भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा आयोजित श्रीराम कथा में बना अद्भुत विश्व रिकॉर्ड
जौनपुर। जनपद के सुप्रसिद्ध समाजसेवी, उद्योगपति तथा वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा बीआरपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा ने दिव्य और भव्य आयोजन के चलते न सिर्फ लाखों राम भक्तों के हृदय में जगह बनाई अपितु प्रख्यात कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज के निर्देश पर राम भक्तों ने 11 करोड़ एक, राम नाम लेखन कर इंडिया बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया। देखा जाए तो पूर्वांचल के लोगों के लिए यह अत्यंत गौरव की बात है। इंडिया बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि संजय भोला ने जब ज्ञान प्रकाश सिंह को यह प्रमाण पत्र दिया तो वहां उपस्थित हजारों लोगों ने खड़े होकर सम्मान के साथ तालियां बजाकर ज्ञान प्रकाश सिंह को बधाई दी। ज्ञान प्रकाश सिंह ने राम नाम का लेखन करने वाले सभी राम भक्तों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान राम के प्रति उनकी श्रद्धा और भक्ति के चलते यह अद्भुत विश्व रिकॉर्ड संभव हुआ है। उन्होंने जनपद वासियों की तरफ से आचार्य शांतनु जी महाराज के प्रति इस उपलब्धि के लिए विशेष आभार और अभिनंदन प्रकट किया।
सुल्तानपुर के सचिन पुजारी ने यूपीस्टेज 2026 में हासिल किया प्रथम स्थान
सुल्तानपुर। जिले के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर एवं सुल्तानपुर व्यू के संस्थापक सचिन पुजारी ने दैनिक भास्कर यूपीस्टेज 2026 की सामाजिक प्रभाव एवं सामुदायिक सेवा श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर सुल्तानपुर का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर उन्हें सम्मानित किया गया और गोवा यात्रा का अवसर भी मिला। कार्यक्रम में उन्हें अभिनेता एवं सांसद रवि किशन तथा प्रसिद्ध गीतकार एवं लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ। सचिन पुजारी अपने डिजिटल मंच सुल्तानपुर व्यू के माध्यम से शहर की संस्कृति, पर्यटन, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय आयोजनों को पहचान दिलाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वे जनहित से जुड़ी जानकारियों, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों, जनकल्याणकारी योजनाओं, जरूरतमंदों की सहायता और आम नागरिकों के लिए उपयोगी सेवाओं से संबंधित सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। इसके साथ ही वे स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से सामने लाते हैं। उनका प्रयास है कि डिजिटल मंच केवल मनोरंजन तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के लिए उपयोगी जानकारी पहुंचाने और सकारात्मक बदलाव का माध्यम बने। इस उपलब्धि पर सचिन पुजारी ने अपने दर्शकों, शुभचिंतकों और साथी कंटेंट क्रिएटर्स का आभार व्यक्त करते हुए सम्मान को सुल्तानपुर की जनता और अपने सहयोगियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें अपने शहर और समाज के लिए और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
जौनपुर में नौ दिवसीय श्री राम कथा का समापन, भक्ति और श्रद्धा का दिखा अद्भुत संगम
जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा के अंतिम दिन कथाव्यास आचार्य शांतनु जी महाराज ने शबरी भक्ति, सुंदरकांड, लंका विजय और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।आचार्य शांतनु जी महाराज ने कहा कि श्रेष्ठ दांपत्य जीवन की पहचान कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ निभाना है। माता सीता और भगवान श्रीराम के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने प्रेम, विश्वास और पारिवारिक मर्यादा का संदेश दिया। लव-कुश प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने सीता की स्वर्ण प्रतिमा के माध्यम से यज्ञ संपन्न करने को भगवान श्रीराम के सम्मान और समर्पण का प्रतीक बताया।
कथा के अंतिम चरण में उन्होंने बताया कि 14 वर्ष का वनवास पूरा कर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर पूरे नगर में उत्सव छा गया। विधि-विधान से हुए राज्याभिषेक के साथ श्रीरामकथा का समापन हुआ। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। आचार्य शांतनु महाराज ने कथा के मुख्य आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी प्रकार भव्य श्रीरामकथा का आयोजन कराते रहें और जौनपुरवासी रामकथा में डुबकी लगाते रहें। आयोजन को सफल बनाने में सेवा भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
अंतिम दिन पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, सिद्धार्थ सिंह (वाराणसी), भाजपा नेता सुधांशु सिंह, अम्बरीष सिंह ‘भोला’ (मानद सदस्य, वाराणसी विकास प्राधिकरण), पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष सिंह यादव, राजवीर सिंह ‘राजा’, संतोष मिश्रा, माध्यमिक शिक्षक संघ के नेता संतोष सिंह, डीजीपी राजकुमार विश्वकर्मा तथा चित्रकूट दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.एन. त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भारत वैभव पार्टी से विधानसभा क्षेत्र 368 मुंगराबादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र जौनपुर से   प्रत्याशी घोषित किए गए समाजसेवी चन्द्रेश दुबे
प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


  गौरीशंकर जन कल्याण ट्रस्ट संस्था के संस्थापक चेयरमैन एवं नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय परिषद संगठन प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश समाज सेवी चन्द्रेश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि   आगामी विधानसभा चुनाव 2027को देखते हुए  भारत वैभव पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार पाण्डेय  और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अमित रामवदन मिश्रा के नेतृत्व में  हमे भारत वैभव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर जनपद जौनपुर के 368 मुंगराबादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडने के लिए  हमें प्रत्याशी घोषित किया गया है इसके लिए हम  भारत वैभव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार पाण्डेय और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अमित रामवदन मिश्रा सहित पार्टी शीर्ष नेताओं का आभार प्रकट करते हैं  समाजसेवी चन्द्रेश दुबे ने कहा कि हम  समाज में क्षेत्र में क्षेत्र की जनता के साथ कभी अन्याय नहीं होने देंगे हम क्षेत्र की जनता का हमेशा साथ और सहयोग और  क्षेत्र का विकास करेंगे
खेत बचाओ अभियान के तहत कृषक गोष्ठी का आयोजन

अमृतपुर फर्रुखाबाद 29 अक्टूबर। ग्राम अमृतपुर में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र फर्रुखाबाद के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जगदीश चंद्र मिश्रा ने की। कार्यक्रम में किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, संतुलित उर्वरक प्रयोग और फसलों को रोगों से बचाने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
गोष्ठी के दौरान डॉ. जगदीश चंद्र मिश्रा ने किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने, मृदा परीक्षण कराने, हरी खाद एवं गोबर की खाद के उपयोग और फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खेती में मिट्टी की सेहत का ध्यान रखने और वैज्ञानिक विधियों को अपनाने पर जोर दिया, जिससे फसल उत्पादन बेहतर होने के साथ भूमि की उर्वरता भी बनी रहे।इसके अलावा आलू की फसल में होने वाले चेचक रोग से बचाव के लिए भूमि शोधन एवं बीज शोधन के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए गए। किसानों को फसल की बुवाई से पहले उचित सावधानियां बरतने तथा रोगों की रोकथाम के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार उपाय अपनाने की जानकारी दी गई। बैंक ऑफ इंडिया फतेहगढ़ के एलडीएम कार्यालय से आर.के. राठौर ने किसानों को बैंकों की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कृषक दुर्घटना बीमा, कृषक पेंशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को इनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
गोष्ठी में अनूप कुमार एडीओ कृषि रक्षा, संतोष कुमार प्राथमिक सहायक, प्रवेश कुमार बीटीएम, जितेंद्र कुमार, अमित कुमार एवं कुलदीप कुमार सहित कृषि विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
शहर में ई रिक्शा का मार्ग परिवर्तित करने की मांग, सूखे पेड़ कटवाए जाने की मांग
फर्रुखाबाद। जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक प्रभारी जिलाधिकारी  (अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्याय) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई जिसमें शहर में पार्किंग एवं वैन्डिग जोन बनाने, लालसराय में मछली बाजार हटाये जाने शहर की यातायात व्यवस्था ई-रिक्शा संचालन, विभिन्न सडकों के निर्माण, नाली निर्माण विद्युत बंच केबिलों के डालने तथा गौवंश व बन्दरों के पकडने आदि पर चर्चा हुई।
पांचाल घाट रोड पर स्कूल जाने वाली सडक व नाली निर्माण की चर्चा पर फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल के जिला अध्यक्ष ने स्कूली बच्चों एवं जनहित में सडक व नाली शीघ्र निर्माण कराये जाने पर जोर दिया।
फेडरेशन आफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल के जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा ने लाल सराय स्थित मछली बाजार को शीघ्र हटाये जाने की चर्चा दौरान इस मछली बाजार को जनहित में शीघ्र हटवाये जाने पर जोर दिया।
ग्राम नेकपुर खुर्द से गुरूगाँव देवी मन्दिर तक सड़क के दोनों ओर विद्युत बंच केबिल डाले जाने की चर्चा पर फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल के जिला अध्यक्ष ने जनहित में बंच केबिल शीघ्र डाले जाने पर जोर दिया क्योंकि यह प्रकरण विगत चार साल से लम्बित है।
ग्राम नेकपुर खुर्द में हरदेव शाक्य के मकान से अमर रेस्टोरेंट होते हुये कालीदेवी मन्दिर तक नाली निर्माण की चर्चा पर फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल के जिला अध्यक्ष ने जनहित में उक्त नाली शीघ्र निर्माण कराये जाने पर जोर दिया क्योंकि यह भी प्रकरण विगत चार साल से लम्बित चला आ रहा है।
ग्राम नेकपुर खुर्द के निकट अमर रेस्टोरेंट के पश्चिम तरफ मुख्य रोड से फौजी के मकान से अमर रेस्टोरेंट के पीछे वाले गेट तक सडक व नाली निर्माण हेतु फेडरेशन ऑफ आल इण्डिका व्यापार मण्डल जिला अध्यक्ष ने जनहित में सडक व नाली शीघ्र निर्माण कराये जाने पर जोर दिया।

शहर के गुरूगाँव देवी मन्दिर के निकट सड़क के किनारे सूखे पेड को शीघ्र कटवाये जाने की चर्चा पर फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डली लाखन सिंह, जिला प्रवक्ता ने उक्त जर्जर सूखे पेड को जनहित में शीघ कटवाये जाने पर जोर दिया क्योंकि इस सूखे एवं जर्जर पेड के नीचे मुख्य सड़क के दोनों तरफ 11000 की खुले तारों की विद्युत लाइनें हैं यदि किसी कारणवश पेड अथवा डाल टूटती है तो बहुत बड़ी अप्रिय घटना/जनहानि होने से इन्कार नहीं किया जा सकता।
फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल फर्रुखाबाद के जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने जनहित में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए ई-रिक्शा को सुव्यवस्थित रूप से संचालन पर जोर देते हुये नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद द्वारा बनाये गये ई-रिक्शा रूट चार्ट के अनुसार ई-रिक्शा के संचालन पर जोर दिया।

इस दौरान बैठक में फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल के जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा, विमलेश मिश्रा, जिला महामंत्री, लाखन सिंह, जिला प्रवक्ता,  मनोज दीक्षित, जिला मंत्री अनुपम पाण्डेय, सुनील मिश्रा, प्रशान्तकुमार शाक्य, विश्वनाथ गुप्ता (दीपू गुप्ता), अशोक यादव एवं संजय गुप्ता आदि पदाधिकारियों ने  बैठक में भाग लिया।
मऊ सांड और बंदरों के आतंक से मुहम्मदाबाद गोहना के लोग परेशान
शंकर तिराहा व मुख्य बाजार में सांड ने दो लोगों को किया घायल, बंदरों के हमले से भी दहशत

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय कस्बे में इन दिनों छुट्टा पशुओं और बंदरों के आतंक से दुकानदारों, महिलाओं और आम राहगीरों में भय का माहौल बना हुआ है। शंकर तिराहा और मुख्य बाजार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक सांड के घूमने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सांड के हमले में दो लोग घायल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सांड के डर से बाजार आने-जाने वाले लोग सतर्क होकर निकल रहे हैं।

कई बार सड़क पर अचानक सांड के आ जाने से राहगीरों में अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। वहीं कस्बे की सड़कों और विभिन्न मोहल्लों में खुलेआम घूम रहे छुट्टा पशुओं के कारण गंदगी की समस्या भी बनी हुई है।
दूसरी ओर, कस्बे के कई मोहल्लों में बंदरों का आतंक भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सुबह के समय जब महिलाएं मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाती हैं, तो उन्हें बंदरों के झुंड का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों को भगाने का प्रयास करने पर वे हमला कर देते हैं और कई लोगों को काट भी चुके हैं।

छुट्टा पशुओं और बंदरों की समस्या से दुकानदारों, महिलाओं, बच्चों और राहगीरों में लगातार भय बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और नगर निकाय से मांग की है कि सांड को पकड़ने तथा छुट्टा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था की जाए।

साथ ही बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोग बाजार और सड़कों पर बिना भय के आवागमन कर सकें।
जिलाधिकारी ने श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश*
*22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक पांचाल घाट पर आयोजित होगा श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी*

*मेले को और अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए साधु-संतों से लिए जा रहे सुझाव, उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की झलक भी दिखेगी*

फर्रुखाबाद । प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गंगातट स्थित पांचाल घाट पर आगामी 22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों के संबंध में मेला क्षेत्र का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले के सुव्यवस्थित आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधा, अस्थायी घाटों के निर्माण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पांचाल घाट पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला श्रीरामनगरिया मेला जनपद की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मेले में बड़ी संख्या में साधु-संतों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन को इस बार और अधिक बेहतर, आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने आश्रमों के आसपास श्रद्धालुओं के स्नान के लिए बनाए जाने वाले अस्थायी घाटों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की संभावित संख्या एवं सुरक्षा को ध्यान में रखकर कराया जाए। घाटों पर स्नान के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, आवागमन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के ठहरने, रहन-सहन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन को अधिक व्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के लिए स्थानीय साधु-संतों के सुझाव एवं मंतव्य भी लिए जा रहे हैं, ताकि उनकी आवश्यकताओं और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि साधु-संतों एवं मेला क्षेत्र में निवास करने वाले श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही‘उत्तर प्रदेश दर्शन’ की अवधारणा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों की झलक प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों तथा पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

इसके अतिरिक्त मेले में खानपान की सामग्री को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूड कोर्ट विकसित किए जाने की योजना है। इससे श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे और खानपान से संबंधित सुविधाएं अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सकेंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं की योजना इस प्रकार तैयार की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन, स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर व्यवस्थाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से संबंधित सभी तैयारियों को आपसी समन्वय के साथ समय से पूर्ण कराया जाए। मेला क्षेत्र की आवश्यकताओं का आकलन करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि आयोजन अवधि में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और श्रद्धालु सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण में मेले का लाभ उठा सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों के पंजीकरण से आलू अनुदान योजना लटकी, किसानों ने डीएम को दिया ज्ञापन


फर्रुखाबाद।
आलू भाडा अनुदान योजना में किसानों के पंजीकरण, आलू विकास अधिकारी कार्यालय कोल्ड स्टोरेज में आ रही असुविधा ,लेटलतीफी को लेकर जिलाधिकारी डा अंकुर लाठर से किसान आंदोलन के प्रदेश प्रभारी अशोक कटियार के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने भेंट की। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को सम्पूर्ण योजना की समीक्षा करने,खंड विकास अधिकारी कार्यालय में भी वेरीफिकेशन का काम शुरू कराने, शीतगृहो में रिपोर्ट समयबद्ध मंगाने का निर्देश दिया।
किसान आंदोलन के प्रदेश प्रभारी अशोक कटियार ने जिलाधिकारी को भाड़ा अनुदान योजना में किसानों को आ रही असुविधा से अवगत कराया। उन्होंने योजना के आवेदन का समय बढ़ाने की भी मांग की हैं।श्री कटियार ने कहा कि योजना में पेचीदगियों के कारण किसानों को भारी परेशानी है और बडी संख्या में किसान लाभ से बंचित है। किसानों को लागत मेंहनत जोड कर लाभकारी आलू मूल्य नहीं मिल रहा है। 27जिलो के किसान बर्बाद हैं।
उन्होंने मंडी टैक्स समाप्त करने, आलू नीति बनाने, आलू आधारित उद्योग लगाने की मांग की हैं
इस मौके पर किसान आंदोलन के मंडल उपाध्यक्ष अरविंद राजपूत, आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला, प्रदेश महामंत्री दीपू राठौर, जिला प्रचार मंत्री रमेश राठौर, प्रवक्ता देवेश चतुर्वेदी,वी के गंगवार, जिलाअध्यक्ष हर्ष बावू गंगवार,छोटे बाथम आदि मौजूद रहे ।
थाना मोतीगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 192/2026 में गंभीर अनियमितता पर उ0नि0 अखिलेश कुमार पाण्डेय का निलंबन।
गोण्डा। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की प्रारम्भिक जाँच में पाया गया कि मु0अ0सं0 192/2026 धारा 85/74/115(2)/352 बीएनएस की विवेचना में उ0नि0 अखिलेश कुमार पाण्डेय ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों व लोकेशन की अनदेखी कर आरोप पत्र प्रेषित करने तथा प्रकरण को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत करने की गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। आरोप है कि विवेचक ने वादिनी को अनुचित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से साक्ष्यों के विपरीत कार्रवाई की तथा उसे पुनः प्रार्थना पत्र देकर उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। प्रकरण में प्रथम दृष्टया जानबूझकर पक्षपातपूर्ण कार्यवाही एवं कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही परिलक्षित होने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा उ0नि0 अखिलेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जाँच के आदेश दिए गए।