थाना उमरीबेगमगंज पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं का अनावरण, 03 शातिर चोर गिरफ्तार, 08 लिथियम बैटरी (अनुमानित कीमत 7,20,000/-), 03 मोटरसाइकिल व चोरी

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
गोण्डा। थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अल्लीपुर बनुआ में स्थापित इंडस टावर (साइट आईडी- IN-1137186) से दिनांक 11/12.10.2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा बैटरी कैबिनेट का ताला काटकर 100 AH क्षमता की 08 अदद अमरान कंपनी की लिथियम बैटरी चोरी कर ली गई थी। उक्त घटना के संबंध में निशा सुरक्षा सर्विस प्रा0लि0 के जिला सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर थाना उमरीबेगमगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

*कार्यवाही-*
दिनांक 01.11.2026 को थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में देखभाल, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश हेतु रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटना में संलिप्त व्यक्ति पसका की तरफ से बनुवा बांध होते हुए बरौली मार्ग की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं।प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा बनुवा से बरौली मार्ग स्थित मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग प्रारम्भ की गई। इसी दौरान एक लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों उत्कर्ष सिंह तथा अमित सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अदद लिथियम बैटरी, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल व उनकी निशानदेही पर ग्राम मंगुरा बाजार स्थित सावन सिंह के खेत पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 07 अदद अन्य लिथियम बैटरी तथा 02 अदद मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल की डिग्गी की तलाशी लेने पर चोरी में प्रयुक्त उपकरण एक अदद नीले रंग का कटर, एक अदद हरे रंग का कटर, 03 अदद रिंच, एक अदद लाल रंग का पेचकस एवं एक अदद नीले रंग का प्लास बरामद हुआ तथा मौके से सावन सिंह उर्फ शिवा को भी गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार पुलिस टीम द्वारा कुल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई 08 अदद लिथियम बैटरी, 03 अदद मोटरसाइकिल, ₹5,000/- नकद एवं चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरुद्ध थाना उमरीबेगमगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

*पूछताछ का विवरण-*
गिरफ्तार अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे कुल 05 लोग मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिनांक 11/12.10.2026 की रात्रि में ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित वोडाफोन-एयरटेल/इंडस टावर से 08 अदद लिथियम बैटरी चोरी करना स्वीकार किया। इसके अतिरिक्त अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि दिनांक 21/22.09.2026 की रात्रि में ग्राम लक्ष्मनपुरवा स्थित टावर से 03 अदद लिथियम बैटरी तथा दिनांक 29/30.09.2026 की रात्रि में थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम मलाव स्थित इंडस टावर से 06 अदद लिथियम बैटरी चोरी की गई थीं। इन दोनों घटनाओं में भी अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता बताई।अभियुक्तों ने यह भी बताया कि दिनांक 29.09.2026 की शाम को उनके द्वारा थाना परसपुर क्षेत्र के मोहना पाण्डेय पुरवा के पास से एक सैमसंग A17 5G मोबाइल फोन छीन लिया गया था। पकड़े जाने के डर से उक्त मोबाइल फोन को तोड़कर किसी अज्ञात स्थान पर फेंक दिया गया। इसके अतिरिक्त पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा दिनांक 03.06.2026 की रात्रि में थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत बाबा गयादीन वैद्य बाबूराम महाविद्यालय से एक इन्वर्टर एवं बैटरी चोरी करने की बात बताई गई। अभियुक्तों ने बताया कि चोरी किए गए इन्वर्टर एवं बैटरी को लगभग एक सप्ताह पूर्व एक अज्ञात कबाड़ी को ₹6,000/- में बेच दिया था तथा प्राप्त धनराशि को आपस में ₹2,000-₹2,000 बांट लिया था।
सर्वेश कुमार मिश्र यथार्थ के साधक: विनय शर्मा दीप
प्रयागराज । साहित्य की अनमोल विरासत लिए प्रयागराज अपनी संस्कृति के लिए जानी पहचानी जाती है। इतना ही नहीं गंगा जमुना सरस्वती का त्रिवेणी संगम, ऐतिहासिक विरासत, शैक्षणिक धरातल, राजनीतिक जामा के लिए भी चर्चित है। ऐसे मिट्टी में एक ऐसे साहित्यकार, कलमकार, लेखक एवं कवि का जन्म होता है जिसका नाम ही सबका स्वामी शिव अर्थात सर्वेश कुमार मिश्र है जिन्होंने यथार्थवाद को अपनाया और अपनी बुद्धिमत्ता और तार्किक अंदाज में सच को लाकर सभी के समक्ष रखा।आप गंभीर, विचारशील समाज सुधारक के रुप में लेखक बनकर समाज को आइना दिखाने का कार्य किया।आपकी चर्चित पुस्तक अंतर्मन की काव्य यात्रा ' यथार्थ ' वास्तव में सारगर्भित काव्य संग्रह है। आपके द्वारा लिखित गणेश वंदना,मां- पिता एवं बेटी की कविता ने हृदय झंकृत कर दिया।इसी तरह गुरु की महिमा, श्रद्धा, व्यवहार, युवा शक्ति, नशा मुक्ति, रोटी, बुढ़ापा,बचपन,बेरोजगारी, आस्तीन का सांप,चुनौती, मनोव्यथा, बेवफा, नसीहत, छलावा जैसी अनेक कविताएं यथार्थ को जन्म देती है। यथार्थ काव्य संग्रह पठन योग्य है जो समाज को उर्वरा शक्ति प्रदान करते हुए जनजागरण का कार्य करेगी। मुंबई के चर्चित कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप को सर्वेश कुमार मिश्र ने अपनी पुस्तक यथार्थ भेंट किया। दीप ने कहा आपकी लेखनी को एवं आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं भविष्य में भी आप इसी तरह की रचनाएं जनमानस तक लाएं तथा साहित्य को शक्ति प्रदान करते हुए समाज को जगाने का कार्य करें।
फसल अवशेष जलाने के दुष्परिणामों व उस पर लगने वाले  जुर्माने के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवा
देवरिया, 02 नवंबर। M N पा़ंडेय ।
            फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा पराली जलाने से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान ‘प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू’ योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
         प्रचार वाहन 02 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक जनपद के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करेगा। इस दौरान किसानों को पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव, खेतों में मौजूद लाभकारी मित्र कीटों एवं सूक्ष्मजीवों के नष्ट होने तथा पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी।
       जिलाधिकारी ने कृषकों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं, बल्कि उनका उचित प्रबंधन करें। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और कृषि के लिए उपयोगी मित्र कीट एवं लाभकारी जीवाणु नष्ट हो जाते हैं। इससे पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ ही कृषि उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने बताया कि फसल अवशेष जलाना दंडनीय है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, फसल अवशेष जलाने पर दो एकड़ से कम क्षेत्रफल वाले किसानों पर प्रति घटना 5,000 रुपये, दो से पांच एकड़ तक के किसानों पर 10,000 रुपये तथा पांच एकड़ से अधिक क्षेत्रफल वाले किसानों पर 30,000 रुपये का पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति शुल्क निर्धारित है। उन्होंने किसानों से इन दंडात्मक प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
भारतीय किसान यूनियन भानू की समीक्षा बैठक में आगामी आंदोलन का शंखनाद, 18 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय घेराव का ऐलान
_सुबह 10 बजे नैनी नये पुल के नीचे जुटेंगे किसान, पैदल कूच कर पहुंचेंगे डीएम कार्यालय, हजारों से अधिक किसानों के जुटने की उम्मीद_

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह
रविवार को भारतीय किसान यूनियन भानू की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैचारिक मंथन के साथ-साथ आगामी संघर्ष का शंखनाद किया गया। संगठन के समस्त समर्पित पदाधिकारियों की उपस्थिति में आगामी 18 तारीख को होने वाले जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव की रणनीतिक रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में तय किया गया कि *18 तारीख को सुबह 10 बजे सभी किसान, कार्यकर्ता और पदाधिकारी नैनी के नये पुल के नीचे इकट्ठा होंगे और वहां से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेंगे और घेराव करेंगे।* पदाधिकारियों ने कहा कि यह घेराव किसान चेतना की एक नई इबारत लिखेगा।

बैठक में भिटारिया, पिपराव सहित विभिन्न गांवों में चकमार्ग और तालाबों पर हो रहे अवैध कब्जे, राजस्व विभाग की लापरवाही जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने पर चर्चा हुई। संगठन का दावा है कि इस घेराव में पूरे प्रयागराज जिले से करीब  हजारों से अधिक किसान शामिल होंगे।

बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए *भानू प्रताप सिंह को प्रयागराज जिला उपाध्यक्ष तथा जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।* उनकी नियुक्ति पर सभी पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया।

बैठक का क्षण उस समय अत्यंत गौरवमयी हो गया, जब संगठन के कोरांव क्षेत्र के जिला विधिक सलाहकार बालेश्वरी पटेल का बार एसोसिएशन कोरांव के चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर जीत के बाद आगमन हुआ। संपूर्ण सदन ने उनका माल्यार्पण कर आत्मीय अभिनंदन किया।
हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग पर गहरे गड्ढे बने हादसों का कारण, PWD की लापरवाही पर उठे सवाल
पांच दिन पहले सड़क हादसे में हो चुकी है एक व्यक्ति की मौत, तहसीलदार के निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद मरम्मत का इंतजार

हस्तिनापुर। हस्तिनापुर से चांदपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे लगातार हादसों को दावत दे रहे हैं। पांच दिन पहले इसी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। विभाग की इस कार्यशैली को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में दोपहिया वाहन, कार, ट्रैक्टर और भारी वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
रात के समय बढ़ जाता है हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय तो वाहन चालक किसी तरह गड्ढों को देखकर बच निकलते हैं, लेकिन रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिमभरा हो जाता है। लोगों का कहना है कि सड़क की समय रहते मरम्मत कराई जाती तो शायद हादसों को रोका जा सकता था।
तहसीलदार ने दिए थे मरम्मत के निर्देश
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले मवाना तहसीलदार निरंकार सिंह ने हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क की स्थिति सुधारने और गड्ढों को जल्द भरवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
PWD की जवाबदेही तय करने की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द सड़क के गड्ढे भरवाने तथा पूरे मार्ग की गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल खानापूर्ति करने के बजाय सड़क का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को सड़क हादसे में अपनों को न खोना पड़े। अब देखना होगा कि प्रशासन के निर्देशों के बाद विभाग कब तक कार्रवाई करता है।
गनपत सहाय पी० जी० कालेज, सुलतानपुर में शिक्षकों का काला फीता बांधकर प्रदर्शन
दिनांक 2 नवम्बर 2026 को उ०प्र० विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर, डा० राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ (आक्टा) के नेतृत्व में गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय  सुलतानपुर की शिक्षक संघ इकाई द्वारा शिक्षकों की विभिन्न लंबित एवं गंभीर समस्याओं के समर्थन में एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया गया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान सभी शिक्षक सदस्यों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर शासन और प्रशासन की नीतियों के प्रति रोष व्यक्त किया तथा जोरदार नारों के साथ अपनी एकता का प्रदर्शन किया।
> "शिक्षक एकता जिंदाबाद! शिक्षक एकता जिंदाबाद!" के नारों से महाविद्यालय परिसर गूंज उठा।
यह विरोध प्रदर्शन शिक्षक संघ इकाई के अध्यक्ष प्रो.शक्ति सिंह  के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
फुपुक्टा और आक्टा के बैनर तले शिक्षकों ने लंबे समय से लंबित अपनी न्यायसंगत मांगों को एक बार फिर से पुरजोर तरीके से उठाया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के प्रति यदि शासन स्तर पर उदासीनता जारी रही, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और उन्होंने एक स्वर में शिक्षक हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर शिक्षक संघ इकाई के अध्यक्ष, प्रो० शक्ति सिंह, मंत्री प्रो०मनोज मिश्र तथा प्रो०जयशनाथ मिश्र,प्रो० मोहम्मद शाहिद, प्रोफेसर राजीव श्रीवास्तव, प्रोफ़ेसर गीता त्रिपाठी, प्रोफेसर अनुज पटेल, डॉ शहनवाज आलम (कोशाध्यक्ष), डॉ भोलानाथ, डॉ मोहम्मद शकील, डॉ सुभाष, डॉक्टर देवेंद्र नाथ मिश्रा, डॉ शिशिर श्रीवास्तव,  डॉ अश्वनी सिंह,  गणेश मिश्र, डॉ आलोक कुमार, डॉ राजाराम, डॉ विनय पांडे, डॉ वेद प्रकाश मिश्रा, डॉ दीपा सिंह, डॉ उर्मिला मिश्रा, डॉक्टर स्तुति शुक्ला, डॉ अंजू सिंह, आदि भारी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
मऊ रेलवे स्टेशन पर CRPF से सेवानिवृत्त जवान का भव्य स्वागत

मऊ रेलवे स्टेशन पर CRPF से सेवानिवृत्त जवान के आगमन पर लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया।

देश की सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए लोगों ने सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
मऊ: दी अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की सामान्य निकाय बैठक संपन्न, प्रगति रिपोर्ट और ऑडिट रिपोर्ट को मिली सर्वसम्मति से मंजूरी
मऊ नाथ भंजन: दी अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, मऊ नाथ भंजन की सामान्य निकाय की बैठक आज दिनांक 01 नवंबर 2026, रविवार को दिन के 12 बजे डीसीएस के. पी. जी. कॉलेज, मऊ के सभागार में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष श्री अरविन्द कुमार सिंह ने की। बैठक में बैंक के समस्त गणमान्य नागरिकों और सामान्य निकाय के सदस्यों की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान बैंक अधिकारी श्री जय प्रकाश तिवारी द्वारा बैंक की प्रगति रिपोर्ट, विगत वर्ष का लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से रिपोर्ट का अनुमोदन किया। साथ ही बैंक की आगामी कार्य योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

इस अवसर पर डीसीएस के. पी. जी. कॉलेज के प्राचार्य, जिला सहकारी बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक एवं यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन, यूनिट मऊ के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार पांडेय सहित सहकारी संस्थाओं से जुड़े कई अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
यूपी पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में श्रद्धा पांडेय ने जीता रजत पदक

जौनपुर।  जनपद के सरपतहां थाना क्षेत्र के ग्राम भटौली निवासी बृजेश कुमार पांडेय की सुपुत्री श्रद्धा पांडेय ने उत्तर प्रदेश पुलिस की वार्षिक खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित यूपी पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित गांव, क्षेत्र और जनपद में हर्ष का माहौल है। श्रद्धा पांडेय ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने बड़े भाइयों शनि पांडेय एवं शुभम पांडेय को दिया है। उनका कहना है कि भाइयों का निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास उनकी सफलता की राह में हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है।
श्रद्धा की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
साधु के भेष में घर में घुसे बदमाश, मां-बेटे को बेहोश कर नकदी और सामान ले उड़े
नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को दिया अंजाम, होश आने पर घर का सामान बिखरा मिला

बहसूमा। कस्बे के मोहल्ला जुम्मेरात में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे साधु के भेष में पहुंचे बदमाशों ने एक मकान में घुसकर मां-बेटे को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश घर में रखी पांच हजार रुपये की नकदी, घी से भरा बर्तन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। देर शाम होश आने पर पीड़ितों को घटना की जानकारी हुई।
मोहल्ला जुम्मेरात निवासी स्वर्गीय देवेंद्र के मकान में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे साधु के भेष में दो बदमाश पहुंचे। उस समय मकान में देवेंद्र का पुत्र अंकित और पत्नी कविता मौजूद थे। आरोप है कि बदमाशों ने भूखा होने की बात कहकर दोनों मां-बेटे को अपनी बातों में उलझा लिया। इसके बाद उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।
दोनों के बेहोश होने के बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला। घर में रखी पांच हजार रुपये की नकदी, घी से भरा बर्तन और दो-तीन अन्य कीमती सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। देर शाम जब मां-बेटे को होश आया तो उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने परिजनों के साथ घर की जांच की तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला।
पीड़ित मां-बेटे ने पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।