गोरखपुर: चौरीचौरा में मुख्यमंत्री योगी बोले- भाजपा ने विकास से बदली तस्वीर, किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए पैकेज लाएंगे


-भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी, सड़कों पर अराजकता पैदा करने वाले नक्सलवाद, आतंकवाद व अलगाववाद के समर्थक : मुख्यमंत्री

-पंडित नेहरू ने नहीं की थी चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी, मदन मोहन मालवीय जी आगे आए: मुख्यमंत्री

-मुख्यमंत्री योगी बोले- उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार काे प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि साइक्लोन के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी। उन्होंने कहा कि हमने इसका मुआवजा तो दिया है, लेकिन मैं मानता हूं कि यह नाकाफी है। अन्नदाता किसान को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करने का काम करेगी। सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरा सर्वे कर लीजिए, तात्कालिक मुआवजा दीजिए। हम एक नया पैकेज अन्नदाता किसानों के लिए लाएंगे, जिसके माध्यम से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी रविवार को चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था। सपा सरकार अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया। सपा सरकार लूटपाट करने को बदमाश पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिये बदलाव करके दिखा दिया है। उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, प्रगति व संस्कृति की धरती बन गई है। अब यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है। अखिलेश यादव के समय बाहरी लोग यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे। आज यूपी वालों की आवभगत व सम्मान किया जाता है।



सपा और भाजपा की सरकार में अंतर समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी। 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज', 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' दिया। माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम भी किया। अब किसी गरीब की जमीन पर कोई माफिया कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता। किसी बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने पर अंजाम क्या होने वाला है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में नई पहचान के साथ बढ़ा भारत

सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर का विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश बदल चुका है और भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ा है। यह नया भारत है, जहां 140 करोड़ भारतवासी मोदी जी के नेतृत्व में गौरव की अनुभूति करते हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्ष में 46 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है। पीएम मोदी जी ने देश को गरीबी के कलंक से उबारने का काम किया है। गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है। उन्हें आवास मिल रहा है, घर में शौचालय बन रहे हैं, निशुल्क राशन सुविधा का लाभ मिल रहा है। पहली बार देश में 55 करोड़ लोगों को निशुल्क 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष आयुष्मान भारत का लाभ प्राप्त हुआ है। जनधन अकाउंट में 55 करोड़ लोगों के खाते खोले गए। कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार में गरीब को 100 रुपये में मात्र 15 रुपये ही मिलते थे, जबकि जनधन खातों के जरिये अब गरीब को पूरे 100 रुपये मिलते हैं।

पंडित नेहरू ने नहीं की थी चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना में 172 देशभक्तों को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी। ये कांग्रेसी कहते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के बहुत बड़े अधिवक्ता थे। पर, सच्चाई यह है कि उस समय इन 172 किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों की पैरवी पंडित नेहरू ने नहीं की। तब पंडित मदन मोहन मालवीय पैरवी के लिए आगे आए। मालवीय जी ने 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से छुड़ाने में सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज के रूप में ही होना चाहिए। उन्होंने ओवरब्रिज के लिए कमलेश पासवान, संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और सरवन निषाद के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

तरकुलहा देवी के उपासक बंधु सिंह ने अंग्रेज सरकार की चूलें हिलाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि डबल इंजन की सरकार ने मां तरकुलहा देवी के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि अवमुक्त कराई। जब हम तरकुलहा देवी की बात करते हैं तो बाबू बंधु सिंह का भी स्मरण करते हैं। बाबू बंधु सिंह ने 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में अंग्रेजों की चूलें हिलाने का काम किया था। उन्हें गोरखपुर में फांसी की सजा दी गई थी। कहते हैं, जब उनको फांसी की सजा दी जा रही थी, बार-बार फांसी का फंदा टूटता था। अंत में बाबू बंधु सिंह ने स्वयं मां तरकुलहा का आह्वान किया, ‘माई अब देर मत कर, कई बंधु सिंह पैदा होंगे, अब मुझे अपनी गोदी में सुलाओ।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बंधु सिंह के साथ तरकुलहा देवी का मंदिर अमर हो गया, श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। आज हर व्यक्ति तरकुलहा देवी के मंदिर में जाकर मां का भी आशीर्वाद लेता है और क्रांतिकारी शहीद बंधु सिंह का भी स्मरण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

पंडित मालवीय को भारत रत्न चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास को जानने वाला हर व्यक्ति चौरीचौरा को जानता है। चौरीचौरा की घटना का प्रभाव इतना ज्यादा था कि कांग्रेस का नेतृत्व भी हिल गया था। उसने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन कुछ नहीं रुका। चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरोकारी करने वाले पंडित मदन मोहन मालवीय जी को भारत रत्न देकर सरकार ने उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। यह भारत रत्न चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का भी सम्मान है।

चौरीचौरा को दीपावली और छठ का उपहार हैं विकास परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे चौरीचौरा को दीपावली और छठ के उपलक्ष्य में उपहार स्वरूप हैं। पहले चरण में हम लोगों ने रेल ओवरब्रिज बनाया है, मार्ग दिया है। इस मार्ग को बनाने में जितना पैसा नहीं खर्च हुआ, उससे ज्यादा हमने मुआवजे में खर्च किया है। कारण यह कि यहां का आवागमन बंद नहीं होना चाहिए।



समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान , मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद , चौरीचौरा के विधायक सरवन निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, सुमन यादव, सनी जायसवाल आदि उपस्थित रहे।



लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के मंच पर मुख्यमंत्री योगी ने शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित भी किया। कृषि विभाग की योजना के लाभार्थी रामबचन, अशोक सिंह, राजमंगल, मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, ऊषा देवी, जीरो पॉवर्टी की लाभार्थी गुंजा देवी, सुनीता देवी और औद्योगिक प्रगतिशील कृषक रामप्रीत, देवेंद्र प्रताप, रामबचन मौर्य व रामलला को सीएम योगी के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने इन प्रमुख परियोजनाओं का किया लोकार्पण

- भोपा बाजार में समपार संख्या 147बी पर रेल ओवरब्रिज निर्माण, लागत 59.44 करोड़ रुपये।

- जगदीशपुर, सरैया ब्लॉक होते हुए देवरिया फोरलेन मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण, लागत 24.84 करोड़ रुपये।

- चौरीचौरा अग्निशमन केंद्र के आवासीय/अनावासीय भवनों का निर्माण, लागत 12.80 करोड़ रुपये।

- गोर्रा नदी के दाएं तट पर स्थित इटौवा तटबंध के किमी शून्य से किमी 10.10 के मध्य तटबंध के पुर्नस्थापना का कार्य, लागत 4.58 करोड़ रुपये।

- गोर्रा नदी के बाएं किनारे पर स्थित नेकवार बोहावार तटबंध के किमी शून्य से किमी 7.445 तक पुर्नस्थापना का कार्य, लागत 3.55 करोड़ रुपये और कई अन्य परियाेजनाएं



इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

- चौरीचौरा गौनर मार्ग से विशुनपुर उसरहवा विशम्भरपुर रामपुर बुजुर्ग मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 21.53 करोड़ रुपये।

- सोनबरसा से फुटहवा इनार के किमी 6 (सरैया) से निकलकर बिलारी, वायसी नाला, फुलवरिया, छबैला, बघाड, मोहम्मदपुर होते हुए सोनबरसा बाबू तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 20.52 करोड़ रुपये।

- भोपाबाजार आरओबी से शहीद स्मारक स्थल, अशोक आयरन एंड स्टील सेलिंग मिल होते हुए चौरीचौरा गौनर मार्ग तक पहुंच मार्ग का निर्माण, लागत 20.56 करोड़ रुपये। व अन्य कई परियाेजनाएं
आजम खां की गिरफ्तारी कानून के तहत : बृजेश पाठक
लखनऊ। 'उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर जिला जेल से रिहा हाेने के बाद सपा नेता आजम खां की गिरफ्तारी कानून के तहत हुई है। इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है। कानून में कोई हस्तक्षेप सरकार नहीं करती है। उन्हाेंने जो जुर्म किया है, उसके तहत कानून कार्य कर रहा है। यदि कोई अन्याय हो रहा है तो उसके लिए अदालत के दरवाजे खुले हैं।'

यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को गाजियाबाद के पुलिस लाइन में आगमन के दौरान पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं।

यूपी के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का कार्य कानून व्यवस्था को मजबूत करने का है, जो कि उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में भाजपा सरकार के दौरान हुए सुधार हुआ है। इससे हर वर्ग के लोग संतुष्ट हैं। मजबूत कानून व्यवस्था और विकास के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। पाठक से जब दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर सत्ता में आने की व्याकुलता है। इसी वजह से रैली का आयोजन किया जा रहा है। जनता के बीच कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ हैं।

उत्तर प्रदेश में एमएलसी के चुनाव में वाराणसी में भाजपा की हार के सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी समीक्षा की जा रही है, अब तक की समीक्षा में जो एक वजह सामने आई है, वह वहां पर टिकट की घोषणा करने में देरी है। उन्होंने कहा कि जो कमियां हैं, उनको दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या में लोकसभा चुनाव में हार और एमएलसी चुनाव में वाराणसी में हार का असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई नही देगा। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनना तय है, इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं है।
राज्यपाल के दौरे की तैयारियों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया:काशी नरेश विश्वविद्यालय और पुलिस लाइन में साफ-सफाई, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था देखी


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। राज्यपाल के जनपद दौरे की तैयारियों का विंध्याचल मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने काशी नरेश विश्वविद्यालय परिसर और पुलिस लाइन में व्यवस्थाएं देखीं और संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि राज्यपाल के दौरे से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय में पूरी की जाएं। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत ज्ञानपुर और जिला पंचायत राज अधिकारी को विश्वविद्यालय परिसर और आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से परिसर और संबंधित सड़कों की मरम्मत समेत सौंपे गए काम समय पर पूरे करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम पूरा करने और सुरक्षा व यातायात के इंतजाम समय पर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान काशी नरेश विश्वविद्यालय की कुलपति उमा श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यूपी पीईटी-2026 की परीक्षा जनपद फर्रुखाबाद में दोनों पालियों में शांतिपूर्ण एवं सफलतम रूप से सम्पन्न

*प्रथम पाली में 73.42 प्रतिशत एवं द्वितीय पाली में 74.57 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा*

फर्रुखाबाद ।जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि जनपद में उत्तर प्रदेश प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा -2026 की प्रथम पाली एवं द्वितीय पाली की परीक्षा आज निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए जनपद में कुल 22 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। इन केंद्रों पर प्रथम पाली में कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,378 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 2,310 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 73.42 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही।

इस प्रकार द्वितीय पाली में भी कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,479 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 2,209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा की द्वितीय पाली में कुल 74.57 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही।

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्यवाही की गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की गईं।

उन्होंने बताया कि जनपद में परीक्षा का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया तथा परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर के निर्देशन में जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा के सुचारु संचालन में सहयोग करने वाले सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बने मनीष यादव, देव नारायण पाल बने जिला मंत्री
जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ का जिला सम्मेलन राज्य अध्यक्ष कमल अग्रवाल की अध्यक्षता में पूजा पैलेस, जौनपुर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में लोक निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन विभाग सहित कई विभागों के सैकड़ों पदाधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से जिला कमेटी का चुनाव किया गया। जिसमें मनीष यादव (बेसिक शिक्षा) को अध्यक्ष और देव नारायण पाल (लोक निर्माण) को जिला मंत्री चुना गया। इसके अलावा रमाशंकर बिंद (पीडब्ल्यूडी) को कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार (स्वास्थ्य) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उमानाथ यादव को उपाध्यक्ष और प्रेम धर उपाध्याय को संरक्षक निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसपी सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सम्मेलन में सर्वसम्मति से अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 12 दिसंबर को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का निर्णय लिया गया। मांगों में पुरानी पेंशन बहाली, ठेका-संविदा व एनएचएम सहित केंद्रीय परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करना, 8वें वेतन आयोग में 3.8 फिटमेंट फैक्टर, 5 प्रतिशत इंक्रीमेंट, निजीकरण पर रोक और 18 महीने के बकाया डीए और डीआर को रिलीज करना प्रमुख है। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष मनीष यादव और जिला मंत्री देव नारायण पाल ने बताया कि रैली की तैयारियों और जिला कमेटी के विस्तार के लिए सभी विभागों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसपी सिंह, राज्य अध्यक्ष कमल अग्रवाल, प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य अध्यक्ष यशपाल सैनी, महामंत्री अनिल यादव, फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विस एसोसिएशन्स के राज्य अध्यक्ष उपेंद्र मणि त्रिपाठी, महामंत्री प्रदीप गुप्ता, लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष पद्मनाभ त्रिवेदी, महामंत्री जेपी पांडेय, चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के कल्लू राम, अच्छे लाल पाल, अफीफ सिद्दीकी सहित कई नेता मौजूद रहे
भदोही में महिलाओं को कानूनी मदद और योजनाओं की जानकारी दी: मिशन शक्ति शिविर में कन्या पूजन हुआ, बालिकाओं को फल, मिठाई, पेन और उपहार दिए


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने महिला कल्याण विभाग के सहयोग से मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला विधिक जागरूकता शिविर लगाया। इसमें महिलाओं को कानूनी मदद और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला जज, मुख्य विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिले के अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। जिला जज ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे शिविर लगातार लगाए जा रहे हैं।

शिविर में महिलाओं को मुफ्त कानूनी मदद, ‘सबके लिए न्याय’, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के अंत में महिला लाभार्थियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

महिला कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल वकील भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर शारदीय नवरात्र 2026 के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिकाओं का कन्या पूजन भी किया गया। कन्याओं को तिलक लगाकर टोपी, चुनरी, फल, मिठाई, पेन, भोजन, प्रसाद और उपहार दिए गए।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन कार्यालय से राजकुमार गुप्ता, आनंद कुमार मौर्य, गोपाल कृष्ण यादव, कुणाल कुमार गुप्ता, शिवशंकर मौर्य, दिलबर और सत्येंद्र कुमार पांडेय मौजूद रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्राएं भी शामिल हुईं।
Mirzapur: मार्ग का अभाव, जगरनाथपुरी कॉलोनी का मार्ग बदहाल,आवागमन हुआ दुश्वार
मीरजापुर। जिले के गरौड़ी, अदलहाट स्थित जगरनाथपुरी कॉलोनी में मार्ग का निर्माण नहीं होने से कॉलोनीवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अर्धनिर्मित मार्ग पर बरसात के दिनों में पानी भर जाने से लोगों का अदलहाट मुख्य मार्ग तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में स्थानीय निवासियों को दूसरे रास्तों से लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ता है।बताया जाता है कि जिला पंचायत की ओर से कॉलोनी में सीवर लाइन तो बिछा दी गई है,लेकिन पाइप लाइन के ऊपर मिट्टी डालकर मार्ग का निर्माण नहीं कराये जाने से सीवर लाइन के पाइप क्षतिग्रस्त होने लगे हैं। सड़क नहीं बनने से लोग सीवर पाइप के ऊपर से किसी तरह आवागमन करने को मजबूर हैं। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।मार्ग की बदहाली का सबसे अधिक खामियाजा महिलाओं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में आसपास की गलियों में पानी जमा होने से दुर्गंध फैलने लगती है।इससे कॉलोनी में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है।इसके बावजूद भी मार्ग निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।कॉलोनीवासियों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद मार्ग का निर्माण कराना भी जरूरी है,ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और पाइप लाइन को भी सुरक्षित रखा जा सके।सड़क के अभाव में रोजमर्रा के कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह सहित कॉलोनी निवासी बाबूलाल, आरती पटेल, अशोक कुमार, रेयाज अहमद, सिद्दीक अहमद, चक्रधारी शुक्ला, विजय कुमार, अजीत सोनकर,राजेश गुप्ता, रामचरित्र सिंह, रजनी गुप्ता समेत सैकड़ों कालोनीवासियों ने संबंधित विभाग द्वारा जल्द से जल्द मार्ग निर्माण कराने की मांग की गई है।
कठिनाइयां नदी के पास मिला तीन दिन से लापता 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव, इलाके में मचा हड़कंप
महुली थाना क्षेत्र के गुमा नारी उर्फ बहराइ गांव के निवासी थे रामचेत यादव, 30 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के गुमा नारी उर्फ बहराइ गांव से लापता हुए 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव रविवार, 1 नवंबर को कठिनाइयां नदी के पास बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गुमा नारी उर्फ बहराइ निवासी रामचेत यादव (60) पुत्र रामचंद्र 29 अक्टूबर 2026 को अचानक लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उनके पुत्र अखिलेश यादव ने 30 अक्टूबर को महुली थाने में पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

रविवार को कठिनाइयां नदी के पास उनका शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। फिलहाल शव मिलने के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में आमजन को दी गई विधिक अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

*पात्र लाभार्थियों का विभिन्न योजनाओं में किया गया पंजीकरण, छात्र-छात्राओं ने भाषण, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान के प्रति किया जागरूक*

फर्रुखाबाद ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज कुमार के मुख्य आतिथ्य में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना तथा आमजन को सुलभ, सुगम एवं त्वरित न्याय की व्यवस्था से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार सहित अन्य अतिथिगण द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों ने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक जागरूकता पर आधारित प्रदर्शनी तथा स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से स्टॉलों पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, योजनाओं की जानकारी तथा लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं, पात्रता की शर्तों, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर मौके पर ही पंजीकरण करने की कार्यवाही भी की गई, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में विधिक सहायता से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई तथा जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज सीनियर डिवीजन बिन्दिया भटनागर ने कहा कि इस मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन का उद्देश्य केवल आमजन को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना ही नहीं है, बल्कि उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर न्याय की प्रक्रिया को उनके लिए सुलभ एवं सुगम बनाना भी है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार यह शिविर विधिक जागरूकता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने का एक साझा मंच है।

कार्यक्रम में विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, विधिक नियमों एवं कानून के पालन के महत्व पर आधारित प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों एवं अन्य सांस्कृतिक तथा कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज
में विधिक जागरूकता फैलाने, संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।

विभिन्न प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एक जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज एवं मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है। संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान किए गए हैं, वहीं राष्ट्र एवं समाज के प्रति कुछ महत्वपूर्ण कर्तव्यों का निर्वहन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में प्रस्तुत रचनात्मक एवं जागरूकतापरक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को विधिक एवं संवैधानिक विषयों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को जनपद न्यायाधीश सहित अन्य न्यायाधीशगण द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का वाचन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विधिक अधिकारों की जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी मार्गदर्शन तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस मौके पर अपर जिला जज/नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर  अभय वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री सुभाष राजपूत सहित अन्य न्यायाधीश न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
11 से 17 दिसंबर तक मनेगा श्री कल्कि महोत्सव, अनिरुद्धाचार्य सुनाएंगे श्रीमद्भागवत

श्री कल्कि धाम के मासिक सत्संग में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने की घोषणा, 18 वर्ष पहले लिए गए संकल्प और धाम निर्माण की यात्रा को किया याद

संभल ।श्री कल्कि धाम में आज नियमित मासिक सत्संग का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम श्री कल्कि यज्ञशाला में यज्ञ किया गया, यज्ञ प्रातः 10.00 बजे आरंभ हुआ यज्ञ में पूर्णाहुति श्री कल्कि पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम जी द्वारा दी गई। यज्ञ के पश्चात फरीदाबाद से गोविंद सिंह बिष्ट के साथ आए श्रद्धालुओं ने सुंदर कांड का पाठ किया। तत्पश्चात श्री कल्कि सत्संग भवन में प्रवचन करते हुए श्री कल्कि पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने कहा कि आज से 18 वर्ष पूर्व हमने संकल्प लिया था कि भगवान के आने से पूर्व इस धरती पर भगवान श्री कल्कि को समर्पित एक धाम का निर्माण करना है, तब से आज तक यह यात्रा अनवरत जारी है। इस यात्रा में शामिल अनेकों लोग आज हमारे बीच नहीं रहे किंतु उन सभी के संकल्प को लेकर दूसरे लोग आगे चल रहे हैं। यही जीवन है।

यहां पर व्यक्ति हमेशा नहीं रहता किंतु उसका संकल्प उसका विचार हमेशा जीवित रहता है। व्यक्ति के जीवन की सीमाएं हैं किंतु विचार असीमित है और यही विचार श्री कल्कि धाम के निर्माण का आधार बना है। मैं दुनिया के कोने कोने में जाता हूं किंतु जितना संतोष एवं सकारात्मकता की अनुभूति श्री कल्कि धाम की धरा पर होती है ऐसी अन्यत्र कहीं नहीं होती। 18 वर्ष की इस प्रतीक्षा के बाद चल रहे निर्माण कार्य को देखकर जो असीम आनंद प्राप्त होता है वह अद्भुत है। इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए श्री कल्कि पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने बताया कि इस वर्ष श्री कल्कि महोत्सव 11 दिसंबर से 17 दिसंबर तक मनाया जाएगा, सप्त दिवसीय श्री कल्कि महोत्सव में विश्व विख्यात भागवत भास्कर पूज्य अनिरूद्धाचार्य जी के श्रीमुख से सभी को श्रीमद् भागवत श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होगा। सत्संग के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र एवं दूरदराज से आए श्री कल्कि भक्तों ने सत्संग श्रवण किया एवं निर्माणाधीन श्री कल्कि धाम के दर्शन किए।