प्रेमी के नंबर ब्लॉक करने से क्षुब्ध होकर नर्सिग छात्रा ने किया था सुसाइड, आरोपित प्रेमी गिरफ्तार
लखनऊ, फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना मटसेना क्षेत्रान्तर्गत रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर नर्सिग छात्रा की मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। प्रेमी द्वारा नंबर ब्लॉक करने क्षुब्ध होकर छात्रा ने आत्महत्या की थी।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 28 अक्टूबर को थाना मटसेना पुलिस को सूचना मिली कि रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक लड़की की ट्रेन से कटकर मृत्यु हो गयी है। सूचना पर मटसेना पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव की पहचान थाना औंछा जनपद मैनपुरी निवासी नर्सिंग कॉलेज फिरोजाबाद की छात्रा प्रीती के रुप में हुई, जोकि नर्सिंग कॉलेज फिरोजाबाद में गर्ल्स हॉस्टल में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ रहती थी। स्थानीय पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गयी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। जिसमें विवेचनात्मक कार्यवाही क्षेत्राधिकारी सदर तेजस त्रिपाठी ने की। प्रकरण में मृतका का पोस्टमार्टम और पंचायतनामा किया गया। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया साथ ही वीडियोग्राफी की गयी। साक्ष्य संकलन व विवेचना के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये, साथ रहने वाली सहेलियों से पूछताछ की गयी साथ ही व्हाट्सएप चैट व अन्य साक्ष्य संकलन के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि सिरसागंज निवासी एक लड़का अमन है जिससे मृतका का प्रेम प्रसंग था। वह उससे बातचीत करती थी । 27 अक्टूबर को रात्रि में करीब 08.30 बजे इस लड़के अमन ने छात्रा प्रीती को ब्लॉक कर दिया। जिससे यह क्षुब्ध होकर गर्ल्स हॉस्टल से निकल कर दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची और वहां सुसाइड़ कर लिया।

उन्होंने बताया कि विवेचक क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा साक्ष्य संकलन करते हुए प्रकाश में आये अभियुक्त अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।

एएसपी ने बताया कि सभी बिन्दुओं पर अग्रिम जांच जारी है। अन्य साक्ष्य संकलन किए जा रहे है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
सपा सरकार में पिछड़ों का हक 'सफेदा' लगा-लगाकर लूटा गया : प्रकाश पाल
-यूपी में 350 से अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार सरकार बनायेगी भाजपा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) का पीडीए पूरी तरह से एक धोखा है। इसका असली मतलब 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' है। जब यह लोग सत्ता में रहते हैं, तो इन्हें सिर्फ अपनी जाति और नाते-रिश्तेदार दिखाई देते हैं। सत्ता से बाहर होने पर ये पिछड़ों को गुमराह करने के लिए पीडीए का नाटक करते हैं। सपा सरकार के दौरान पिछड़ों का हक 'सफेदा' लगा-लगाकर लूटा गया। उस दौर में राज्य के सारे पिछड़े दुखी थे। यह बातें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रकाश प्रकाश पाल ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कही।

राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, तब उन्होंने एक भी गैर-यादव पिछड़े नेता को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया। शिवपाल यादव, पारसनाथ यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, बलराम यादव, राम गोविंद चौधरी और अंबिका चौधरी-ये सब उनके अपने सजातीय ही थे। कुर्मी, लोधी, पाल, चौरसिया, गुर्जर, जाट, हलवाई, स्वर्णकार और ठठेर जैसी किसी भी गैर-यादव पिछड़ी जाति से कोई कैबिनेट मंत्री नहीं था।

अब राज्यसभा भेजने की बारी आई तो भी एक सीट चाचा को दी, दूसरी दौलतमंद को और तीसरी सीट पर शायद अपराधी लड़ाते। आज वे खुद सपा का नाम लेने से बच रहे हैं। हर कोई जानता है कि उनकी सरकार में नौकरियां कैसे लूटी गईं और कानून-व्यवस्था का क्या हाल था। महिलाओं और बच्चों का स्कूल व बाजार जाना मुश्किल हो गया था। उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जैसे महान पिछड़े नेता को सिर्फ इसलिए श्रद्धांजलि नहीं दी क्योंकि वह राम मंदिर के पक्षधर थे। यह इनका सामान्य शिष्टाचार है।

सरदार पटेल की वोट चोरी कर प्रधानमंत्री बने नेहरू

विपक्ष द्वारा उठाये जा रहे वोट चोरी के प्रश्न पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि कांग्रेस खुद 'खानदानी वोट चोर' है। इतिहास गवाह है कि देश के पहले प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए 15 में से 12 वोट सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में पड़े थे। फिर भी उनकी वोट चोरी करके पंडित नेहरू प्रधानमंत्री बन गए। इनकी दादी इंदिरा गांधी ने समाजवादी नेता लोकबंधु राज नारायण के खिलाफ रायबरेली से चुनाव में वोट चोरी कराई। जब इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उनका चुनाव रद्द कर दिया और उच्चतम न्यायालय से भी राहत नहीं मिली, तो अपनी कुर्सी बचाने के लिए इंदिरा गांधी ने पूरे लोकतंत्र को बंधक बनाकर देश में आपातकाल लगाया।

भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों से मिलकर बांग्लादेश और नेपाल जैसी अराजकता भारत में फैलाना चाहते हैं। वे लगातार संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तो अभी बने हैं और उन्होंने सिर्फ कानून के तहत मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराया है, लेकिन कांग्रेस को इससे भी दिक्कत है। कांग्रेस पिछले 59 सालों से तमिलनाडु में नहीं है, वर्षों से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात और त्रिपुरा से बाहर है। 41 सालों से उत्तर प्रदेश में सत्ता से बाहर है। इन्हें सिर्फ भाजपा सरकार और नियम-कानूनों से दिक्कत है। हमारा रुख साफ है कि देश से घुसपैठिए बाहर होने चाहिए। इंडी गठबंधन के नेता भारत को विखण्डित करने की साजिश कर रहे हैं। सारे पिछड़े इन सबको सबक सिखायेंगे।

प्रकाश पाल ने कहा कि योगी-मोदी राज में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। मोदी विरोध में पूरा इंडी गठबंधन आज भारत विरोधी ताकतों के साथ खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव में भाजपा ने अपनी छह सीटें बरकरार रखीं, जबकि देश के बाकी राज्य के नतीजों में 28 सीटों पर कांग्रेस शून्य रही। जनता ने स्पष्ट रूप से 'कांग्रेस मुक्त भारत' का संदेश दिया है। आज कांग्रेस देश के लिए एक बड़ा खतरा बन चुकी है।

भाजपा नेता ने उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर कहा कि यह 'दो लड़कों की जोड़ी' 2017 में भी साथ आई थी। हम इन्हें लगातार हरा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल भी कहते थे कि दिल्ली में सरकार नहीं बनने देंगे। वे खुद हार गए। साल 2024 के बाद देश का राजनीतिक ट्रेंड पूरी तरह बदल चुका है। हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में जनता ने भाजपा को चुना है। यही ट्रेंड अब उत्तर प्रदेश में भी चलेगा और आगामी चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में 350 से अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।

राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना पिछड़ा के उत्तर प्रदेश में कोई चुनावी गणित है ही नहीं। ओबीसी मोर्चा भाजपा का सबसे बड़ा फलदायी वृक्ष है। ओबीसी मोर्चा गांव-गांव जाकर जनता को यह बताने का काम करेगा कि सपा सरकार ने किस तरह पिछड़ों का हक लूटा और उनके नाम पर केवल परिवार का भला किया। इस दौरान हम अपनी उपलब्धियां भी बतायेंगे। पिछड़े व गरीबों को ही सरकारी योजनाओं को लााभ सर्वाधिक मिला है। आज समाज के सभी वर्गों के लोग योग्यता के आधार पर नौकरियां पा रहे हैं।-
बहराइच : बिना अनुमति चल रहा जलपरी शो का टैंक फटने से 15 घायल, आयोजक समेत चार गिरफ्तार
-20 हजार लीटर पानी के दबाव से टूटा कांच, बच्चों के चेहरे और सिर में धंसे टुकड़े

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में सोमवार देर रात दादा मियां के उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पानी से भरा शो का टैंक अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टैंक की कांच की दीवार टूटने से चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आनन-फानन में सीएचसी फखरपुर पहुंचाया गया, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मेला कमेटी के अध्यक्ष और शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में टैंक में पानी का दबाव अधिक होना हादसे की वजह बताया जा रहा है।

जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में सोमवार देर रात उर्स मेले में जलपरी शो चल रहा था। शो देखने के लिए दर्शक टैंक के आसपास मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान अचानक टैंक तेज आवाज के साथ फट गया। करीब 20 हजार लीटर पानी का तेज बहाव बाहर निकल आया। पानी के दबाव से टैंक की कांच की दीवार टूट गई और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

तेज बहाव में कई बच्चे कई मीटर तक बह गए। टूटे कांच के टुकड़े बच्चों के चेहरे और सिर में धंस गए। कई लोग खून से लथपथ हो गए। बच्चों को घायल देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्चों और अन्य घायलों को संभाला।

हादसे की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी फखरपुर ले जाया गया। सिर और चेहरे में कांच के टुकड़े धंसने से दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। घायलों में गांव के अर्श (8), बुरुऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। सादिक के सिर में टांके लगाए गए हैं। उसने बताया कि जलपरी शो का शीशा टूटने से उसे चोट लगी। हादसे में शो में करतब दिखा रही जलपरी भी घायल हुई है।

फखरपुर निवासी सलीम खान परिवार के साथ उर्स मेले में जलपरी शो देखने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दादा मियां के उर्स पर सोमवार से तीन दिवसीय मेला शुरू हुआ था। शो देखने के लिए 50 रुपये का टिकट लिया था। जलपरी पानी से भरे टैंक में करतब दिखा रही थी, तभी अचानक तेज आवाज के साथ टैंक फट गया। सलीम के मुताबिक, उस समय शो में करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे।

खालेपुर गांव में हर साल नवंबर में दादा मियां के उर्स पर तीन दिवसीय मेला आयोजित होता है। इस बार पहली बार मेले में जलपरी शो लगाया गया था। शो में एक लड़की मछली जैसी पोशाक पहनकर पानी से भरे टैंक में करतब दिखाती थी। करीब 20 फीट लंबे और 10 फीट चौड़े टैंक में लगभग 20 हजार लीटर पानी भरा था। टैंक के बाहर कांच की दीवार लगाई गई थी। इसी कांच के टूटने से हादसा हुआ।

घटना के सम्बन्ध में फखरपुर थाना प्रभारी राजकुमार राजभर ने बताया कि जलपरी शो के आयोजन की अनुमति नहीं ली गई थी। उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान और शो संचालक शादाब समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेला कमेटी अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में टैंक में पानी का दबाव अधिक होने के कारण उसके फटने की बात सामने आई है। उन्होंने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी दी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
वाराणसी : सिंधोरा में अवैध पटाखा भंडारण का भंडाफोड़, 501.5 किलो पटाखों के साथ दुकानदार गिरफ्तार
लखनऊ, वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के सिंधोरा बाजार में अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को सिंधोरा थाना पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 501.5 किलोग्राम निर्मित एवं अर्धनिर्मित पटाखों के साथ पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। मौके से एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास पटाखा निर्माण और भंडारण का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।

डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, आगामी दीपावली त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सिंधोरा पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी की।

इस दौरान मकान से भारी मात्रा में अवैध रूप से निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। इनका कुल वजन करीब 501.5 किलोग्राम बताया गया है। मौके पर मौजूद रफीक पुत्र स्व. मजहर, निवासी सिंधोरा बाजार से पुलिस ने पटाखा निर्माण और भंडारण से संबंधित वैध अनुज्ञप्ति मांगी, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने रफीक को गिरफ्तार कर विस्फोटक सामग्री कब्जे में ले ली। बरामद सामग्री के नमूने फॉरेंसिक फील्ड यूनिट की टीम ने वैज्ञानिक परीक्षण के लिए संकलित किए।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से पटाखे तैयार कर विभिन्न दुकानों पर बेचने की योजना बना रहा था। इसके लिए उसके पास कोई वैध अनुज्ञप्ति नहीं थी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध पटाखों का निर्माण और भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
बरेली : सड़क पर खड़े ट्रक में घुसी नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस, एक की मौत, 25 घायल

लखनऊ, बरेली। उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के धनेटा रेलवे फाटक के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए। इनमें दो मासूम बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, एनएचएआई और एंबुलेंस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

108 एंबुलेंस से 10 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना सुबह 3:38 बजे 108 एंबुलेंस टीम को मिली। चालक दिनेश कुमार और ईएमटी प्रताप सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस से 10 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 102 एंबुलेंस से एक अन्य यात्री को लाया गया, जिसे मृत घोषित किए जाने की जानकारी है। घायलों को मीरगंज सीएचसी, खिरका सीएचसी और राजश्री अस्पताल समेत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

नेपाल के कई यात्री घायल

मीरगंज सीएचसी में भर्ती घायलों में नेपाल निवासी राम बहादुर सुनार, रतना, विमला, सुबरना, रोहित, सुधीप, संदेश, देवेश राज, अमर बहादुर, साविल और राम बहादुर समेत कई यात्री शामिल हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बताया कि सड़क पर खड़े ट्रक में बस पीछे से टकराई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारणों और ट्रक सड़क पर खड़ा होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।
मीरजापुर : डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
- राजापुर गांव के पास हाईवे पर हुआ हादसा, छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था सुनील

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के पास वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। वह कोतवाली देहात क्षेत्र के करनपुर-दहवा गांव निवासी भुईधर का पुत्र था।

सुनील सोमवार देर रात बाइक से लहंगपुर से घर लौट रहा था। राजापुर गांव के पास लहंगपुर पुलिस चौकी के निकट उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने सड़क पर युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी।

चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक और युवक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुनील छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। चौकी प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होना लग रहा है। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर या कट तो नहीं मारा था।
वाराणसी : नौ नवम्बर के श्रृंगार भोग आरती से 10 नवम्बर की सप्तऋषि आरती तक काशी विश्वनाथ मंदिर के टिकट स्थगित
लखनऊ, वाराणसी। वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से जुड़े एसडीएम शंभू शरण ने मंगलवार को बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में परंपरा के अनुसार अन्नकूट महोत्सव की तैयारी के लिए आगामी नौ नवम्बर की अपराह्न श्रृंगार भोग आरती के बाद से 10 नवम्बर की सायं कालीन सप्तऋषि आरती तक के लिए सभी प्रकार के टिकट स्थगित रहेंगे। इसमें आरती के टिकट भी शामिल हैं।

एसडीएम ने मंगलवार काे बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाकी के दिनों में पूर्व की भांति ही व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी। दर्शन पूजन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों को स्वच्छता और सुरक्षा की व्यवस्था भी सुंदर मिलेगी।

बता दें कि माता अन्नपूर्णा मंदिर में अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में माता अन्नपूर्णा को 56 प्रकार का भोग लगाया जायेगा। पांच सौ कुंटल से ऊपर का प्रसाद बनाकर माता को अर्पित कर उसे वितरित किया जाएगा। अन्नकूट के दिन माता अन्नपूर्णा के दर्शन को पहुंचने वाली भीड़ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी पहुंचती है। इस कारण से काशी विश्वनाथ मंदिर में टिकट से दर्शन पूजन की व्यवस्था एक दिन के लिए रोकी गई है।
वाराणसी में धान खरीद के लिए 39 क्रय केंद्र स्थापित, 28 फरवरी 2027 तक होगी खरीद
—सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित, 40 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य

लखनऊ, वाराणसी। उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत वाराणसी जनपद में धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से धान खरीद के लिए जिले में कुल 39 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर एक नवंबर से खरीद शुरू हो गई है, जो आगामी 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। शासन की ओर से जिले के लिए 40 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा ने मंगलवार काे बताया कि सभी 39 क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, छन्ना, पावर डस्टर, बायोमेट्रिक डिवाइस और तिरपाल समेत आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अनुसार सामान्य धान का मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक में फार्मर आईडी रखने वाले किसानों को धान बिक्री के लिए अलग से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे किसानों से फार्मर आईडी के आधार पर सीधे खरीद की जाएगी। वहीं, अन्य इच्छुक किसान खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर आधार ओटीपी के माध्यम से स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र (सीएससी) के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं।

धान खरीद के लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक और खतौनी से संबंधित विवरण उपलब्ध कराना होगा। बैंक खाता आधार से सीडेड और एनपीसीआई से मैप्ड होना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद भूमि और धान के रकबे का सत्यापन तहसीलदार अथवा उपजिलाधिकारी स्तर से किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद ही किसान की खरीद सीमा निर्धारित होगी। पंजीकरण में नाम, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड अथवा खतौनी के विवरण में त्रुटि होने पर भुगतान में परेशानी हो सकती है। इसलिए किसानों से खरीद से पहले सभी अभिलेखों में त्रुटियां दुरुस्त कराने की अपील की गई है। बटाईदार किसान भी भूमि स्वामी की सहमति से पंजीकरण करा सकेंगे।

नमी के नाम पर नहीं होगी कटौती, 48 घंटे में भुगतान

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर एमएसपी, खरीद का समय, केंद्र प्रभारी का नाम, मोबाइल नंबर और टोल फ्री नंबर प्रदर्शित करने के लिए बैनर लगाए गए हैं। केंद्रों पर किसानों को धान सुखाने और साफ करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। धान में अधिकतम 17 प्रतिशत तक नमी स्वीकार्य होगी और नमी के नाम पर किसानों के धान के मूल्य में कोई कटौती नहीं की जाएगी। प्रत्येक लॉट की गुणवत्ता जांच के बाद ही तौल की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि धान की खरीद केवल ऑनलाइन प्रक्रिया और किसान के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही होगी। खरीद के दिन ही बिल अग्रसारित कर दिया जाएगा तथा पीएफएमएस के माध्यम से 48 घंटे के भीतर किसान के आधार से लिंक बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। किसानों से किसी भी प्रकार का कटौती शुल्क, श्रम शुल्क अथवा तौल कटौती नहीं ली जाएगी। क्रय केंद्रों पर बिचौलियों और व्यापारियों से धान खरीद पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

अमानक बताकर धान लौटाने पर 48 घंटे में कर सकेंगे अपील

किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक क्रय केंद्र पर शिकायत पंजिका उपलब्ध कराई गई है। यदि किसी किसान का धान अमानक बताकर वापस किया जाता है तो वह 48 घंटे के भीतर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है। इसके बाद मंडी सचिव, केंद्र प्रभारी और दो स्वतंत्र किसानों की समिति धान की गुणवत्ता की दोबारा जांच करेगी।

सभी क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग की गई है और इंस्पेक्शन एप के माध्यम से उनकी निगरानी की जाएगी। खरीद प्रक्रिया में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों से समय रहते पंजीकरण और अभिलेखों का सत्यापन पूरा कराने की अपील की है, ताकि धान बिक्री के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसी भी समस्या के लिए किसान कार्यालय जिला खाद्य विपणन अधिकारी, वाराणसी अथवा संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।-
आईजीआरएस रैंकिंग में औरैया पुलिस प्रदेश में प्रथम
लखनऊ,औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में अक्टूबर 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में औरैया पुलिस ने प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के मूल्यांकन में प्रदेश के सभी 75 जिलों में औरैया को पहला स्थान मिला है।

जनपद के बिधूना, अछल्दा, सहायल, ऐरवाकटरा, सहार, बेला, अयाना, फफूंद और महिला थाना समेत नौ थानों को भी शत-प्रतिशत कार्रवाई के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ऑनलाइन शिकायतों, समाधान दिवस और उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया गया।

इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने आईजीआरएस सेल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया और भविष्य में भी इसी तरह जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जीएसटी फ्रॉड में फंसने से परेशान युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में अलीगढ़ पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप
जीएसटी फ्रॉड में फंसने से परेशान युवक ने दी जान

सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेन देन का जिक्र

लखनऊ,औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर निवासी 22 वर्षीय युवक गजेंद्र सिंह पुत्र शिवप्रसाद सिंह ने सोमवार देर शाम शेखूपुर हार में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि आत्महत्या से पहले गजेंद्र ने अपने बड़े भाई दीपेंद्र और छोटे भाई अनुज को घटनास्थल की लोकेशन भेजी थी। लोकेशन मिलते ही परिजन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेनदेन का जिक्र

मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में करीब नौ करोड़ रुपये के लेनदेन और दो करोड़ रुपये के टैक्स का उल्लेख किया गया है। नोट के मुताबिक, अलीगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी फर्म का पंजीकरण कराया था। इस फर्म के माध्यम से करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया, जिस पर लगभग दो करोड़ रुपये का टैक्स बनता था। गजेंद्र ने लिखा कि उसे इस फर्म और उससे हुए लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी।

अलीगढ़ पुलिस पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप

सुसाइड नोट के अनुसार, 22 अक्टूबर को अलीगढ़ पुलिस ने इस मामले में उससे संपर्क किया था। युवक का आरोप है कि उसने पुलिस को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए थे, इसके बावजूद उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

हल्का इंचार्ज रंजन यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जानी है।