लेखपाल संघ के द्वि वाषिक चुनाव में दूस री बार सचिन मिश्रा बने जिला अध्यक्ष

फर्रुखाबाद।
जनपद के लेखपाल संघ के द्विवार्षिक चुनाव में दूसरी बार निर्वाचित हुए , गुड़गांव देवी मंदिर स्थित मातृछाया गेस्ट हाउस में संपन्न हुए चुनाव में अध्यक्ष पद डॉ अजय कुमार सिंह को 20 मतों से हराया ,  सचिन मिश्रा लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष बने ।
जिलामंत्री पर कुल तीन प्रत्याशी थे जिनमें हिमांशु गुप्ता  को 47 ,पवन यादव को 50 और अनुभव पाण्डेय को 70 मत प्राप्त हुए जबकि अन्य सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ ।

चुनाव कराने के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा लेखपाल संघ कानपुर मंडल के खंड मंत्री विकास सचान ,कानपुर जनपद के जिलाध्यक्ष मोहित  सचान एवं कानपुर जिलामंत्री सुजीत कुशवाहा को भेजा गया ,जिनके नेतृत्व में सकुशल चुनाव संपन्न हुआ ।
श्री भगवतलीला धर्म मंडल, मछलीगांव द्वारा आयोजित भव्य रामलीला संपन्न

जौनपुर। श्री भगवतलीला धर्म मंडल, नेवादा मुरीदपुर (मछलीगांव) द्वारा आयोजित सुंदरवन मंच के अंतर्गत आयोजित रामलीला का समापन कल लंका दहन के साथ संपन्न हो गया। 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक आयोजित रामलीला में प्रतिदिन भारी संख्या में दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया। स्व.पंडित बब्बन दुबे की प्रेरणा से आयोजित होने वाली रामलीला का यह 19वां वर्ष रहा। यहां का रामलीला मंच अत्यंत भव्य बनाया गया है। कलाकारों की उत्कृष्ट पोशाक और आधुनिक संसाधनों के उपयोग के चलते यहां की रामलीला का विशेष महत्व है। सभी कलाकार सुशिक्षित और अच्छे परिवारों से जुड़े हुए हैं। कल आखिरी दिन रामलीला में पहुंचने वाले प्रमुख लोगों में पूर्व प्रधानाचार्य अनिल दुबे, मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, ग्राम टुडे के संपादक डॉ सुभाष चंद्र पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सनी शुक्ला, श्री आर एस दुबे सेंट्रल एकेडमी स्कूल, तिलवारी के प्रबंधक आचार्य सुभाष दुबे, श्रवण तिवारी बड़े बाबू, युवा समाजसेवी दीपक मिश्रा आदि का समावेश रहा। आयोजन समिति की तरफ से सभी उपस्थित प्रमुख लोगों का शॉल और धार्मिक स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। धर्म मंडल के अध्यक्ष राम अवध चौरसिया, उपाध्यक्ष पूर्व प्रधान अशोक कुमार पाठक, प्रबंधक सुरेंद्र मिश्रा (गुरुजी), उप प्रबंधक धीरेंद्र पाठक तथा राम जनक चौरसिया ने आगंतुकों का स्वागत सम्मान किया। रामलीला के निर्देशक अनुराग पाठक तथा सह निर्देशक कपिल पाठक के अनुसार सभी कलाकार पूरी तैयारी के साथ रामलीला का मंचन करते हैं। मंडल के कोषाध्यक्ष अनुभव पाठक तथा संरक्षक भगवान प्रसाद पाठक, दिनेश शुक्ला, राहुल शुक्ला ,अजीत पाठक तथा सुरेंद्र प्रताप शुक्ला  हैं । रामलीला की खास बात रही कि स्त्री चरित्र का अभिनय स्त्री कलाकारों द्वारा किया गया। 27 अक्टूबर को ही विजयादशमी मेला का भी आयोजन किया गया।
पुलिस ने मुठभेड़ : एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मार गिराया
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मंगलवार की रात को पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। इस दौरान बदमाश की गोली से सिपाही घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा. इलामरन ने घटनास्थल का जाएजा लिया। उन्हाेंने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लेकर उसे बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश डॉक्टर को दिए। एसएसपी ने बताया कि थाना पिलुआ अंतर्गत थाना कोतवाली और पिलुआ पुलिस की टीम से बाइक सवार बदमाश की मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाॅक्टर ने उसे मृत घाेषित कर दिया। उसकी पहचान मैनपुरी निवासी वीरेंद्र के रुप में हुई है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घाेषित था। वहीं, बदमाश की गोली से सिपाही सत्यपाल घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि थाना अलीगंज क्षेत्र में 22 अक्टूबर को एक सर्राफा व्यापारी से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचा के बल पर लूटपाट की थी। इसमें सर्राफा का सोने और चांदी का सामान चोरी हुआ था। मामले को गंभीरता से लेकर जांच पड़ताल की गई। कई कैमरे और सर्विलांस की मदद से जांच की गई तो इसमें फरार बदमाश की पहचान वीरेंद्र के रुप में हुई। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार की रात काे उसकी लाेकेशन पिलुआ थाना क्षेत्र में मिली।पुलिस ने आराेपित की घेराबंदी की ताे उसने फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। इस दाैरान उसका एक साथी फरार हाे गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।

एसएसपी ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ इटावा एटा, फिरोजाबाद समेत कई थानों में डकैती, हत्या सहित 53 मुकदमें दर्ज हैं। वह अभी 17 तारीख को ही जेल से छूटकर आया था और चार दिन के भीतर ही उसने घटना को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल होने वाली बाइक उन्नाव जिले से चोरी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाराणसी शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा का परचम, लाल बिहारी यादव लगातार दूसरी बार जीते
लखनऊ , वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर पार्टी का परचम लहराया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5,015 मतों से शिकस्त दी। 

वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत की घोषणा होते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। इस दौरान पार्टी के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समर्थक खुशी से झूमते नजर आए। देर रात तक एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।

जानकारी के अनुसार लाल बिहारी यादव को कुल 11,612 मत मिले, जबकि डॉ. प्रमोद मिश्रा के खाते में 6,597 मत आए। इस जीत से सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने नारेबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर झूमे।

जीत हासिल करने के बाद लाल बिहारी यादव ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत अखिलेश यादव की नीतियों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का परिणाम है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, गैर-वित्तपोषित शिक्षकों के मानदेय, सहायता प्राप्त और सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की सेवा शर्तों तथा अल्पसंख्यक विद्यालयों और मदरसों में मानदेय से जुड़े विषयों का उल्लेख किया। इसके अलावा, उन्होंने डिग्री कॉलेजों में सेमेस्टर आधारित परीक्षाओं के विरोध को भी शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल बताया।

लाल बिहारी यादव ने कहा कि पिछले चुनाव में उन्होंने लगभग एक हजार मतों के अंतर से जीत हासिल की थी, जबकि इस बार जीत का अंतर बढ़कर पांच हजार से अधिक मतों का हो गया है। उनके अनुसार, यह परिणाम पार्टी और उनके प्रति शिक्षकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करेंगे। सपा की सरकार शिक्षकों के साथ खड़ी है, इसलिए दूसरी बार भी इन लोगों ने मुझे जिताया है, मैंने इनसे जो वादा किया है उसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करूंगा।
तिहरे हत्याकांड में आराेपित ऋषभ शुक्ला के घर देर रात काे चला बुलडाेजर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड में आराेपित ऋषभ शुक्ला के घर देर रात काे बुलडाेजर की कार्रवाई हुई। इस दौरान पुलिस और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), नगर निगम की टीम मौजूद रही।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के मुताबिक, जांच में आरोपित का मकान का एक हिस्सा नजूल की जमीन पर अवैध रुप से निर्मित पाया गया है। जिसको चिन्हित कर नजूल के अधिकारियों ने चारों तरफ से सील कर दिया था। देर रात को विभाग का बुलडोजर आरोपित के घर पहुंचा और पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत अवैध हिस्से को धवस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बवाल की आशंका पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात थी। विभाग के अधिकारी और पुलिस वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को कार की पार्किंग के दौरान हुए विवाद में पड़ोसी ऋषभ ने शिवाजी तिवारी (65) उनके भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और उनके बेटे सुयश तिवारी की गाेली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक शिवा तिवारी सचिवालय से रिटायर्ड और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के जिला सर कार्यवाह रह चुके थे। घटना के बाद परिवार ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया था। परिवार के साथ भाजपा और सघ के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। परिवार की मांग पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे और परिवार को आश्वासन दिया था कि उनके साथ न्याय होगा। आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरु कर दी है।
प्रयागराज: पुश्तैनी हुनर बचाने की जद्दोजहद, दो बार आवेदन के बाद भी नहीं मिली इलेक्ट्रॉनिक चाक
प्रयागराज,।दीपावली पर घर-आंगन को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये और खिलौने तैयार करने में कुम्हार दिन-रात जुटे हैं। उनके हाथों से आकार ले रहे मिट्टी के दीये दूसरों के घरों में उजाला फैलाएंगे, लेकिन इन कारीगरों के अपने जीवन में आर्थिक परेशानियों का अंधेरा अब भी बना हुआ है। मिट्टी के बर्तन बनाने का पुश्तैनी कारोबार कभी उनकी आजीविका का प्रमुख साधन था, लेकिन बदलते समय के साथ इसकी कमाई से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में नई पीढ़ी भी इस हुनर को अपनाने से पीछे हट रही है।

सोरांव तहसील के जगदीशपुर पूरे चन्दा गांव निवासी तेज बहादुर प्रजापति दीपावली से पहले मिट्टी के दीये और अन्य खिलौने बनाने में जुटे हैं। मिट्टी को आकार देकर दीये तैयार करने वाले तेज बहादुर के मन में अपने पुश्तैनी कारोबार को बचाने की चिंता भी है। उनका कहना है कि मिट्टी के बर्तन बनाना उनके परिवार का पारंपरिक काम है, लेकिन अब इससे इतनी कमाई नहीं हो पाती कि परिवार का खर्च आसानी से चल सके। यही वजह है कि आने वाली पीढ़ी इस काम को सीखने में रुचि नहीं दिखा रही है।

तेज बहादुर बताते हैं कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कुम्हार समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और पारंपरिक कारोबार को बढ़ावा देने के प्रयासों से उन्हें भी उम्मीद जगी थी। इलेक्ट्रॉनिक चाक मिलने की जानकारी के बाद उन्हें लगा कि इससे मिट्टी के बर्तन बनाने का काम आसान होगा और उत्पादन भी बढ़ सकेगा। उम्र बढ़ने के साथ मेहनत का काम कठिन होता जा रहा है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक चाक मिल जाता तो उन्हें अपना पुश्तैनी हुनर जारी रखने और परिवार का भरण-पोषण करने में सहारा मिलता।

उनके मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक चाक के लिए दो बार फार्म भरवाया गया। कुछ लोग उनके घर भी आए और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई गई, लेकिन अब तक उन्हें चाक नहीं मिल सका। इससे उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। वह कहते हैं कि सरकार की योजना से उन्हें काफी आस थी, लेकिन बार-बार आवेदन करने के बाद भी मदद नहीं मिलने से अब भरोसा कमजोर पड़ गया है।

हुनर बचाने के लिए मदद की दरकार

तेज बहादुर की चिंता केवल आर्थिक परेशानी तक सीमित नहीं है। उन्हें डर है कि यदि मिट्टी के बर्तन बनाने के काम से पर्याप्त आमदनी नहीं हुई और आधुनिक साधन नहीं मिले, तो आने वाली पीढ़ी इस पारंपरिक कला से दूर हो जाएगी। दीपावली जैसे त्योहारों पर मिट्टी के दीयों की मांग कुम्हारों के लिए कमाई का अवसर लेकर आती है, लेकिन पूरे साल परिवार चलाने की चुनौती बनी रहती है।

ऐसे में तेज बहादुर जैसे कारीगरों को इलेक्ट्रॉनिक चाक उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के अवसर भी देने की जरूरत है। इससे उनकी मेहनत को उचित मूल्य मिल सकेगा और मिट्टी के दीये बनाने की परंपरा भी आगे बढ़ सकेगी। दीपावली पर दूसरों के घरों को रोशन करने वाले इन कारीगरों के जीवन में भी खुशहाली का उजाला पहुंचे, यही उनकी सबसे बड़ी उम्मीद है।
यूपी एमएलसी चुनाव: मेरठ की दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा, मतगणना के दौरान कई जगहों पर हंगामा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी ताकत का संकेत माने जा रहे विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के बीच मेरठ की दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट पर दिनेश गोयल ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को हराकर लगातार दूसरी बार इन सीटों पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा। 

वहीं, मतगणना के दौरान लखनऊ और झांसी में हंगामे की घटनाएं सामने आईं। वाराणसी शिक्षक सीट पर पहले दौर की गिनती में सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव आगे चल रहे हैं। प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुई वोटों की गिनती प्रदेश के सात जिलों में कराई जा रही है।

चुनाव लखनऊ, वाराणसी, आगरा और मेरठ के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के अलावा इलाहाबाद-झांसी स्नातक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ है। मेरठ में भाजपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्यों पर भरोसा जताया था। दोनों प्रत्याशियों ने सपा उम्मीदवारों को हराकर पार्टी का कब्जा कायम रखा। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने सपा प्रत्याशी नितिन तोमर को 13,241 मतों से पराजित किया। श्रीचंद शर्मा को 18,099 वोट मिले, जबकि नितिन तोमर के खाते में 4,858 वोट आए।

वहीं, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल ने सपा प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी को 12,855 मतों के अंतर से हराया। दिनेश गोयल को 24,928 वोट मिले, जबकि प्रमेंद्र भाटी को 12,073 मत प्राप्त हुए। दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के बीच रहा। शिक्षक संगठनों से जुड़े प्रत्याशी इन सीटों पर प्रमुख मुकाबले में जगह नहीं बना सके। प्रशासन की ओर से देर रात जीत की औपचारिक घोषणा की गई, जबकि प्रत्याशियों के समर्थक शाम करीब सात बजे से ही जीत का जश्न मनाने लगे थे।

लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर मंगलवार रात करीब 10 बजे भाजपा प्रत्याशी के कुछ समर्थकों के मतगणना परिसर में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान हंगामा हो गया। वहां मौजूद सपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी बिना पास की जांच किए भाजपा कार्यकर्ताओं को अंदर जाने दे रहे हैं। इसको लेकर गेट पर शोर-शराबा हुआ और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसके अलावा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सातवीं टेबल पर मतगणना के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पास की जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान भी मंगलवार रात करीब 10 बजे हंगामा हुआ। इससे मतगणना स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर एसपी सिटी प्रिया सिंह मौके पर पहुंचीं और स्थिति संभाली। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। एसपी सिटी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। हंगामे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले दौर की मतगणना पूरी होने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव आगे चल रहे हैं। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतगणना जारी रहने के बीच सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं।
कुशीनगर : प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या, आरोपित हिरासत में
लखनऊ । कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में मंगलवार की रात प्रेम प्रसंग में एक युवती की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक, युवती के घर में घुसा और बंद कमरे में दोनों के बीच विवाद के बाद हाथापाई हुई। इसी दौरान युवती पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

युवती की चीख सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़कर खोला गया और आरोपी युवक को पकड़ लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात

मंगलवार देर रात घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी केशव कुमार और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वही, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
दवा लेकर लौट रही युवती को जबरन लगाया सिंदूर, मुकदमा दर्ज
*रास्ता रोक कर किया छेड़खानी

गोंडा।जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 28 वर्षीय युवती का रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने और जबरन उसकी मांग में सिंदूर लगाने का मामला सामने आया है।पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार देर शाम लगभग 6.30 बजे निसार अली और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दिया है,इसके साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में गोंडा से लेकर बहराइच तक छापेमारी कर रही है।पीड़िता की मां द्वारा वजीरगंज थाने में दिए गए तहरीर में बताया गया है कि उसकी बेटी 25 अक्टूबर 2026 को अपरान्ह लगभग 12.30 बजे दुर्जनपुर घाट स्थित बाजार से दवा लेकर घर लौट रही थी कि इसी दौरान बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकईपुरवा लौकाही गांव का रहने वाला निसार अली पुत्र अकबर अली अपने एक अज्ञात साथी के साथ वहाँ पहुंचा और युवती का रास्ता रोक लिया।तहरीर के अनुसार दोनों आरोपियों ने युवती को जबरन पकड़ लिया और उसकी मांग में सिंदूर लगा दिया।आरोप है कि इस दौरान छेड़छाड़ करते हुए उस पर अपने साथ भाग चलने का भी दबाव बनाया गया।युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो दोनों आदमी मौके से भाग निकले।पीड़िता के अनुसार,लोक लाज और बातचीत के प्रयास के कारण पुलिस को तहरीर देने में देरी हुई।वजीरगंज थाने की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74,126 और 351(3) के तहत आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।धारा 74 महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग,धारा 126 गलत तरीके से रोकने और धारा 351(3) आपराधिक धमकी से संबंधित है।प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह को सौंपा गया है।वजीरगंज थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं,साथ ही पीड़िता से पूछताछ कर उसके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
नारकोटिक्स की बैठक जिला अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई
फर्रुखाबाद । जनपद स्तरीय समिति की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें  जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में समाज कल्याण विभाग, आबकारी विभाग, पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग, परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देशित किया कि जनपद में नशीली दवाइयों एवं नारकोटिक्स के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, समितियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार-प्रसार, जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज अभियोगों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग एवं आबकारी विभाग को प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा अभियोजन संबंधी कार्यवाहियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समाज कल्याण विभाग को जनपद में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने तथा आमजन को नशीले पदार्थों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने हेतु शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाई जाए।
चिकित्सा विभाग को समस्त मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को समस्त आबकारी दुकानों की सघन जांच करने एवं बढ़ते नशे के प्रयोग पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशीली दवाओं एवं नारकोटिक्स से जनपद को नशामुक्त बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।
बैठक उपरांत अपर जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।