पुलिस लाइन्स में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, सरदार पटेल को अर्पित किए श्रद्धासुमन

गोरखपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन्स गोरखपुर के क्वार्टर गार्द में राष्ट्रीय एकता दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी गोरखपुर ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने, राष्ट्र की सुरक्षा एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया गया कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ पुलिस बल का भी महत्वपूर्ण दायित्व है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में आपसी विश्वास एवं सौहार्द कायम रखने के लिए सभी को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

इस मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन्स, क्षेत्राधिकारी कैंट, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
देवरिया में सफेद कार से युवती का शव फेंककर फरार हुआ चालक, दो किलोमीटर तक ग्रामीणों ने किया पीछा

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गोरखपुर की ओर जा रही सफेद कार से करीब 22 वर्षीय युवती का शव सड़क किनारे फेंककर चालक फरार हो गया।



सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। सड़क किनारे युवती का शव पड़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने कार का पीछा भी किया, लेकिन चालक को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली। देर रात तक युवती की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है।

सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार शाम रामलक्षन की तरफ से एक सफेद कार कन्हौली-गोरखपुर मार्ग पर पहुंची। कार ग्लोबल स्कूल के पास खेतों की ओर जाने वाले रास्ते के समीप रुकी। इसी दौरान चालक ने कार की डिग्गी खोली और उसमें रखा युवती का शव सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद वह तेजी से कार लेकर गोरखपुर की ओर भाग निकला।

सीओ ने बताया कि प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती की कहीं अन्यत्र हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया होगा। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती की मौत सड़क किनारे शव फेंके जाने से पहले हुई थी या नहीं।सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रामलक्षन चौकी से लेकर कन्हौली गांव और गोरखपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि सफेद कार का नंबर सामने आ सके और उसके चालक की पहचान की जा सके। इसके साथ ही ग्रामीणों से भी कार के रंग, मॉडल और अन्य विशेषताओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की पहचान के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि 31 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से रुद्रपुर थाना क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या : एक लाख दीपों से आलोकित होगा श्रीरामजन्मभूमि परिसर
- परिसर पांच जोन में विभाजित, लगभग एक हजार कार्यकर्ता करेंगे सेवा

अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर आगामी 7 नवंबर को लगभग एक लाख दीपों से आलोकित होगा।। इस दीपोत्सव की तैयारियों एवं दीप प्रज्ज्वलन के लिये लगभग एक हजार कार्यकर्ता सेवा देंगे। सम्पूर्ण परिसर को पांच जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन के प्रभारी एवं उनकी टीम निर्धारित कर दी गई है। आगामी पांच दिनों में इस कार्ययोजना को मूर्त रूप दिया जाएगा।

यात्री सुविधा केन्द्र (पीएफसी) के सभागार में शनिवार को हुई बैठक में दीपोत्सव की कार्ययोजना को अन्तिम रूप दिया गया। बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व सँभाल रहे प्रमुख कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले तथा जगन्नाथ गुलवे ने सम्पूर्ण कार्ययोजना विस्तार से समझाई।

श्रीरामलला विराजमान मन्दिर का विशेष अलंकरण किया गया है। आगामी पांच दिनों में परिसर के अन्य भागों के अलंकरण एवं दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

जोन 1 — श्रीरामलला मंदिर: इस जोन का दायित्व अर्चक प्रमुख आचार्य केशव को सौंपा गया है। श्रीरामलला विराजमान मंदिर एवं उसके आसपास 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस तथा यज्ञशाला क्षेत्र सम्मिलित हैं।

जोन 2 — कुबेर टीला एवं सप्तमण्डप: इस जोन में कुबेर टीला, सप्तमण्डप, शेषावतार मन्दिर, हुतात्मा स्मारक तथा पंचवटी आदि स्थान सम्मिलित हैं। इसका दायित्व चन्दन क्षितिज एवं उनकी टीम को सौंपा गया है। यहाँ भी 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये जाएँगे।

जोन 3 — वापसी दर्शन मार्ग एवं पीएफसी:

इस जोन में वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केन्द्र, पीएफसी प्लाजा तथा नल टीला आदि स्थान सम्मिलित हैं। पी.पी. मिश्रा के नेतृत्व में कार्यरत टीम यहां 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करेगी।

जोन 4 — यात्री सेवा केन्द्र एवं अंगद टीला: इस जोन का दायित्व कैप्टन जे.पी. द्विवेदी (सेवानिवृत्त) एवं उनकी टीम को सौंपा गया है। यात्री सेवा केन्द्र, अंगद टीला, सीता रसोई तथा रामानन्दाचार्य द्वार को इस जोन में सम्मिलित किया गया है। यहां 13 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे।

जोन 5 — श्रीरामजन्मभूमि पथ एवं दर्शन मार्ग: इस जोन में श्रीरामजन्मभूमि पथ, दर्शन मार्ग, सिंहद्वार तथा चरण पादुका आदि स्थान सम्मिलित हैं। नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कार्यरत टीम यहाँ 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित करेगी। इस टीम के सहयोग के लिये विशेष रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस तथा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की भी सहभागिता रहेगी। शनिवार देर रात्रि ट्रस्ट समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी ।
मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई 11 किलो गांजे के साथ तीन गिरफ्तार
कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए रविवार को पुलिस ने किदवई नगर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब 135 पुलिसकर्मियों की पांच टीमों ने कई स्थानों पर ड्रोन के जरिये छानबीन करी। इस कार्रवाई में महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व और एसीपी घाटमपुर के पर्यवेक्षण में अभियान शुरू हुआ। इसमें चार थानों की पुलिस को शामिल करते हुए पांच टीमें बनाई गई थीं। सभी टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी ली। पूरे इलाके पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सागर, अरमान और एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार लोगों के कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा मिला।

दरअसल, किदवई नगर क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और बाहरी लोगों के यहां से गांजा खरीदकर ले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संयुक्त अभियान की तैयारी की थी। इसमें किदवई नगर, बाबूपुरवा, जूही और गोविंद नगर थानों की पुलिस शामिल रही।

पुलिस की अन्य टीमें भी क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं। इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।
गोपाल श्रम प्रकोष्ठ संयोजक, डॉ अजय विक्रम पाठक खेलकूद प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक बने

मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्र सरकार में वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार देर रात्रि विभिन्न प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, प्रदेश सह संयोजक और सदस्यों की सूची जारी की। जिसमें मुरादाबाद निवासी विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान को श्रम प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक और मुरादाबाद निवासी एथलीट कोच डॉ अजय विक्रम पाठक को भाजपा खेलकूद प्रकोष्ठ का प्रदेश सहसंयोजक मनोनीत किया।

एमएलसी गोपाल अंजान पूर्व में भी भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री जैसे विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।

वहीं एथलीट खिलाड़ी रहे कोच डॉ अजय विक्रम पाठक उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों को संभाल रहे।
जौनपुरवासियों के स्नेह, सहयोग और सहभागिता के लिए हृदय से आभार : ज्ञान प्रकाश सिंह
जौनपुर। महर्षि जमदग्नि ऋषि की तपस्थली जौनपुर की पावन धरती पर आयोजित नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर भारतीय जनता पार्टी के नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने समस्त जनपदवासियों के प्रति हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की असीम कृपा, जनपदवासियों के अपार स्नेह, श्रद्धा, सहयोग और सहभागिता के कारण यह धार्मिक आयोजन भव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि नौ दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में जिस तरह से जौनपुर के श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों और धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। कथा के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और लोगों की आस्था ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जनपदवासियों के इसी प्रेम और अपनत्व ने आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना का एक यादगार अवसर बना दिया। उन्होंने विशेष रूप से सेवा भारती, जौनपुर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं, सहयोगियों और आयोजन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा तक, प्रत्येक स्तर पर लोगों ने जिस निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह प्रशंसनीय है। ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था, संस्कार, सेवा, समरसता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का अवसर मिला। श्रीराम कथा से प्राप्त आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही इस आयोजन की वास्तविक सार्थकता है।
अंत में उन्होंने प्रभु श्रीराम से समस्त जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। नौ दिवसीय श्रीराम कथा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति वे हृदय से आभारी हैं। उन्होंने सभी को कोटि-कोटि धन्यवाद एवं साधुवाद ज्ञापित किया।
रेमामोड़ देशी शराब ठेके पर सुबह 6 बजे होने लगती है शराब की अवैध बिक्री
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा मोड़ स्थित देशी शराब ठेके पर निर्धारित समय से पहले शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शासन की ओर से शराब बिक्री के लिए निर्धारित सुबह 10 बजे के समय का पालन नहीं किया जा रहा है। ठेके पर सुबह 6 बजे से शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। जो पूरी तरह आबकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला है।

सवाल यह है कि ठेका संचालक को समय से पहले बिक्री करने की छूट आखिर किसके संरक्षण में मिल रही है? क्या स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को इस गतिविधि की जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

शराब की दुकानों के संचालन और निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी आबकारी विभाग की है, जबकि स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस की भी है। ऐसे में दोनों विभागों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

अब देखना यह है कि जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या फिर नियमों की अनदेखी का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।
घर में घुसकर हमलावरों ने परिवार पर किया हमला, आठ घायल

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद लाठी-डंडों और सरियों से लैस होकर घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की। घटना में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया।

गांव निवासी राम सिंह पुत्र मंगली प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद लाठी-डंडे और सरिया लेकर घर में घुस आए। हमलावरों ने राम सिंह, उनके पुत्र अर्जुन, पवन कुमार, कान्ती, अनीता समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

राम सिंह का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति की बेटी से जुड़े पुराने मामले को लेकर आरोपी उनसे रंजिश मानते हैं। उक्त युवती की पांच जून को मृत्यु हो गई थी। इसी मामले को लेकर पहले भी उन्हें धमकियां दी जाती थीं। आरोपियों ने कई बार घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने की धमकी दी थी। तहरीर में 10 से 12 अज्ञात लोगों के भी हमले में शामिल होने की बात कही गई है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि घायलों का उपचार और चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में कराया गया है। मामले की जांच-पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधेड़ को दबंग ने घर में घुसकर  मारपीट कर किया गंभीर घायल

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बराविकू निवासी 55 वर्षीय शिवलाल पुत्र हेतराम शाक्य अपनी ननिहाल में मकान बनाकर रहते हैं। पीड़ित के अनुसार, ननिहाल में उन्हें जमीन मिली हुई है, जिस पर उन्होंने अपना मकान बना लिया है।
शुक्रवार देर रात गांव के ही मजरा नगला पीपल निवासी एक व्यक्ति उनके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
शिवलाल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर घर में घुसकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लाठी-डंडों से किए गए हमले में शिवलाल को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद घायल शिवलाल को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर्व को लेकर एफ0एस0डी0ए0 ने की छापामार कार्यवाही, जांच को तीन नमूने लिए


फर्रुखाबाद।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर के निर्देश पर दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों को रोकने एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित रखने के उद्देश्य से को सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह व जावेद अख्तर सिद्दकी द्वारा छापामार कार्रवाई की गयी। इस दौरान आलूपुर, जहानगंज स्थित रंजीत के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ रसगुल्ला का एक नमूना लिया गया। उन्होंने सलेमपुर स्थित मूलचन्द्र सक्सेना के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ लड्डू का एक नमूना लिया गया।
उन्होंने लाड़मपुर दोयम, कायमगंज स्थित राकेश कुमार के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ लड्डू का एक नमूना लिया गया।