दवाइयों की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, छह लाख की शराब बरामद
डाक पार्सल लिखे लोडर से ले जाई जा रही थीं चंडीगढ़ निर्मित 80 पेटी शराब, अजीतमल पुलिस ने एक तस्कर को दबोचा


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली पुलिस और स्वाॅट/सर्विलांस टीम ने दवाइयों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चंडीगढ़ निर्मित 80 पेटी अंग्रेजी शराब, 83 पैकेज दवाइयां और तस्करी में प्रयुक्त डाक पार्सल लिखे लोडर को बरामद किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये और लोडर की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने रविवार काे बताया कि धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार रात अजीतमल थाना पुलिस और स्वाॅट/सर्विलांस की संयुक्त टीम अनंतराम टोल प्लाजा पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखे एक लोडर में दवाइयों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है।

सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-19 पर इटावा से औरैया मार्ग स्थित कस्बा अजीतमल के भटा रोड के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध लोडर को रोक लिया। तलाशी के दाैरान उसमें चंडीगढ़ निर्मित 80 पेटी अंग्रेजी शराब और 83 पैकेज दवाइयां बरामद हुईं। दवाइयों से संबंधित चालान, रसीद और बिल भी मिले। पुलिस ने मौके से लोडर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान रामकुमार पुत्र प्रेमचंद्र निवासी महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, जिला कन्नौज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पुलिस और अन्य लोगों को शक न हो, इसलिए वह डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों के साथ शराब छिपाकर ले जाता था। वह चंडीगढ़ (हरियाणा) से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार में महंगे दामों पर बेचता था। आरोपित ने पूर्व में मोतिहारी और मुजफ्फरपुर (बिहार) में दो बार जेल जाने की बात भी बताई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में थाना अजीतमल में मुकदमा अपराध संख्या 429/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय बहादुर वर्मा, स्वाॅट/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह और ऊंचा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम बालक सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
लखनऊ में चाकू मारकर युवक की हत्या, आरोपित फरार
-दो अलग-अलग क्षेत्र हुई घटनाएं पुलिस मामले की जांच में जुटी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थानाक्षेत्र में शनिवार देर रात को दो जगहों पर चाकूबाजी की घटना सामने आई हैं। इस प्रकरण में एक युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है, जबकि दाे लाेग घायल हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि बीती देर रात शनिवार को अम्बेडकर पार्क के पास एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां जानकारी करने पर पता चला कि रामनगर निवासी रेहान पर गुलाब की बगिाया मौज्जमनगर के रहने वाले उजेफा ने धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया। इसमें रेहान गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

सूचना पर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी मय सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्थानीय पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

इसी तरह सआदतगंज थाना के जेटी चौकी क्षेत्रांतर्गत शनि बेकरी के पास दो व्यक्तियों के मध्य विवाद में एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया है। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटना के संबंध में जानकारी की गई। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि जनपद रायबरेली निवासी आदर्श आलिया एवं राजेश कुमार दोनों शनि बेकरी पर कार्य करते तथा वहीं रहते हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों व्यक्तियों ने अत्यधिक शराब के नशे में किसी बात को लेकर आपस में गाली-गलौज एवं विवाद कर लिया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के दृष्टिगत किसी प्रकार की लापरवाही झम्य नहीं संबंधित अधिकारीगण:मण्डलायुक्त
* *मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिलाधिकारी के साथ ग्राम तेजपुर का किया स्थलीय निरीक्षण*

*कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने के दिए निर्देश*
*सभी तैयारियां को युद्ध स्तर पर करें अधिकारीगण:जिलाधिकारी*


*गोण्डा।* मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल  दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के साथ तहसील मनकापुर, जनपद गोण्डा के ग्राम तेजपुर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों, जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं, आवागमन, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

मण्डलायुक्त ने कहा कि  मुख्यमंत्री जी का प्रस्तावित कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। कार्यक्रम स्थल पर आमजन की सुविधा, सुगम आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण कराया जाए, जिससे कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण एवं जायजा लेने के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त ड्यूटी में लगे अधिकारी गणों को निर्देश दिया कि समस्त तैयारी को युद्ध स्तर पर तैयार करे औऱ उसकी कार्यक्रम समाप्ति तक निगरानी भी करते रहें

निरीक्षण के दौरान  जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कटार मिश्र गांव में लाल बंदरों का आतंक, महिलाओं-बच्चों पर हमला कर किया घायल;अधिकारियों की टालमटोल से आक्रोश

रमेश दूबे

- *वन विभाग और ब्लॉक प्रशासन की खींचतान से ग्रामीणों में नाराजगी, उग्र आंदोलन की चेतावनी*

- *हमले में कई लोग घायल, एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने को मजबूर ग्रामीण*

धनघटा (संतकबीरनगर)।
धनघटा थाना क्षेत्र के कटार मिश्र गांव में इन दिनों लाल बंदरों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। बंदरों के हमले से पूरा गांव दहशत के साये में जीने को मजबूर है। स्थिति यह है कि बंदर महिलाओं और बच्चों को छतों से धकेलने के साथ ही काटकर गंभीर रूप से घायल कर रहे हैं। जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के चलते ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और उन्होंने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
घायलों की लंबी फेहरिस्त
ग्रामीणों के मुताबिक, लाल बंदरों के हमलों में आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। हाल ही में बंदरों के काटने से मिश्रवती, रामवती, रंभा देवी और कलावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के साथ रेबीज के टीके लगवाने पड़ रहे हैं। इसके अलावा बंदरों के धक्के से छत से नीचे गिरकर दिनेश, जयचंद, राजू और त्रियुगी घायल हो चुके हैं। इस खौफनाक स्थिति के कारण पूरा गांव सदमे और भय के माहौल में है।
विभागों की टालमटोल से बढ़ी मुसीबत
ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए जब वन विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत के प्रधान की है। वहीं, जब ग्रामीण हैसर ब्लॉक के अधिकारियों के पास पहुंचे, तो उन्होंने इसे वन विभाग का कार्यक्षेत्र बता दिया। प्रशासनिक विभागों की आपसी टालमटोल और लापरवाही से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अभिमन्यु उपाध्याय, बृजेश कुमार, विजय श्याम, जोखन यादव, शैलेश यादव, अभिनव प्रताप मिश्रा, राजेंद्र, संगम मिश्रा और आदर्श कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने इस मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर बंदरों के आतंक से मुक्ति नहीं दिलाई, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
संभल-गजरौला रेल लाइन के लिए ग्राम प्रधानों ने उठाई आवाज

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को ज्ञापन भेज आगामी रेल बजट में धनराशि मंजूर करने की मांग, महिलाओं, छात्राओं और तीर्थयात्रियों की परेशानी उठाई

संभल। संभल गजरौला रेल लाइन विस्तारिकारण की मांग को लेकर अधिवक्ता व समाजसेवी चौधरी रविराज चाहल द्वारा चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के अंतर्गत आज तहसील क्षेत्र के गांव पाली मे ग्राम प्रधान के आवास पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने एकत्रित होकर  माननीय प्रधानमंत्री व माननीय रेल मंत्री महोदय के नाम एक एक ज्ञापन भेज कर आगामी रेल बजट में रेल बजट मंजूर   किये जाने की मांग की।
इस दौरान बोलते हुए गांव पाली के ग्राम प्रधान मोहम्मद नौशाद जी ने कहा  जी ने कहा  कि संभल गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग दशकों से की जाती आ रही है हम इसमें अपने इस ज्ञापन के माध्यम से जल्द से जल्द रेल बजट मंजूर के जाने की मांग करते हैं।
आगे बोलते हुए ग्राम प्रधान बसनपुर बसई की ग्राम प्रधान पति राजीव कुमार ने कहा की रेल की सुबिधा नहीं होने से विशेष कर महिलाओं व छात्राओं  को दूसरे शहरों में आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आगे बोलते हुए ततारपुर के ग्राम प्रधान उमेश कुमार ने कहा की रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग जनहित में है। संभल में साधु संतों व तीर्थ यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है, प्रत्येक माह 24 कोसिया परिक्रमा होती है, देश के कोने-कोने से साधु संत और तीर्थ यात्री आते जाते हैं, रेल लाइन नहीं होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अंत में बोलते हुए चौधरी रविराज चाहल ने कहा कि जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से संभल की जनता को इस मांग को लेकर जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में आज ग्राम प्रधानों द्वारा माननीय प्रधानमंत्री महोदय को ज्ञापन भेजे गये हैं।संभल की जनता लगातार प्रयास कर रही है।
आगे बोलते हुए चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा यह बहुत अच्छी पहल है, हम सब लोगों को इसमें जागरूकता दिखानी होगी, और अधिक से अधिक पत्र भेजने होंगे, जिससे कि सरकार हमारी इस मांग पर संज्ञान ले सके
अंत में बोलते हुए कैलाश सिंह ने कहा कि हमारी हमारी यह मांग जनित में है हमारा इस मांग के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान मोहम्मद नौशाद सैफी,,चौ रविराज चाहल, राजीव कुमार, देवेंद्र सिंह जाटव,उमेश कुमार पाल, एहसान, साबिर अली, चौधरी वीरेंद्र सिंह, केहर सिंह, कृष्णपाल सिंह, ऋषि पाल सिंह, कर्मेंद्र सैनी, रोहन सैनी आदि रहे।,
मऊ नर्सिंग विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों से दिया महत्वपूर्ण संदेश

‘संकल्पित समर्पण’ सेमिनार में मानसिक रोग, दमा समेत विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर दी जानकारी

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। सदरपुर गालिबपुर स्थित किंग्स ईडेन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में रविवार को ‘संकल्पित समर्पण’ विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, ओटी टेक्नीशियन और डी-फार्मा सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश सरोज, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन गुप्ता एवं पूर्व विधानसभा प्रभारी डॉ. धर्म सिंह गौतम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक रोग, दमा सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी।

नाटक और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को अंधविश्वास से जोड़ने के बजाय समय रहते योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के चक्कर में न पड़कर वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय उपचार अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. मोनिका गुप्ता ने महिलाओं से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पूरी मेहनत और लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करें तथा भविष्य में आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करें।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया एवं डायरेक्टर डॉ. मोनिका गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रिंसिपल अभिनव श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव, अजीत जायसवाल, चंद्रभूषण यादव, संजीव द्विवेदी, अरविंद गुप्ता, मिथिलेश सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत की थीम पर जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन

*पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित*

*गोण्डा, 31 अक्टूबर 2026*  -  विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा, टाउन हॉल गोण्डा में जनपद स्तरीय कल्चरल ट्रैक (युवा उत्सव) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री रंजीत बाबा कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री दीपक गुप्ता, संदीप मेहरोत्रा, मनीष द्विवेदी तथा राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर पांडेय उपस्थित रहे।

युवा उत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित गोण्डा के निवासी प्रतिभागियों ने पांच विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कविता लेखन प्रतियोगिता में आस्था द्विवेदी ने प्रथम, कशिश राय ने द्वितीय तथा हर्षिता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकारी प्रतियोगिता में आयुषी गुप्ता प्रथम, ज्योति शर्मा द्वितीय एवं अलमता तृतीय स्थान पर रहीं।

इसी प्रकार लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में सरयू प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज तथा लोकगीत प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की टीम विजेता रही।

कार्यक्रम में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। समापन समारोह में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अजीत सिंह के प्रतिनिधि, एलबीएस महाविद्यालय गोण्डा के प्राचार्य एवं प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी द्वारा विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में मांडवी तिवारी, शेफाली पांडेय एवं अभिजीत कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग की क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आयुषी वर्मा, कुलदीप यादव, प्रिया यादव, आयुष कुमार एवं वरिष्ठ सहायक उषा कुमारी का विशेष सहयोग रहा।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देशभर में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच मऊ में भी वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन


मऊ, 1 नवंबर 2026। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देशभर में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच मऊ में भी वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता भीट चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्र हुए और SIR के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “SIR रद्द करो”, “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “भाजपा-आरएसएस मुर्दाबाद” तथा “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए इसे वापस लेने की मांग की। देश के विभिन्न हिस्सों में भी विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों की ओर से SIR को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

हालांकि, निर्वाचन आयोग का कहना है कि SIR का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से बाहर न रहने देना और अपात्र नामों को शामिल होने से रोकना है |
यज्ञाचार्य हरिश उपाध्याय के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ नारायण भगवान की पूर्णाहुति संपन्न
गोरखपुर। ग्रामसभा मठिया स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्री 1008 श्री रुद्र महायज्ञ का शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के अनुरूप विधिवत समापन हुआ। यज्ञाचार्य पं. हरिश उपाध्याय के आचार्यत्व में यज्ञ नारायण भगवान की पूर्णाहुति का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा यज्ञ परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम प्रातःकाल यज्ञ मंडप में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। इसके उपरांत महायज्ञ के यजमान प्रहलाद निषाद ने अपनी धर्मपत्नी के साथ धार्मिक परंपराओं के अनुसार तुलादान किया। तुलादान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद यज्ञाचार्य पं. हरिश उपाध्याय के मार्गदर्शन में वैदिक विद्वानों ने हवन का अनुष्ठान संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की।

हवन एवं पूर्णाहुति के उपरांत देवी-देवताओं की विधिवत आरती की गई। इसके साथ ही यज्ञ में आमंत्रित देवी-देवताओं का पूजन-अर्चन कर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ विदाई की गई। महायज्ञ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले यज्ञाचार्य पं. हरिश उपाध्याय सहित वैदिक विद्वानों एवं ब्राह्मणों की भी सम्मानपूर्वक विदाई की गई।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने यज्ञ नारायण भगवान के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ यह महायज्ञ धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और लोककल्याण का प्रेरणादायी आयोजन बना।
जाति और मजहब से ऊपर उठकर वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठानी होगी : मोहम्मद अजहरुद्दीन
- पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

मुरादाबाद। तेलंगाना सरकार के कैबिनेट मंत्री, मुरादाबाद लोकसभा से पूर्व कांग्रेस सांसद और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मुहम्मद अजहरुद्दीन शनिवार को मुरादाबाद में पूर्व मंत्री के पौत्र के वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए मुरादाबाद पहुंचे। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि जाति और मजहब से ऊपर उठकर वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठानी होगी। वोट डालना हर व्यक्ति का अधिकार है और इसकी रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए।

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 01 नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की। अजहरुद्दीन ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के नाम पर लोगों के वोट काटे गए हैं। पूरे देश में चुनाव की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रैली को सफल बनाने में जुटे हैं। वह भी तेलंगाना से लोगों को इस आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने आए हैं।

अजहरुद्दीन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी। अपने पुराने राजनीतिक सफर को याद करते हुए अजहरुद्दीन ने कहा कि मुरादाबाद को वह कभी भुला नहीं सकते। यह उनका पहला राजनीतिक क्षेत्र रहा है। यहां के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया है। उन्होंने उन लोगों को श्रद्धांजलि भी दी, जो अब उनके बीच नहीं हैं। क्रिकेट के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अच्छी है। हर मैच जीतना संभव नहीं होता। भारतीय टीम पर कोई दबाव नहीं है और न ही हमारी टीम दबाव मानती है। अमरोहा के गेंदबाज समी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह अच्छा खेलते हैं और उन्हें भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए।