सड़क हादसे में महाविद्यालय के वरिष्ठ लिपिक की मौत
प्रयागराज के उतरांव क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

अस्पताल में उपचार के दौरान 58 वर्षीय सुरेंद्र प्रताप सिंह ने तोड़ा दम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव के समीप मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल एक महाविद्यालय के लिपिक की स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में बुधवार को मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने हादसे में सराय इनायत थाना क्षेत्र के सराय लाहुरपुर गांव निवासी सुरेन्द्र प्रताप सिंह(58) पुत्र स्वर्गीय मेवालाल सिंह की मौत हुई है। इस संबंध बुधवार सुबह तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि वह हनुमंत महाविद्यालय लाहुरपुर में वरिष्ठ लिपिक थे, दांत के चिकित्सक भी थे। मंगलवार देर रात अपने दांत के अस्पताल से वापस लौटते समय उतरांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में वे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन ने उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां बुधवार सुबह मौत हो गई।
झूठे प्रचार पर मुद्दों की राजनीति की जीत : डॉ. मानसिंह यादव
-लगातार दूसरी बार जीत पर सपा प्रत्याशी ने पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और स्नातक मतदाताओं का जताया आभार

प्रयागराज। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने अपनी जीत को मुद्दों पर आधारित राजनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सत्ता के झूठे प्रचार के मुकाबले जनता के वास्तविक मुद्दों को उठाने वाली राजनीति की जीत है। डॉ. यादव ने जीत के लिए सपा नेतृत्व, पार्टी कार्यकर्ताओं, स्नातक मतदाताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया।

डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार युवाओं, बेरोजगारों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, रोजगार सेवकों, किसानों और आम लोगों के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाते रहे हैं। पार्टी ने हमेशा जनसमस्याओं को प्राथमिकता दी है और उनके समाधान के लिए आवाज उठाई है। वह वर्तमान में पब्लिक इंटर कॉलेज, मनौरी में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी डॉ. प्रभा यादव भी इसी विद्यालय में अध्यापक हैं। विद्यार्थी जीवन से शुरू हुआ राजनीतिक सफरडॉ. मानसिंह यादव विद्यार्थी जीवन से ही समाजवादी विचारधारा और मुलायम सिंह यादव से प्रभावित रहे। वर्ष 2006-07 में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से संबंधित शिक्षक भर्ती आंदोलन के दौरान वह संघर्ष समिति के अध्यक्ष रहे। बाद में इसी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अध्यापक बने। समाजवादी पार्टी में उन्होंने शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दो बार जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव विजयी घोषित

लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झांसी स्नातक के उम्मीदवार डॉ. मान सिंह यादव (समाजवादी पार्टी) को विजयी घोषित कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव हुए हैं। इनमें अब तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी दिनेश गोयल मेरठ स्नातक क्षेत्र से, श्रीचंद शर्मा मेरठ शिक्षक क्षेत्र से, लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, आगरा स्नातक क्षेत्र से मानवेंद्र सिंह विजयी घोषित किये गये हैं।

इसी प्रकार समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से, आगरा शिक्षक क्षेत्र डॉ. आकाश अग्रवाल को विजयी घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में गोरखपुर खंड शिक्षक, लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र और वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र की मतगणना जारी हैं।
रावण वध के बाद अयोध्या लौटने पर, चारों भाइयों के मिलन पर झूम उठे दर्शक
जौनपुर। धर्म मण्डल रामलीला समिति, कोकना-पिलकिछा द्वारा आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने और चारों भाइयों के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया गया। राजन पाठक के कुशल संचालन और मुख्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए। भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान सहित अन्य पात्रों के सजीव अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। रावण वध के पश्चात भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के दृश्य को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। पूरी अयोध्या नगरी को दीपों और रोशनी से जगमगाते हुए दिखाया गया, जिससे वातावरण उत्सवमय हो गया। चारों भाइयों के मिलन का दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे और पूरे परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पद्माकर उपाध्याय, युवा अधिवक्ता, दीवानी न्यायालय जौनपुर, दिवाकर उपाध्याय; राहुल तिवारी, तिवारी मेडिकल स्टोर, पट्टी नरेंद्रपुर; सुभाष पाण्डेय, वरिष्ठ संपादक;शिव पूजन पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार, मुंबई; सुरेंद्र मिश्रा, प्रदेश प्रभारी, अमर उजाला, मुंबई, महाराष्ट्र; सुभाष दूबे, कैप्टन मर्चेंट नेवी एवं प्रबंधक, आर.एस. सेंट्रल एकेडमी, तिलवारी; तथा फूल चंद्र यादव (फुल्ले), प्रधान पद प्रत्याशी, पिलकिछा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच पर अतिथियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में ब्रजेश उपाध्याय (पत्रकार), प्रवीण उपाध्याय, धर्मेंद्र उपाध्याय, पीयूष श्रीवास्तव, बजरंग बली उपाध्याय, पंकज गुप्ता राजन पाठक सहित अन्य लोगों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने धार्मिक आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।
राहुल गांधी के यूपी दौरे से कांग्रेसियों में भरा जोश का तूफान हबीब खान ने भरीCEC हुकार, के रिश्ते पर तक जारी रहेगा महासंग्राम

     उतरौला: बलरामपुर
उत्तर प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया दौरे से कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। इस दौरे के दौरान प्रदेश भर के कई प्रमुख नेताओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्वी जोन के प्रभारी और उतरौला विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी हसीब खान ने भी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से शिष्टाचार व संगठनात्मक मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे।
महत्वपूर्ण मुद्दों और 1 नवंबर के बड़े प्रदर्शन पर मंथन
राहुल गांधी और हसीब खान के बीच उत्तर प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात और प्रदेश से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात का मुख्य केंद्र 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाला विशाल प्रदर्शन रहा। हसीब खान ने साफ किया कि जब तक CEC (मुख्य चुनाव आयुक्त) ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी पीछे नहीं हटेगी। इस प्रदर्शन में देश भर से लाखों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल होंगे और जनता के हक की आवाज उठाएंगे। इसके अलावा, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और रणनीति पर भी विशेष बातचीत हुई।
"राहुल गांधी के नेतृत्व में हर संघर्ष के लिए तैयार" — हसीब खान
मुलाकात के बाद हसीब खान ने इसे बेहद खास और ऊर्जादायक बताया। उन्होंने कहा:
"नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हम सभी कार्यकर्ताओं को एक नई ऊर्जा मिली है। हम राहुल जी के नेतृत्व में पूरे देश में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। नेता प्रतिपक्ष के हर दिशा-निर्देश पर हम हमेशा संघर्ष के मैदान में डटे रहेंगे।"
'कांग्रेस ने हमेशा सर्वसमाज का सम्मान किया'
हसीब खान ने पार्टी की विचारधारा को रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा मुस्लिम, दलित और पिछड़े समाज को साथ लेकर चलने का काम किया है। पार्टी ने कई राज्यों में मुस्लिम और दलित समाज से मुख्यमंत्री बनाकर हर वर्ग को प्रतिनिधित्व और सम्मान दिया है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी धर्मों और वर्गों को एकजुट रखकर देश को आगे बढ़ाती है।
उन्होंने दोहराया कि जब तक आम जनता की मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करती रहेगी और जन-आवाज को मुखरता से उठाती रहेगी।
मिर्जापुर में भीषड़ सड़क हादसा, अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार मां बेटा और मासूम पौत्र की हुई मौत

मिर्जापुर। जनपद में अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार मां बेटा और मासूम पौत्र की मौत हो गई है. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है.
मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर स्थित आलू मिल के सामने बुधवार को भीषड़ सड़क हादसा हो गया.अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां बेटा और एक मासूम पौत्र की मौत हो गई. बताया जा रहा अहरौरा थाना क्षेत्र के पट्टी कला गांव के रहने वाले मनोज चौहान वाराणसी रामनगर से घर लौट रहे थे. मनोज चौहान के साथ उनकी मां मुंन्नी और भतीजा 3 वर्षीय प्रियांश बाइक से आ रहे थे. अदलहाट थाना क्षेत्र के आलूमिल नरायनपुर के सामने पहुंचने पर सड़क में गड्ढे होने के कारण अचानक गिर गए. पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने रौंद दिया. तीनों का मौके पर दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया.
जानकारी मिलते ही पुलिस  मौके पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.चुनार सीओ गायत्री यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन के चपेट में आने से तीन की मौत हो गई. तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. सभी अहरौरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं वाराणसी से घर लौटते समय हादसा हुआ है.
पशु चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 06 अदद चोरी की भैंसें, पिकअप वाहन, 02 मोटरसाइकिल व ₹20,000/- बरामद, 04 अभियुक्त गिरफ्तार

*कार्यवाही/ घटना का संक्षिप्त विवरण-*
गोण्डा। दिनांक 27.10.2026 की रात्रि थाना को0 कर्नलगंज एवं एसओजी/ सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थी, इसी दौरान मुखबिर खास द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि थाना कर्नलगंज व आसपास के थाना क्षेत्रों में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुछ व्यक्ति चोरी की भैंसों को पिकअप वाहन में लादकर परसपुर की तरफ से घाघरा घाट की ओर जा रहे हैं तथा दो मोटरसाइकिलों से कुछ व्यक्ति पिकअप वाहन की रेकी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा नकहरा चौराहे के पास बंधे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर पिकअप चालक व अन्य कुछ व्यक्ति अंधेरे एवं झाड़ियों का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि पिकअप वाहन में सवार 02 व्यक्तियों तथा दोनों मोटरसाइकिल चालकों को पुलिस टीम द्वारा पकड़ लिया गया। पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 04 अदद काली भैंसें बरामद हुईं। पूछताछ एवं अभियुक्तों की निशानदेही पर जरवल कस्बे के पास कटी नाला स्थित आम की बाग के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 02 अन्य चोरी की भैंसों को भी बरामद किया गया। अभियुक्तों से पूछताछ में थाना कर्नलगंज, थाना परसपुर, थाना को0 देहात एवं थाना खरगूपुर क्षेत्र में भैंस चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात प्रकाश में आई। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के पशुओं की बिक्री से प्राप्त ₹20,000/- नगद तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन व 02 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

*पूछताछ का विवरण-*
गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे सभी एक गिरोह के रूप में कार्य करते हैं। गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर ऐसे स्थानों की रेकी करते थे, जहां लोग अपने दुधारू पशुओं को घर के बाहर बांधकर रखते हैं। रात्रि में मौका पाकर भैंस व अन्य पशुओं को चोरी कर नदी के कछार एवं झाड़ियों में छिपाकर रखते थे। पर्याप्त संख्या में पशु एकत्र होने पर उन्हें पिकअप वाहन में लादकर दूर-दराज के पशु बाजारों में बेच देते थे तथा बिक्री से प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि दिनांक 24.10.2026 की रात्रि ग्राम घरकुइया थाना कर्नलगंज से 02 भैंस तथा दिनांक 22.10.2026 की रात्रि ग्राम शाहपुर थाना परसपुर क्षेत्र से 02 भैंस चोरी की गई थीं। इसके अतिरिक्त दिनांक 12.09.2026 की रात्रि ग्राम रथवलिया थाना को0 देहात से 01 भैंस व 01 पड़िया तथा दिनांक 26.09.2026 की रात्रि ग्राम असिधा थाना खरगूपुर से 01 भैंस चोरी कर बिक्री करना बताया गया । इनके द्वारा बताया गया कि आपस में जरिए दूरभाष संपर्क में थे ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले विधायक रमेश चंद्र मिश्रा
लखनऊ । बदलापुर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने आज मुख्यमंत्री आवास पांच कालीदास मार्ग लखनऊ पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बदलापुर महोत्सव में आयोजित होने वाले 1100 कन्याओं के "मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह" एवं विधानसभा बदलापुर में जनकल्याणकारी विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का एवं बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित अति महत्वपूर्ण कार्यों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो जीते
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट के लिए हो रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बिजनौर जिला निवासी हाजी दानिश अख्तर को 17 हजार 676 मतों से हरा दिया। डॉ. हरि सिंह ढिल्लो

को 21 हजार 672 और हाजी दानिश अख्तर को तीन हजार 996 मत मिले। तीसरे स्थान पर डॉ. सुनीत गिरी रहे। उन्हें दाे हजार 145 वोट, चौथे स्थान पर रहे संजय मिश्र को 981 मत, पांचवें स्थान पर विमलेंद्र कुमार शर्मा काे महज 622 मत प्राप्त हुए।

वर्ष 2020 में हुए बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लों 7963 मताें से जीते थे। उस चुनाव में उन्होंने सपा के प्रत्याशी संजय मिश्रा को हराया था। 2020 में डॉ हरि सिंह ढिल्लों को 12 हजार 827 और सपा के संजय मिश्रा चार हजार 864 वोट मिले थे।

इस बार 23 अक्टूबर को हुए मतदान में 73.69 फीसदी अर्थात 35 हजार 149 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। मंगलवार को सुबह बरेली स्थित संजय गांधी कम्युनिटी हाल में सुबह आठ बजे एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रारंभ हुई। परिणाम देर रात दाे बजे घोषित हुआ। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्रों को निकालकर 50-50 के बंडल बनाए गए। यह कार्य सुबह आठ से दोपहर बाद करीब तीन बजे तक चला। उसके बाद अपराह्न चार बजे मतगणना शुरू हुई।

रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरी सिंह ढिल्लो को 21 हजार 672, सपा के हाजी दानिश को तीन हजार 996, डॉ. सुनीत गिरी को दाे हजार 143, डॉ. राजेंद्र गंगवार को एक हजार 573, संजय कुमार मिश्रा को 981, विमलेंद्र शर्मा को 601, डॉ. राजीव कुमार को 481, रेनू मिश्रा को 126, रमेश चंद्र को 105, नरेश कुमार शर्मा को 113, नाज रिजवी को 59, राजकुमार सिंह को 44, नेत्रपाल को 31, बहार आलम को 21, विद्युत कुमार को 12, हरेंद्र सिंह को 11, रोहित अल्ताफ को नाै मत मिले। कुल 3181 मत अस्वीकृत कर दिए गए।
आगरा में सपा ने फिर भाजपा को दी पटखनी, शिक्षक एमएलसी सीट पर आकाश अग्रवाल जीते

लखनऊ ,आगरा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव में आगरा से समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी, दोनों के लिए जीत की खबर आई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर भाजपा को झटका दिया है। वहीं, आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी ने सपा के शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। 

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विजयी घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने बुधवार को डॉ. आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। हालांकि, प्रशासन की ओर से मतों के अंतिम आधिकारिक आंकड़े तत्काल उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रमाणपत्र मिलने के बाद आकाश अग्रवाल को मीडिया से बातचीत का अवसर भी नहीं मिला। उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल के पिछले गेट से बाहर ले जाया गया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।

उधर, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के कामकाज को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, स्नातकों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों का समर्थन भाजपा को मिला है, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी ने जीत दर्ज की है। मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने रोजगार, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और एक जिला, एक उत्पाद जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सैफई और रामपुर का सिंडिकेट नौकरियों पर डाका डालता था जबकि अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक निर्वाचन क्षेत्र में विजेता की घोषणा कर दी गई है, जबकि दूसरे में अंतिम मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि पूरी गणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। शहर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू होने के कारण किसी भी तरह का विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना के दौरान रात में हुए हंगामे से जुड़े सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि संबंधित प्रक्रिया मतगणना स्थल के अंदर हुई थी और बाहर किसी तरह की घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस को अब तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस कमिश्नर ने मतगणना में तैनात पुलिसकर्मियों, मतदानकर्मियों और पत्रकारों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतपत्रों से होने वाली मतगणना की प्रक्रिया लंबी होती है और पुलिसकर्मी सुबह पांच बजे से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।