बी.फार्मा, एलएलबी सहित विभिन्न प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार विषय एवं पाठ्यक्रम चुनने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बेहतर अंक प्राप्त करने, लक्ष्य निर्धारित करने और समय प्रबंधन के महत्व से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 12 का पड़ाव जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ होता है। इसी समय विद्यार्थी अपने भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान, प्रतिभा और कौशल को विकसित कर आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना है। आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। प्रत्येक विद्यार्थी में अपार संभावनाएं होती हैं, जरूरत केवल उन्हें पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जिया जैदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसरों की जानकारी मिली। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कार्यक्रम का सफल संयोजन विद्यालय के कोऑर्डिनेटर मुकुल त्यागी, कार्यक्रम प्रभारी प्रदीप गुप्ता एवं आरती चौहान ने किया। शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
संपूर्ण टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने का प्रभावी सुरक्षा कवच: जिलाधिकारी शैलेष कुमार

*बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए निर्धारित समय पर सभी टीके लगवाना जरूरी*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बच्चों को गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने तथा उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के लिए संपूर्ण टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। टीकाकरण बच्चों को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनके बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी क्रम में जनपद में टीकाकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से ‘टीका मित्र’ एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि ‘टीका मित्र’ एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों, ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में पहुंचकर लोगों को संपूर्ण टीकाकरण के महत्व, निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम एवं इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। वाहन पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से टीकाकरण संबंधी जागरूकता संदेश एवं प्रचार सामग्री का प्रसारण कर अभिभावकों को बच्चों का समय से टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों का राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार सभी निर्धारित टीके समय से अवश्य लगवाएं तथा किसी भी बच्चे को टीकाकरण से वंचित न रहने दें।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण कराना माता-पिता एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। समय पर लगाए गए टीके बच्चों को पोलियो, टीबी, खसरा, रूबेला, हेपेटाइटिस-बी, निमोनिया, गलघोंटू, काली खांसी, टेटनस एवं जापानी इंसेफेलाइटिस सहित कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। इसलिए अभिभावक स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, पड़ोसियों एवं अन्य लोगों को भी बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें।

*राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित हैं टीकों की तिथियां*

जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय टीकाकरण सारणी के अनुसार बच्चों को जन्म से लेकर निर्धारित आयु तक अलग-अलग चरणों में टीके लगाए जाते हैं। जन्म के समय बीसीजी, ओपीवी-0 एवं हेपेटाइटिस-बी की बर्थ डोज दी जाती है। छह सप्ताह की आयु पर ओपीवी-1, पेंटावेलेंट-1, एफआईपीवी-1, रोटावायरस-1 एवं पीसीवी-1 के टीके लगाए जाते हैं। इसी प्रकार 10 सप्ताह की आयु पर ओपीवी-2, पेंटावेलेंट-2 एवं रोटावायरस-2 तथा 14 सप्ताह पर ओपीवी-3, पेंटावेलेंट-3, एफआईपीवी-2, रोटावायरस-3 एवं पीसीवी-2 का टीकाकरण किया जाता है।

इसके बाद 9 से 12 माह की आयु में एमआर-1, जेई-1 (जहां लागू हो), एफआईपीवी-3, पीसीवी बूस्टर तथा विटामिन-ए की पहली खुराक दी जाती है। 16 से 24 माह की आयु में एमआर-2, जेई-2 (जहां लागू हो), डीपीटी बूस्टर-1, ओपीवी बूस्टर तथा विटामिन-ए की दूसरी खुराक दी जाती है। इसके बाद पांच वर्ष की आयु तक प्रत्येक छह माह के अंतराल पर विटामिन-ए की खुराक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दी जाती है। 5 से 6 वर्ष की आयु में डीपीटी बूस्टर-2 तथा 10 वर्ष एवं 16 वर्ष की आयु में टीडी का टीका लगाया जाता है।

*टीकाकरण से पहले और बाद में इन बातों का रखें ध्यान*

जिलाधिकारी ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चे के टीकाकरण की प्रत्येक निर्धारित तिथि का विशेष ध्यान रखें तथा मातृ एवं शिशु सुरक्षा (एमसीपी) कार्ड को सुरक्षित रखें। टीकाकरण केंद्र पर जाते समय कार्ड अवश्य साथ ले जाएं, जिससे एएनएम द्वारा बच्चे का नाम एवं टीकाकरण संबंधी विवरण सही ढंग से दर्ज किया जा सके। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शंका होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, आशा या एएनएम से संपर्क करें।

उन्होंने बताया कि टीका लगवाने के बाद बच्चे को लगभग 30 मिनट तक स्वास्थ्य केंद्र पर निगरानी में रखें। आवश्यकता पड़ने पर मां बच्चे को स्तनपान करा सकती हैं। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार, दर्द अथवा इंजेक्शन वाले स्थान पर सूजन होने की स्थिति में स्वास्थ्यकर्मी की सलाह के अनुसार देखभाल करें। बच्चे को कोई असामान्य परेशानी होने अथवा तबीयत में सुधार न होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। हल्की सर्दी-जुकाम या बुखार होने पर टीकाकरण स्थगित करने का निर्णय स्वयं न लें, बल्कि स्वास्थ्यकर्मी से परामर्श अवश्य करें।

*सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध हैं टीकाकरण सेवाएं*

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों के लिए टीकाकरण सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। परिवार के यात्रा पर जाने अथवा दूसरे स्थान पर रहने की स्थिति में भी टीकाकरण कार्ड के माध्यम से निर्धारित समय पर बच्चे का टीकाकरण कराया जा सकता है। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण के लिए यू-विन पोर्टल (uwin.mohfw.gov.in) पर पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित जानकारियों पर विश्वास न करें तथा टीकाकरण से संबंधित सही जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं सरकार के आधिकारिक स्रोतों का ही अनुसरण करें। उन्होंने कहा कि ‘टीका मित्र’ एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान में सभी लोग सहयोग करें और प्रत्येक बच्चे का संपूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित कराकर उसे गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। बच्चों का समय से टीकाकरण ही उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है।
मऊ कोठिया धाम में ब्रह्मर्षि रामकृष्ण जी के जन्मोत्सव पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। क्षेत्र के कोठिया स्थित ब्रह्मर्षि धाम में मंगलवार को श्री ब्रह्मर्षि रामकृष्ण जी के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य ब्रह्म गायत्री जप यज्ञ एवं मेले का आयोजन किया गया। करीब सौ वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

गायत्री मंत्रोच्चार और वैदिक मंत्रों के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दिलाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ भगवान, राधा-कृष्ण और कोठिया धाम के महाराज जी का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

जन्मोत्सव में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। आजाद समाज पार्टी के मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा प्रभारी प्रत्याशी डॉ. प्रेमचंद प्रधान ने भी धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।

मेले में सजीं विभिन्न प्रकार की दुकानें
जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित मेले में मंदिर परिसर के आसपास विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। मिठाई, छोला, जलेबी, पकौड़ी, चाट और चाउमीन समेत कई खाद्य पदार्थों की दुकानें सजी रहीं। बच्चों और महिलाओं ने मेले का जमकर आनंद उठाया।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। वलीदपुर चौकी प्रभारी नूर आलम पुलिस टीम के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मी चंदन कुमार बादल, ओमप्रकाश सिंह और रमिता मौर्या समेत अन्य जवानों ने मेले में निगरानी रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।

बताया गया कि 30 अक्टूबर से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन मंगलवार को विधिवत संपन्न हुआ। अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

आयोजन को सफल बनाने में अशोक सिंह, सुदामा पांडेय, लव चतुर्वेदी, कमलेश यादव, देवनाथ यादव, संजय गोंड, चंडी प्रसाद तिवारी, संदीप गोंड, शिव प्रसाद यादव और केशव यादव सहित अन्य आयोजकों एवं स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
भरत मिलाप के भावपूर्ण मंचन के साथ रामलीला का हुआ समापन

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। भातकोल बाजार में श्री महावीर क्लब रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का सोमवार को भरत मिलाप के भावपूर्ण मंचन के साथ विधिवत समापन हुआ। अंतिम दिन मंच पर कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों का मनमोहक मंचन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

भरत मिलाप प्रसंग के दौरान भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने और अपने भाई भरत से मिलन का दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। कलाकारों ने शानदार अभिनय के माध्यम से भाईचारे, त्याग, प्रेम और मर्यादा का संदेश प्रस्तुत किया। भरत और श्रीराम के मिलन का दृश्य रामलीला का मुख्य आकर्षण रहा।

कार्यक्रम के दौरान देर रात तक रामलीला मंच के सामने दर्शकों की भारी भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक मंचन का आनंद लिया।

रामलीला के समापन अवसर पर समिति की ओर से मंचन में हिस्सा लेने वाले सभी कलाकारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और भाईचारे का संदेश समाज तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण परंपरा है।
समिति ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, सदस्यों एवं स्थानीय लोगों का आभार जताया।

कार्यक्रम में रामलीला अध्यक्ष सुबास सैनी, मनोज प्रजापति, वीरेंद्र भारती, अरविंद शर्मा, सोनू कुमार, अभिषेक सैनी, जोगेंद्र शर्मा, पप्पू उपाध्याय, शिशु पांडेय, बिकानू शर्मा, विद्या चौहान और मंगल चौहान समेत रामलीला समिति के दर्जनों सदस्य मौजूद रहे।
मऊ मुंशीपुरा ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन तक बनी सीसी सड़क एक माह में ही उखड़ी, निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप
पूर्व सभासद छोटे लाल गांधी ने जिलाधिकारी से की शिकायत, तकनीकी जांच, दोषियों पर कार्रवाई और सड़क के पुनर्निर्माण की मांग

मऊ। नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन के मुंशीपुरा ओवरब्रिज से दुर्गा मंदिर, बेलाल मस्जिद होते हुए रेलवे स्टेशन के स्वागत द्वार तक जाने वाले प्रमुख मार्ग के निर्माण में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सड़क निर्माण के महज एक माह के भीतर ही जगह-जगह गिट्टियां उखड़ने, गड्ढे बनने और सड़क के ऊबड़-खाबड़ होने का आरोप लगाते हुए पूर्व सभासद एवं सामाजिक कार्यकर्ता छोटे लाल गांधी ने जिलाधिकारी मऊ को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, लगभग 266 मीटर लंबे और पांच से सवा पांच मीटर चौड़े इस मार्ग का निर्माण नगर पालिका परिषद द्वारा करीब 39 लाख 12 हजार 843 रुपये की लागत से स्वीकृत किया गया था।

आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए पक्की काली गिट्टी के स्थान पर अहिरौला की सफेद गिट्टी का प्रयोग किया गया। वहीं पुराने इंटरलॉकिंग ईंटों के ऊपर महज डेढ़ से दो इंच जीएसबी एवं अन्य गिट्टी डालकर सड़क निर्माण कराने तथा कई स्थानों पर सीसी ढलाई की मोटाई केवल चार से पांच इंच रखने का भी आरोप लगाया गया है।

छोटे लाल गांधी का कहना है कि स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार शिकायत और आग्रह किए जाने के बावजूद ठेकेदार ने बिना उचित वाटर लेवल लिए और पर्याप्त मशीनरी व तकनीकी प्रक्रिया अपनाए जल्दबाजी में मात्र छह दिनों के भीतर सड़क की ढलाई करा दी। इससे सड़क कई स्थानों पर ऊंची-नीची रह गई।

कुछ स्थानों पर सड़क का स्तर नीचे होने से बरसात के दौरान पानी और कीचड़ जमा हो रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद गिट्टियां उखड़ने लगीं और जगह-जगह गड्ढे बन गए।

इससे महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पहले की गई शिकायतों के बाद सड़क के लगभग 20 मीटर हिस्से को ही आंशिक रूप से तोड़कर मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की गई, लेकिन वह हिस्सा भी दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया।

पूर्व सभासद ने ठेकेदार नागेंद्र नारायण सिंह, संबंधित अवर अभियंता रमेशचंद्र तथा अधिशासी अधिकारी मणिभूषण तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निर्माण की गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

छोटे लाल गांधी के मुताबिक, इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को ऑनलाइन शिकायतें भेजने के साथ ही जिलाधिकारी को भी रजिस्ट्री डाक के माध्यम से कई बार अवगत कराया गया। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

10 दिनों में तकनीकी जांच कराने की मांग
जिलाधिकारी से मांग की गई है कि नगर पालिका के संबंधित अभियंता द्वारा तैयार किए गए एस्टीमेट के आधार पर किसी अन्य विभाग के तकनीकी इंजीनियर अथवा सक्षम स्वतंत्र जांच एजेंसी से मौके पर बिंदुवार जांच कराई जाए। जांच पूरी होने और सड़क का पुनर्निर्माण होने तक संबंधित ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाई जाए।

यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाए।

शिकायतकर्ता ने करीब 39.12 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग की पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह मामला केवल एक सड़क का नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा और सरकारी धन की जवाबदेही से जुड़ा है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और मुंशीपुरा क्षेत्र के लोगों को जर्जर सड़क की समस्या से कब तक निजात मिलती है।
कुंडा में राजा भैया के राजभवन पर धीरेंद्र शास्त्री की भव्य श्रीराम कथा
प्रतापगढ़। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा कुंडा स्थित राजभवन, बेंती में प्रख्यात कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज की भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। 17 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस कथा में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालु श्रीराम कथा का श्रवण कर सकेंगे।
श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जनसत्ता दल के प्रखर सनातनी नीतीश पाण्डेय राज ने श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर भगवान श्रीराम की कथा का लाभ उठाने की अपील की है।
आयोजन की तैयारियों में बृजराज प्रताप सिंह (बड़े राजा), शिवराज प्रताप सिंह (छोटे राजा) के साथ विधायक विनोद सरोज, विधान परिषद सदस्य कुंवर अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी, शीतला सिंह(बच्चा सिंह), इंसाफ बहादुर सिंह, योगेंद्र सिंह, अमित सिंह, रविंद्र मौर्य, शैलेंद्र शुक्ला, मंगेश सिंह, विवेक सिंह, गौरव सिंह समेत अनेक विशिष्ट लोग जुटे हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार, श्रीराम कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के संदेश से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
हत्या के मामले में वांछित दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
लखनऊ, नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना जेवर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को आज सुबह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि आज तड़के थाना जेवर पुलिस झाझर रोड के पावर हाउस के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी सामने से दो व्यक्ति पैदल आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली शेरू उर्फ शेर मोहम्मद पुत्र युसूफ निवासी मोहल्ला व्यापारियन कस्बा जहांगीरपुर तथा मौसीम पुत्र सगीर निवासी मोहल्ला पठान टोला कस्बा पहासू जनपद बुलंदशहर के पैर में लगी है। इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो अवैध पिस्टल , कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इन बदमाशों ने 7 अक्टूबर की रात को इमरान (36 ) की कस्बा जहांगीरपुर के भरे बाजार में ताबड़तोड़ गोली चलाकर सरेआम हत्या कर दी थी। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। इमरान को 6 गोलियां लगी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के समय बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक घटनास्थल पर छोड़कर भाग गए थे। उन्होने बताया कि वर्ष 2021 में एक व्यक्ति की हत्या हुई थी, जिसमें इमरान जेल गया था। कुछ समय पूर्व ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया था।
अमेठी: पुलिस मुठभेड़ में 33 मुकदमों का आरोपी गिरफ्तार, साथी भी दबोचा
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल गिरने से पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार आरोपियों में वकील उर्फ सेनापति निवासी इटौंजा, थाना कुमारगंज, अयोध्या पर चार जिलों में चोरी, लूट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत 33 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह पर आठ मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि मंगलवार की सुबह तड़के ही अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा था । तभी क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र एवं शिवरतनगंज पुलिस के साथ कुकहा रामपुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूरे बैसन मजरे जैतपुर में हुई चोरी के आरोपी मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। जिनको पकड़ने के लिए पुलिस ने रोकना चाहा तो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, सात जोड़ी पायल, छह बिछिया, सोने-चांदी के अन्य जेवरात और चोरी के सामान की बिक्री के 15 हजार रुपये बरामद हुए। वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई।

पूछताछ में आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले बाजार शुक्ल क्षेत्र के नेवाजगढ़ कैथन और 10 दिन पहले शिवरतनगंज के पूरे बैसन में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस दोनों घटनाओं का खुलासा करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रेमी के नंबर ब्लॉक करने से क्षुब्ध होकर नर्सिग छात्रा ने किया था सुसाइड, आरोपित प्रेमी गिरफ्तार
लखनऊ, फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना मटसेना क्षेत्रान्तर्गत रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर नर्सिग छात्रा की मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। प्रेमी द्वारा नंबर ब्लॉक करने क्षुब्ध होकर छात्रा ने आत्महत्या की थी।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 28 अक्टूबर को थाना मटसेना पुलिस को सूचना मिली कि रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक लड़की की ट्रेन से कटकर मृत्यु हो गयी है। सूचना पर मटसेना पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव की पहचान थाना औंछा जनपद मैनपुरी निवासी नर्सिंग कॉलेज फिरोजाबाद की छात्रा प्रीती के रुप में हुई, जोकि नर्सिंग कॉलेज फिरोजाबाद में गर्ल्स हॉस्टल में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी। स्थानीय पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गयी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। जिसमें विवेचनात्मक कार्यवाही क्षेत्राधिकारी सदर तेजस त्रिपाठी ने की। प्रकरण में मृतका का पोस्टमार्टम और पंचायतनामा किया गया। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया साथ ही वीडियोग्राफी की गयी। साक्ष्य संकलन व विवेचना के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये, साथ रहने वाली सहेलियों से पूछताछ की गयी साथ ही व्हाट्सएप चैट व अन्य साक्ष्य संकलन के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि सिरसागंज निवासी एक लड़का अमन है जिससे मृतका का प्रेम प्रसंग था। वह उससे बातचीत करती थी । 27 अक्टूबर को रात्रि में करीब 08.30 बजे इस लड़के अमन ने छात्रा प्रीती को ब्लॉक कर दिया। जिससे यह क्षुब्ध होकर गर्ल्स हॉस्टल से निकल कर दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची और वहां सुसाइड़ कर लिया।

उन्होंने बताया कि विवेचक क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा साक्ष्य संकलन करते हुए प्रकाश में आये अभियुक्त अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।

एएसपी ने बताया कि सभी बिन्दुओं पर अग्रिम जांच जारी है। अन्य साक्ष्य संकलन किए जा रहे है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।