मऊ: दी अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की सामान्य निकाय बैठक संपन्न, प्रगति रिपोर्ट और ऑडिट रिपोर्ट को मिली सर्वसम्मति से मंजूरी
मऊ नाथ भंजन: दी अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, मऊ नाथ भंजन की सामान्य निकाय की बैठक आज दिनांक 01 नवंबर 2026, रविवार को दिन के 12 बजे डीसीएस के. पी. जी. कॉलेज, मऊ के सभागार में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष श्री अरविन्द कुमार सिंह ने की। बैठक में बैंक के समस्त गणमान्य नागरिकों और सामान्य निकाय के सदस्यों की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान बैंक अधिकारी श्री जय प्रकाश तिवारी द्वारा बैंक की प्रगति रिपोर्ट, विगत वर्ष का लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से रिपोर्ट का अनुमोदन किया। साथ ही बैंक की आगामी कार्य योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

इस अवसर पर डीसीएस के. पी. जी. कॉलेज के प्राचार्य, जिला सहकारी बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक एवं यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन, यूनिट मऊ के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार पांडेय सहित सहकारी संस्थाओं से जुड़े कई अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
यूपी पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में श्रद्धा पांडेय ने जीता रजत पदक

जौनपुर।  जनपद के सरपतहां थाना क्षेत्र के ग्राम भटौली निवासी बृजेश कुमार पांडेय की सुपुत्री श्रद्धा पांडेय ने उत्तर प्रदेश पुलिस की वार्षिक खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित यूपी पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित गांव, क्षेत्र और जनपद में हर्ष का माहौल है। श्रद्धा पांडेय ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने बड़े भाइयों शनि पांडेय एवं शुभम पांडेय को दिया है। उनका कहना है कि भाइयों का निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास उनकी सफलता की राह में हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है।
श्रद्धा की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
साधु के भेष में घर में घुसे बदमाश, मां-बेटे को बेहोश कर नकदी और सामान ले उड़े
नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को दिया अंजाम, होश आने पर घर का सामान बिखरा मिला

बहसूमा। कस्बे के मोहल्ला जुम्मेरात में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे साधु के भेष में पहुंचे बदमाशों ने एक मकान में घुसकर मां-बेटे को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश घर में रखी पांच हजार रुपये की नकदी, घी से भरा बर्तन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। देर शाम होश आने पर पीड़ितों को घटना की जानकारी हुई।
मोहल्ला जुम्मेरात निवासी स्वर्गीय देवेंद्र के मकान में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे साधु के भेष में दो बदमाश पहुंचे। उस समय मकान में देवेंद्र का पुत्र अंकित और पत्नी कविता मौजूद थे। आरोप है कि बदमाशों ने भूखा होने की बात कहकर दोनों मां-बेटे को अपनी बातों में उलझा लिया। इसके बाद उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।
दोनों के बेहोश होने के बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला। घर में रखी पांच हजार रुपये की नकदी, घी से भरा बर्तन और दो-तीन अन्य कीमती सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। देर शाम जब मां-बेटे को होश आया तो उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने परिजनों के साथ घर की जांच की तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला।
पीड़ित मां-बेटे ने पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन में अलंकार अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत
जौनपुर। जनपद के बदलापुर के विद्यार्थी रिसोर्ट के प्रांगण में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा पार्टी का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया आयोजन के दौरान राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री का कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री रामचंद्र जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन के साथ हुई वहीं जिला अध्यक्ष अशोक तिवारी एवं किसान मोर्चा अध्यक्ष संजय उपाध्याय द्वारा बड़े माले से जोरदार स्वागत किया गया। वहीं स्वागत की कड़ी में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष डॉ अतुल कुमार दुबे एवं उनकी टीम द्वारा भगवान परशुराम का चित्र एवं भगवान परशुराम का फरसा भेंट किया गया तथा भगवान परशुराम के जयकारे से प्रांगण गूंज उठा हुआ। वही संस्थापक के साथ प्रदेश कार्यकारिणी में विश्व दीप अवस्थी प्रदेश अध्यक्ष, सरोज नाथ योगी, आशीष तिवारी प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा, कैप्टन सतीश कुमार चौबे महासचिव, कविता तिवारी, गीता पाण्डेय, विकास उपाध्याय का जिले के कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर अंग वस्त्र देकर स्वागत किया गया वहीं वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सवर्ण समाज के हित में बात रखी तथा मंच से यूजीसी बैक रोल बैक एससी एसटी आरक्षण को लेकर सभी ने हुंकार भरी असम की धरती से आई गीता पाण्डेय ने अपने वक्तव्य में मातृशक्तियों को आगे आने की बात कही कहा आज इस शासन में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है छोटी बच्चियों के साथ गलत व्यवहार हो रहा है तथा घर की रक्षा करने वाले पुरुष बेरोजगारी के कारण आज अपना घर छोड़ रहे हैं परिवार छोड़ रहे हैं तथा इस शासन सत्ता में राम को लाने की बात कही गई वहीं प्रभु श्री राम जहां सब को लाने वाले हैं वहीं भाजपा इन्हीं को लाने की बात कह कर। आज अपने जाने की तैयारी में है कब तक झूठ के अंधेरे में लोगों को रखा जाएगा। तथा ब्राह्मण संगठन के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने मंच से कहां की ब्राह्मण जाति नहीं है ब्राह्मण सबको साथ लेकर चलने वाला जीव है जहां सभी के सम्मान सभी की रक्षा की बात करता है वही समाज में हर वर्ग को एक धागे में पिरोने का काम करता है तथा आज के युवाओं के लिए संस्कृत का ज्ञान व धर्म की रक्षा के लिए संस्कृत विद्यालय में पढ़ने को लेकर जोर दिया वही ब्राह्मण संगठन के अध्यक्ष अतुल दुबे ने जिले पर क्रांतिकारी मंगल पांडे की मूर्ति लगाई जाए व ब्राह्मण हित की बात हो को मंच से कहा गया तथा राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा पार्टी के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री द्वारा जौनपुर के कार्यकर्ताओं का बखान किया गया वहीं उन्होंने कहा कि हम अपने समाज के लिए अपनी नौकरी को त्याग दिए आज अपने समाज का कौन नेतृत्व कर रहा है सभी समाज के अपने-अपने नेता हैं जो अपनी पार्टी से अपनी जाति के लिए बगावत कर सकते हैं लेकिन ब्राह्मणों का कोई हितैषी नहीं है और ब्राह्मण आज अनाथ है। वहीं बेरोजगारी, ब्राह्मणों पर अत्याचार आरक्षण व जातिगत भेदभाव को लेकर मंच से अपनी बातें रखी वहीं उपस्थित लोगों ने उनकी खूब सराहना की और खूब तालियां बजाई। इस मौके पर पारसनाथ उपाध्याय, रविंद्र मिश्रा, बजरंग प्रसाद, सिया दीन शर्मा, ओमप्रकाश दुबे, कामेश्वर नाथ उपाध्याय, आनंद दुबे, संतोष तिवारी संजय पांडे डॉक्टर सुरेश त्रिपाठी, विनोद तिवारी, रामनयन उपाध्याय, अवनीश मिश्रा, शरद मिश्रा, सत्यम दुबे, दीपक तिवारी, राजेश तिवारी, माला शुक्ला, संतोष चंद्र दुबे, गोली दुबे व प्रमोद चतुर्वेदी सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
कुलपति बनने के बाद जौनपुर आगमन पर प्रोफेसर आरएन त्रिपाठी का सम्मान
जौनपुर। पंडित चंद्रेश मिश्र पीठ के संरक्षक प्रोफेसर आरएन त्रिपाठी का जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रथम जौनपुर आगमन पर पीठ के सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।पीठ के अध्यक्ष पंडित रामकृष्ण त्रिपाठी ने कुलपति के रूप में स्वागत करते हुए शुभकामना दी और विश्वविद्यालय के उत्कर्ष की कामना की।पंडित जी ने कहा कि प्रोफेसर त्रिपाठी विद्वान, सरल एवं सहज व्यक्ति हैं।कुलपति पद उन्हें पाकर गौरवांवित हो गया।
पीठ के प्रमुख सदस्य एडवोकेट गौरीशंकर मिश्र,ब्राह्मण चेतना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी,एडवोकेट अश्वनी दुबे,पूर्व प्रवक्ता विनोद सिंह, डॉक्टर रामजी तिवारी, प्रबंधक लिटिल फॉक्स स्कूल रवि श्रीवास्तव, पत्रकार देवी सिंह सोनू, कॉंग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्र भुवन सिंह,पूर्व डाक अधीक्षक प्रभाकर त्रिपाठी,कलेक्ट्रेट के पूर्व कर्मचारी अशोक मिश्र, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विधि विभाग के प्रवक्ता डॉक्टर राजन त्रिपाठी आदि ने स्वागत कर शुभकामना दी।जनपद से बाहर होने के कारण पीठ के कोषाध्यक्ष पंडित रामदयाल द्विवेदी ने दूरभाष पर बधाई दी। इस अवसर पर प्रोफेसर आरएन त्रिपाठी ने कहा कि यह उनका 16 वाँ पद है।पद आने और जाने वाले होते हैं इसलिए पद में लिप्त न होकर ईश्वर द्वारा प्रदत्त पद के दायित्वों का निर्वहन सत्यनिष्ठा से करनी चाहिए।
किंग्स ईडेन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में रविवार को ‘संकल्पित समर्पण’ विषय पर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। क्षेत्र के सदरपुर गालिबपुर स्थित किंग्स ईडेन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में रविवार को ‘संकल्पित समर्पण’ विषय पर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश सरोज, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन गुप्ता एवं पूर्व विधानसभा प्रभारी डॉ. धर्म सिंह गौतम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सेमिनार में बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, ओटी टेक्नीशियन एवं डी-फार्मा के विद्यार्थियों ने मानसिक रोग, दमा समेत विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

नाटक एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को जागरूक करते हुए बताया कि मानसिक रोग कोई अंधविश्वास या झाड़-फूंक का विषय नहीं है। ऐसे मरीजों को तंत्र-मंत्र के बजाय योग्य चिकित्सक से परामर्श लेकर समय पर उचित उपचार कराना चाहिए।

इस दौरान कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. मोनिका गुप्ता ने महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ शिक्षा ग्रहण करें तथा भविष्य की चुनौतियों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करें।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया एवं डायरेक्टर डॉ. मोनिका गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल अभिनव श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव, अजीत जायसवाल, चंद्रभूषण यादव, संजीव द्विवेदी, अरविंद गुप्ता, मिथिलेश सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार की तरह इस रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना के अंतर्गत आने वाले चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया।

करहां समेत चारों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने पहुंचने वाले मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं।

स्वास्थ्य मेले के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद ने मरीजों से मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण इन दिनों सर्दी-जुकाम, खांसी, सांस फूलना, घबराहट, ब्लड प्रेशर और शुगर से संबंधित समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी परेशानी पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।

चारों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में कुल 183 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाएं भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर डॉ. जावेद अहमद, डॉ. बृजलाल, डॉ. नेहा रानी, डॉ. बलवंत, डॉ. संजय चौहान सहित जयप्रकाश मौर्य, शैलेंद्र मिश्रा, शिवम पांडे, प्रेम सागर दुबे, मनोज श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश यादव, रितेश कुमार राय, सरोज यादव समेत एएनएम, स्टाफ नर्स एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
मऊ नसोपुर में मिशन शक्ति टीम ने आयोजित किया बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा व हेल्पलाइन की दी जानकारी

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम द्वारा ग्राम नसोपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

सम्मेलन में महिलाओं के बीच संवाद स्थापित करते हुए घरेलू हिंसा, प्रताड़ना तथा दहेज से जुड़ी घटनाओं की रोकथाम पर चर्चा की गई। वहीं अविवाहित छात्राओं एवं युवतियों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जानकारी ली गई। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को विषम परिस्थितियों में सहायता लेने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा या प्रताड़ना की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल संबंधित विभाग अथवा पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मी, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता, एनजीओ प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा बहुओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
मऊ में फिटनेस एवं न्यूट्रिशन सेंटर का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली के लिए खान-पान पर जोर
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना-मऊ मार्ग स्थित बाईपास के निकट रविवार को लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फिटनेस एवं न्यूट्रिशन सेंटर का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन शिवजी यादव, मिथिलेश सिंह एवं उनके सहयोगियों ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियमित खान-पान और बदलती जीवनशैली के कारण लोग हृदय संबंधी समस्याओं, पाचन तंत्र, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता, त्वचा संबंधी परेशानियों तथा नींद से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए खान-पान के साथ नियमित व्यायाम और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

सेंटर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस और संतुलित खान-पान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न जानकारियां भी दी गईं।

इस अवसर पर अप्पू सिंह, विवेक सिंह, रवि कुमार, मनोज श्रीवास्तव, भानु यादव समेत कई दर्जन लोग मौजूद रहे। केंद्र की सेवाएं अब शुरू हो गई हैं।
Mirzapur: डोहरी गांव के पास बाइक और ट्रक से एक्सीडेंट, मासूम सहित तीन की मौत ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
मीरजापुर। जिले के जमालपुर स्थानीय थाना क्षेत्र के जेके स्टेट हाईवे पर डोहरी गांव के पास रविवार की देर शाम हाईवा की टक्कर से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक सवार किशोर और दो वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार भड़ेवल गांव निवासी नितिश 16 वर्ष पुत्र धनंजय बियार अपनी फैशन प्रो बाइक से अपनी मां श्यामरति 52 और दो वर्षीय अंकिता को लेकर पिपरा चकिया जनपद चंदौली गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सिकंदरपुर चकिया की ओर से आ रहे हाईवा से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे नितिश और दो वर्षीय अंकिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि श्यामरति गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल श्यामरति देबी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर लाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणो ने जीवनाथपुर कंचनपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया है और मुआवजे  की मांग पर अडे हुए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि मृतका श्यामरति के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। वहीं दो वर्षीय अंकिता अपने ननिहाल आई हुई थी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।