साइबर जागरूकता माह अक्टूबर के तहत गोण्डा पुलिस द्वारा साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में आमजन

*गोण्डा*। साइबर जागरूकता माह अक्टूबर के तहत आज दिनांक 23.10.2026 को गोण्डा पुलिस के समस्त थानों द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान आमजन को पुलिस थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क, उसकी कार्यप्रणाली तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर की जाने वाली कार्यवाही एवं निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों को सुनकर पीड़ितों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। साइबर ठगी, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने तथा अन्य साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाती है। आमजन को साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा आधिकारिक वेबसाइट *www.cybercrime.gov.in* के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी साइबर घटना की सूचना बिना देरी के पुलिस को देने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की गई। गोण्डा पुलिस आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करने हेतु निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
मेटा अलर्ट के माध्यम से आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट किए जाने की सूचना पर धानेपुर पुलिस ने तत्परता से की कार्यवाही,
युवक की काउंसलिंग कर दिया आवश्यक परामर्श-*

*गोण्डा*। सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट किए जाने की सूचना मेटा अलर्ट के माध्यम से प्राप्त होने पर थाना धानेपुर पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित युवक से संपर्क कर आवश्यक कार्यवाही की गई।

*कार्यवाही का विवरण—*
थाना धानेपुर क्षेत्र में मेटा अलर्ट के माध्यम से थाना धानेपुर क्षेत्रांतर्गत एक लडके द्वारा इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित वीडियो पोस्ट किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर धानेपुर पुलिस द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए युवक से संपर्क स्थापित किया गया तथा उसकी काउंसलिंग की गई।

*पूछताछ एवं काउंसलिंग का विवरण—*
पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड से विवाद होने तथा बातचीत बंद हो जाने के कारण उसने उक्त वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। युवक ने अन्य किसी समस्या अथवा परेशानी से इनकार किया। पुलिसकर्मी द्वारा युवक को समझाया गया तथा उसे इस प्रकार की पोस्ट न करने के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में इस प्रकार की वीडियो पोस्ट न करने तथा आत्महत्या जैसा कदम न उठाने का मौखिक आश्वासन दिया।

*पुलिस की अपील—*
गोण्डा पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर आत्महत्या से संबंधित किसी भी प्रकार की पोस्ट अथवा वीडियो दिखाई देने पर उसे गंभीरता से लें और तत्काल पुलिस को सूचित करें। मानसिक तनाव अथवा किसी परेशानी की स्थिति में अपने परिजनों, मित्रों या संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें। समय पर सूचना और उचित सहयोग से किसी की अनमोल जिंदगी बचाई जा सकती है।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में गोण्डा में 76.90 प्रतिशत मतदान

*2,805 मतदाताओं में से 2,157 ने किया मताधिकार का प्रयोग, परसपुर में सर्वाधिक 90.07 प्रतिशत मतदान*

*गोण्डा, 23 अक्टूबर 2026*। - उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद गोण्डा में मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न हुआ। जनपद के सभी 12 मतदेय स्थलों पर कुल 76.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन में कुल 2,805 मतदाताओं में से 2,157 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान करने वालों में 1,591 पुरुष एवं 566 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस प्रकार निर्वाचन में पुरुष एवं महिला मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

*क्षेत्र पंचायत कार्यालय परसपुर में सर्वाधिक 90.07 प्रतिशत मतदान*

जनपद में स्थापित 12 मतदेय स्थलों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान सम्पन्न कराया गया। क्षेत्र पंचायत कार्यालय, परसपुर स्थित मतदेय स्थल पर सर्वाधिक 90.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जनपद के सभी मतदेय स्थलों में सबसे अधिक रहा।

*जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने किया निरंतर भ्रमण*

निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी की गई। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निर्वाचन प्रक्रिया का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों की सतत निगरानी एवं प्रशासनिक सतर्कता के बीच मतदान की प्रक्रिया सकुशल सम्पन्न हुई।

जनपद के सभी 12 मतदेय स्थलों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने के साथ ही शिक्षक निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी कराई गई।
निर्माणाधीन पुलिस लाइन में  7वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग

चंदौली। निर्माणाधीन पुलिस लाइन में सातवीं मंजिल से गिरकर 33 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई । हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को मुख्य गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।

मृतक की पहचान सकलडीहा थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव निवासी अशोक राजभर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक लिफ्ट के जरिए सातवीं मंजिल पर बालू चढ़ाने का काम कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी गुड़िया और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। अशोक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

निर्माणाधीन पुलिस लाइन में हुए इस हादसे ने कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब हादसे के कारणों और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच महत्वपूर्ण होगी।
मऊ में अब्बास अंसारी का बड़ा बयान, माफियाओं की जाति पर छिड़ी बहस!
बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, बृजभूषण शरण सिंह और राजा भैया समेत कई नेताओं का नाम लेकर सरकार पर साधा निशाना

मऊ। विधायक अब्बास अंसारी ने कथित तौर पर अपने बयान में जाति और धर्म के आधार पर कार्रवाई किए जाने का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि माफिया की पहचान जाति और धर्म से नहीं, बल्कि उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों और आपराधिक रिकॉर्ड से होनी चाहिए।

अब्बास अंसारी ने बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, सुशील सिंह, राजा भैया, त्रिभुवन सिंह और विनीत सिंह समेत कई नेताओं का उल्लेख करते हुए उनके और उनके परिजनों के खिलाफ दर्ज मुकदमों का ब्योरा सार्वजनिक करने की चुनौती दी।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अपराध के मामलों में कार्रवाई हो रही है, तो उसका आधार सभी के लिए एक समान क्यों नहीं होना चाहिए?
उत्तर प्रदेश विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 सकुशल संपन्न
,
जिले में स्नातक के 40.75% एवं शिक्षक के 77.40% प्रतिशत मतदान

*जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विभिन्न बूथों का भ्रमण कर लिया जायजा, कानून व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का मतदान जनपद में आज शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न हो गया। जिले में कुल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 77.40 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक के 40.75 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रातः 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चली। सुबह के समय बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बुजुर्ग स्नातक और शिक्षक मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कई मतदान केंद्रों पर पहली बार वोट डालने वाले युवा स्नातकों में भी जबरदस्त उत्साह रहा। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

*जिलाधिकारी/पुलिस अधीक्षक ने किया बूथों का निरीक्षण*

74-क्षेत्र पंचायत कार्यालय अभोली, 75-क्षेत्र पंचायत कार्यालय सुरियावां, 75-क्षेत्र पंचायत कार्यालय सुरियावां, 76-क्षेत्र पंचायत कार्यालय भदोही, 76अ-क्षेत्र पंचायत कार्यालय भदोही, 77-क्षेत्र पंचायत कार्यालय भदोही, 78-क्षेत्र पंचायत कार्यालय औराई, 78अ-क्षेत्र पंचायत कार्यालय औराई, 79-क्षेत्र पंचायत कार्यालय औराई, 79अ-क्षेत्र पंचायत कार्यालय औराई, 80-तहसील कार्यालय ज्ञानुपर, 81-क्षेत्र पंचायत कार्यालय डीघ, 81अ-क्षेत्र पंचायत कार्यालय डीघ, 82-नगर पालिका परिषद कार्यालय गोपीगंज, 83-नगर पालिका परिषद कार्यालय गोपीगंज, 22-क्षेत्र पंचायत कार्यालय सुरियावां, 23-क्षेत्र पंचायत कार्यालय भदोही कक्ष, 24-क्षेत्र पंचायत कार्यालय औराई, 25-क्षेत्र पंचायत कार्यालय डीघ, 26-नगर पालिका परिषद कार्यालय गोपीगंज का निरीक्षण किया गया।
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सुबह से ही भ्रमण पर रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाताओं से वार्ता कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतदान कार्मिकों को निर्देश दिया कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। विकास खंड भदोही में अधिक कतर कतारबद्ध मतदाताओं को देख मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।

*अपर जिलाधिकारी भी रहे भ्रमणशील*

शांति व्यवस्था के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला सहित सभी उप जिला मजिस्ट्रेटगण भी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहे। इसके अतिरिक्त सभी मतदान केन्द्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल भी तैनात रहे। जनपद में कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया है। स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
      जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान में लगे सभी कार्मिकों, पुलिस कर्मियों और मतदाताओं का सहयोग सराहनीय रहा, जिसके चलते चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। मतगणना वाराणसी में निर्धारित तिथि को होगी।
शिवा शर्मा हत्याकांड: कोर्ट ने गंभीर अपराध बताते हुए आरोपितों की जमानत याचिका को किया खारिज
लखनऊ। शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्चिम दुबे और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश की सीजेएम कोर्ट ने शुक्रवार को जमानत अर्जी खारिज कर दी है।

आरोपितों की वकील की ओर से आज कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की गई थी। अदालत ने अपराध को गंभीर मनाते हुए आरोपितों को जमानत देने से इनकार कर दिया। अब ये लोग ऊपरी अदालत में अपनी अर्जी दायर करेंगे। कोर्ट का कहना है कि इस मामले का ट्रायल सेशन कोर्ट में होना है ऐसे में सीजेएम कोर्ट के स्तर पर आरोपितों को जमानत देने का कोई औचित्य नहीं बनता है।

इसके पहले बीती मंगलवार को नागपुर में गिरफ्तार किये गये इन तीनों आरोपितों को लेकर पुलिस लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली पहुंची थी। यहां पर शिवा शर्मा हत्याकांड के बारे में पूछताछ की गयी। इसके बाद तीनों आराेपिताें का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराकर सीजीएम कोर्ट में पेश किया गया। काेर्ट ने दलीलें सुनने के बाद तीनाें आराेपिताें काे दस दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया।
कपूरपुर में श्रीराम कथा के प्रथम दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
जौनपुर। जनपद के तेजीबाजार क्षेत्र के कपूरपुर, तेजीबाजार में धर्मेंद्र सिंह (राज ग्रुप) के निज निवास पर श्रीराम कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिन देर शाम तक श्रद्धालु भगवान श्रीराम की कथा का रसपान करते रहे। कथा स्थल पर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।कथा का शुभारंभ गुरु वंदना, इष्ट स्मरण और श्री रामचरितमानस के श्लोकों के गान के साथ होता है। कथा व्यास द्वारा यह बताया गया कि 'राम' नाम अविनाशी, कल्याणकारी और सबसे बड़ा महामंत्र है। यह जन्म से लेकर मृत्यु तक हर स्थिति में मनुष्य का आधार बनता है। राम कथा केवल एक साधारण गाथा नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की उत्तम कला और मार्गदर्शक है।कथा के समापन पर विधि-विधान से भगवान श्रीराम की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आरती में सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
शरद पूर्णिमा पर संकिसा में आयोजित होने वाले बौद्ध महोत्सव मेले को लेकर डीआईजी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

आपसी सद्भाव एवं शांति के साथ आयोजन सम्पन्न कराने पर जोर

सनातनी एवं बौद्ध पक्ष के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, सौहार्द एवं सहयोग के साथ मेले को सफल बनाने की अपील*

डीआईजी ने बिसारी देवी मंदिर एवं धम्मलोक बौद्ध विहार में तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

फर्रुखाबाद । शरद पूर्णिमा के अवसर पर संकिसा में आयोजित होने वाले बौद्ध महोत्सव मेले की तैयारियों, शांति व्यवस्था एवं आयोजन को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद की अध्यक्षता में सनातनी एवं बौद्ध पक्ष के पदाधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति रही। बैठक में दोनों पक्षों के पदाधिकारियों के साथ मेले को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को सम्बोधित करते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक यमुना प्रसाद ने कहा कि ईश्वर एक है और हम सभी उसी एक मूल से निकली शाखाओं के समान हैं। सभी लोग अपनी-अपनी आस्था, मान्यताओं एवं विचारों के अनुरूप ईश्वर की उपासना करते हैं। ऐसे में आवश्यक है कि हम सभी एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी सद्भाव, शांति, सहिष्णुता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत बनाएं।

उन्होंने सनातनी एवं बौद्ध पक्ष के पदाधिकारियों से अपील की कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण मेले को आपसी सहजता, समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द के साथ सफल बनाएं। सभी पक्षों का प्रयास होना चाहिए कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक असहजता उत्पन्न न हो तथा श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी धार्मिक आस्थाओं के अनुरूप कार्यक्रमों में सहभागिता कर सकें।

पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि संकिसा का यह आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां देश-विदेश, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं अतिथि का स्वागत भारतीय संस्कृति की महान परम्परा ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप करें। श्रद्धालु यहां से शांति, सद्भाव, पारस्परिक सम्मान एवं भारतीय संस्कृति की सकारात्मक अनुभूति लेकर जाएं और अपने-अपने देशों में भारत की संस्कृति, सभ्यता तथा आपसी भाईचारे की भावना का संदेश प्रसारित करें।

उन्होंने कहा कि धर्म एवं आस्था का मूल उद्देश्य सद्मार्ग पर चलना, मानवता को महत्व देना तथा समाज में शांति और सद्भाव स्थापित करना है। इसलिए सभी पक्षों को परस्पर सम्मान एवं सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए आयोजन को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। आपसी संवाद एवं समन्वय से प्रत्येक विषय का समाधान निकाला जा सकता है। सभी पदाधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या गलतफहमी को बढ़ावा न मिले।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की मौजूदगी में मेले की तैयारियों तथा आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी चर्चा की गई। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आयोजन को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक यमुना प्रसाद द्वारा बिसारी देवी मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर, बौद्ध स्तूप एवं धम्मलोक बौद्ध विहार में प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का गंभीरता से परीक्षण कर लिया जाए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, मेले के दौरान सतर्कता बनाए रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

प्रशासन की ओर से सभी पक्षों एवं आमजन से अपील की गई कि शरद पूर्णिमा पर संकिसा में आयोजित होने वाले बौद्ध महोत्सव मेले को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता की भावना को बनाए रखते हुए भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परम्परा का परिचय दें।
मऊ ग्राम सभा अमारी में 74 वर्षों से चली आ रही रामलीला का हुआ समापन, हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ आयोजन

मऊ। जनपद मऊ के ग्राम सभा अमारी में भगवान श्रीराम की भक्ति और आस्था से जुड़ी ऐतिहासिक रामलीला का विधिवत समापन हुआ।

रामलीला के समापन के बाद श्रद्धालुओं द्वारा हवन-पूजन किया गया और भगवान श्रीराम से सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। आयोजकों के अनुसार, ग्राम सभा मारी में लगातार 74 वर्षों से भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष भी रामलीला में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन अवसर पर माहौल भक्तिमय रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रामलीला समिति एवं ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। 74 वर्षों की यह परंपरा आज भी गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है।