सोनभद्र में MLC चुनाव का मतदान जारी: स्नातक में धीमी तो शिक्षक सीट पर दिखी तेजी, DM-SP ने ओबरा बूथ का लिया जायजा

विकास कुमार

सोनभद्र।उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को सोनभद्र जिले में मतदान प्रक्रिया पूरी सतर्कता के साथ जारी है। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नज़र आ रहा है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक ने ओबरा स्थित मतदान केंद्र का औचक जायजा लिया।

सुबह के आंकड़ों में शिक्षक सीट पर दिखा ज्यादा उत्साह
प्राप्त मतदान आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, जबकि शिक्षक निर्वाचन सीट पर अपेक्षाकृत तेज वोटिंग दर्ज की गई।
स्नातक निर्वाचन: जिले में पंजीकृत कुल 16,812 मतदाताओं में से सुबह तक लगभग 973 से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 5.22 प्रतिशत दर्ज हुआ।
शिक्षक निर्वाचन: कुल 1,738 मतदाताओं में से 238 से अधिक शिक्षकों ने अपने वोट डाले। यहाँ मतदान प्रतिशत 15 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया।

डीएम-एसपी ने ओबरा बूथ पर परखीं व्यवस्थाएं
ओबरा स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक ने मतदान कक्षों, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में चल रहा है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने और मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
कड़े सुरक्षा घेरे में मतदान, पुलिस अलर्ट पर
सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी संवेदनशील और सामान्य मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील हैं ताकि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
उल्लेखनीय है कि दोनों सीटों के लिए मतदान शाम 4 बजे तक निर्धारित है। सुबह की धीमी शुरुआत के बाद दोपहर में वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आने वाले अंतिम वोटिंग प्रतिशत पर टिकी हुई हैं।
Mirzapur: भाकियू ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में एसआईआर के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
मीरजापुर। संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में एसआईआर के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन के क्रम में भारतीय किसान यूनियन जनपद मिर्जापुर द्वारा जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय चुनार में राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि
भारत में लोकतंत्र और सभी नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए किसान एकजुट हो रहे हैं। हमारी मांग है कि 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) को तुरंत रद्द किया जाए, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और उन पर मुकदमा चलाया जाए। साथ ही, बिना किसी पारदर्शिता के सूची से हटाए गए 13.41 करोड़ नागरिकों के मतदान के अधिकार को बहाल किया जाए। इसके  अलावा, 2023 के अधिनियम में संशोधन किया जाए और चयन पैनल में कैबिनेट मंत्री की जगह भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को शामिल किया जाए।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी ने कहा, "किसान व्यापक चुनावी सुधारों की भी मांग करते हैं, ताकि 'आनुपातिक प्रतिनिधित्व' (proportional representation) लागू हो सके, धनबल और बाहुबल पर रोक लगे, और चुनावों के लिए 'राज्य द्वारा फंडिंग' (state funding) को कानूनी रूप दिया जा सके।"
कहा ज्ञानेश कुमार ने अपनी संवैधानिक शपथ का उल्लंघन किया है, इसलिए उन पर मुकदमा चलना चाहिए। आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को बचा रहे हैं। इस CEC ने सत्ताधारी पार्टी (BJP) को सत्ता में बनाए रखने में मदद करने के लिए, असली नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाने जैसा गंभीर अपराध किया है। नियमों की किताब (rulebook) को औपचारिक रूप से बदलने का अधिकार केवल संसद के पास है। जब तक संसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग (impeachment) नहीं चलाती, तब तक प्रधानमंत्री अपनी कैबिनेट के सामने खड़े इस गंभीर संवैधानिक संकट से बाहर नहीं निकल सकते।

किसान, SIR के मुद्दे पर विरोध कर रहे लोगों (विशेषकर छात्रों और युवाओं) का समर्थन करते हैं। आज, 23 अक्टूबर 2026 को, पूरे भारत में जिला, तहसील मुख्यालयों, राज्य की राजधानियों और राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। यह विरोध प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस और RSS-BJP से जुड़े आपराधिक तत्वों द्वारा नई दिल्ली में प्रदर्शनकारियों (जिनमें युवा महिला छात्राएं भी शामिल हैं) के साथ किए गए क्रूर दमन और अत्याचार के खिलाफ है। इसके जरिए हम कड़ी चेतावनी भी देना चाहते हैं। दिल्ली पुलिस और RSS-BJP से जुड़े आपराधिक तत्वों द्वारा महिला छात्रों और पत्रकारों का यौन उत्पीड़न पूरे देश के लिए चौंकाने वाला और शर्मनाक है। अगर मोदी सरकार प्रदर्शनकारियों पर हमले जारी रखती है, तो किसानों को उनकी सुरक्षा के लिए आगे आना पड़ेगा। हम आपसे मांग करते हैं कि आप तुरंत जांच शुरू करें, दोषियों को गिरफ्तार करें और वर्दीधारी तथा असामाजिक तत्वों, दोनों तरह के ऐसे जघन्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
अन्य वक्ताओं ने कहा, विरोध प्रदर्शन करना एक मौलिक अधिकार है, और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हमला करना संविधान और कानून के शासन के खिलाफ है। हम न्यायपालिका (जिसमें सुप्रीम कोर्ट भी शामिल है) की कड़ी आलोचना करते हैं कि उसने राजधानी में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हो रहे व्यापक अपराधों पर स्वतः संज्ञान (suo motu cognisance) नहीं लिया। भारत में कोई भी कानून या नियम पुलिस को नागरिकों को "हाउस अरेस्ट" (नज़रबंद) में रखने की अनुमति नहीं देता है। लेकिन गृहमंत्री अमित शाह के निर्देश पर आपकी सरकार पुलिस का इस्तेमाल कर रही है, खासकर उन राज्यों में जहां "डबल इंजन सरकारें" हैं। जहां पुलिस निजी घरों में घुसकर राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से "हाउस अरेस्ट" कर रही है, ताकि उन्हें शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार से वंचित किया जा सके। यह भारत के संविधान द्वारा दिए गए लोगों के मौलिक अधिकारों का घोर उल्लंघन है। आपकी सरकार ने भारत को एक 'पुलिस स्टेट' (पुलिस राज्य) बना दिया है। हम इस 'राज्य प्रायोजित आतंक' (state terror) का कड़ा विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि नागरिकों की निजता और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन को रोकने के लिए आप तुरंत कदम उठाएं।

सभा के दौरान इसके अतिरिक्त जनपद स्तरीय मुख्य समस्याओं को भी उठाते हुए कहा की प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे जो जनहित में नहीं है उसे निरस्त किया जाए, और अहरौरा में अस्थाई टोल प्लाजा जो डीपीआर में भी नहीं है और उसका लीकेज भी बंद हो चुका है उसको तत्काल हटाया जाए और चुनार अंतर्गत ढाब क्षेत्र में गंगा किनारे बसे गांवों शिवपुर,चित्रहा, जलालपुर माफी, बगही व अन्य गांव में बाढ़ से कटान रोकने का उचित प्रबंध किया जाए।
किसान नेताओं ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उम्मीद जताई है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और बिना किसी देरी के उचित कदम उठाए जाएंगे। धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, जिलाध्यक्ष कंचन सिंह फौजी, जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह, मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष परशुराम मौर्य, स्वामी दयाल सिंह जिला कोषाध्यक्ष, प्रदीप कुमार सिंह, राम महाल सिंह, सावित्री देवी जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा, मुन्नू प्रसाद गुप्ता, जमुना प्रसाद सिंह, बबलू , संतोष कुमार सिंह, रामशरण सिंह, श्याम केर पाल, चूल्हन बिंद, राम राज, नंदलाल भारती, मुलायम यादव, हृदय शर्मा व अन्य लोग उपस्थित रहे।
उप्र विधान परिषद चुनाव 2026:  केशव प्रसाद मौर्य ने की 'पहले मतदान, फिर जलपान' की अपील
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज हो रहे स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया है।

उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से अपील करते हुए कहा, "पहले मतदान, फिर जलपान !" उन्होंने मतदाताओं को प्रेरित करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव- 2026 में सभी अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

केशव प्रसाद मौर्य ने लोकतंत्र में प्रत्येक वोट की कीमत पर जोर देते हुए लिखा, "आपकी जागरूक भागीदारी ही सशक्त लोकतंत्र का आधार है। आइए, अपने मत के महत्व को समझते हुए लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।"

गौरतलब है कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 11 सीटाें पर हो रहे इन चुनावों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं।
सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने पत्नी के साथ किया मतदान
इलाहाबाद-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए प्रयागराज में 152 बूथों पर वोटिंग शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रयागराज।इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह प्रयागराज में मतदान शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने सुबह आठ बजे धूमनगंज के कंपोजिट विद्यालय हरवारा स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनकी पत्नी डॉ. प्रभा यादव ने भी मतदान किया। मतदान के बाद डॉ. मानसिंह यादव ने सोशल मीडिया पर मतदान करते हुए अपनी तस्वीर साझा की।

जनपद में मतदान के लिए कुल 152 बूथ बनाए गए हैं। मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

सुरक्षा के लिए टीमें लगातार निगरानी कर रहीं

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के लिए मतदान शुरू
लखनऊ । मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए आज सुबह से जनपद गौतमबुद्ध नगर के 13 मतदान केन्द्राें के 42 बूथों पर आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्र में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनकी किस्मत मत पेटियों में आज शाम काे बंद हो जाएंगी। पोलिंग पार्टियां कल शाम ही मतदान के लिए निर्धारित बूथों पर पहुंच गईं थीं। यह चुनाव वैलेट पेपर से कराया जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि एमएलसी स्नातक निर्वाचन के लिए जनपद गौतमबुद्ध नगर में 12 हजार 754 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 हजार 104 मतदाता हैं। ये लोग अपने मताधिकार का प्रयोग आज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। यह लोग लगातार भ्रमण कर रहे हैं। उच्च अधिकारी भी मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए हैं। जिला प्रशासन ने मतदान केन्द्राें पर जरूरी निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि मतदान से जुड़ी जानकारी देने या शिकायत दर्ज करने के लिए मतदाता और अन्य संबंधित लोग हेल्पलाइन नंबर 0102-02978702 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमेठी - सड़क दुर्घटना में 2 युवकों की मौत
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद स्थित भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कादूनाला चौकी से करीब 100 मीटर आगे बीती रात सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतकों की पहचान एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की।

मृतक की पहचान रोहित उर्फ खुन खुन (25) पुत्र रामलाल पासी, निवासी ग्राम जमुआ, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी और दूसरे की पहचान बृजेश (22) पुत्र भोदू पासी, निवासी ग्राम अटहरा, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी का के रूप में हुई है।

भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के प्रभारी अजेंद्र पटेल ने शुक्रवार को बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों युवक मोटरसाइकिल से थे । किसी अज्ञात वाहन ने इन्हें कुचल दिया है जिससे दोनों की मौत हो गई है। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज स्थित मरचरी हाउस, भेज दिया गया है। सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
रामगोपाल यादव ने एमएलसी चुनाव में किया मतदान
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के इटावा जनपद में आगरा खंड के स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सैफई पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है। वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम की गड़बड़ी होने पर उन्होंने कहा कि इसमें मतदाताओं की भी जिम्मेदारी होती है कि वह आपत्ति दर्ज कर उसमें संशोधन करवाए पूरी जिम्मेदारी अधिकारियों पर डालना उचित नहीं है।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कल एक दो जगह औरैया में मतदाताओं के घर पुलिस गई थी मेरे द्वारा शिकायत करने पर फिर बापिस आई अब ऐसी गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह चुनाव बिल्कुल महत्वपूर्ण नहीं है।
देवरिया : शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम ने गौरीबाजार व बैतालपुर में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

देवरिया ।गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज हो रहे मतदान को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विकास खंड गौरीबाजार एवं बैतालपुर में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि मतदाताओं को मतदान करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
देवरिया : गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन में सुबह 10 बजे तक 16.46 प्रतिशत मतदान
देवरिया।गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान जारी है। सुबह आठ बजे से शुरू हुए मतदान में पूर्वाह्न 10 बजे तक 16.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां की गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि जनपद के 16 मतदान केंद्रों पर कुल 4,200 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने को कहा गया है। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा। निर्वाचन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खेत किनारे खड़े युवक को थार ने कुचला, मौत
लखनऊ /नोएडा,। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना दादरी क्षेत्र में एक थार जीप के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए खेत के किनारे खड़े एक व्यक्ति को कुचल दिया। इस घटना में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि योगेश भाटी ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरा भाई नविंद्र सिंह उम्र 34 वर्ष घर से अपने खेत पर गया था। अजायबपुर से कोट नहर पुल की तरफ वाली सड़क पर ओमपाल भाटी खेत की बाउंड्री के पास वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक काले रंग की थार जीप वहां पर आई और उसने सीधे उसके भाई को टक्कर मार दिया। उसका भाई इस घटना में काफी दूर जाकर गिरा। उनके अनुसार थार चालक मौके से भाग गया, वह तथा उनके जानकार लोग घटना की सूचना पाकर वहां पहुंचे तथा नविद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि रास्ते में उपचार के लिए जाते समय उनके भाई ने बताया था कि थार वाले ने उनके साथ यह घटना किया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की देर रात को उनके भाई की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।