ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदे पुआल में लगी आग,ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
*5 बीघा पुआल जलकर राख

गोंडा।जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत स्थित पथार बेंगवा गांव में बुधवार सुबह 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदे पुआल में भीषण आग लग गई।धान की कटाई के बाद किसान ने अपने खेत में पुआल सुखाकर रखा था,जिसे नवाबगंज से आए एक खरीदार ने खरीदा था।पुआल लादकर ट्रैक्टर ट्रॉली जैसे ही बमुश्किल 20 मीटर आगे बढ़ा,कि ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया और देखते ही देखते पांच बीघा खेत का पुआल धू धू कर जलने लगा।स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर से कूद कर अपनी जान बचाया।आग को फैलने से रोकने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने आनन फानन में ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग करके पलट दिया,परन्तु आग इतना विकराल रुप ले चुकी थी कि पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया।इस आग से लगभग 20000 रुपये के पुआल का नुकसान हुआ है तो वहीं ट्रैक्टर को भी आंशिक क्षति पहुंची है।ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पानी और मिट्टी डालकर आग पर पूरी तरह काबू पाने में सफलता हासिल किया।स्थानीय गांव निवासी राजू ने बताया कि नवाबगंज के लोग पुआल खरीद कर ले जा रहे थे कि तभी ऊपर से लटक रहे हाईटेंशन तार पर ध्यान न जाने के कारण यह हादसा हुआ।ग्रामीणों ने समय रहते ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग कर दिया, जिससे ट्रैक्टर में आग लगने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।वहीं मामले में तरबगंज थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पुआल में आग लगी थी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू पा लिया था तथा मामले में पुलिस को कोई औपचारिक सूचना नहीं उपलब्ध कराई गई थी।
भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री का लगातार बढ़ रहा कुनबा, दो पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री के जिला कार्यालय पर संगठन का विस्तार करते हुए जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब ने मोहम्मद आशु को युवा जिला मंत्री तथा मोहम्मद आरिफ को युवा ग्राम अध्यक्ष, साहवली के पद पर नियुक्त किया।

इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियां सौंपते हुए किसान हितों में कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, युवा जिला अध्यक्ष सलमान पठान, वार्ड अध्यक्ष साबिर चौधरी, नगर उपाध्यक्ष सलमान सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रही है और नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का एक नवंबर को मेगा बृहद से वा शिविर


फर्रुखाबाद।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण  के न्यायाधीश  निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार की अध्यक्षता में एक नवंबर 2026, रविवार को सुबह 10:00 बजे से ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  द्वारा मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बिंदिया भटनागर ने मीडिया को बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना है, ताकि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे। इस दौरान समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, श्रम कल्याण, शिक्षा, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, पशुपालन, कौशल विकास, नगर विकास तथा अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता रहेगी।

शिविर में आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक अभिलेखों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी जैसे की आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन तथा वायुष्मान कार्ड से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

शिविर में जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के अंतर्गत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र एवं दंत परीक्षण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं के निराकरण एवं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान करना है।

साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आमजन से अपील की है कि एक नवंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचें तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएँ।
मऊ के खुरहट बाजार में कबाड़ी की दुकान में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

मऊ। जनपद मऊ के खुरहट बाजार में एक कबाड़ी की दुकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है।

आग लगने से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के कारणों, आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने की स्थिति के संबंध में अभी विस्तृत जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है।
लेखपाल संघ के द्वि वाषिक चुनाव में दूस री बार सचिन मिश्रा बने जिला अध्यक्ष

फर्रुखाबाद।
जनपद के लेखपाल संघ के द्विवार्षिक चुनाव में दूसरी बार निर्वाचित हुए , गुड़गांव देवी मंदिर स्थित मातृछाया गेस्ट हाउस में संपन्न हुए चुनाव में अध्यक्ष पद डॉ अजय कुमार सिंह को 20 मतों से हराया ,  सचिन मिश्रा लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष बने ।
जिलामंत्री पर कुल तीन प्रत्याशी थे जिनमें हिमांशु गुप्ता  को 47 ,पवन यादव को 50 और अनुभव पाण्डेय को 70 मत प्राप्त हुए जबकि अन्य सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ ।

चुनाव कराने के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा लेखपाल संघ कानपुर मंडल के खंड मंत्री विकास सचान ,कानपुर जनपद के जिलाध्यक्ष मोहित  सचान एवं कानपुर जिलामंत्री सुजीत कुशवाहा को भेजा गया ,जिनके नेतृत्व में सकुशल चुनाव संपन्न हुआ ।
श्री भगवतलीला धर्म मंडल, मछलीगांव द्वारा आयोजित भव्य रामलीला संपन्न

जौनपुर। श्री भगवतलीला धर्म मंडल, नेवादा मुरीदपुर (मछलीगांव) द्वारा आयोजित सुंदरवन मंच के अंतर्गत आयोजित रामलीला का समापन कल लंका दहन के साथ संपन्न हो गया। 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक आयोजित रामलीला में प्रतिदिन भारी संख्या में दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया। स्व.पंडित बब्बन दुबे की प्रेरणा से आयोजित होने वाली रामलीला का यह 19वां वर्ष रहा। यहां का रामलीला मंच अत्यंत भव्य बनाया गया है। कलाकारों की उत्कृष्ट पोशाक और आधुनिक संसाधनों के उपयोग के चलते यहां की रामलीला का विशेष महत्व है। सभी कलाकार सुशिक्षित और अच्छे परिवारों से जुड़े हुए हैं। कल आखिरी दिन रामलीला में पहुंचने वाले प्रमुख लोगों में पूर्व प्रधानाचार्य अनिल दुबे, मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, ग्राम टुडे के संपादक डॉ सुभाष चंद्र पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सनी शुक्ला, श्री आर एस दुबे सेंट्रल एकेडमी स्कूल, तिलवारी के प्रबंधक आचार्य सुभाष दुबे, श्रवण तिवारी बड़े बाबू, युवा समाजसेवी दीपक मिश्रा आदि का समावेश रहा। आयोजन समिति की तरफ से सभी उपस्थित प्रमुख लोगों का शॉल और धार्मिक स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। धर्म मंडल के अध्यक्ष राम अवध चौरसिया, उपाध्यक्ष पूर्व प्रधान अशोक कुमार पाठक, प्रबंधक सुरेंद्र मिश्रा (गुरुजी), उप प्रबंधक धीरेंद्र पाठक तथा राम जनक चौरसिया ने आगंतुकों का स्वागत सम्मान किया। रामलीला के निर्देशक अनुराग पाठक तथा सह निर्देशक कपिल पाठक के अनुसार सभी कलाकार पूरी तैयारी के साथ रामलीला का मंचन करते हैं। मंडल के कोषाध्यक्ष अनुभव पाठक तथा संरक्षक भगवान प्रसाद पाठक, दिनेश शुक्ला, राहुल शुक्ला ,अजीत पाठक तथा सुरेंद्र प्रताप शुक्ला  हैं । रामलीला की खास बात रही कि स्त्री चरित्र का अभिनय स्त्री कलाकारों द्वारा किया गया। 27 अक्टूबर को ही विजयादशमी मेला का भी आयोजन किया गया।
पुलिस ने मुठभेड़ : एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मार गिराया
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मंगलवार की रात को पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। इस दौरान बदमाश की गोली से सिपाही घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा. इलामरन ने घटनास्थल का जाएजा लिया। उन्हाेंने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लेकर उसे बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश डॉक्टर को दिए। एसएसपी ने बताया कि थाना पिलुआ अंतर्गत थाना कोतवाली और पिलुआ पुलिस की टीम से बाइक सवार बदमाश की मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाॅक्टर ने उसे मृत घाेषित कर दिया। उसकी पहचान मैनपुरी निवासी वीरेंद्र के रुप में हुई है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घाेषित था। वहीं, बदमाश की गोली से सिपाही सत्यपाल घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि थाना अलीगंज क्षेत्र में 22 अक्टूबर को एक सर्राफा व्यापारी से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचा के बल पर लूटपाट की थी। इसमें सर्राफा का सोने और चांदी का सामान चोरी हुआ था। मामले को गंभीरता से लेकर जांच पड़ताल की गई। कई कैमरे और सर्विलांस की मदद से जांच की गई तो इसमें फरार बदमाश की पहचान वीरेंद्र के रुप में हुई। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार की रात काे उसकी लाेकेशन पिलुआ थाना क्षेत्र में मिली।पुलिस ने आराेपित की घेराबंदी की ताे उसने फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। इस दाैरान उसका एक साथी फरार हाे गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।

एसएसपी ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ इटावा एटा, फिरोजाबाद समेत कई थानों में डकैती, हत्या सहित 53 मुकदमें दर्ज हैं। वह अभी 17 तारीख को ही जेल से छूटकर आया था और चार दिन के भीतर ही उसने घटना को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल होने वाली बाइक उन्नाव जिले से चोरी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाराणसी शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा का परचम, लाल बिहारी यादव लगातार दूसरी बार जीते
लखनऊ , वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर पार्टी का परचम लहराया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5,015 मतों से शिकस्त दी। 

वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत की घोषणा होते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। इस दौरान पार्टी के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समर्थक खुशी से झूमते नजर आए। देर रात तक एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।

जानकारी के अनुसार लाल बिहारी यादव को कुल 11,612 मत मिले, जबकि डॉ. प्रमोद मिश्रा के खाते में 6,597 मत आए। इस जीत से सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने नारेबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर झूमे।

जीत हासिल करने के बाद लाल बिहारी यादव ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत अखिलेश यादव की नीतियों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का परिणाम है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, गैर-वित्तपोषित शिक्षकों के मानदेय, सहायता प्राप्त और सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की सेवा शर्तों तथा अल्पसंख्यक विद्यालयों और मदरसों में मानदेय से जुड़े विषयों का उल्लेख किया। इसके अलावा, उन्होंने डिग्री कॉलेजों में सेमेस्टर आधारित परीक्षाओं के विरोध को भी शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल बताया।

लाल बिहारी यादव ने कहा कि पिछले चुनाव में उन्होंने लगभग एक हजार मतों के अंतर से जीत हासिल की थी, जबकि इस बार जीत का अंतर बढ़कर पांच हजार से अधिक मतों का हो गया है। उनके अनुसार, यह परिणाम पार्टी और उनके प्रति शिक्षकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करेंगे। सपा की सरकार शिक्षकों के साथ खड़ी है, इसलिए दूसरी बार भी इन लोगों ने मुझे जिताया है, मैंने इनसे जो वादा किया है उसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करूंगा।
तिहरे हत्याकांड में आराेपित ऋषभ शुक्ला के घर देर रात काे चला बुलडाेजर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड में आराेपित ऋषभ शुक्ला के घर देर रात काे बुलडाेजर की कार्रवाई हुई। इस दौरान पुलिस और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), नगर निगम की टीम मौजूद रही।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के मुताबिक, जांच में आरोपित का मकान का एक हिस्सा नजूल की जमीन पर अवैध रुप से निर्मित पाया गया है। जिसको चिन्हित कर नजूल के अधिकारियों ने चारों तरफ से सील कर दिया था। देर रात को विभाग का बुलडोजर आरोपित के घर पहुंचा और पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत अवैध हिस्से को धवस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बवाल की आशंका पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात थी। विभाग के अधिकारी और पुलिस वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को कार की पार्किंग के दौरान हुए विवाद में पड़ोसी ऋषभ ने शिवाजी तिवारी (65) उनके भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और उनके बेटे सुयश तिवारी की गाेली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक शिवा तिवारी सचिवालय से रिटायर्ड और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के जिला सर कार्यवाह रह चुके थे। घटना के बाद परिवार ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया था। परिवार के साथ भाजपा और सघ के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। परिवार की मांग पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे और परिवार को आश्वासन दिया था कि उनके साथ न्याय होगा। आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरु कर दी है।
प्रयागराज: पुश्तैनी हुनर बचाने की जद्दोजहद, दो बार आवेदन के बाद भी नहीं मिली इलेक्ट्रॉनिक चाक
प्रयागराज,।दीपावली पर घर-आंगन को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये और खिलौने तैयार करने में कुम्हार दिन-रात जुटे हैं। उनके हाथों से आकार ले रहे मिट्टी के दीये दूसरों के घरों में उजाला फैलाएंगे, लेकिन इन कारीगरों के अपने जीवन में आर्थिक परेशानियों का अंधेरा अब भी बना हुआ है। मिट्टी के बर्तन बनाने का पुश्तैनी कारोबार कभी उनकी आजीविका का प्रमुख साधन था, लेकिन बदलते समय के साथ इसकी कमाई से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में नई पीढ़ी भी इस हुनर को अपनाने से पीछे हट रही है।

सोरांव तहसील के जगदीशपुर पूरे चन्दा गांव निवासी तेज बहादुर प्रजापति दीपावली से पहले मिट्टी के दीये और अन्य खिलौने बनाने में जुटे हैं। मिट्टी को आकार देकर दीये तैयार करने वाले तेज बहादुर के मन में अपने पुश्तैनी कारोबार को बचाने की चिंता भी है। उनका कहना है कि मिट्टी के बर्तन बनाना उनके परिवार का पारंपरिक काम है, लेकिन अब इससे इतनी कमाई नहीं हो पाती कि परिवार का खर्च आसानी से चल सके। यही वजह है कि आने वाली पीढ़ी इस काम को सीखने में रुचि नहीं दिखा रही है।

तेज बहादुर बताते हैं कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कुम्हार समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और पारंपरिक कारोबार को बढ़ावा देने के प्रयासों से उन्हें भी उम्मीद जगी थी। इलेक्ट्रॉनिक चाक मिलने की जानकारी के बाद उन्हें लगा कि इससे मिट्टी के बर्तन बनाने का काम आसान होगा और उत्पादन भी बढ़ सकेगा। उम्र बढ़ने के साथ मेहनत का काम कठिन होता जा रहा है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक चाक मिल जाता तो उन्हें अपना पुश्तैनी हुनर जारी रखने और परिवार का भरण-पोषण करने में सहारा मिलता।

उनके मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक चाक के लिए दो बार फार्म भरवाया गया। कुछ लोग उनके घर भी आए और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई गई, लेकिन अब तक उन्हें चाक नहीं मिल सका। इससे उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। वह कहते हैं कि सरकार की योजना से उन्हें काफी आस थी, लेकिन बार-बार आवेदन करने के बाद भी मदद नहीं मिलने से अब भरोसा कमजोर पड़ गया है।

हुनर बचाने के लिए मदद की दरकार

तेज बहादुर की चिंता केवल आर्थिक परेशानी तक सीमित नहीं है। उन्हें डर है कि यदि मिट्टी के बर्तन बनाने के काम से पर्याप्त आमदनी नहीं हुई और आधुनिक साधन नहीं मिले, तो आने वाली पीढ़ी इस पारंपरिक कला से दूर हो जाएगी। दीपावली जैसे त्योहारों पर मिट्टी के दीयों की मांग कुम्हारों के लिए कमाई का अवसर लेकर आती है, लेकिन पूरे साल परिवार चलाने की चुनौती बनी रहती है।

ऐसे में तेज बहादुर जैसे कारीगरों को इलेक्ट्रॉनिक चाक उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के अवसर भी देने की जरूरत है। इससे उनकी मेहनत को उचित मूल्य मिल सकेगा और मिट्टी के दीये बनाने की परंपरा भी आगे बढ़ सकेगी। दीपावली पर दूसरों के घरों को रोशन करने वाले इन कारीगरों के जीवन में भी खुशहाली का उजाला पहुंचे, यही उनकी सबसे बड़ी उम्मीद है।