मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की बैठक*

एक नवंबर को प्रातः 10 बजे ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित होगा शिविर, विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल; पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित*

फर्रुखाबाद ।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 01 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे जनपद के ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों के संबंध में आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार की अध्यक्षता में जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक जनपद न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी आगामी 01 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अपने-अपने विभाग का स्टॉल लगाना सुनिश्चित करें। स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाए तथा योजनाओं के अंतर्गत पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें नियमानुसार लाभान्वित करने की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में विभागीय योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी विवरण आमजन के लिए उपलब्ध रहें, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो। शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें संबंधित विभाग की योजनाओं तथा उपलब्ध सेवाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।

बैठक में अपर जिला जज/नोडल अधिकारी विधिक साक्षरता शिविर संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश में  01 नवंबर 2026 को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविरों का आयोजन प्रातः 10 बजे किया जा रहा है। इस दौरान जनपदके मुख्यालय स्थित ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में यह शिविर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य आम जनमानस को विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें अनुमन्य लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता की शर्तों, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

शिविर के माध्यम से आमजन को विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता के साथ-साथ विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहकर नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश  नीरज कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय के साथ शिविर की तैयारियां समय से पूर्ण करें तथा अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें, जिससे शिविर में आने वाले नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त हो सके और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

*जनपद के नागरिकों से अपील है कि वे 01 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं।*

बैठक के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिन्दिया भटनागर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जौनपुर में श्रीराम कथा का आठवां दिन,भरत का त्याग, समर्पण और भ्रातृप्रेम सुन भावुक हुए  रामभक्त

जौनपुर। नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा के अष्टम दिवस पर कथाव्यास परम पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज ने श्रीरामचरितमानस के भरत चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भरत जी के अद्वितीय प्रेम, त्याग, समर्पण, मर्यादा तथा भ्रातृप्रेम के प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवनोपयोगी संदेश दिया गया।आचार्य शांतनु जी महाराज ने भरत जी के चरित्र की महत्ता बताते हुए कहा कि भरत जी ने राजसत्ता और राजसिंहासन के मोह से ऊपर उठकर अपने बड़े भाई भगवान श्रीराम के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण का अनुपम आदर्श प्रस्तुत किया। उनका जीवन सिखाता है कि सच्चा प्रेम स्वार्थ से परे होता है। परिवार में रिश्तों की वास्तविक मजबूती अधिकार जताने से नहीं, बल्कि त्याग, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान से आती है। आचार्य शांतनु जी महाराज ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे भगवान श्रीराम और भरत जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें, परिवार में प्रेम और सद्भाव बनाए रखें तथा समाज में सेवा, त्याग और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दें। बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित श्रीरामकथा में श्रद्धालुओं की सहभागिता के बीच भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। मुख्य आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर जगदम्बिका पाल (सांसद, लोकसभा डुमरियागंज), श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी (पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सांसद), साधना सिंह (राज्यसभा सांसद, चंदौली), महेंद्रनाथ पाण्डेय (पूर्व केंद्रीय मंत्री), अशोक चौरसिया (क्षेत्रीय अध्यक्ष, काशी क्षेत्र), धनंजय सिंह (पूर्व सांसद), अजीत प्रजापति जी (जिलाध्यक्ष, भाजपा जौनपुर), स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती जी (महामंत्री, अखिल भारतीय संत समिति), अमित घोष जी (अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश), प्रवीन सिंह जी (एमडी, यूपीआईकॉन), कुमार ऋषिकेश (इनकम टैक्स कमिश्नर), हरीश प्रताप सिंह (अपर आयुक्त, उद्योग), अभिषेक शुक्ल, डॉ. सत्यप्रकाश सिंह (प्रधानाचार्य, तिलकधारी इंटर कॉलेज), विनय सिंह (पूर्व सभासद), बृजेश सिंह (जिलाध्यक्ष, कर्मचारी संघ), संतोष सिंह ‘सत्या’, बृजेश सिंह (प्रधानपुर), अमित सिंह, सुमित सिंह एवं अरविंद सिंह (निदेशक, माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल) सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कायमगंज में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने वित्त मंत्री के नाम एसडीएम को दिया ज्ञापन

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। बैंकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम अभिषेक वर्मा को सौंपा। इसमें सरकारी बैंकों को सातों दिन खोलने, न्यूनतम बैलेंस पेनल्टी समाप्त करने और विभिन्न बैंकिंग शुल्क खत्म करने समेत व्यापारी हित में कदम उठाने की मांग की गई।

व्यापार मंडल ने ज्ञापन में कहा कि बैंकों में अवकाश के कारण व्यापारिक लेनदेन प्रभावित होता है। इससे व्यापारियों को परेशानी होती है और राजस्व का नुकसान भी होता है। इसलिए सभी सरकारी बैंकों को सातों दिन खोलने के आदेश दिए जाएं। व्यापारियों ने बचत खाते पर कम ब्याज और चालू खाते पर ब्याज नहीं मिलने का हवाला देते हुए न्यूनतम बैलेंस न रखने पर लगने वाली पेनल्टी समाप्त करने की मांग की।

ज्ञापन में चेक बाउंस होने पर भुगतान प्राप्त करने वाले व्यापारी से चार्ज न लेने और इसकी जिम्मेदारी चेक जारी करने वाले पर तय करने की मांग की गई। साथ ही नकदी जमा करने और निकालने पर लगने वाले कैश हैंडलिंग चार्ज को अनुचित बताते हुए इसे समाप्त करने का अनुरोध किया गया।

व्यापारियों ने कहा कि नियमित रूप से चल रहे लोन और लिमिट खातों के नवीनीकरण तथा संपत्ति के दोबारा मूल्यांकन के नाम पर हर साल अतिरिक्त खर्च वसूला जाता है। इस पर रोक लगाई जाए। उन्होंने लोन और लिमिट खातों को एनपीए घोषित करने की अवधि तीन महीने से बढ़ाकर छह महीने करने तथा तकनीकी खामियों में सुधार का अवसर देने की मांग भी रखी।

इसके अलावा केवाईसी की अवधि बढ़ाकर 10 वर्ष करने और सभी प्रकार के अकाउंट मेंटेनेंस चार्ज समाप्त करने की मांग की गई।

इस दौरान प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कौशल, जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित सेठ, नगर महामंत्री संजीव अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, मुस्तफा भाई, आलोक सक्सेना, अमित पालीवाल, प्रेमकमल गुप्ता, जितेंद्र रस्तोगी, संगम शाक्य, लखपति बाबू सक्सेना, विनीत सक्सेना, अनुराग राठौर, महिला जिलाध्यक्ष रश्मि दुबे, महिला नगर अध्यक्ष मधु गंगवार और लक्ष्मी राठौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्रीरामनगरिया मेला-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मेला समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित

*मेले में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, अस्थाई शौचालय एवं श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश*

*गंगा नदी में दूषित पानी का प्रवाह रोकने, अराजक तत्वों पर निगरानी रखने एवं अन्ना पशुओं के विचरण पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में दिए गए सुझाव*

फर्रुखाबाद । प्रतिवर्ष गंगातट पांचाल घाट पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध *श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2027* के आयोजन की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में मेला समिति के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में विचार-विमर्श हेतु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रीरामनगरिया मेले के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन के लिए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें। मेले में आने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से मेले में स्वच्छता व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, अस्थाई शौचालयों की स्थापना तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री दिनेश कुमार ने मेले के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गंगा नदी के पावन तट पांचाल घाट पर पौष पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक प्रतिवर्ष श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। वर्ष 2027 में यह मेला *22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक* आयोजित किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में साधु-संतों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने की आवश्यकता है।

बैठक के दौरान मेला समिति के सदस्यों ने मेले के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, गंगा नदी की स्वच्छता तथा मेला क्षेत्र में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। समिति के सदस्यों ने कहा कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों, मनचलों एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए। ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए मेला क्षेत्र में उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान एवं कल्पवास कर सकें।

मेला समिति के सदस्यों ने गंगा नदी की निर्मलता एवं स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए सुझाव दिया कि मेले की अवधि में गंगा नदी में दूषित पानी का प्रवाह बंद रखने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। गंगा तट पर स्वच्छता के विशेष प्रबंध किए जाएं तथा नदी को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इस दौरान मेला समिति के सदस्यों ने मेला क्षेत्र में अन्ना पशुओं के विचरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने का सुझाव दिया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो तथा मेला क्षेत्र में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी बल दिया।

जिलाधिकारी ने बैठक में प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विभागवार कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रीरामनगरिया मेला जनपद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए इसके सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मेले में आने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, मेला समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित महानुभाव उपस्थित रहे।
ट्रैक्टर की टक्कर से ई रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात को ट्रैक्टर की टक्कर से ई रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवरई मठ निवासी 35 वर्षीय धर्मेद्र पुत्र स्वर्गीय नरेश राजपूत  ई-रिक्शा से  अपनी दुकान का सामान लेने कायमगंज गए थे । मंगलवार की देर रात करीब 8 बजे कायमगंज से वापस घर लौट रहे थे, तभी कायमगंज अचरा मार्ग पर लुधैया पावर हाउस के पास सामने से आ रहा पुआल से लदा ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी टक्कर लगने से ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। वहीं धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल धर्मेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ जितेंद्र बहादुर सिंह ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया । घटना की जानकारी होने पर अस्पताल पहुंची मृतक की पत्नी अंजू का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक के एक पुत्र तीन पुत्रियां हैं जिनमें पुत्र उत्तम ,पुत्री सुरभि,वैष्णवी, देवांशी को छोड़ गया। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद ट्रैक्टर व चालक को पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, 5 माह पहले हुई थी शादी

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती जनपद एटा के थाना धुमरी क्षेत्र के गांव रूपधनी निवासी सरमन का 19 वर्षीय पुत्र गौरव सक्सेना अपनी पत्नी काजल और सास अर्चना देवी के साथ बाइक पर सवार होकर कायमगंज की ओर आ रहा था।
मृतक की सास अर्चना देवी ने बताया कि गौरव रामपुर स्थित अपनी ननिहाल से वापस लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित पपड़ी गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी और सास बाल-बाल बच गईं।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल गौरव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अमित कुमार ने प्राथमिक परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि गौरव रूपधनी चौराहे पर चाट-पकौड़े का ठेला लगाकर अपना गुजारा करता था। उसकी शादी महज 5 महीने पहले ही काजल के साथ हुई थी। इस अचानक हुए हादसे से नवविवाहिता पत्नी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मृतक की मां गुड्डी देवी और भाई सौरभ को दी गई, जिसके बाद परिजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
जिलाधिकारी ने किया जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन, लगभग 100 विज्ञान मॉडलों का हुआ प्रदर्शन

*विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासु प्रवृत्ति विकसित करने के लिए किया प्रेरित*

फर्रुखाबाद । विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं वैज्ञानिक अवधारणाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए प्रयोगों और नवाचारों की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को सदैव जिज्ञासु बने रहना चाहिए तथा अपने आसपास घटित होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तार्किक क्षमता के माध्यम से समाज की विभिन्न समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजे जा सकते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा लगभग 100 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 से 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, सेंसर टेक्नोलॉजी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी तथा स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे आधुनिक तकनीक एवं जनोपयोगी विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से तकनीकी विकास, कृषि सुधार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा एवं दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान से जुड़े अभिनव विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा उनकी उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक अवधारणा और प्रस्तुतिकरण के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. कल्पना सिंह, प्राचार्य, मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय निनौवा डॉ. सुदेश शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, भौतिक विज्ञान, आरपी डिग्री कॉलेज, कमालगंज; सौरभ कुमार पांडेय, असिस्टेंट प्रोफेसर, रसायन विज्ञान तथा निर्मला सिंह, एमसीए एवं गणित शिक्षिका, पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ शामिल रहीं।

प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र आशु सिंह ने मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ की छात्रा छवि बैस ने ब्लॉकचेन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित मॉडल के माध्यम से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिषिता गुप्ता ने स्मार्ट रेलवे स्टेशन मॉडल प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस दौरान सेंट पॉल ब्राइटन एकेडमी के छात्र ऋषभ राजपूत तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रोशनाबाद के छात्र अनिकेत को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। प्रतियोगिता में चयनित सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। परियोजना निदेशक द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपए द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,000 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,000 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को 1,000 रुपए-1,000 रुपए की धनराशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद फर्रुखाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार तथा तकनीकी कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना आवश्यक है, जिससे वे अपने विचारों को व्यावहारिक एवं उपयोगी आविष्कारों में परिवर्तित कर सकें। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में ज्योति, ऋचा तिवारी, आरती यादव, नीलम कश्यप, स्वालिया, प्रतिभा, अर्चना गुप्ता, मोनी चौहान, गुलशन जहाँ, दीप्ति सिंह, रीता, उषा मीना, रिंकू, अजय सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी समझ एवं रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपने नवाचारी विचारों को साझा करने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत 161 जोड़ों का हुआ विवाह,जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं
*146 हिंदू और 15 मुस्लिम जोड़े हुए शामिल

गोंडा।बुधवार सुबह से लेकर अपरान्ह लगभग 3.30 बजे तक जिला प्रशासन व समाज कल्याण विभाग द्वारा एक निजी मैरिज हाल ( रायल पैराडाइज) में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम के तहत शादी के लिए लगभग 190 हिन्दू और मुस्लिम जोड़ों ने अपना पंजीकरण कराया था,जिनमें से कुल 161 जोड़ों का उनके रीति रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया।इनमें 146 हिन्दू और 15 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नवविवाहित जोड़ों ने फेरे लिए और मुस्लिम जोड़ों को निकाह पढ़ाया गया।विवाह संपन्न होने के बाद सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहितों पर पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं प्रेषित किया,साथ ही उन्हें उपहार भेंट किया तथा प्रत्येक जोड़े से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।इस अवसर पर मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में इस योजना में भी भेदभाव किया जाता था,परन्तु मौजूदा भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अवसर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आज कई ऐसे जरूरतमंद परिवारों के बच्चों का विवाह संपन्न हुआ है,जो आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे।उन्हें शासन की तरफ से उपहार भी प्रदान किया गया है।वहीं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जिले में अब तक 1000 से अधिक जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है और यह क्रम निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी निर्धन परिवार की कन्या विवाह से वंचित न रहे।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला थाना और नगर कोतवाली की पुलिस टीम तैनात रही।इसके अतिरिक्त आयोजन स्थल के आसपास सुचारु रूप से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस की भी विशेष तैनाती की गई थी।
मऊ त्योहारों पर नई परंपरा की अनुमति नहीं, मानक के अनुरूप ही बजेगा डीजे
शांति समिति की बैठक में एसडीएम व सीओ ने आयोजकों को दिए आवश्यक निर्देश

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आगामी मां पूजा, धनतेरस और दीपावली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार शाम को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मूर्ति आयोजक, डीजे संचालक, जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
बैठक में उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने आयोजकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

वहीं क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले में डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। उन्होंने मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने और आयोजन के दौरान सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने सभी आयोजन समितियों और डीजे संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

इस दौरान कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, पूर्व चेयरमैन लालजी वर्मा समेत भूपेंद्र सिंह, जनार्दन शर्मा, छोटू प्रसाद, अबरार अहमद, जगदीश गुप्ता, महावीर सिंह, गुंजन श्रीवास्तव, चंद्रभूषण यादव, रामविलास पासवान, टिंकू गुप्ता, अनमोल साहू, अबु हुरैरा, अंजनी गुप्ता, बबलू यादव, मिंटी बरनवाल, प्रिंस गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मृत्युंजय मौर्य और संतोष गुप्ता सहित विभिन्न मूर्ति आयोजन समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस विभाग से मधुसूदन चौरसिया, नूर आलम, मिथिलेश कुमार और अनिल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
थाना तरबगंज पुलिस द्वारा चोरी करने के 02 आरोपी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार

*घटना का संक्षिप्त विवरण—*
गोण्डा। दिनांक 05.03.2026 की रात्रि में थाना तरबगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रांगी निवासी बदी यादव पुत्र लखन यादव की 02 भैंस एवं 06 माह की 01 पड़िया अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई थीं। काफी तलाश करने के बाद भी पशुओं का पता न चलने पर वादी द्वारा दिनांक 08.03.2026 को थाना तरबगंज पर प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके आधार पर थाना तरबगंज में सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत किया गया।

*कार्यवाही—*
थाना तरबगंज पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 0086/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित 02 नफर अभियुक्तों को जनपद अयोध्या के थाना रौनाही क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें न्यायालय रवाना किया जा रहा है।