जिलाधिकारी ने किया जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन, लगभग 100 विज्ञान मॉडलों का हुआ प्रदर्शन
*विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासु प्रवृत्ति विकसित करने के लिए किया प्रेरित*
फर्रुखाबाद । विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं वैज्ञानिक अवधारणाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए प्रयोगों और नवाचारों की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को सदैव जिज्ञासु बने रहना चाहिए तथा अपने आसपास घटित होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तार्किक क्षमता के माध्यम से समाज की विभिन्न समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजे जा सकते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा लगभग 100 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 से 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, सेंसर टेक्नोलॉजी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी तथा स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे आधुनिक तकनीक एवं जनोपयोगी विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से तकनीकी विकास, कृषि सुधार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा एवं दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान से जुड़े अभिनव विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा उनकी उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक अवधारणा और प्रस्तुतिकरण के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. कल्पना सिंह, प्राचार्य, मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय निनौवा डॉ. सुदेश शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, भौतिक विज्ञान, आरपी डिग्री कॉलेज, कमालगंज; सौरभ कुमार पांडेय, असिस्टेंट प्रोफेसर, रसायन विज्ञान तथा निर्मला सिंह, एमसीए एवं गणित शिक्षिका, पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र आशु सिंह ने मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ की छात्रा छवि बैस ने ब्लॉकचेन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित मॉडल के माध्यम से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिषिता गुप्ता ने स्मार्ट रेलवे स्टेशन मॉडल प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस दौरान सेंट पॉल ब्राइटन एकेडमी के छात्र ऋषभ राजपूत तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रोशनाबाद के छात्र अनिकेत को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। प्रतियोगिता में चयनित सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। परियोजना निदेशक द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपए द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,000 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,000 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को 1,000 रुपए-1,000 रुपए की धनराशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद फर्रुखाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार तथा तकनीकी कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना आवश्यक है, जिससे वे अपने विचारों को व्यावहारिक एवं उपयोगी आविष्कारों में परिवर्तित कर सकें। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में ज्योति, ऋचा तिवारी, आरती यादव, नीलम कश्यप, स्वालिया, प्रतिभा, अर्चना गुप्ता, मोनी चौहान, गुलशन जहाँ, दीप्ति सिंह, रीता, उषा मीना, रिंकू, अजय सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी समझ एवं रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपने नवाचारी विचारों को साझा करने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया।
9 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k