भ्रष्टाचार को लेकर आज़ाद अधिकार सेना पार्टी ने दिया ज्ञापन
Sb ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज़ाद अधिकार सेना ने किसानों की बाढ़ आपदा में हुए भ्रष्टाचार सरकारी कार्यों में प्रयुक्त सभी मोबाइल नंबरों पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
पार्टी ने कहा कि सरकार द्वारा अधिकारियों को दिए गए आधिकारिक मोबाइल नंबर पहले से सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होते हैं। इसके अतिरिक्त अनेक अधिकारी अपने निजी मोबाइल नंबर विभाग को देते हैं और विभाग उनका नियमित उपयोग सरकारी कार्यों एवं नागरिकों से संपर्क के लिए करता है। ऐसे नंबर प्रायः विभागीय वेबसाइटों पर उपलब्ध नहीं होते।
आज़ाद अधिकार सेना की मांग है कि विभाग द्वारा आधिकारिक कार्यों के लिए अपनाए गए निजी नंबरों को भी आधिकारिक संपर्क नंबर मानकर विभागीय वेबसाइटों पर प्रदर्शित किया जाए। दोनों श्रेणियों के नंबरों पर समान मानक लागू हों- निर्धारित समय में फोन का उत्तर, मिस्ड कॉल पर कॉल बैक, नियमित निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समीक्षा।
पार्टी ने सामान्य कॉल के लिए अधिकतम चार कार्य घंटों में जवाब या कॉल बैक का मानक तथा नागरिकों के लिए शिकायत व्यवस्था की मांग की है।
हरदोई सदर तहसील की ग्रामपंचायत नेवादा चौगवां में बाढ़ पीड़ितो की हुई करोड़ो रुपए की धन स्वीकृती में बिचौलिया और तहसील प्रशासन के द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जाँच कराए जाने और कार्यवाही कराने की मांग पार्टी द्वारा  की गई हैं।

ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान      आदि प्रमुख रूप से जोनल अध्यक्ष विमलेश शर्मा,जिला अध्यक्ष सुशील गोस्वामी,156 सदर विधानसभा प्रभारी/प्रत्याशी मोहित मिश्रा, मुकेश अग्निहोत्री, अनुसूचित मोर्चा ज़िला अध्यक्ष छविनाथ, सूर्या सिंह अशोक कुमार,, सुधीर कुमार आदि तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने गोंडा को दी 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात

*16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं गोंडा में स्वीकृत, विकास कार्यों को मिल रही गति*

*अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी, दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड को मिलेंगे नियुक्ति पत्र*

*गोण्डा, 02 नवम्बर 2026* - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद गोण्डा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए सभी जनपदों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले जनपद गोण्डा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि देवीपाटन मंडल में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्व एवं त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। नवरात्र के दौरान पूरे प्रदेश में लगभग 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी आस्था एवं परंपराओं के अनुरूप धार्मिक आयोजन करने की स्वतंत्रता मिले और किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में 7 नवंबर को दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित होगा। अयोध्या में प्रज्ज्वलित होने वाले दीपों की रोशनी विकास के रूप में गोण्डा सहित पूरे देवीपाटन मंडल तक पहुंचेगी। सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

*गोण्डा में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार*

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया है तथा बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए अन्य जनपदों एवं प्रदेशों की ओर न जाना पड़े।

उन्होंने कहा कि गोण्डा में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। पहले गोण्डा से देवीपाटन स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लगते थे, लेकिन अब सड़क एवं परिवहन सुविधाओं में सुधार से आवागमन सुगम हुआ है।

*युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध करा रही है। अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों तथा 42 हजार होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षकों, अधीनस्थ सेवाओं एवं अन्य विभागों में भी 25 से 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग एवं कारागार सहित विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत बिना परीक्षा सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति देने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गोण्डा के युवाओं को रोजगार के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली जैसे महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने जनपद और क्षेत्र में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

*किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई पहल*

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पराली एवं गोबर का भी आर्थिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। कंप्रेस्ड बायोगैस के माध्यम से प्रत्येक जनपद में इथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा।

*गरीबों को मिल रहा योजनाओं का लाभ*

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। गरीब परिवारों को निःशुल्क राशन, रसोई गैस कनेक्शन एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। दीपावली से पहले गरीब परिवारों को एक भरा हुआ रसोई गैस सिलेंडर निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना भी है।

*धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का हो रहा विकास*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ प्रमुख आस्था केंद्रों का पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण एवं बेहतर कनेक्टिविटी विकसित कर रही है। जनपद गोण्डा में बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर छपिया और मां वाराही देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव में सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गांव एवं आसपास के आस्था केंद्रों पर दीप प्रज्ज्वलित करे तथा जरूरतमंद परिवारों के साथ भी दीपावली की खुशियां साझा करे।

इस अवसर पर गोण्डा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, प्रेम नारायण पांडेय, अजय सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह एवं मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने काशी नरेश  विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण
मौलश्री का पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

*कुलपति एवं 21 विभागाध्यक्षों के साथ की समीक्षा बैठक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। उत्तर प्रदेश की  राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत मौलश्री का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव एवं विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्षों तथा 21 विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं संकायों का निरीक्षण करते हुए शिक्षण व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में माननीय राज्यपाल महोदया ने कहा कि विश्वविद्यालय का संचालन निर्धारित नियमों, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं स्पष्ट कार्ययोजना के अनुरूप होना चाहिए। सभी समितियां अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें तथा प्रवेश, परीक्षा, अवकाश प्रबंधन सहित प्रत्येक प्रशासनिक कार्य नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष बल देते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत विकास, स्वच्छता एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
डिजिटल प्रशासन एवं तकनीकी सुदृढ़ीकरण के संबंध में उन्होंने समर्थ पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल में कुल 42 मॉड्यूल उपलब्ध हैं, जबकि विश्वविद्यालय वर्तमान में तीन मॉड्यूल पर कार्य कर रहा है। उन्होंने शेष मॉड्यूल को भी चरणबद्ध तरीके से सक्रिय करने के निर्देश दिए, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां अधिक पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित बन सकें।
विश्वविद्यालय के आधारभूत ढांचे के विकास पर चर्चा करते हुए माननीय राज्यपाल महोदया ने निर्देश दिया कि किसी भी नए भवन अथवा सुविधा का निर्माण कराने से पहले समग्र एवं दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार की जाए। भवनों के निर्माण में प्रयोगशालाओं, फार्मेसी, कक्षों के आकार, शिक्षकों के कक्ष, छात्राओं के लिए लेडीज रूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य केवल भवन बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी उपयोगिता, आवश्यकता एवं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में सीवर लाइन, विद्युत व्यवस्था, आंतरिक सड़कें, खेल मैदान, पार्किंग, पेयजल, शौचालय एवं सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित तरीके से विकसित करने पर बल दिया। साथ ही आवश्यकतानुसार आगणन एवं एस्टीमेट तैयार कराते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट बोर्ड एवं स्मार्ट क्लास की स्थापना, आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावासों में स्वच्छ शौचालय, स्नानघर, किचन, लाइब्रेरी एवं आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान माननीय राज्यपाल महोदया ने विज्ञान संकाय, शिक्षा संकाय, कला संकाय सहित विभिन्न विभागों व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, भूगोल एवं अन्य विभागों की शिक्षण व्यवस्था तथा प्रयोगशालाओं की जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने पाठ्यक्रम संचालन, शोध, अनुसंधान, नवाचार एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र एवं भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करनी चाहिए।
इसके उपरांत विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष डाॅक्टर ऋचा ने किया। प्रारंभ में कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, भावी योजनाओं एवं विकास की रूपरेखा से राज्यपाल महोदया को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में लगभग सात हजार छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत सर्टिफिकेट, डिप्लोमा एवं कौशल विकास पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित एवं सशक्त बनाने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय भदोही की एक विशिष्ट शैक्षणिक पहचान बनेगा।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए माननीय राज्यपाल महोदया ने उनके प्रश्नों के उत्तर दिए तथा शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, रोजगार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विश्वविद्यालय में समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, शैक्षणिक भ्रमण एवं व्यावहारिक गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने एनएएसी मूल्यांकन की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने तथा उसके अनुरूप विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को विकसित करने पर बल दिया। 
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विषय पर चर्चा करते हुए राज्यपाल महोदया ने इसके सकारात्मक उपयोग एवं संभावित चुनौतियों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग सही दिशा और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनने के साथ-साथ एआई का जिम्मेदारीपूर्ण एवं विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्र अभिव्यक्ति के साथ संस्कार, नैतिक मूल्य, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के संबंध में उन्होंने विश्वविद्यालय में नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रत्येक सोमवार को एक निर्धारित चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने पर जोर दिया। साथ ही परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए विद्यार्थी समिति गठित करने का सुझाव दिया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों, स्टार्टअप, कौशल विकास एवं रोजगारपरक नए पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार सृजन एवं शत-प्रतिशत साक्षरता को विकास की महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ‘हर हाथ को काम और हर हाथ को काज’ का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को कौशल एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुलाधिपति की विशेष कार्याधिकारी  सुधीर महादेव बोबडे, प्रोफेसर रीना सिंह, प्रोफेसर कल्पना अवस्थी, मंडलायुक्त  राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी  बाल गोविंद शुक्ल तथा अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला सहित विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. महेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक केशलाल, सहायक कुलसचिव शिरीष कुमार सिंह, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी मऊ द्वारा नगर पालिका हॉल में नवनियुक्त मोर्चा जिलाध्यक्षों के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित

मऊ। भारतीय जनता पार्टी मऊ द्वारा नगर पालिका हॉल में नवनियुक्त मोर्चा जिलाध्यक्षों के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण राय, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार परिवर्तन, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सन्नो गुप्ता, पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल चौहान तथा जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पप्पू गोंड को सम्मानित किया गया।
जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने दी नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने सभी नवनियुक्त मोर्चा जिलाध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी मोर्चे समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा किसान, महिला, पिछड़ा एवं अनुसूचित समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है।

प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने दिया संगठन विस्तार का मंत्र
प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में सभी पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मोर्चा अपने-अपने क्षेत्र में टीम का विस्तार करते हुए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाए। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और निरंतर सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने भी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संपर्क, संवाद और संगठन विस्तार को गति देने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में सभी नवनियुक्त मोर्चा जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में मऊ जिले में भाजपा के सभी मोर्चे और अधिक सक्रिय होंगे तथा संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर मनोज राय, भाष्कर निषाद, सुनील गुप्ता, दुर्गविजय राय, प्रवीण कुमार गुप्त, हौसला प्रसाद उपाध्याय, प्रीतू लता पांडेय, संगीता द्विवेदी, प्रतीक जायसवाल, संजय पांडेय, पूजा राय, कृष्णकांत राय, रामानुजन सिंह, सचिंद्र सिंह, राघवेंद्र राय, इंद्रदेव भारती, आकाश मल्ल, अवधेश सोनकर, संजय मौर्य, विनय जायसवाल, मीना अग्रवाल, संजीव जायसवाल सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा में ठाकुर शनि प्रताप को मिली युवा जिला उपाध्यक्ष मेरठ की जिम्मेदारी

मवाना, मेरठ | 2 नवंबर 2026

आज भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश चौधरी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अश्वनी चौहान की अध्यक्षता में संगठन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार एवं किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान, जिला प्रवक्ता अजय चौहान, तहसील उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चौहान, वीरसेन चौहान, यशवंत चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में संगठन के प्रति दो वर्षों की लगातार मेहनत, सक्रियता एवं समर्पण को देखते हुए ठाकुर शनि प्रताप को युवा जिला उपाध्यक्ष, मेरठ नियुक्त किया गया।

नई जिम्मेदारी मिलने पर ठाकुर शनि प्रताप ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपने पद का निर्वहन करेंगे तथा किसानों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
रोजगार मेले में 485 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर मिले: ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने किया शुभारंभ; 25 कंपनियां 1,000 रिक्तियों के साथ शामिल हुईं

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सोमवार को ज्ञानपुर के पं. बुद्धिराम महिला डिग्री कॉलेज, इटहरा में एक दिवसीय रोजगार मेला लगा। मेले में 25 कंपनियां 1,000 रिक्तियों के साथ शामिल हुईं। कुल 485 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिए गए।

डीघ ब्लॉक में लगे मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि और ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने फीता काटकर किया। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों और रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों से बात की और मेले की गतिविधियों की जानकारी ली।

मेले में करीब 1,200 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, काम के अनुभव और पदों के लिए जरूरी योग्यताओं के आधार पर चयन किया। इसके बाद 485 अभ्यर्थियों को कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर दिए गए।

विपुल दुबे ने कहा कि रोजगार के बदलते स्वरूप को देखते हुए युवाओं के लिए शिक्षा के साथ कौशल विकास, तकनीकी ज्ञान और काम से जुड़ी दक्षता जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार प्रशिक्षण लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की बात कही।

उन्होंने मेले के आयोजन के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय और कौशल विकास मिशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार देने के साथ जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में संस्थान के प्रबंधक संजय कुमार दुबे, जिला सेवायोजन अधिकारी अजीत कुमार, कौशल विकास मिशन भदोही के शैलेन्द्र कुमार, रजनीश सिंह और योगेन्द्र कुमार मौजूद रहे। जिला सेवायोजन कार्यालय से लायक हुसैन, लव कुमार मिश्र, अनिल कुमार, वीरेन्द्र कुमार और प्रभाकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, कंपनी प्रतिनिधि और अभ्यर्थी भी शामिल हुए।
मऊ -: जनगणना को लेकर मऊ डीएम की बड़ी अपील, नागरिक करें ‘स्व-गणना’

मऊ। जनगणना प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने जिलेवासियों से महत्वपूर्ण अपील की है।

उन्होंने नागरिकों से जनगणना के दौरान ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) में भाग लेने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने की अपील की।

डीएम ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज होना बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और गणनाकर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
मऊ: बारिश से बर्बाद फसलों के मुआवजे की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
मऊ। जनपद में 28 से 30 अक्टूबर तक हुई बेमौसम बारिश और तूफान से किसानों को हुए नुकसान को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बारिश से खेतों में गिरी धान की फसल के साथ जलभराव से प्रभावित आलू, चना, मटर, मसूर और सरसों की फसलों का प्लाटवार सर्वे कराने की मांग की।

राकेश सिंह चौहान ने कहा कि बारिश से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रभावित एवं बीमित किसानों को फसल बीमा कंपनी से क्षतिपूर्ति दिलाने के साथ शासन की ओर से भी उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके अलावा बारिश से गिरे मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। उन्होंने किसानों की स्थिति को देखते हुए शासन से विशेष राहत पैकेज घोषित करने की अपील की।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से जल्द कार्रवाई कर प्रभावित किसानों और परिवारों को राहत दिलाने का आग्रह किया गया।
उत्तर प्रदेश में तत्काल लागू हो एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट

*उत्तर प्रदेश: न्याय की आवाज को गोलियों और अपराध से नहीं दबाया जा सकता : राकेश शरण मिश्र*

*कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गया दीन अहिरवार एडवोकेट की हत्या से अधिवक्ता समाज में आक्रोश, दोषियों पर रासुका लगाने एवं पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग*




सोनभद्र। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गया दीन अहिरवार एडवोकेट के अपहरण के उपरांत उनकी नृशंस हत्या किए जाने की घटना पर संयुक्त अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश ने गहरा शोक एवं आक्रोश व्यक्त किया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने इस जघन्य घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक अधिवक्ता की हत्या नहीं है, बल्कि न्याय की आवाज को हमेशा के लिए खामोश करने का कायरतापूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज न्यायपालिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अधिवक्ता समाज के कमजोर, पीड़ित एवं शोषित लोगों को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करता है। यदि बार एसोसिएशन का निर्वाचित अध्यक्ष ही सुरक्षित नहीं है तो प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। मिश्र ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि, अधिवक्ता गया दीन अहिरवार की हत्या में शामिल सभी दोषियों एवं षड्यंत्रकारियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करते हुए विधिक आधार उपलब्ध होने पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) लगाया जाए।
दिवंगत अधिवक्ता के परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। परिवार के एक पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा कानून (एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट) तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। प्रदेश के सभी जनपदों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए विशेष एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रदेशध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं पर लगातार हो रहे हमले और हत्याएं पूरे अधिवक्ता समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं। अब केवल शोक व्यक्त करने और आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। सरकार को अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस कानून एवं प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने प्रदेश के समस्त अधिवक्ता संगठनों एवं बार एसोसिएशनों से भी इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के विरोध में एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर न्याय की लड़ाई लड़ने वाले अधिवक्ताओं को न्याय कब मिलेगा? अधिवक्ता समाज कब तक असुरक्षा के साये में काम करने को मजबूर रहेगा? संयुक्त अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश दिवंगत अधिवक्ता गया दीन अहिरवार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना एवं एकजुटता व्यक्त करता है।
थाना उमरीबेगमगंज पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं का अनावरण, 03 शातिर चोर गिरफ्तार, 08 लिथियम बैटरी (अनुमानित कीमत 7,20,000/-), 03 मोटरसाइकिल व चोरी

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
गोण्डा। थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अल्लीपुर बनुआ में स्थापित इंडस टावर (साइट आईडी- IN-1137186) से दिनांक 11/12.10.2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा बैटरी कैबिनेट का ताला काटकर 100 AH क्षमता की 08 अदद अमरान कंपनी की लिथियम बैटरी चोरी कर ली गई थी। उक्त घटना के संबंध में निशा सुरक्षा सर्विस प्रा0लि0 के जिला सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर थाना उमरीबेगमगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

*कार्यवाही-*
दिनांक 01.11.2026 को थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में देखभाल, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश हेतु रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटना में संलिप्त व्यक्ति पसका की तरफ से बनुवा बांध होते हुए बरौली मार्ग की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं।प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा बनुवा से बरौली मार्ग स्थित मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग प्रारम्भ की गई। इसी दौरान एक लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों उत्कर्ष सिंह तथा अमित सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अदद लिथियम बैटरी, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल व उनकी निशानदेही पर ग्राम मंगुरा बाजार स्थित सावन सिंह के खेत पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 07 अदद अन्य लिथियम बैटरी तथा 02 अदद मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल की डिग्गी की तलाशी लेने पर चोरी में प्रयुक्त उपकरण एक अदद नीले रंग का कटर, एक अदद हरे रंग का कटर, 03 अदद रिंच, एक अदद लाल रंग का पेचकस एवं एक अदद नीले रंग का प्लास बरामद हुआ तथा मौके से सावन सिंह उर्फ शिवा को भी गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार पुलिस टीम द्वारा कुल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई 08 अदद लिथियम बैटरी, 03 अदद मोटरसाइकिल, ₹5,000/- नकद एवं चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरुद्ध थाना उमरीबेगमगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

*पूछताछ का विवरण-*
गिरफ्तार अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे कुल 05 लोग मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिनांक 11/12.10.2026 की रात्रि में ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित वोडाफोन-एयरटेल/इंडस टावर से 08 अदद लिथियम बैटरी चोरी करना स्वीकार किया। इसके अतिरिक्त अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि दिनांक 21/22.09.2026 की रात्रि में ग्राम लक्ष्मनपुरवा स्थित टावर से 03 अदद लिथियम बैटरी तथा दिनांक 29/30.09.2026 की रात्रि में थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम मलाव स्थित इंडस टावर से 06 अदद लिथियम बैटरी चोरी की गई थीं। इन दोनों घटनाओं में भी अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता बताई।अभियुक्तों ने यह भी बताया कि दिनांक 29.09.2026 की शाम को उनके द्वारा थाना परसपुर क्षेत्र के मोहना पाण्डेय पुरवा के पास से एक सैमसंग A17 5G मोबाइल फोन छीन लिया गया था। पकड़े जाने के डर से उक्त मोबाइल फोन को तोड़कर किसी अज्ञात स्थान पर फेंक दिया गया। इसके अतिरिक्त पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा दिनांक 03.06.2026 की रात्रि में थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत बाबा गयादीन वैद्य बाबूराम महाविद्यालय से एक इन्वर्टर एवं बैटरी चोरी करने की बात बताई गई। अभियुक्तों ने बताया कि चोरी किए गए इन्वर्टर एवं बैटरी को लगभग एक सप्ताह पूर्व एक अज्ञात कबाड़ी को ₹6,000/- में बेच दिया था तथा प्राप्त धनराशि को आपस में ₹2,000-₹2,000 बांट लिया था।