34 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन, 1251 मरीजों को मिला उपचार; 13 मरीज किए गए रेफर
बुखार, त्वचा, श्वांस और मधुमेह समेत विभिन्न बीमारियों की हुई जांच, 142 पैरामेडिकल कर्मचारियों ने संभाली स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी

फर्रुखाबाद।
जनपद में रविवार को 34 प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित मेले में 35 चिकित्सकों एवं 142 पैरामेडिकल कर्मचारियों ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। मेले का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

1251 मरीजों का हुआ पंजीकरण

आरोग्य मेले में कुल 1251 मरीजों ने पहुंचकर उपचार प्राप्त किया। इनमें 569 पुरुष, 520 महिलाएं और 162 बच्चे शामिल रहे। मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही 39 गर्भवती महिलाओं की भी स्वास्थ्य जांच की गई।

त्वचा और अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या अधिक

मेले में त्वचा संबंधी समस्याओं के 337, अन्य बीमारियों के 383, श्वांस संबंधी 165, गैस्ट्रो संबंधी 158, मधुमेह के 166, बुखार के 230, उच्च रक्तचाप के 66 तथा लीवर संबंधी 42 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त 11 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया तथा तीन लोगों की आंखों की जांच की गई।

मलेरिया और डेंगू की भी हुई जांच

मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण के लिए मेले में 85 मरीजों की मलेरिया तथा 35 मरीजों की डेंगू जांच की गई। जांच में मलेरिया और डेंगू का कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया। वहीं 34 लोगों के हेपेटाइटिस-बी तथा 30 लोगों के हेपेटाइटिस-सी कार्ड टेस्ट किए गए। टीबी के 18 संदिग्ध मरीज चिह्नित किए गए तथा 29 लोगों की कोविड जांच भी की गई।

13 मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर किया रेफर

आरोग्य मेले में बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता वाले 13 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया। इसके अलावा दो लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने तथा आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मांडा बामपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती एवं मा.राजा भइया जी का जन्मदिवस
प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के जिला अध्यक्ष विनित त्रिपाठी एवं युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रिंस परिहार कोरांव विधानसभा के प्रभारी विनय प्रताप सिंह तथा मनोहर प्रताप सिंह को कोरांव ब्लॉक पद पर नियुक्त किया गया। विश्वनाथ प्रताप सिंह को जिला मिडिया प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया है। दिनांक 31 अक्टूबर* को भारत के लौह पुरुष एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल जी  की जयंती तथा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय कुँवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ जी* का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
केक काटकर मा.राजा भइया जी का जन्मदिवस मनाया।* उपस्थित सभी लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी* के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा *मा.राजा भइया जी* के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, समर्थक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आपसी सौहार्द, एकजुटता और संगठन की मजबूती का संदेश देते हुए कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक संपन्न किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जनों, बड़े भाइयों एवं युवा साथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। जनसत्ता दल परिवार ने इस अवसर पर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
किसानों से मिले नायब तहसीलदार, ज्ञापन लेकर शासन तक पहुंचाने का दिया भरोसा

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई रूपापुर। औद्योगिक गलियारे के निर्माण को लेकर किसानों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के बीच रविवार को नायब तहसीलदार राजेश पटेल धरना स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। इसके बाद किसानों की ओर से सौंपा गया ज्ञापन प्राप्त करते हुए उसे शासन एवं उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया।
नायब तहसीलदार ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि किसानों की बात शासन स्तर तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही जिला प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी के धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से वार्ता करने की संभावना है। इससे किसानों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिल सकेगा।
इस दौरान नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने किसानों से आंदोलन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि से दूर रहें और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के सामने रखते रहें।
विकास के विरोध में नहीं, किसानों के हितों की रक्षा की मांग
धरना दे रहे किसानों ने अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्हें औद्योगिक गलियारे के निर्माण अथवा क्षेत्र में उद्योग स्थापित होने से कोई आपत्ति नहीं है। उद्योगों की स्थापना से क्षेत्र में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं, लेकिन विकास की इस प्रक्रिया में किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
किसानों का कहना है कि जिस जमीन पर उनका परिवार वर्षों से निर्भर है, उसके अधिग्रहण की स्थिति में उन्हें उचित और सम्मानजनक मुआवजा मिलना चाहिए। जमीन ही अधिकांश किसानों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में मुआवजे का निर्धारण इस तरह होना चाहिए, जिससे प्रभावित किसान अपने परिवार का भरण-पोषण और भविष्य सुरक्षित रख सकें।
किसानों ने विशेष रूप से पट्टाधारक किसानों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि पट्टे पर मिली जमीन पर खेती कर रहे किसानों को भी नियमानुसार उचित मुआवजा और उनका अधिकार मिलना चाहिए। औद्योगिक गलियारे से प्रभावित होने वाले ऐसे किसानों के हितों की भी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
जिलाधिकारी से स्वयं धरना स्थल पर पहुंचने की अपील
किसानों ने जिलाधिकारी हरदोई से मांग की कि वह स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को सुनें और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लें। किसानों का कहना है कि वे लगातार अपनी बात प्रशासन के सामने रख रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी प्रमुख मांगों का समाधान नहीं हो सका है।
किसानों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी विकास कार्य को रोकने के उद्देश्य से नहीं है, बल्कि वे अपनी जमीन के बदले न्यायसंगत मुआवजे और अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
रविवार को नायब तहसीलदार के धरना स्थल पर पहुंचने और ज्ञापन लेने के बाद किसानों को अपनी समस्याएं शासन तक पहुंचने की उम्मीद जगी है। अब किसानों की निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हैं।
इस अवसर पर नन्हे सिंह, राकेश सिंह, कृष्ण मुरारी, मुन्नी मियां, जलालुद्दीन, बड़े सिंह, छोटे सिंह, किशन सिंह, रईस पाल, रामपाल, सत्यपाल, बनवारी, छोटे भैया सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
पेंटिंग प्रतियोगिता में एस.बी.एस. पब्लिक इण्टर कॉलेज की अदिति पटेल ने मारी बाजी, विद्यालय का नाम किया रोशन

"जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 'पॉक्सो एक्ट' पर आयोजित प्रतियोगिता में छात्रा को मिला सम्मान"


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* नगर के मुख्य चौराहे से गौसगंज कलौली मार्ग पर स्थित एस.बी.एस. पब्लिक इण्टर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा अदिति पटेल ने पॉक्सो एक्ट विषयक पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदोई द्वारा 02 अक्टूबर को “बचपन बचाओ, भविष्य का निर्माण करो, कानून जानो” अभियान के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में अदिति ने अपनी उत्कृष्ट कलात्मक प्रतिभा, बेजोड़ रचनात्मकता और विधिक जागरूकता का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कैनवास पर बेहद संवेदनशील और संदेशपरक पेंटिंग उकेरी। उनकी इस सराहनीय और प्रेरणादायी उपलब्धि के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदोई द्वारा उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं शानदार ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया है। छात्रा की इस सफलता पर पूरे क्षेत्र और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। छात्रा की इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल किताबी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर छिपी हुई अनूठी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही मंच देना और निखारना भी है। एस.बी.एस. पब्लिक इण्टर कॉलेज छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विद्यालय प्रशासन ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से हम हर विद्यार्थी को जागरूक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विद्यालय परिवार व शिक्षकों ने अदिति पटेल को इस सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वाराणसी में किराए के मकान में चल रही थी अवैध असलहा फैक्टरी, दो गिरफ्तार

सामने घाट की शिवाजी नगर कॉलोनी में पुलिस की छापेमारी, तीन देसी पिस्टल, 143 कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में लंका थाना क्षेत्र अंर्तगत एक किराए के मकान में चल रही अवैध असलहा फैक्टरी का छापा मारकर खुलासा किया है। पुलिस ने माैके से दो आराेपित तस्करों को गिरफ्तार किया।

एडीसीपी वैभव बांगर ने रविवार काे पत्रकारों को बताया कि एक सिपाही पर हमला की घटना कारित हुई थी। इस मामले में पुलिस जांच कर रही थी। जांच में अमन नाम के युवक काे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई ताे उसने असलहा फैक्टरी की जानकारी दी। अवैध असलहा फैक्टरी की
जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें अमन काे लेकर सामने घाट की शिवाजी नगर कॉलोनी में स्थित किराए के मकान में पहुंची। कार्रवाई के दाैरान अंजनी नंदन झा के परिजन मौजूद थे। तलाशी के दाैरान माैके पर असलहें बनाए जाते पाए गए। माैके से भतीन देसी पिस्टल .32 बोर, 143 जिंदा कारतूस, 24 खोखा कारतूस, हथियार बनाने की मशीनें, औजार, लोहे के टुकड़े, धातु, लिक्विड और नाप-तौल की मशीनें बरामद की गईं।

एडीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम इस गिरोह से संबंधित अंजनी नंदन झा, राजू तिवारी और राज विश्वकर्मा को पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। इस गिराेह से संबंधित आराेपिताें की गिरफ्तारी में पुलिस की टीम को लगाया गया है। बरामद हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। वही, इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एक लाख का इनाम दिया जा रहा है।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में आजम खान, डासना जेल भेजे गए
रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने लिया था हिरासत में, जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद और मंत्री मोहम्मद आजम खान को रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए कोर्ट लेकर पहुंची। दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शनिवार शाम रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। रविवार को गाजियाबाद स्थित पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया है। अब ईडी उनसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करेगी।

आजम खान को सीधे रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश न करके विशेष अदालत में पेश किया गया था। ईडी की कानूनी टीम ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग व वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए अदालत से आजम खान की 14 दिनों की रिमांड मांगी थी। आजम खान के वकीलों ने ईडी की इस कार्रवाई और रिमांड अर्जी का विरोध किया था। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस आजम खान को लेकर डासना जेल पहुंची।

डासना जेल के अधीक्षक सीताराम शर्मा के अनुसार, जेल में पहली बार आने वाले सभी बंदियों के लिए नियम एक समान हैं। जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि रविवार हो या सामान्य कार्यदिवस, अदालत के आदेश पर पहली बार आने वाले प्रत्येक नए बंदी को नियमानुसार पहले सामान्य बैरक ही आवंटित किया जाता है। आजम के आने के पहले ही जेल की सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं।
गोरखपुर: चौरीचौरा में मुख्यमंत्री योगी बोले- भाजपा ने विकास से बदली तस्वीर, किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए पैकेज लाएंगे


-भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी, सड़कों पर अराजकता पैदा करने वाले नक्सलवाद, आतंकवाद व अलगाववाद के समर्थक : मुख्यमंत्री

-पंडित नेहरू ने नहीं की थी चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी, मदन मोहन मालवीय जी आगे आए: मुख्यमंत्री

-मुख्यमंत्री योगी बोले- उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार काे प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि साइक्लोन के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी। उन्होंने कहा कि हमने इसका मुआवजा तो दिया है, लेकिन मैं मानता हूं कि यह नाकाफी है। अन्नदाता किसान को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करने का काम करेगी। सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरा सर्वे कर लीजिए, तात्कालिक मुआवजा दीजिए। हम एक नया पैकेज अन्नदाता किसानों के लिए लाएंगे, जिसके माध्यम से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी रविवार को चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था। सपा सरकार अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया। सपा सरकार लूटपाट करने को बदमाश पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिये बदलाव करके दिखा दिया है। उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, प्रगति व संस्कृति की धरती बन गई है। अब यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है। अखिलेश यादव के समय बाहरी लोग यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे। आज यूपी वालों की आवभगत व सम्मान किया जाता है।



सपा और भाजपा की सरकार में अंतर समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी। 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज', 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' दिया। माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम भी किया। अब किसी गरीब की जमीन पर कोई माफिया कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता। किसी बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने पर अंजाम क्या होने वाला है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में नई पहचान के साथ बढ़ा भारत

सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर का विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश बदल चुका है और भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ा है। यह नया भारत है, जहां 140 करोड़ भारतवासी मोदी जी के नेतृत्व में गौरव की अनुभूति करते हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्ष में 46 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है। पीएम मोदी जी ने देश को गरीबी के कलंक से उबारने का काम किया है। गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है। उन्हें आवास मिल रहा है, घर में शौचालय बन रहे हैं, निशुल्क राशन सुविधा का लाभ मिल रहा है। पहली बार देश में 55 करोड़ लोगों को निशुल्क 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष आयुष्मान भारत का लाभ प्राप्त हुआ है। जनधन अकाउंट में 55 करोड़ लोगों के खाते खोले गए। कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार में गरीब को 100 रुपये में मात्र 15 रुपये ही मिलते थे, जबकि जनधन खातों के जरिये अब गरीब को पूरे 100 रुपये मिलते हैं।

पंडित नेहरू ने नहीं की थी चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना में 172 देशभक्तों को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी। ये कांग्रेसी कहते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के बहुत बड़े अधिवक्ता थे। पर, सच्चाई यह है कि उस समय इन 172 किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों की पैरवी पंडित नेहरू ने नहीं की। तब पंडित मदन मोहन मालवीय पैरवी के लिए आगे आए। मालवीय जी ने 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से छुड़ाने में सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज के रूप में ही होना चाहिए। उन्होंने ओवरब्रिज के लिए कमलेश पासवान, संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और सरवन निषाद के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

तरकुलहा देवी के उपासक बंधु सिंह ने अंग्रेज सरकार की चूलें हिलाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि डबल इंजन की सरकार ने मां तरकुलहा देवी के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि अवमुक्त कराई। जब हम तरकुलहा देवी की बात करते हैं तो बाबू बंधु सिंह का भी स्मरण करते हैं। बाबू बंधु सिंह ने 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में अंग्रेजों की चूलें हिलाने का काम किया था। उन्हें गोरखपुर में फांसी की सजा दी गई थी। कहते हैं, जब उनको फांसी की सजा दी जा रही थी, बार-बार फांसी का फंदा टूटता था। अंत में बाबू बंधु सिंह ने स्वयं मां तरकुलहा का आह्वान किया, ‘माई अब देर मत कर, कई बंधु सिंह पैदा होंगे, अब मुझे अपनी गोदी में सुलाओ।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बंधु सिंह के साथ तरकुलहा देवी का मंदिर अमर हो गया, श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। आज हर व्यक्ति तरकुलहा देवी के मंदिर में जाकर मां का भी आशीर्वाद लेता है और क्रांतिकारी शहीद बंधु सिंह का भी स्मरण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

पंडित मालवीय को भारत रत्न चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास को जानने वाला हर व्यक्ति चौरीचौरा को जानता है। चौरीचौरा की घटना का प्रभाव इतना ज्यादा था कि कांग्रेस का नेतृत्व भी हिल गया था। उसने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन कुछ नहीं रुका। चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरोकारी करने वाले पंडित मदन मोहन मालवीय जी को भारत रत्न देकर सरकार ने उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। यह भारत रत्न चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का भी सम्मान है।

चौरीचौरा को दीपावली और छठ का उपहार हैं विकास परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे चौरीचौरा को दीपावली और छठ के उपलक्ष्य में उपहार स्वरूप हैं। पहले चरण में हम लोगों ने रेल ओवरब्रिज बनाया है, मार्ग दिया है। इस मार्ग को बनाने में जितना पैसा नहीं खर्च हुआ, उससे ज्यादा हमने मुआवजे में खर्च किया है। कारण यह कि यहां का आवागमन बंद नहीं होना चाहिए।



समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान , मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद , चौरीचौरा के विधायक सरवन निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, सुमन यादव, सनी जायसवाल आदि उपस्थित रहे।



लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के मंच पर मुख्यमंत्री योगी ने शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित भी किया। कृषि विभाग की योजना के लाभार्थी रामबचन, अशोक सिंह, राजमंगल, मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, ऊषा देवी, जीरो पॉवर्टी की लाभार्थी गुंजा देवी, सुनीता देवी और औद्योगिक प्रगतिशील कृषक रामप्रीत, देवेंद्र प्रताप, रामबचन मौर्य व रामलला को सीएम योगी के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने इन प्रमुख परियोजनाओं का किया लोकार्पण

- भोपा बाजार में समपार संख्या 147बी पर रेल ओवरब्रिज निर्माण, लागत 59.44 करोड़ रुपये।

- जगदीशपुर, सरैया ब्लॉक होते हुए देवरिया फोरलेन मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण, लागत 24.84 करोड़ रुपये।

- चौरीचौरा अग्निशमन केंद्र के आवासीय/अनावासीय भवनों का निर्माण, लागत 12.80 करोड़ रुपये।

- गोर्रा नदी के दाएं तट पर स्थित इटौवा तटबंध के किमी शून्य से किमी 10.10 के मध्य तटबंध के पुर्नस्थापना का कार्य, लागत 4.58 करोड़ रुपये।

- गोर्रा नदी के बाएं किनारे पर स्थित नेकवार बोहावार तटबंध के किमी शून्य से किमी 7.445 तक पुर्नस्थापना का कार्य, लागत 3.55 करोड़ रुपये और कई अन्य परियाेजनाएं



इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

- चौरीचौरा गौनर मार्ग से विशुनपुर उसरहवा विशम्भरपुर रामपुर बुजुर्ग मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 21.53 करोड़ रुपये।

- सोनबरसा से फुटहवा इनार के किमी 6 (सरैया) से निकलकर बिलारी, वायसी नाला, फुलवरिया, छबैला, बघाड, मोहम्मदपुर होते हुए सोनबरसा बाबू तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 20.52 करोड़ रुपये।

- भोपाबाजार आरओबी से शहीद स्मारक स्थल, अशोक आयरन एंड स्टील सेलिंग मिल होते हुए चौरीचौरा गौनर मार्ग तक पहुंच मार्ग का निर्माण, लागत 20.56 करोड़ रुपये। व अन्य कई परियाेजनाएं
आजम खां की गिरफ्तारी कानून के तहत : बृजेश पाठक
लखनऊ। 'उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर जिला जेल से रिहा हाेने के बाद सपा नेता आजम खां की गिरफ्तारी कानून के तहत हुई है। इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है। कानून में कोई हस्तक्षेप सरकार नहीं करती है। उन्हाेंने जो जुर्म किया है, उसके तहत कानून कार्य कर रहा है। यदि कोई अन्याय हो रहा है तो उसके लिए अदालत के दरवाजे खुले हैं।'

यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को गाजियाबाद के पुलिस लाइन में आगमन के दौरान पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं।

यूपी के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का कार्य कानून व्यवस्था को मजबूत करने का है, जो कि उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में भाजपा सरकार के दौरान हुए सुधार हुआ है। इससे हर वर्ग के लोग संतुष्ट हैं। मजबूत कानून व्यवस्था और विकास के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। पाठक से जब दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर सत्ता में आने की व्याकुलता है। इसी वजह से रैली का आयोजन किया जा रहा है। जनता के बीच कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ हैं।

उत्तर प्रदेश में एमएलसी के चुनाव में वाराणसी में भाजपा की हार के सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी समीक्षा की जा रही है, अब तक की समीक्षा में जो एक वजह सामने आई है, वह वहां पर टिकट की घोषणा करने में देरी है। उन्होंने कहा कि जो कमियां हैं, उनको दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या में लोकसभा चुनाव में हार और एमएलसी चुनाव में वाराणसी में हार का असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई नही देगा। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनना तय है, इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं है।
राज्यपाल के दौरे की तैयारियों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया:काशी नरेश विश्वविद्यालय और पुलिस लाइन में साफ-सफाई, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था देखी


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। राज्यपाल के जनपद दौरे की तैयारियों का विंध्याचल मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने काशी नरेश विश्वविद्यालय परिसर और पुलिस लाइन में व्यवस्थाएं देखीं और संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि राज्यपाल के दौरे से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय में पूरी की जाएं। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत ज्ञानपुर और जिला पंचायत राज अधिकारी को विश्वविद्यालय परिसर और आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से परिसर और संबंधित सड़कों की मरम्मत समेत सौंपे गए काम समय पर पूरे करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम पूरा करने और सुरक्षा व यातायात के इंतजाम समय पर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान काशी नरेश विश्वविद्यालय की कुलपति उमा श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यूपी पीईटी-2026 की परीक्षा जनपद फर्रुखाबाद में दोनों पालियों में शांतिपूर्ण एवं सफलतम रूप से सम्पन्न

*प्रथम पाली में 73.42 प्रतिशत एवं द्वितीय पाली में 74.57 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा*

फर्रुखाबाद ।जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि जनपद में उत्तर प्रदेश प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा -2026 की प्रथम पाली एवं द्वितीय पाली की परीक्षा आज निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए जनपद में कुल 22 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। इन केंद्रों पर प्रथम पाली में कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,378 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 2,310 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 73.42 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही।

इस प्रकार द्वितीय पाली में भी कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,479 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 2,209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा की द्वितीय पाली में कुल 74.57 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही।

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्यवाही की गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की गईं।

उन्होंने बताया कि जनपद में परीक्षा का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया तथा परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर के निर्देशन में जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा के सुचारु संचालन में सहयोग करने वाले सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।