सरदार पटेल के त्याग और अनुशासन से प्रेरणा लें विद्यार्थी : कुलपति प्रो. आरके सिंह
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह-2026 का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक, लखनऊ के चेयरमैन जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि आज के इस दौर में, जब देश को वैचारिक और सामाजिक एकता की सबसे अधिक आवश्यकता है, सरदार पटेल के विचार और आदर्श हमारे लिए एक मार्गदर्शक प्रकाश पुंज की तरह हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने भीतर के सामर्थ्य को पहचानना चाहिए और अनुशासन के साथ ‘राष्ट्र-प्रथम’ की भावना को अपने आचरण में उतारना चाहिए। सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम अपनी मेहनत और निष्ठा से 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के महान संकल्प को साकार कर सकते हैं।समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में तमाम कठिनाइयां सहते हुए भी देशहित के प्रति अपना समर्पण हमेशा बनाए रखा। उनका त्याग आज की युवा पीढ़ी को यह सिखाता है कि बड़े उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए धैर्य, अनुशासन और व्यक्तिगत सुविधाओं से ऊपर उठकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल से प्रेरणा लेकर विपरीत परिस्थितियों में हिम्मत बनाए रखें, पूरी ईमानदारी से अध्ययन करें और अपने अर्जित ज्ञान का उपयोग समाज की भलाई के लिए करें।प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित समारोह में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, अखंड भारत के संकल्प और राष्ट्रीय एकता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। टीडी कॉलेज के शिक्षक डॉ. सुभाष चंद्र विश्नोई द्वारा देश के हर व्यक्ति में स्वाभिमान होना चाहिए,नित्य वन्देमातरम का गान होना चाहिए प्रस्तुत किया। डॉ. नरेन्द्र देव पाठक ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने एकल और समूह गान और नृत्य की प्रस्तुतियां दी। इसके साथ की विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से रंगोली बनाकर देश की एकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के पूर्व महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, वीर बहादुर सिंह एवं महंत अवेद्यनाथ की मूर्ति पर अतिथियों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया।समारोह में सांस्कृतिक समिति के संयोजक प्रो. मनोज मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रसिकेश और राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने किया, संचालन अभिनव कीर्ति एवं अवंतिका यादव ने किया।इस अवसर पर डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. मिथिलेश सिंह, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. अन्नू त्यागी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. अमरेन्द्र सिंह, डॉ. अनुराग मिश्र समेत विभिन्न संकायों के शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Oct 31 2026, 18:00
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.0k