बागपत पुलिस शिकायत निस्तारण में यूपी में नम्बर वन
लखनऊ, बागपत।जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बागपत पुलिस ने अक्टूबर माह में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर-2026 की आईजीआरएस (IGRS) मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में बागपत को 125 में से 125 अंक मिले हैं। इस तरह जनपद ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल की।

बागपत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार थाना स्तर पर जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में भी बागपत के आठ थानों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। जनपद के कुल 11 थानों में से आठ थानों का प्रदर्शन 100 प्रतिशत रहा, जबकि शेष तीन थानों को भी 98 से 99 प्रतिशत के बीच अंक मिले हैं।

एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह के अनुसार यह उपलब्धि जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी और उनके समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक बागपत ने आईजीआरएस से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रदर्शन को आगे भी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतने के साथ शिकायतकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
दीपावली पर संगम नगरी में सजे देशभर के कारीगरों के सजावटी फूल-पौधों के बाजार

राजस्थान, तमिलनाडु, बंगलूर और लखनऊ से परिवारों ने लगाईं दुकानें, 200 से पांच हजार रुपये तक उपलब्ध हैं आकर्षक सजावटी उत्पाद

प्रयागराज।दीपावली के पर्व पर संगम नगरी के बाजारों में देश के विभिन्न हिस्सों से आए छोटे कारोबारियों ने रौनक बढ़ा दी है। राजस्थान, तमिलनाडु, बंगलूर और लखनऊ से आए परिवारों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़क किनारे सजावटी सामान की दुकानें लगाई हैं। रंग-बिरंगे और सुनहरे प्लास्टिक के फूल, पौधे, झालर और झूमर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। दीपावली के अवसर पर कुछ दिनों में अच्छी कमाई की उम्मीद लेकर ये परिवार करीब एक सप्ताह पहले ही प्रयागराज पहुंच गए हैं।

इन दुकानों पर दीपावली के साथ घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए तरह-तरह के कृत्रिम फूल और पौधे उपलब्ध हैं। आकर्षक डिजाइन और सुनहरी चमक वाले सजावटी उत्पाद लोगों की पसंद बन रहे हैं। राजस्थान से करीब 50 लोग और दक्षिण भारत से 20 से अधिक परिवार शहर में आए हैं। इसके अलावा लखनऊ और बंगलूर से भी कारोबारी अपनी दुकानें लगाकर बिक्री कर रहे हैं।

तमिलनाडु से आईं महिमा ने बताया कि उनके क्षेत्र से करीब 50 परिवार प्रयागराज आए हैं। शहर के अलग-अलग मार्गों पर इन परिवारों ने अपनी दुकानें लगाई हैं। दीपावली के पर्व पर कारोबार करने के बाद सभी परिवार अपने गांव लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि सजावटी फूलों और झालरों की कीमत 200 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक है।

राजस्थान से आईं बबिता ने बताया कि उनके क्षेत्र के करीब 50 लोग सिविल लाइंस इलाके में दुकानें लगाकर सजावटी सामान बेच रहे हैं। वहीं, लखनऊ निवासी मनोज ने बताया कि उनके पास प्लास्टिक से बने सुनहरे रंग के विभिन्न प्रकार के फूल और पौधे उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 200 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक है।

दीपावली का पर्व इन छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और अतिरिक्त आमदनी का अवसर लेकर आया है। वहीं, इनके आकर्षक उत्पादों से शहर के बाजारों में भी उत्सव का रंग और निखर रहा है।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय जनसुनवाई में 111 शिकायतें सुनी
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण मेंv किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
बच्चों को दी गई यातायात संबंधी जानकारी
फर्रुखाबाद।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर में यातायात माह-2026 के अंतर्गत सनबीम पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ में यातायात पुलिस टीम द्वारा स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, रेड लाइट का पालन, मोबाइल फोन के प्रयोग से बचाव एवं नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही यातायात पुलिस के विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया ।
हम न भूले हैं,न भूलेंगे।1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा- तिवारी
सिख नरसंहार के पीडितो की स्मृति में दिल्ली में "राष्ट्रीय स्मारक" स्थापित किया जाए।

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज अरैल मे चौपाल लगाकर 1984 मे देश में सिख नरसंहार में मारे गए हजारों सिख परिवारों के शहीदों को शत शत नमन किया गया।
भाजपा नेता पूर्व मंडल अध्यक्ष  हरे कृष्ण तिवारी बबलू ने कहा कि 1984 में सिख समाज के साथ जो अमानवीय अत्याचार और नरसंहार हुआ,वह भारतीय इतिहास का एक बेहद दर्दनाक और काला अध्याय है। कांग्रेस शासनकाल में हुई इस त्रासदी ने हजारों निर्दोष सिख परिवारों को उजाड़ दिया।आज भी सिख समाज उस दर्द, उस अन्याय और उस अपूरणीय क्षति को नहीं भूला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने वर्षों बाद भी कांग्रेस ने इस त्रासदी के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ जवाबदेही स्वीकार नहीं की है।इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता और न ही निर्दोषों के बलिदान को। कांग्रेस को सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए और दोषियों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
संजय श्रीवास्तव पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि
हम न भूले हैं,न भूलेंगे।1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा हैं। जिन सिख परिवारों ने अपनों को खोया, जिन घरों ने अपने चिराग खोए, उनका दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता।इस राजनीतिक क्रूर मानसिकता का हम सब घोर निंदा करते हैं ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’हमारे हजारो बेगुनाह सिख परिवारों को श्रद्धांजलि!
पंडित दामोदर तिवारी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री से अपील करते हैं कि वर्ष 1984 में देश के विभिन्न भागों में हुए सिख नरसंहार के पीडितो की स्मृति में दिल्ली में राष्ट्रीय स्मारक स्थापित किया जाए।
श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देने मे प्रमुख रूप से हरे कृष्ण तिवारी बबलू,महेश वर्मा,श्री रवि सिंह, दामोदर प्रसाद तिवारी,राम जी श्रीवास्तव,डॉक्टर जी.के,संजय श्रीवास्तव,किशन कुशवाहा,गुलाब कुशवाहा,बबलू तिवारी,कृष्ण कुमार शुक्ला,ध्रुव तिवारी,सरदार पतविन्दर सिंह, गुड्डू वर्मा सहित कई सामाजिक स्वयंसेवक उपस्थित हुए।
आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया के पंचम चरण में 15 नवम्बर तक रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर

Sb न्यूज ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरदोई आर०के० श्रीवास्तव ने बताया है कि प्रवेश प्रक्रिया 2026 के अन्तर्गत पंचम चरण में जनपद में संचालित समस्त राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाना है।
उन्होंने बताया कि ऐसे समस्त गैर चयनित अभ्यर्थी, जिनका पंचम चरण तक किसी भी राजकीय अथवा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के किसी भी एस०सी०वी०टी० व्यवसाय में प्रवेश नहीं हो सका है, वे (प्रवेश प्रक्रिया में पूर्व में पंजीकृत एवं नवीन ऑनलाइन आवेदनकर्ता) वॉक-इन (Walk-In) सिद्धांत के अनुसार दिनांक 15.11.2026 को सायं 05:00 बजे तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में उपस्थित होकर रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दिनांक 15.11.2026 को सायं 05:00 बजे के उपरान्त किसी भी प्रकार का दावा अथवा प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ. शालिनी मिश्रा को मिली पीएचडी की डिग्री_
Sb न्यू ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई ग्रामोदय पी.जी. कॉलेज डिघिया खेरिया की डायरेक्टर डॉ. शालिनी मिश्रा को श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी, हनुमानगढ़ के भव्य द्वितीय दीक्षांत समारोह में पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। डॉ. शालिनी मिश्रा भाजपा नेता एडवोकेट डॉ. आदर्श दीपक मिश्रा की धर्मपत्नी हैं। उन्होंने हिन्दी विषय में _"भीष्म साहनी के उपन्यासों में नारी चेतना का अध्ययन"_ विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया है।
दीक्षांत समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर के न्यायमूर्ति मनोज कुमार गर्ग, हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. कुलदीप अग्निहोत्री, कुलाधिपति वरुण यादव, कृषि विश्वविद्यालय कोटा की कुलपति डॉ. विमला डूकवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश जुनेजा, अर्जुन अवार्डी इंटरनेशनल खिलाड़ी संदीप नरवाल एवं अखिल भारतीय सांगरिया धूणी सीकर के पीठाधीश्वर स्वामी ओमदास जी महाराज ने डिग्री प्रदान की।
डॉ. शालिनी शिक्षा के साथ-साथ सहकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और वर्तमान में साधन सहकारी समिति की अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, विधायक सण्डीला अलका अर्कवंशी, सवर्ण चेतना सभा के राष्ट्रीय संयोजक अलका अग्निहोत्री, भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री पूजा मिश्रा, भाजपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष सुहाना जैन, शिक्षाविद् सुशील कुमार मिश्र, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनुराधा मिश्रा, सवर्ण चेतना महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एवं महिला आयोग सदस्य गीता पांडे, सवर्ण चेतना महिला सभा की जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रतिमा मिश्रा, एडवोकेट समता शर्मा, जिला सचिव भाजपा नीतू चन्द्रा, नगर मंत्री भाजपा प्रियंका सिंह, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय कश्यप, अविनाश पांडेय, राजीव कश्यप, विजय पांडेय, राम जी, आरिफ खान शानू, राजीव सिंह सिंपल, मुकुल सिंह आशा, अखिल सिंह चंदेल, आशुतोष बाजपेयी, कृष्णा कांत मिश्र, धीरज सिंह चौहान सहित कई गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।
विकसित भारत युवा उत्सव में दिखा युवाओं का जोश, 15 विद्यालयों के 500 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, हरदोई के तत्वावधान मे सोमवार को रसखान प्रेक्षागृह, हरदोई में विकसित भारत युवा उत्सव 2026–27 का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026–27 के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद के 15 विद्यालयों एवं संस्थानों से लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी कला, प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम मे लोकगीत (समूह), लोकनृत्य (समूह), नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों की मधुर धुनों, लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए सामाजिक संदेशों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने अपने संबोधन मे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, संस्कृति, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्रबोध कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में मंच पर आने की झिझक एवं संकोच दूर होता है तथा उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना तथा उन्हें अपनी कला एवं क्षमता प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पाँचों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता
कार्यक्रम मे आयोजित लोकगीत (समूह) प्रतियोगिता में गोपीनाथ संगीत विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य (समूह) प्रतियोगिता मे गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, हरदोई प्रथम स्थान पर रहा। वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता मे सेंट जेवियर्स विद्यालय, पिहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम मे कविता लेखन प्रतियोगिता मे हर्षवर्धन मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता मे कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों की उपलब्धियों की सराहना की गई।
5 नवंबर को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे विजेता
जनपद स्तरीय युवा उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागी एवं दल आगामी 5 नवंबर 2026 को आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव में जनपद हरदोई का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडल स्तर पर भी ये प्रतिभागी अपनी कला, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
निर्णायक मंडल ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन
कार्यक्रम मे विभिन्न प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल मे राजकुमार सिंह, रितेश चौधरी, रणविजय सिंह, अभिराम सिंह, उदयराज सिंह एवं ई. मोहम्मद उस्मान सिद्दीकी शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निर्धारित मूल्यांकन मानदंडों के अनुसार मूल्यांकन किया गया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण सहभागिता
कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं मे क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अम्बुज शुक्ला,  नितिन कुमार, रमाकांत, शिवांगी सिंह एवं राजगोपाल मौर्य की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम की प्रभारी श्रेया गुप्ता रहीं। उनके समन्वय एवं सहयोग से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं का संचालन किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ, निर्णायक मंडल के सदस्य तथा विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, आत्मविश्वास विकसित करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने तथा विकसित भारत के निर्माण मे सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया
भ्रष्टाचार को लेकर आज़ाद अधिकार सेना पार्टी ने दिया ज्ञापन
Sb ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज़ाद अधिकार सेना ने किसानों की बाढ़ आपदा में हुए भ्रष्टाचार सरकारी कार्यों में प्रयुक्त सभी मोबाइल नंबरों पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
पार्टी ने कहा कि सरकार द्वारा अधिकारियों को दिए गए आधिकारिक मोबाइल नंबर पहले से सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होते हैं। इसके अतिरिक्त अनेक अधिकारी अपने निजी मोबाइल नंबर विभाग को देते हैं और विभाग उनका नियमित उपयोग सरकारी कार्यों एवं नागरिकों से संपर्क के लिए करता है। ऐसे नंबर प्रायः विभागीय वेबसाइटों पर उपलब्ध नहीं होते।
आज़ाद अधिकार सेना की मांग है कि विभाग द्वारा आधिकारिक कार्यों के लिए अपनाए गए निजी नंबरों को भी आधिकारिक संपर्क नंबर मानकर विभागीय वेबसाइटों पर प्रदर्शित किया जाए। दोनों श्रेणियों के नंबरों पर समान मानक लागू हों- निर्धारित समय में फोन का उत्तर, मिस्ड कॉल पर कॉल बैक, नियमित निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समीक्षा।
पार्टी ने सामान्य कॉल के लिए अधिकतम चार कार्य घंटों में जवाब या कॉल बैक का मानक तथा नागरिकों के लिए शिकायत व्यवस्था की मांग की है।
हरदोई सदर तहसील की ग्रामपंचायत नेवादा चौगवां में बाढ़ पीड़ितो की हुई करोड़ो रुपए की धन स्वीकृती में बिचौलिया और तहसील प्रशासन के द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जाँच कराए जाने और कार्यवाही कराने की मांग पार्टी द्वारा  की गई हैं।

ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान      आदि प्रमुख रूप से जोनल अध्यक्ष विमलेश शर्मा,जिला अध्यक्ष सुशील गोस्वामी,156 सदर विधानसभा प्रभारी/प्रत्याशी मोहित मिश्रा, मुकेश अग्निहोत्री, अनुसूचित मोर्चा ज़िला अध्यक्ष छविनाथ, सूर्या सिंह अशोक कुमार,, सुधीर कुमार आदि तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने गोंडा को दी 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात

*16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं गोंडा में स्वीकृत, विकास कार्यों को मिल रही गति*

*अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी, दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड को मिलेंगे नियुक्ति पत्र*

*गोण्डा, 02 नवम्बर 2026* - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद गोण्डा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए सभी जनपदों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले जनपद गोण्डा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि देवीपाटन मंडल में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्व एवं त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। नवरात्र के दौरान पूरे प्रदेश में लगभग 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी आस्था एवं परंपराओं के अनुरूप धार्मिक आयोजन करने की स्वतंत्रता मिले और किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में 7 नवंबर को दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित होगा। अयोध्या में प्रज्ज्वलित होने वाले दीपों की रोशनी विकास के रूप में गोण्डा सहित पूरे देवीपाटन मंडल तक पहुंचेगी। सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

*गोण्डा में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार*

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया है तथा बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए अन्य जनपदों एवं प्रदेशों की ओर न जाना पड़े।

उन्होंने कहा कि गोण्डा में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। पहले गोण्डा से देवीपाटन स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लगते थे, लेकिन अब सड़क एवं परिवहन सुविधाओं में सुधार से आवागमन सुगम हुआ है।

*युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध करा रही है। अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों तथा 42 हजार होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षकों, अधीनस्थ सेवाओं एवं अन्य विभागों में भी 25 से 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग एवं कारागार सहित विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत बिना परीक्षा सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति देने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गोण्डा के युवाओं को रोजगार के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली जैसे महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने जनपद और क्षेत्र में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

*किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई पहल*

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पराली एवं गोबर का भी आर्थिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। कंप्रेस्ड बायोगैस के माध्यम से प्रत्येक जनपद में इथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा।

*गरीबों को मिल रहा योजनाओं का लाभ*

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। गरीब परिवारों को निःशुल्क राशन, रसोई गैस कनेक्शन एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। दीपावली से पहले गरीब परिवारों को एक भरा हुआ रसोई गैस सिलेंडर निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना भी है।

*धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का हो रहा विकास*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ प्रमुख आस्था केंद्रों का पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण एवं बेहतर कनेक्टिविटी विकसित कर रही है। जनपद गोण्डा में बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर छपिया और मां वाराही देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव में सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गांव एवं आसपास के आस्था केंद्रों पर दीप प्रज्ज्वलित करे तथा जरूरतमंद परिवारों के साथ भी दीपावली की खुशियां साझा करे।

इस अवसर पर गोण्डा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, प्रेम नारायण पांडेय, अजय सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह एवं मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।