मऊ ग्राम सभा अमारी में 74 वर्षों से चली आ रही रामलीला का हुआ समापन, हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ आयोजन

मऊ। जनपद मऊ के ग्राम सभा अमारी में भगवान श्रीराम की भक्ति और आस्था से जुड़ी ऐतिहासिक रामलीला का विधिवत समापन हुआ।

रामलीला के समापन के बाद श्रद्धालुओं द्वारा हवन-पूजन किया गया और भगवान श्रीराम से सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। आयोजकों के अनुसार, ग्राम सभा मारी में लगातार 74 वर्षों से भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष भी रामलीला में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन अवसर पर माहौल भक्तिमय रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रामलीला समिति एवं ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। 74 वर्षों की यह परंपरा आज भी गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है।
तीन दिन से लापता युवती का कुएं में मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मीरजापुर। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर कला गांव में शुक्रवार को कुएं में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से गांव में हलचल मच गई। युवती तीन दिन से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना थाने में दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।
जयकर कला गांव निवासी उमाकांत कोल की पुत्री कल्पना 20 अक्तूबर की भोर में घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश की मगर उसका पता नहीं चला। 21 अक्तूबर को पिता ने लालगंज थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी थी। शुक्रवार को गांव के ही एक कुएं में कल्पना का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
दैनिक जागरण के जिला प्रतिनिधि सर्वेश मिश्रा का सम्मान
जौनपुर। पिछले 28 वर्षों से लगातार पत्रकारिता की अलख जगा रहे दैनिक जागरण के जिला प्रतिनिधि सर्वेश मिश्रा का आज मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा सम्मान किया गया। संस्था के महासचिव तथा वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने शॉल और स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर दैनिक जागरण के पत्रकार प्रमोद पांडेय उपस्थित रहे। जौनपुर के मड़ियाहूं तहसील अंतर्गत स्थित डौड़ी गांव के निवासी सर्वेश मिश्रा ने 1999 में दैनिक आज अखबार से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। 2011 से वे दैनिक जागरण के जिला संवाददाता के रूप में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। श्री मिश्रा अब तक जौनपुर के अलावा आजमगढ़, गाजीपुर, भदोही बनारस आदि जिलों में भी अखबार के माध्यम से पाठकों तक अपनी कलम की ताकत का एहसास करा चुके हैं। एक निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकार के रूप में आज उनका सम्मान किया गया।
गोंडा में SIS लिमिटेड में सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों पर भर्ती, 24 से 29 अक्टूबर तक विभिन्न ब्लॉकों में लगेंगे कैंप

*10वीं पास 19 से 40 वर्ष तक के युवा कर सकते हैं प्रतिभाग, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा पंजीकरण*

*गोण्डा, 23 अक्टूबर 2026* - जनपद गोण्डा के बेरोजगार युवाओं के लिए सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाइजर के पदों पर नौकरी पाने का अवसर है। SIS लिमिटेड द्वारा जनपद के विभिन्न विकास खंडों में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला विकास अधिकारी  ने जनपद के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भर्ती शिविरों में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

विभिन्न विकास खंडों में भर्ती शिविरों का कार्यक्रम

- 24 अक्टूबर 2026: विकास खंड रुपईडीह।
- 26 एवं 27 अक्टूबर 2026: विकास खंड पंडरीकृपाल।
- 28 एवं 29 अक्टूबर 2026: विकास खंड झंझरी।

सभी भर्ती शिविर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए किसी भी विकास खंड का युवा निर्धारित तिथियों में अपनी सुविधानुसार किसी भी विकास खंड में आयोजित भर्ती शिविर में प्रतिभाग कर सकता है।

पात्रता एवं चयन संबंधी विवरण

भर्ती में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य तथा निर्धारित न्यूनतम लंबाई 167.5 सेंटीमीटर होनी चाहिए।

चयनित अभ्यर्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण संबंधित भर्ती शिविर स्थल पर ही किया जाएगा। इसके लिए ₹350 ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।

वेतन एवं तैनाती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं निर्धारित शर्तों के अनुसार ₹16,000 से ₹30,000 प्रतिमाह तक वेतन मिल सकता है। ड्यूटी का निर्धारित समय 8 घंटे प्रतिदिन एवं 26 दिन प्रतिमाह बताया गया है। भर्ती संबंधी जानकारी में 60 वर्ष की आयु तक सेवा का भी उल्लेख किया गया है।

चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती लखनऊ मेट्रो, सचिवालय, कंपनी मॉल, अयोध्या धाम, हनुमानगढ़ सहित अन्य प्रतिष्ठानों में की जा सकती है। आवश्यकता एवं कंपनी की तैनाती नीति के अनुसार उत्तर प्रदेश के भीतर अथवा प्रदेश के बाहर भी ड्यूटी दी जा सकती है।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी निम्नलिखित मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

- 9236915649
- 7348142910

जिला विकास अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर भर्ती शिविर में पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।
मऊ विधान परिषद चुनाव को लेकर डीएम और एसपी ने मतदान स्थलों का किया निरीक्षण
मऊ। विधान परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मऊ श्री आनंद वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक मऊ श्री सर्वेश मिश्रा ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को जनपद के विभिन्न मतदान स्थलों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में विधान परिषद चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित मिली मतदान प्रक्रिया
मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत आज मतदान दिवस पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न मतदान केन्द्रों एवं पोलिंग बूथों का औचक निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया के सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने म्यूनिशिपल इण्टर कॉलेज, फतेहगढ़, विकास खण्ड कार्यालय बढ़पुर, विकास खण्ड कार्यालय कमालगंज तथा विकास खण्ड कार्यालय मोहम्मदाबाद स्थित मतदान केन्द्रों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर संचालित मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई। अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्धारित निर्वाचन नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। मतदान से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं तथा निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त निरीक्षण के माध्यम से मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं की स्थिति का परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान समाप्ति तक निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना धानेपुर पुलिस द्वारा दहेज हत्या के मामले में 02 वांछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार


गोण्डा। वादिनी गुन्जन पत्नी सुधीर कुमार दूबे निवासी माझा तरहर, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा द्वारा थाना धानेपुर में लिखित तहरीर दी गयी कि उनकी पुत्री का विवाह दिनांक 09.05.2022 को आदर्श उर्फ सनी पुत्र लल्लन निवासी ग्राम गौरीपुरवा, मौजा त्रिलोकपुर, थाना धानेपुर, जनपद गोण्डा के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था तथा ₹5 लाख अतिरिक्त की मांग की जा रही थी। वादिनी के अनुसार दिनांक 24.06.2026 को उनकी पुत्री ने फोन पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने तथा अपनी जान को खतरा होने की बात बताई थी। दिनांक 24/25.06.2026 की रात्रि में उसकी तबीयत खराब होने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद जानकारी करने पर उसकी मृत्यु होने की जानकारी मिली। वादिनी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना धानेपुर पर सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत हुआ।

*कार्यवाही*
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना धानेपुर पुलिस द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित 02 वांछित अभियुक्तगण को बग्गी रोड बाजार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 नवंबर

*नवीन आवेदन एवं नवीनीकरण के लिए जारी की गई संशोधित समय सारिणी*

*गोण्डा, 23 अक्टूबर 2026* - जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए शासन द्वारा संशोधित समयसारिणी जारी की गई है।

निदेशक, समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा  जारी संशोधित समयसारिणी के अनुसार छात्र-छात्राएं नवीन ऑनलाइन आवेदन 13 नवंबर 2026 तक कर सकते हैं। वहीं, नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की अवधि 23 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा लॉक करने की कार्यवाही 23 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक की जाएगी। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय एवं एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा फीस आदि का सत्यापन 23 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक किया जाना प्रस्तावित है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही, उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों तथा विश्वविद्यालयों एवं एफिलिएटिंग एजेंसियों के प्रभारियों से भी निर्धारित समयसारिणी के अनुसार संबंधित कार्यवाही समय से पूर्ण कराने की अपेक्षा की गई है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

संशोधित समयसारिणी एवं अन्य जानकारी के लिए छात्र-छात्राएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.scholarship.up.nic.in पर जाकर विवरण डाउनलोड कर सकते हैं।
नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए: योगी
जितेन्द्र सिंह बोले- प्रशासनिक सुधारों व क्षमता विकास में उप्र देश के लिए रोल मॉडल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को लोकभवन में दीप प्रज्ज्वलित कर मिशन कर्मयोगी के अन्तर्गत दो दिवसीय 'साधना शृंखला' का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। नागरिकों को जब समय से समाधान प्राप्त होता है तभी लोकसेवक का उद्देश्य सार्थक होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी शासन के कार्यों को गति दे सकती है लेकिन कार्मिकों का सेवा भाव ही हमें नागरिकों के प्रति जवाबदेह बनाता है। जब प्रशासनिक तंत्र दक्ष, संवेदनशील एवं उत्तरदायी होता है, तभी शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचता है और सुशासन का संकल्प जनकल्याण के रूप में साकार होता है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल टेक्नोलॉजी तेजी से शासन के स्वरूप को बदल रहे हैं। हमें अपने लोकसेवकों को इन बदलावों के अनुरूप सक्षम बनाने के लिए तैयार रहना होगा। लोकसेवा की कार्य-संस्कृति में परिवर्तन हम सबके लिए एक राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए ग्राम पंचायतों के कार्मिकों की क्षमताएं भी बढ़ानी होंगी। डबल इंजन सरकार मिशन कर्मयोगी जैसी पहल के माध्यम से देश की प्रशासनिक कार्य-संस्कृति को नई दिशा दे रही है। मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस की भावना के अनुरूप कर्मयोगी उत्तर प्रदेश अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रकृति एवं परमात्मा की असीम कृपा का प्रदेश है। फिर भी लंबे समय तक यूपी विपन्न रहा। प्रदेश अपनी पहचान के लिए मोहताज रहा। यहां संभावनाएं विद्यमान थीं लेकिन उन्हें उपलब्धियों में बदलने के लिए राजनैतिक इच्छाशक्ति का अभाव था। उत्सव पूर्ण राज्य को उपद्रव ग्रस्त प्रदेश बना दिया गया। मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में काम हुआ। प्रदेश की जीडीपी तीन गुना बढ़ गयी है। पिछले साढ़े 9 वर्षों में 65 लाख गरीबों को आवास, 3 करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय और 15 करोड़ से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ दिया है। हम पूरी दमदारी के साथ कह सकते हैं कि हर योजना का लाभ हर गरीब तक ईमानदारी के साथ पहुंचा है। भारत का सबसे बड़ा रोड नेटवर्क, सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और सबसे बड़ा एयर कनेक्टिविटी का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के पास मौजूद है।

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशासनिक सुधारों और क्षमता विकास में उत्तर प्रदेश देश के लिए रोल मॉडल है। उत्तर प्रदेश प्रशासनिक क्षमता विकास के क्षेत्र में रोल माडल के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। प्रदेश में योग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर बड़ी संख्या में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे किए गये हैं। डॉ. सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी प्रयास का परिणाम तब तक नहीं दिखता जब तक उसका जमीनीस्तर पर अमल न हो। उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए सुशासन सुधारों को लागू करने की दिशा में सदैव सक्रिय रही है। ये प्रयास प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और नागरिक-केंद्रित शासन को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम को मुख्य सचिव एसपी गोयल और क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष राधा चौहान ने भी संबोधित किया। इस कार्यशाला में 8 राज्यों एवं 4 केंद्रशासित प्रदेशों के कार्मिक सहभागिता कर रहे हैं।
एआई और डिजिटल तकनीक से आसान होगा समाज कल्याण विभाग का कामकाज
-प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और विभागीय समन्वय बढ़ाने पर जोर

-रूपाम में आयोजित रिट्रीट कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर हुई चर्चा

लखनऊ। सरकारी कामकाज को अधिक सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने में आधुनिक तकनीक की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है। इसी दिशा में समाज कल्याण विभाग में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने, डिजिटल तकनीक के उपयोग और अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जोर दिया जा रहा है।

समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि एआई और डिजिटल तकनीक से सरकारी कामकाज को आसान और तेज बनाया जा सकता है। इसके माध्यम से सरकारी पत्रों का प्रारूप तैयार करने, फाइलों की नोटिंग-ड्राफ्टिंग, रिपोर्ट का सारांश बनाने, अनुवाद और प्रस्तुतियां तैयार करने जैसे कार्यों में मदद ली जा सकती है। इन संभावनाओं को लेकर 17 अक्टूबर को डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (रूपाम), लखनऊ में आयोजित रिट्रीट कार्यक्रम में चर्चा की गई, जिसमें विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम में ई-ऑफिस, मानव संपदा प्रबंधन, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता, लाभार्थियों की पहचान और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जैसे विषय भी चर्चा में शामिल रहे। इसके साथ ही कार्यालय की प्रक्रियाओं को सरल बनाने, निर्णय लेने में होने वाली देरी कम करने और कार्यस्थल पर बेहतर संवाद और टीमवर्क को बढ़ावा देने के पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।