बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो जीते
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट के लिए हो रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बिजनौर जिला निवासी हाजी दानिश अख्तर को 17 हजार 676 मतों से हरा दिया। डॉ. हरि सिंह ढिल्लो

को 21 हजार 672 और हाजी दानिश अख्तर को तीन हजार 996 मत मिले। तीसरे स्थान पर डॉ. सुनीत गिरी रहे। उन्हें दाे हजार 145 वोट, चौथे स्थान पर रहे संजय मिश्र को 981 मत, पांचवें स्थान पर विमलेंद्र कुमार शर्मा काे महज 622 मत प्राप्त हुए।

वर्ष 2020 में हुए बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लों 7963 मताें से जीते थे। उस चुनाव में उन्होंने सपा के प्रत्याशी संजय मिश्रा को हराया था। 2020 में डॉ हरि सिंह ढिल्लों को 12 हजार 827 और सपा के संजय मिश्रा चार हजार 864 वोट मिले थे।

इस बार 23 अक्टूबर को हुए मतदान में 73.69 फीसदी अर्थात 35 हजार 149 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। मंगलवार को सुबह बरेली स्थित संजय गांधी कम्युनिटी हाल में सुबह आठ बजे एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रारंभ हुई। परिणाम देर रात दाे बजे घोषित हुआ। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्रों को निकालकर 50-50 के बंडल बनाए गए। यह कार्य सुबह आठ से दोपहर बाद करीब तीन बजे तक चला। उसके बाद अपराह्न चार बजे मतगणना शुरू हुई।

रिटर्निंग ऑफिसर शंभू कुमार ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरी सिंह ढिल्लो को 21 हजार 672, सपा के हाजी दानिश को तीन हजार 996, डॉ. सुनीत गिरी को दाे हजार 143, डॉ. राजेंद्र गंगवार को एक हजार 573, संजय कुमार मिश्रा को 981, विमलेंद्र शर्मा को 601, डॉ. राजीव कुमार को 481, रेनू मिश्रा को 126, रमेश चंद्र को 105, नरेश कुमार शर्मा को 113, नाज रिजवी को 59, राजकुमार सिंह को 44, नेत्रपाल को 31, बहार आलम को 21, विद्युत कुमार को 12, हरेंद्र सिंह को 11, रोहित अल्ताफ को नाै मत मिले। कुल 3181 मत अस्वीकृत कर दिए गए।
आगरा में सपा ने फिर भाजपा को दी पटखनी, शिक्षक एमएलसी सीट पर आकाश अग्रवाल जीते

लखनऊ ,आगरा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव में आगरा से समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी, दोनों के लिए जीत की खबर आई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर भाजपा को झटका दिया है। वहीं, आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी ने सपा के शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। 

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विजयी घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने बुधवार को डॉ. आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। हालांकि, प्रशासन की ओर से मतों के अंतिम आधिकारिक आंकड़े तत्काल उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रमाणपत्र मिलने के बाद आकाश अग्रवाल को मीडिया से बातचीत का अवसर भी नहीं मिला। उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल के पिछले गेट से बाहर ले जाया गया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।

उधर, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के कामकाज को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, स्नातकों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों का समर्थन भाजपा को मिला है, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी ने जीत दर्ज की है। मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने रोजगार, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और एक जिला, एक उत्पाद जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सैफई और रामपुर का सिंडिकेट नौकरियों पर डाका डालता था जबकि अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक निर्वाचन क्षेत्र में विजेता की घोषणा कर दी गई है, जबकि दूसरे में अंतिम मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि पूरी गणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। शहर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू होने के कारण किसी भी तरह का विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना के दौरान रात में हुए हंगामे से जुड़े सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि संबंधित प्रक्रिया मतगणना स्थल के अंदर हुई थी और बाहर किसी तरह की घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस को अब तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस कमिश्नर ने मतगणना में तैनात पुलिसकर्मियों, मतदानकर्मियों और पत्रकारों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतपत्रों से होने वाली मतगणना की प्रक्रिया लंबी होती है और पुलिसकर्मी सुबह पांच बजे से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।
मजदूर नेताओं को जिला बदर करने के फैसले के खिलाफ  इंकलाबी मजदूर केंद्र ने उत्तराखंड सीएम को ज्ञापन, कार्रवाई वापस लेने की मांग
मऊ। हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा मजदूर नेताओं को जिला बदर किए जाने के फैसले के विरोध में मजदूर संगठनों ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई वापस लेने की मांग की है। ज्ञापन जिलाधिकारी मऊ के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित किया गया है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हरिद्वार पुलिस प्रशासन की ओर से मजदूरों के हितों के लिए आवाज उठाने वाले इंकलाबी मजदूर केंद्र के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंकज बवाड़ी, केंद्रीय परिषद सदस्य जय प्रकाश यादव तथा पीपुल्स यूथ फ्रंट के ललित इंजीनियर के खिलाफ मई माह में गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद अपर जिलाधिकारी हरिद्वार ने 16 अक्टूबर 2026 को इन सभी को जिला बदर करने का फैसला लिया।

ज्ञापन के अनुसार, 23 अक्टूबर को उत्तराखंड पुलिस सादे वेश में जय प्रकाश यादव के कमरे पर पहुंची और उन्हें बिना स्पष्ट जानकारी दिए थाने ले गई। आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस द्वारा उनके घर फोन कर जिला बदर की कार्रवाई की जानकारी दी गई। ज्ञापन में इसे पुलिस प्रशासन की गैरकानूनी कार्रवाई बताया गया है।

मजदूर संगठनों का आरोप है कि इंकलाबी मजदूर केंद्र फैक्टरी मालिकों द्वारा मजदूरों के कथित शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ मजदूरों को उनके संवैधानिक एवं श्रम अधिकारों के प्रति जागरूक करता है। संगठन का कहना है कि हरिद्वार सिडकुल के पूंजीपतियों के दबाव में मजदूर नेताओं के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जिन फैक्ट्रियों के मामलों में पंकज बवाड़ी और जय प्रकाश यादव पर गुंडा एक्ट लगाया गया था, वहां मजदूरों के बीच समझौता कराने में भी इन नेताओं की भूमिका रही है। संगठन के मुताबिक, मई में हुए मजदूर आंदोलनों के दौरान पुलिस प्रशासन ने मजदूरों को शांत कराने के लिए भी उनकी मदद ली थी।

मजदूर संगठनों ने हरिद्वार सिडकुल में श्रम कानूनों के उल्लंघन और ठेका प्रथा के आरोप लगाते हुए प्रशासन से मजदूरों के हित में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मजदूर नेताओं और श्रम अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के खिलाफ हो रही कार्रवाई का विरोध जताया है।
ज्ञापन के माध्यम से दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं।

पहली, पंकज बवाड़ी, जय प्रकाश यादव एवं ललित इंजीनियर के खिलाफ की गई जिला बदर की कार्रवाई तत्काल रद्द की जाए। दूसरी, हरिद्वार सिडकुल सहित उत्तराखंड की फैक्ट्रियों और कंपनियों में ठेका प्रथा समाप्त कर स्थायी काम पर स्थायी मजदूरों की भर्ती की जाए।
ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदे पुआल में लगी आग,ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
*5 बीघा पुआल जलकर राख

गोंडा।जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत स्थित पथार बेंगवा गांव में बुधवार सुबह 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदे पुआल में भीषण आग लग गई।धान की कटाई के बाद किसान ने अपने खेत में पुआल सुखाकर रखा था,जिसे नवाबगंज से आए एक खरीदार ने खरीदा था।पुआल लादकर ट्रैक्टर ट्रॉली जैसे ही बमुश्किल 20 मीटर आगे बढ़ा,कि ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया और देखते ही देखते पांच बीघा खेत का पुआल धू धू कर जलने लगा।स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर से कूद कर अपनी जान बचाया।आग को फैलने से रोकने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने आनन फानन में ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग करके पलट दिया,परन्तु आग इतना विकराल रुप ले चुकी थी कि पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया।इस आग से लगभग 20000 रुपये के पुआल का नुकसान हुआ है तो वहीं ट्रैक्टर को भी आंशिक क्षति पहुंची है।ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पानी और मिट्टी डालकर आग पर पूरी तरह काबू पाने में सफलता हासिल किया।स्थानीय गांव निवासी राजू ने बताया कि नवाबगंज के लोग पुआल खरीद कर ले जा रहे थे कि तभी ऊपर से लटक रहे हाईटेंशन तार पर ध्यान न जाने के कारण यह हादसा हुआ।ग्रामीणों ने समय रहते ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग कर दिया, जिससे ट्रैक्टर में आग लगने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।वहीं मामले में तरबगंज थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पुआल में आग लगी थी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू पा लिया था तथा मामले में पुलिस को कोई औपचारिक सूचना नहीं उपलब्ध कराई गई थी।
भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री का लगातार बढ़ रहा कुनबा, दो पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री के जिला कार्यालय पर संगठन का विस्तार करते हुए जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब ने मोहम्मद आशु को युवा जिला मंत्री तथा मोहम्मद आरिफ को युवा ग्राम अध्यक्ष, साहवली के पद पर नियुक्त किया।

इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियां सौंपते हुए किसान हितों में कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, युवा जिला अध्यक्ष सलमान पठान, वार्ड अध्यक्ष साबिर चौधरी, नगर उपाध्यक्ष सलमान सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रही है और नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का एक नवंबर को मेगा बृहद से वा शिविर


फर्रुखाबाद।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण  के न्यायाधीश  निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार की अध्यक्षता में एक नवंबर 2026, रविवार को सुबह 10:00 बजे से ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  द्वारा मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बिंदिया भटनागर ने मीडिया को बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना है, ताकि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे। इस दौरान समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, श्रम कल्याण, शिक्षा, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, पशुपालन, कौशल विकास, नगर विकास तथा अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता रहेगी।

शिविर में आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक अभिलेखों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी जैसे की आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन तथा वायुष्मान कार्ड से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

शिविर में जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के अंतर्गत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र एवं दंत परीक्षण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं के निराकरण एवं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान करना है।

साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आमजन से अपील की है कि एक नवंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचें तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएँ।
मऊ के खुरहट बाजार में कबाड़ी की दुकान में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

मऊ। जनपद मऊ के खुरहट बाजार में एक कबाड़ी की दुकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है।

आग लगने से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के कारणों, आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने की स्थिति के संबंध में अभी विस्तृत जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है।
लेखपाल संघ के द्वि वाषिक चुनाव में दूस री बार सचिन मिश्रा बने जिला अध्यक्ष

फर्रुखाबाद।
जनपद के लेखपाल संघ के द्विवार्षिक चुनाव में दूसरी बार निर्वाचित हुए , गुड़गांव देवी मंदिर स्थित मातृछाया गेस्ट हाउस में संपन्न हुए चुनाव में अध्यक्ष पद डॉ अजय कुमार सिंह को 20 मतों से हराया ,  सचिन मिश्रा लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष बने ।
जिलामंत्री पर कुल तीन प्रत्याशी थे जिनमें हिमांशु गुप्ता  को 47 ,पवन यादव को 50 और अनुभव पाण्डेय को 70 मत प्राप्त हुए जबकि अन्य सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ ।

चुनाव कराने के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा लेखपाल संघ कानपुर मंडल के खंड मंत्री विकास सचान ,कानपुर जनपद के जिलाध्यक्ष मोहित  सचान एवं कानपुर जिलामंत्री सुजीत कुशवाहा को भेजा गया ,जिनके नेतृत्व में सकुशल चुनाव संपन्न हुआ ।
श्री भगवतलीला धर्म मंडल, मछलीगांव द्वारा आयोजित भव्य रामलीला संपन्न

जौनपुर। श्री भगवतलीला धर्म मंडल, नेवादा मुरीदपुर (मछलीगांव) द्वारा आयोजित सुंदरवन मंच के अंतर्गत आयोजित रामलीला का समापन कल लंका दहन के साथ संपन्न हो गया। 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक आयोजित रामलीला में प्रतिदिन भारी संख्या में दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया। स्व.पंडित बब्बन दुबे की प्रेरणा से आयोजित होने वाली रामलीला का यह 19वां वर्ष रहा। यहां का रामलीला मंच अत्यंत भव्य बनाया गया है। कलाकारों की उत्कृष्ट पोशाक और आधुनिक संसाधनों के उपयोग के चलते यहां की रामलीला का विशेष महत्व है। सभी कलाकार सुशिक्षित और अच्छे परिवारों से जुड़े हुए हैं। कल आखिरी दिन रामलीला में पहुंचने वाले प्रमुख लोगों में पूर्व प्रधानाचार्य अनिल दुबे, मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, ग्राम टुडे के संपादक डॉ सुभाष चंद्र पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सनी शुक्ला, श्री आर एस दुबे सेंट्रल एकेडमी स्कूल, तिलवारी के प्रबंधक आचार्य सुभाष दुबे, श्रवण तिवारी बड़े बाबू, युवा समाजसेवी दीपक मिश्रा आदि का समावेश रहा। आयोजन समिति की तरफ से सभी उपस्थित प्रमुख लोगों का शॉल और धार्मिक स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। धर्म मंडल के अध्यक्ष राम अवध चौरसिया, उपाध्यक्ष पूर्व प्रधान अशोक कुमार पाठक, प्रबंधक सुरेंद्र मिश्रा (गुरुजी), उप प्रबंधक धीरेंद्र पाठक तथा राम जनक चौरसिया ने आगंतुकों का स्वागत सम्मान किया। रामलीला के निर्देशक अनुराग पाठक तथा सह निर्देशक कपिल पाठक के अनुसार सभी कलाकार पूरी तैयारी के साथ रामलीला का मंचन करते हैं। मंडल के कोषाध्यक्ष अनुभव पाठक तथा संरक्षक भगवान प्रसाद पाठक, दिनेश शुक्ला, राहुल शुक्ला ,अजीत पाठक तथा सुरेंद्र प्रताप शुक्ला  हैं । रामलीला की खास बात रही कि स्त्री चरित्र का अभिनय स्त्री कलाकारों द्वारा किया गया। 27 अक्टूबर को ही विजयादशमी मेला का भी आयोजन किया गया।
पुलिस ने मुठभेड़ : एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मार गिराया
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मंगलवार की रात को पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। इस दौरान बदमाश की गोली से सिपाही घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा. इलामरन ने घटनास्थल का जाएजा लिया। उन्हाेंने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लेकर उसे बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश डॉक्टर को दिए। एसएसपी ने बताया कि थाना पिलुआ अंतर्गत थाना कोतवाली और पिलुआ पुलिस की टीम से बाइक सवार बदमाश की मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाॅक्टर ने उसे मृत घाेषित कर दिया। उसकी पहचान मैनपुरी निवासी वीरेंद्र के रुप में हुई है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घाेषित था। वहीं, बदमाश की गोली से सिपाही सत्यपाल घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि थाना अलीगंज क्षेत्र में 22 अक्टूबर को एक सर्राफा व्यापारी से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचा के बल पर लूटपाट की थी। इसमें सर्राफा का सोने और चांदी का सामान चोरी हुआ था। मामले को गंभीरता से लेकर जांच पड़ताल की गई। कई कैमरे और सर्विलांस की मदद से जांच की गई तो इसमें फरार बदमाश की पहचान वीरेंद्र के रुप में हुई। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार की रात काे उसकी लाेकेशन पिलुआ थाना क्षेत्र में मिली।पुलिस ने आराेपित की घेराबंदी की ताे उसने फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। इस दाैरान उसका एक साथी फरार हाे गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।

एसएसपी ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ इटावा एटा, फिरोजाबाद समेत कई थानों में डकैती, हत्या सहित 53 मुकदमें दर्ज हैं। वह अभी 17 तारीख को ही जेल से छूटकर आया था और चार दिन के भीतर ही उसने घटना को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल होने वाली बाइक उन्नाव जिले से चोरी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।