बाई का बाग दुर्गा पूजा बारवारी का शताब्दी वर्ष में ऐतिहासिक जलवा, सभी श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल कर रचा कीर्तिमान
शताब्दी सम्मान से नवाजी गई समिति, पद्मनाभस्वामी मंदिर की भव्य थीम और अलौकिक मां दुर्गा की प्रतिमा ने बिखेरा आकर्षण
प्रयागराज
Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह
बाई का बाग दुर्गा पूजा बारवारी ने अपने गौरवशाली शताब्दी वर्ष में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। बंगाली वेलफेयर एसोसिएशन, इलाहाबाद दुर्गा पूजा समिति के सहयोग से भारत सेवाश्रम संघ में आयोजित दुर्गा पूजा पारितोषिक वितरण समारोह में बाई का बाग बारवारी को प्रतिष्ठित 'शताब्दी सम्मान पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। इस वर्ष विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समिति ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराया।बाई का बाग दुर्गा पूजा पंडाल इस वर्ष केरल के विश्वप्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर की भव्य स्थापत्य कला और वैभवशाली स्वरूप पर आधारित था। पंडाल की अद्भुत सजावट, बारीक कलाकारी और आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा ऐसी प्रतीत हो रही थी मानो साक्षात मां भवानी भक्तों को दर्शन देने के लिए विराजमान हों। स्वर्णिम आभा से दमकता मां का दरबार अलौकिक छटा बिखेर रहा था।विशेष रूप से केरल के पद्मनाभस्वामी मंदिर के तहखानों में सुरक्षित अकूत संपदा, बहुमूल्य हीरे-जवाहरात और नाग देवता से जुड़ी मान्यताओं को कलात्मक ढंग से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया था। पूरी थीम की भव्यता और कलात्मक प्रस्तुति ने बाई का बाग पूजा को विशेष पहचान दिलाई।समारोह में विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त शील्ड एवं प्रमाणपत्र समिति की ओर से राजू द्विवेदी, टीपी मिश्रा, सुब्रतो घोष, अमरीश जैन, सचिन रावत, जय मुखर्जी, जय अग्रवाल, अंकित सिंह सहित अन्य सदस्यों ने ग्रहण किए।
पूजा संयोजक एवं मीडिया प्रभारी लालू मित्तल ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को श्रद्धालुओं, नगरवासियों और शुभचिंतकों के अपार स्नेह एवं विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल समिति का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है, जिन्होंने वर्षों से बाई का बाग दुर्गा पूजा की परंपरा, भव्यता और गरिमा को बनाए रखने में अपना योगदान दिया है। उन्होंने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाई बजट श्रेणी में भव्य एवं उत्कृष्ट प्रतिमा के लिए प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे परिवार के लिए गौरव और ऐतिहासिक क्षण है।
अन्य श्रेणियों के पुरस्कार
हाई बजट की 'कमाल की मूर्ति' श्रेणी में बाई का बाग बारवारी प्रथम स्थान पर रही। द्वितीय स्थान पर नेता नगर बारवारी और जॉर्ज टाउन बारवारी को सम्मानित किया गया।धमाल का पंडाल' श्रेणी में कटघर बारवारी विजेता रही, जबकि द्वितीय स्थान शाहगंज बारवारी और तृतीय स्थान रामानंद अल्लापुर बारवारी को मिला।मीडियम बजट की 'कमाल की मूर्ति' श्रेणी में महामाया प्रीतम नगर बारवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मीरापुर, साउथ मलाका, कालिंदीपुरम और कीडगंज बारवारी को क्रमशः द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान से सम्मानित किया गया।इसी प्रकार मीडियम बजट की 'धमाल का पंडाल' श्रेणी में रामबाग बारवारी प्रथम रही। शास्त्री नगर, करेली, झूंसी योजना-2 और एनसीआर बारवारी को क्रमशः द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान प्राप्त हुआ। श्रेष्ठ प्रबंधन के लिए राजरूप बारवारी और भारद्वाजपुरम बारवारी को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम का संचालन उत्तम कुमार बनर्जी ने किया, जबकि मंच प्रबंधन की जिम्मेदारी सुदीपा मित्रा ने निभाई।
Nov 01 2026, 19:06
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.2k