जिलाधिकारी ने किया जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन, लगभग 100 विज्ञान मॉडलों का हुआ प्रदर्शन

*विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासु प्रवृत्ति विकसित करने के लिए किया प्रेरित*

फर्रुखाबाद । विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं वैज्ञानिक अवधारणाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए प्रयोगों और नवाचारों की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को सदैव जिज्ञासु बने रहना चाहिए तथा अपने आसपास घटित होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तार्किक क्षमता के माध्यम से समाज की विभिन्न समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजे जा सकते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा लगभग 100 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 से 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, सेंसर टेक्नोलॉजी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी तथा स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे आधुनिक तकनीक एवं जनोपयोगी विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से तकनीकी विकास, कृषि सुधार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा एवं दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान से जुड़े अभिनव विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा उनकी उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक अवधारणा और प्रस्तुतिकरण के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. कल्पना सिंह, प्राचार्य, मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय निनौवा डॉ. सुदेश शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, भौतिक विज्ञान, आरपी डिग्री कॉलेज, कमालगंज; सौरभ कुमार पांडेय, असिस्टेंट प्रोफेसर, रसायन विज्ञान तथा निर्मला सिंह, एमसीए एवं गणित शिक्षिका, पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ शामिल रहीं।

प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र आशु सिंह ने मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ की छात्रा छवि बैस ने ब्लॉकचेन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित मॉडल के माध्यम से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिषिता गुप्ता ने स्मार्ट रेलवे स्टेशन मॉडल प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस दौरान सेंट पॉल ब्राइटन एकेडमी के छात्र ऋषभ राजपूत तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रोशनाबाद के छात्र अनिकेत को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। प्रतियोगिता में चयनित सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। परियोजना निदेशक द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपए द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,000 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,000 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को 1,000 रुपए-1,000 रुपए की धनराशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद फर्रुखाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार तथा तकनीकी कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना आवश्यक है, जिससे वे अपने विचारों को व्यावहारिक एवं उपयोगी आविष्कारों में परिवर्तित कर सकें। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में ज्योति, ऋचा तिवारी, आरती यादव, नीलम कश्यप, स्वालिया, प्रतिभा, अर्चना गुप्ता, मोनी चौहान, गुलशन जहाँ, दीप्ति सिंह, रीता, उषा मीना, रिंकू, अजय सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी समझ एवं रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपने नवाचारी विचारों को साझा करने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत 161 जोड़ों का हुआ विवाह,जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं
*146 हिंदू और 15 मुस्लिम जोड़े हुए शामिल

गोंडा।बुधवार सुबह से लेकर अपरान्ह लगभग 3.30 बजे तक जिला प्रशासन व समाज कल्याण विभाग द्वारा एक निजी मैरिज हाल ( रायल पैराडाइज) में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम के तहत शादी के लिए लगभग 190 हिन्दू और मुस्लिम जोड़ों ने अपना पंजीकरण कराया था,जिनमें से कुल 161 जोड़ों का उनके रीति रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया।इनमें 146 हिन्दू और 15 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नवविवाहित जोड़ों ने फेरे लिए और मुस्लिम जोड़ों को निकाह पढ़ाया गया।विवाह संपन्न होने के बाद सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहितों पर पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं प्रेषित किया,साथ ही उन्हें उपहार भेंट किया तथा प्रत्येक जोड़े से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।इस अवसर पर मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में इस योजना में भी भेदभाव किया जाता था,परन्तु मौजूदा भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अवसर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आज कई ऐसे जरूरतमंद परिवारों के बच्चों का विवाह संपन्न हुआ है,जो आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे।उन्हें शासन की तरफ से उपहार भी प्रदान किया गया है।वहीं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जिले में अब तक 1000 से अधिक जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है और यह क्रम निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी निर्धन परिवार की कन्या विवाह से वंचित न रहे।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला थाना और नगर कोतवाली की पुलिस टीम तैनात रही।इसके अतिरिक्त आयोजन स्थल के आसपास सुचारु रूप से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस की भी विशेष तैनाती की गई थी।
मऊ त्योहारों पर नई परंपरा की अनुमति नहीं, मानक के अनुरूप ही बजेगा डीजे
शांति समिति की बैठक में एसडीएम व सीओ ने आयोजकों को दिए आवश्यक निर्देश

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आगामी मां पूजा, धनतेरस और दीपावली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार शाम को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मूर्ति आयोजक, डीजे संचालक, जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
बैठक में उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने आयोजकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

वहीं क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले में डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। उन्होंने मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने और आयोजन के दौरान सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने सभी आयोजन समितियों और डीजे संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

इस दौरान कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, पूर्व चेयरमैन लालजी वर्मा समेत भूपेंद्र सिंह, जनार्दन शर्मा, छोटू प्रसाद, अबरार अहमद, जगदीश गुप्ता, महावीर सिंह, गुंजन श्रीवास्तव, चंद्रभूषण यादव, रामविलास पासवान, टिंकू गुप्ता, अनमोल साहू, अबु हुरैरा, अंजनी गुप्ता, बबलू यादव, मिंटी बरनवाल, प्रिंस गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मृत्युंजय मौर्य और संतोष गुप्ता सहित विभिन्न मूर्ति आयोजन समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस विभाग से मधुसूदन चौरसिया, नूर आलम, मिथिलेश कुमार और अनिल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
थाना तरबगंज पुलिस द्वारा चोरी करने के 02 आरोपी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार

*घटना का संक्षिप्त विवरण—*
गोण्डा। दिनांक 05.03.2026 की रात्रि में थाना तरबगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रांगी निवासी बदी यादव पुत्र लखन यादव की 02 भैंस एवं 06 माह की 01 पड़िया अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई थीं। काफी तलाश करने के बाद भी पशुओं का पता न चलने पर वादी द्वारा दिनांक 08.03.2026 को थाना तरबगंज पर प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके आधार पर थाना तरबगंज में सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत किया गया।

*कार्यवाही—*
थाना तरबगंज पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 0086/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित 02 नफर अभियुक्तों को जनपद अयोध्या के थाना रौनाही क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें न्यायालय रवाना किया जा रहा है।
थाना धानेपुर पुलिस द्वारा झपटमारी की घटना का अनावरण, 02 अभियुक्त गिरफ्तार, ₹4,210/- नकद बरामद

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 06.10.2026 को वादी मनोज कुमार वर्मा पुत्र अलखराम वर्मा निवासी ग्राम बछईपुर (बुचियापुर), थाना धानेपुर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना धानेपुर पर तहरीर दी गई कि समय करीब 08:00 बजे रात्रि में सिंहपुर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा झपट्टा मारकर उनके ₹8,900/- नकद व एक रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन छीन लिया गया था। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना धानेपुर पर मु0अ0सं0 349/2026, धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

*कार्यवाही-*
दिनांक 27.10.2026 की रात्रि में थाना धानेपुर पुलिस द्वारा उक्त घटना के अनावरण हेतु की जा रही कार्यवाही के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर आनन्द नगर चौराहे से मोतीगंज जाने वाले मुख्य मार्ग से 02 अभियुक्तों 1. ताराचन्द पासवान एवं 2. कमलेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से कुल ₹4,210/- नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी लौटन सोनकर के साथ मिलकर दिनांक 06.10.2026 को सिंहपुर के पास एक साइकिल सवार व्यक्ति से झपट्टा मारकर ₹8,900/- नकद व मोबाइल फोन छीन लिया था। घटना के बाद तीनों ने नकदी आपस में बराबर-बराबर बांट ली थी तथा छीना गया मोबाइल फोन लौटन सोनकर के पास होना बताया। गिरफ्तार अभियुक्तगण को नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु मा0 न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
धान की पैदावार का आकलन हेतु जिलाधिकारी द्वारा ग्राम गिलौली में कराई गई क्रॉप कटिंग

*गोण्डा 28 अक्टूबर 2026*।
सदर तहसील अंतर्गत ग्राम गिलौली में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में धान की पैदावार का आकलन करने के उद्देश्य से चार किसानों के खेतों में क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर धान की कटाई कर उपज का परीक्षण कराया।

क्रॉप कटिंग के दौरान कृषक रमपता पत्नी वासुदेव के गाटा संख्या-172, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 28.600 किलोग्राम, कृषक राम औतार पुत्र राम अवध के गाटा संख्या-252, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 32.400 किलोग्राम, कृषक अर्जुन प्रसाद पुत्र बदलू के गाटा संख्या-253, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 17.250 किलोग्राम तथा कृषक सुरेश कुमार पुत्र गंगा राम के गाटा संख्या-517, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 20.560 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग पारदर्शी ढंग से कराए जाएं ताकि जिले में धान की औसत उपज का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग न केवल उत्पादन के सही मूल्यांकन में सहायक होते हैं बल्कि इससे किसानों को फसल बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ की गणना भी अधिक सटीक रूप से की जा सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर किसानों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर तहसीलदार सदर मनीष कुमार, नायब तहसीलदार शिवली सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी योगेंद्र प्रसाद चौहान संबंधित ग्राम के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, ग्राम प्रधान तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क हादसे में महाविद्यालय के वरिष्ठ लिपिक की मौत
प्रयागराज के उतरांव क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

अस्पताल में उपचार के दौरान 58 वर्षीय सुरेंद्र प्रताप सिंह ने तोड़ा दम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव के समीप मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल एक महाविद्यालय के लिपिक की स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में बुधवार को मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने हादसे में सराय इनायत थाना क्षेत्र के सराय लाहुरपुर गांव निवासी सुरेन्द्र प्रताप सिंह(58) पुत्र स्वर्गीय मेवालाल सिंह की मौत हुई है। इस संबंध बुधवार सुबह तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि वह हनुमंत महाविद्यालय लाहुरपुर में वरिष्ठ लिपिक थे, दांत के चिकित्सक भी थे। मंगलवार देर रात अपने दांत के अस्पताल से वापस लौटते समय उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में वे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन ने उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां बुधवार सुबह मौत हो गई।
झूठे प्रचार पर मुद्दों की राजनीति की जीत : डॉ. मानसिंह यादव
-लगातार दूसरी बार जीत पर सपा प्रत्याशी ने पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और स्नातक मतदाताओं का जताया आभार

प्रयागराज। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने अपनी जीत को मुद्दों पर आधारित राजनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सत्ता के झूठे प्रचार के मुकाबले जनता के वास्तविक मुद्दों को उठाने वाली राजनीति की जीत है। डॉ. यादव ने जीत के लिए सपा नेतृत्व, पार्टी कार्यकर्ताओं, स्नातक मतदाताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया।

डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार युवाओं, बेरोजगारों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, रोजगार सेवकों, किसानों और आम लोगों के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाते रहे हैं। पार्टी ने हमेशा जनसमस्याओं को प्राथमिकता दी है और उनके समाधान के लिए आवाज उठाई है। वह वर्तमान में पब्लिक इंटर कॉलेज, मनौरी में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी डॉ. प्रभा यादव भी इसी विद्यालय में अध्यापक हैं। विद्यार्थी जीवन से शुरू हुआ राजनीतिक सफरडॉ. मानसिंह यादव विद्यार्थी जीवन से ही समाजवादी विचारधारा और मुलायम सिंह यादव से प्रभावित रहे। वर्ष 2006-07 में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से संबंधित शिक्षक भर्ती आंदोलन के दौरान वह संघर्ष समिति के अध्यक्ष रहे। बाद में इसी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अध्यापक बने। समाजवादी पार्टी में उन्होंने शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दो बार जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव विजयी घोषित

लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झांसी स्नातक के उम्मीदवार डॉ. मान सिंह यादव (समाजवादी पार्टी) को विजयी घोषित कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव हुए हैं। इनमें अब तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी दिनेश गोयल मेरठ स्नातक क्षेत्र से, श्रीचंद शर्मा मेरठ शिक्षक क्षेत्र से, लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, आगरा स्नातक क्षेत्र से मानवेंद्र सिंह विजयी घोषित किये गये हैं।

इसी प्रकार समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से, आगरा शिक्षक क्षेत्र डॉ. आकाश अग्रवाल को विजयी घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में गोरखपुर खंड शिक्षक, लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र और वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र की मतगणना जारी हैं।
रावण वध के बाद अयोध्या लौटने पर, चारों भाइयों के मिलन पर झूम उठे दर्शक
जौनपुर। धर्म मण्डल रामलीला समिति, कोकना-पिलकिछा द्वारा आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने और चारों भाइयों के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया गया। राजन पाठक के कुशल संचालन और मुख्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए। भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान सहित अन्य पात्रों के सजीव अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। रावण वध के पश्चात भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के दृश्य को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। पूरी अयोध्या नगरी को दीपों और रोशनी से जगमगाते हुए दिखाया गया, जिससे वातावरण उत्सवमय हो गया। चारों भाइयों के मिलन का दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे और पूरे परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पद्माकर उपाध्याय, युवा अधिवक्ता, दीवानी न्यायालय जौनपुर, दिवाकर उपाध्याय; राहुल तिवारी, तिवारी मेडिकल स्टोर, पट्टी नरेंद्रपुर; सुभाष पाण्डेय, वरिष्ठ संपादक;शिव पूजन पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार, मुंबई; सुरेंद्र मिश्रा, प्रदेश प्रभारी, अमर उजाला, मुंबई, महाराष्ट्र; सुभाष दूबे, कैप्टन मर्चेंट नेवी एवं प्रबंधक, आर.एस. सेंट्रल एकेडमी, तिलवारी; तथा फूल चंद्र यादव (फुल्ले), प्रधान पद प्रत्याशी, पिलकिछा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच पर अतिथियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में ब्रजेश उपाध्याय (पत्रकार), प्रवीण उपाध्याय, धर्मेंद्र उपाध्याय, पीयूष श्रीवास्तव, बजरंग बली उपाध्याय, पंकज गुप्ता राजन पाठक सहित अन्य लोगों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने धार्मिक आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।