मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में आमजन को दी गई विधिक अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
*पात्र लाभार्थियों का विभिन्न योजनाओं में किया गया पंजीकरण, छात्र-छात्राओं ने भाषण, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान के प्रति किया जागरूक*
फर्रुखाबाद ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज कुमार के मुख्य आतिथ्य में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना तथा आमजन को सुलभ, सुगम एवं त्वरित न्याय की व्यवस्था से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार सहित अन्य अतिथिगण द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों ने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक जागरूकता पर आधारित प्रदर्शनी तथा स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से स्टॉलों पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, योजनाओं की जानकारी तथा लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं, पात्रता की शर्तों, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर मौके पर ही पंजीकरण करने की कार्यवाही भी की गई, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में विधिक सहायता से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई तथा जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज सीनियर डिवीजन बिन्दिया भटनागर ने कहा कि इस मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन का उद्देश्य केवल आमजन को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना ही नहीं है, बल्कि उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर न्याय की प्रक्रिया को उनके लिए सुलभ एवं सुगम बनाना भी है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार यह शिविर विधिक जागरूकता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने का एक साझा मंच है।
कार्यक्रम में विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, विधिक नियमों एवं कानून के पालन के महत्व पर आधारित प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों एवं अन्य सांस्कृतिक तथा कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज
में विधिक जागरूकता फैलाने, संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
विभिन्न प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एक जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज एवं मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है। संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान किए गए हैं, वहीं राष्ट्र एवं समाज के प्रति कुछ महत्वपूर्ण कर्तव्यों का निर्वहन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में प्रस्तुत रचनात्मक एवं जागरूकतापरक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को विधिक एवं संवैधानिक विषयों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को जनपद न्यायाधीश सहित अन्य न्यायाधीशगण द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का वाचन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विधिक अधिकारों की जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी मार्गदर्शन तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इस मौके पर अपर जिला जज/नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री सुभाष राजपूत सहित अन्य न्यायाधीश न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Nov 01 2026, 18:26
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k