अधेड़ को दबंग ने घर में घुसकर  मारपीट कर किया गंभीर घायल

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बराविकू निवासी 55 वर्षीय शिवलाल पुत्र हेतराम शाक्य अपनी ननिहाल में मकान बनाकर रहते हैं। पीड़ित के अनुसार, ननिहाल में उन्हें जमीन मिली हुई है, जिस पर उन्होंने अपना मकान बना लिया है।
शुक्रवार देर रात गांव के ही मजरा नगला पीपल निवासी एक व्यक्ति उनके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
शिवलाल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर घर में घुसकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लाठी-डंडों से किए गए हमले में शिवलाल को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद घायल शिवलाल को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर्व को लेकर एफ0एस0डी0ए0 ने की छापामार कार्यवाही, जांच को तीन नमूने लिए


फर्रुखाबाद।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर के निर्देश पर दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों को रोकने एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित रखने के उद्देश्य से को सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह व जावेद अख्तर सिद्दकी द्वारा छापामार कार्रवाई की गयी। इस दौरान आलूपुर, जहानगंज स्थित रंजीत के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ रसगुल्ला का एक नमूना लिया गया। उन्होंने सलेमपुर स्थित मूलचन्द्र सक्सेना के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ लड्डू का एक नमूना लिया गया।
उन्होंने लाड़मपुर दोयम, कायमगंज स्थित राकेश कुमार के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ लड्डू का एक नमूना लिया गया।
विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशानुसार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर  मानविकी विद्याशाखा के तत्वावधान में कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर सत्यपाल तिवारी के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. सतीश चंद्र जैसल के नेतृत्व में  राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया गया।इस दौड़ का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार सिंह ने दौड़ के साथ किया।

राष्ट्रीय एकता दौड़ विश्वविद्यालय के गंगा परिसर से प्रारंभ होकर सरस्वती परिसर तक पहुंच कर सम्पन्न हुई । इस अवसर पर प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया। साथी सरदार पटेल की साथ ही सरदार पटेल जी के जीवन आदर्शों एवं योगदान को रेखांकित करते हुए नारे भी लगाए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन तथा सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम के सह संयोजक डॉ.साधना श्रीवास्तव , डॉ.अतुल कुमार मिश्र, आयोजन सचिव डॉ.दयानन्द उपाध्याय,सह आयोजन सचिव श्री राजेश कुमार गौतम, डॉ.शिवेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ.अब्दुल रहमान, डॉ.शैलेन्द्र कुमार सिंह, डॉ.सुमन सिंह, डॉ.सफ़ीना समावी, डॉ.अमित कुमार सिंह, डॉ.मुकेश कुमार मौर्य, डॉ.सतेंद्र, डॉ.सन्तोष भारती, डॉ.अभय कुमार यादव, श्री संजीव भट्ट,आदि थे। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के आचार्य प्रोफेसर पी.के. पाण्डेय, प्रोफेसर रुचि वाजपेई,प्रोफेसर विनोद कुमार गुप्त, प्रोफेसर ज्ञान प्रकाश यादव सहित अन्य आचार्यगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया।
पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मेरठ जोन का दबदबा, नौ नए कीर्तिमान बने
पुरुष और महिला एथलेटिक्स के साथ साइकिलिंग में भी मेरठ जोन ने जीती चल वैजयंती, प्रयागराज के आशीष पाल और आगरा की निधि बने सर्वोत्तम खिलाड़ी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की 74वीं वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का समापन शनिवार को 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर लखनऊ स्थित शहीद चन्द्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में हुआ। प्रतियोगिता में मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला एथलेटिक्स वर्ग के साथ साइकिलिंग में भी चल वैजयंती अपने नाम की। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण खिलाड़ियों द्वारा नौ नए कीर्तिमान स्थापित करना रहा। इनमें महिला वर्ग में पांच और पुरुष वर्ग में चार कीर्तिमान बने।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को चल वैजयंती प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। समारोह की शुरुआत रंगारंग मार्च पास्ट से हुई। मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली।

प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन के आशीष पाल को पुरुष वर्ग का सर्वोत्तम खिलाड़ी चुना गया, जबकि महिला वर्ग में आगरा जोन की निधि ने यह सम्मान प्राप्त किया। साइकिलिंग में मेरठ जोन के केशव शर्मा पुरुष वर्ग के सर्वोच्च साइकिलर बने। महिला वर्ग में मेरठ जोन की आरती को सर्वोच्च साइकिलर चुना गया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन 31 अक्टूबर को मैराथन दौड़ का फाइनल आयोजित हुआ। इसमें पीएसी पश्चिमी जोन के रवि राघव ने पहला स्थान हासिल किया। मेरठ जोन के सौरभ दूसरे और गोरखपुर जोन के नवीन सिंह तीसरे स्थान पर रहे। रवि राघव ने दो घंटे 38 मिनट 12.60 सेकेंड में दौड़ पूरी की। वहीं, पुरुष वर्ग की चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में मेरठ जोन के मोहित कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने यह दौड़ तीन मिनट 23.75 सेकेंड में पूरी की।

समापन समारोह में पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मध्य जोन एवं उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव प्रीतिन्दर सिंह, आयोजन सचिव एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी लखनऊ अनुभाग मनोज कुमार सोनकर तथा सह आयोजन सचिव एवं 35वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अमित कुमार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि को आयोजन की ओर से स्मृति चिह्न भेंट किया गया। अंत में सह आयोजन सचिव एवं सेनानायक अमित कुमार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मऊ मड़ैया घाट की खूबसूरती बनी आकर्षण का केंद्र, प्राकृतिक नजारों से दिल जीत रही मऊ की धरती

मऊ। पूर्वांचल की धरती पर अपनी अलग पहचान रखने वाला मऊ जनपद ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विविधताओं से समृद्ध है। इसी खूबसूरती को अपने अंदर समेटे मड़ैया घाट इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

घाट का शांत वातावरण, प्राकृतिक सौंदर्य और मनमोहक दृश्य यहां पहुंचने वाले लोगों को कुछ पल ठहरकर प्रकृति को निहारने के लिए मजबूर कर देते हैं।

मड़ैया घाट पर पहुंचते ही आसपास का शांत माहौल और प्राकृतिक दृश्य मन को सुकून का एहसास कराते हैं।

सुबह और शाम के समय यहां का नजारा और भी खूबसूरत दिखाई देता है। प्रकृति के बीच बिताए गए ये पल लोगों को शहर की भागदौड़ से दूर सुकून का अनुभव कराते हैं।
युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर एकता का संदेश दिया: रवि कुमार तिवारी के नेतृत्व में मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर युवा कल्याण विभाग ने जनपद में राष्ट्रीय यूनिटी मार्च निकाला। इसमें युवाओं ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता की शपथ से हुई। अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि कुमार तिवारी ने कहा कि पटेल का जीवन अनुशासन, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण व देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

मार्च में युवक और महिला मंगल दलों के सदस्य, छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और राष्ट्रीय एकता का संदेश देती तख्तियां लेकर मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए।
लखनऊ में 14 करोड़ रुपये कीमत के सात बाज गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी गिरोह का खुलासा
मुंबई निवासी आरोपी गिरफ्तार, गोरखपुर और तराई के जंगलों से पक्षियों को जुटाकर विदेशों में भेजने का आरोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वन्यजीवों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। उसके पास से सात बाज बरामद किए गए हैं। एसटीएफ के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 14 करोड़ रुपये है। गिरफ्तार आरोपी मुंबई का रहने वाला है।

एसटीएफ के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि मुंबई निवासी एक व्यक्ति संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी करता है और प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों को लेकर लखनऊ आने वाला है। इस सूचना पर एसटीएफ की लखनऊ टीम ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की। उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने इरादत नगर, थाना मड़ियांव क्षेत्र में आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज मुर्रत खान के रूप में हुई है। वह मुंबई के बायकला रेलवे स्टेशन के पास स्थित मोहम्मद बख्श बिल्डिंग का निवासी है। उसके पास से सात बाज, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया। गिरफ्तारी 30 अक्टूबर को शाम करीब 7:30 बजे की गई।

एसटीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक गिरोह है, जो प्रतिबंधित और संरक्षित पक्षियों तथा अन्य वन्यजीवों की तस्करी करता है। गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से वन्यजीवों को जुटाते हैं। इसके बाद उन्हें मुंबई के रास्ते दुबई, सऊदी अरब और बहरीन सहित विदेशों में भेजा जाता है।

बरामद बाज वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित प्रजाति के बताए गए हैं। इस अनुसूची में बाघ, तेंदुआ, हाथी, गैंडा और बाज जैसे वन्यजीवों को उच्चतम कानूनी संरक्षण प्राप्त है।

एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ लखनऊ के मड़ियांव थाने में मुकदमा संख्या 135/2026 दर्ज कराया है। इसमें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 49, 50 और 51 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
रामपुर तिराहा पुल के चौड़ीकरण का मार्ग प्रशस्त मंत्री कपिल देव ने प्रमुख सचिव लोनिवि से वार्ता कर शीघ्र स्वीकृति के दिए निर्देश

93 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को प्रेषित
जानसठ चौक से महावीर चौक तक रेलवे पुल के चौड़ीकरण एवं विस्तार की भी पहल

आशीष कुमार

मुज़फ्फरनगर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रामपुर तिराहा स्थित पुल के चौड़ीकरण की महत्वाकांक्षी परियोजना का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव के प्रस्ताव पर रामपुर तिराहा पुल के चौड़ीकरण हेतु मौखिक स्वीकृति प्रदान की थी। इसके उपरांत लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग **93 करोड़ रुपये की डीपीआर एवं व्यय अनुमान तैयार कर शासन को प्रेषित कर दिया गया है।

परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग अजय चौहान से वार्ता की तथा डीपीआर की जल्द से जल्द स्वीकृति एवं आगामी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुज़फ्फरनगर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और नागरिकों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। रामपुर तिराहा शहर का एक महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग है, जहां बढ़ते यातायात के कारण आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पुल का चौड़ीकरण होने से न केवल यातायात की क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि दिल्ली-देहरादून मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। हमारा प्रयास है कि मुज़फ्फरनगर को आधुनिक एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जानसठ चौक से महावीर चौक तक रेलवे पुल के विस्तार की भी पहल

शहर के दूसरे छोर पर यातायात की समस्या के समाधान के लिए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जानसठ चौक से महावीर चौक की ओर जाने वाले रेलवे पुल के चौड़ीकरण की दिशा में भी पहल की है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रेलवे पुल की एक अतिरिक्त लेन के चौड़ीकरण तथा पुल के दोनों ओर उसकी लंबाई बढ़ाने की संभावनाओं पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कराकर तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण करने तथा आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस मार्ग पर भी यातायात का दबाव कम किया जा सके और आवागमन अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि मुज़फ्फरनगर शहर को जाम की समस्या से मुक्त कराना हमारा संकल्प है। रामपुर तिराहा से लेकर जानसठ चौक और महावीर चौक तक यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों और पुलों की क्षमता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। हम केवल तात्कालिक समाधान नहीं, बल्कि भविष्य की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी और दूरगामी विकास की योजनाओं पर काम कर रहे हैं।

हमारा लक्ष्य है कि मुज़फ्फरनगर के नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिले। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर योजनाओं को शीघ्र आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुज़फ्फरनगर के समग्र विकास, बेहतर सड़क संपर्क, मजबूत आधारभूत ढांचे और आधुनिक यातायात सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इन दोनों महत्वपूर्ण प्रस्तावों के आगे बढ़ने से शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। आने वाले समय में मुज़फ्फरनगर को जाम की समस्या से राहत दिलाने और शहर के विकास को गति देने में ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
नवीन मंडी व्यापार संघ ने मंडी की छह प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग उठाई

सचिव नीलिमा गौतम को सौंपा ज्ञापन, व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने का किया अनुरोध

आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी व्यापार संघ द्वारा नवीन मंडी स्थल पर लंबे समय से व्याप्त विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान एवं मंडी की व्यवस्थाओं में सुधार कराने के संबंध में कृषि उत्पादन मंडी समिति की सचिव नीलिमा गौतम को ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि नवीन मंडी स्थल जनपद का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान एवं श्रमिक व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े रहते हैं। इसके बावजूद मंडी परिसर में कई मूलभूत समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनसे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

नवीन मंडी व्यापार संघ ने प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाईं—

1. गुड़ की आवक बढ़ाने की मांग: मंडी में लगातार घट रही गुड़ की आवक पर चिंता व्यक्त करते हुए गुड़ का व्यापार मंडी परिसर में ही सुनिश्चित कराने तथा आढ़तियों एवं व्यापारियों के हित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

2. साफ-सफाई की व्यवस्था: मंडी परिसर में नियमित सफाई कराए जाने तथा जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों का समय से निस्तारण कराने की मांग की गई।

3. प्रकाश व्यवस्था: मंडी परिसर एवं दुकानों के आसपास खराब पड़ी लाइटों को तत्काल ठीक कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगवाने की मांग की गई।

4. दुकानों की छतों की मरम्मत: बरसात के दौरान दुकानों की छतों से पानी टपकने की समस्या को देखते हुए छतों की मरम्मत एवं वाटरप्रूफिंग का कार्य प्राथमिकता से कराने की मांग रखी गई।

5. चूहों के आतंक से निजात: मंडी में बढ़ती चूहों की संख्या से व्यापारियों के माल, बोरों एवं अन्य सामान को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए विशेष अभियान चलाकर रोकथाम की मांग की गई।

6. सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था: मंडी के प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने एवं पहले से लगे कैमरों को चालू कराने की मांग की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।

नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि मंडी की बेहतर व्यवस्थाएं केवल व्यापारियों के हित में ही नहीं, बल्कि किसानों, श्रमिकों एवं मंडी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के हित में आवश्यक हैं। मंडी का विकास और व्यापारिक सुविधाओं का विस्तार सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने सचिव महोदया से अनुरोध किया कि सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही नवीन मंडी व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित कर प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।

महामंत्री अंचित मित्तल ने कहा कि व्यापार संघ मंडी के विकास एवं व्यापारियों की सुविधाओं के लिए सदैव सकारात्मक सहयोग देने को तैयार है। संघ का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि आपसी संवाद और सहयोग के माध्यम से समस्याओं का स्थायी समाधान कराना है।

इस अवसर पर रवि शर्मा, रिंकल बंसल, सचिन सिंघल, अंकित गर्ग, दिनेश राठी, मनीष चौधरी, अनुज, नवल प्रकाश अग्रवाल, कमल गोयल, राजीव, सुखबीर सिंह रमन शर्मा मयंक अरविंद सिंह एवं निशांत शर्मा सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
डीपीएम पब्लिक स्कूल में पीटीएम में दिखा अभिभावकों का उत्साह, डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं देखकर हुए प्रभावित
अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, सभी कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड से हो रही पढ़ाई; ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बिना अतिरिक्त शुल्क मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बहसूमा। डीपीएम पब्लिक स्कूल बहसूमा में शनिवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम अभिभावकों के सामने प्रस्तुत किया गया। साथ ही बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपलब्धियों और कमजोरियों में सुधार को लेकर शिक्षकों ने अभिभावकों से चर्चा की।

इस दौरान अभिभावक अपने बच्चों का परीक्षा परिणाम देखकर उत्साहित नजर आए। विद्यालय में किए गए आधुनिकीकरण और डिजिटल सुविधाओं को देखकर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। विद्यालय की सभी कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है। वहीं, किंडरगार्टन के नन्हे बच्चों के लिए भी आधुनिक डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की गई हैं, ताकि वे खेल-खेल में रोचक तरीके से शिक्षा प्राप्त कर सकें।

विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय को हाईटेक बनाने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बड़े शहरों के प्रतिष्ठित स्कूलों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बहसूमा और आसपास के गांवों के बच्चों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का लाभ बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी विद्यालय की प्राथमिकता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य जिया जैदी ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। निरंतर संवाद और सहयोग से ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को निखारा जा सकता है।

पीटीएम के समापन के बाद सचिव जगदीश त्यागी ने शिक्षकों की बैठक लेकर विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और आधुनिकीकरण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से आधुनिक शिक्षण तकनीकों को अपनाने, समय के साथ स्वयं को अपडेट रखने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य जिया जैदी ने भी शिक्षकों को अनुशासन, सामूहिक जिम्मेदारी और शिक्षण कार्य में निरंतर सुधार के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। पीटीएम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अभिभावकों ने विद्यालय में हो रहे शैक्षणिक और तकनीकी बदलावों पर संतोष जताते हुए प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।