देश में अराजकता फैलाने वाले कचरे’ को बाहर निकालना जरूरी :  मंगलप्रभात लोढ़ा
मुंबई।  देशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके साथ ही समाज और देश में अराजकता फैलाने वाली प्रवृत्तियों की भी सफाई आवश्यक है। ऐसी प्रवृत्तियां देश के लिए कचरे के समान हैं और उन्हें बाहर निकालना लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है, ऐसा वक्तव्य कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र की ओर से महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर गांवदेवी स्थित मणि भवन परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए उपस्थित लोगों से संवाद किया। शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का उल्लेख करते हुए मंत्री लोढ़ा ने आरोप लगाया कि इस प्रकार के आंदोलनों के माध्यम से देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड में पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन हुआ, तब CJP के कार्यकर्ता वहां क्यों नहीं गए? उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के केंद्र में विद्यार्थियों का हित नहीं, बल्कि इसके माध्यम से विपक्ष अपना राजनीतिक हित साधने का प्रयास कर रहा है।मंत्री लोढ़ा ने कहा कि अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखना किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नागरिकों से अपने परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की है। स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है, उन्होंने कहा। इस दौरान मंत्री लोढ़ा ने मणि भवन में महात्मा गांधी से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों का अवलोकन किया। गांधीजी के चरखे, टेलीफोन तथा अन्य ऐतिहासिक वस्तुओं के साथ खादी वस्त्रों की प्रदर्शनी भी देखी। इसके बाद उन्होंने मणि भवन के सामने स्थित सड़क पर आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
मुंबई महानगरपालिका के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग की ओर से भी ‘स्वच्छ भारत अभियान, स्वच्छ मुंबई–सुंदर मुंबई’ के संदेश के माध्यम से नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा की गई। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उपस्थित लोगों ने गांधीजी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ का सामूहिक गायन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वच्छता अभियान में मुंबई महानगरपालिका के डी विभाग के अधिकारी, सफाई कर्मचारी तथा मणि भवन के कर्मचारी भी सहभागी हुए।
लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है और विपक्ष अपना विरोध जरूर दर्ज कराए, इस पर किसी को आपत्ति नहीं हो सकती। लेकिन विरोध के नाम पर देश में अराजकता पैदा करना उचित नहीं है। इससे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले लोगों के सामने चुनौती खड़ी होती है। इसके पीछे विपक्षी दलों की साजिश है और ऐसी प्रवृत्तियों को विदेशों से भी बड़े पैमाने पर मदद मिल रही है,” ऐसा आरोप मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने लगाया।
भारत के रत्न एवं आभूषण उद्योग के लिए वैलोरा एडवाइजर्स ने शुरू किया आईपीओ केंद्रित सलाहकार मंच
मुंबई। भारत के रत्न एवं आभूषण उद्योग देश के विनिर्माण, व्यापार, खुदरा कारोबार और निर्यात क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस क्षेत्र के अनेक व्यवसाय अपनी उत्पादन क्षमता, खुदरा नेटवर्क, ब्रांड और बाजार का विस्तार कर रहे हैं तथा कारोबार को अधिक संगठित और पेशेवर तरीके से संचालित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे बदलते कारोबारी माहौल में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी व्यवस्था, प्रभावी प्रबंधन, सुशासन और नियामकीय अनुपालन का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इसी बदलते कारोबारी परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए वैलोरा एडवाइजर्स ने भारत के रत्न एवं आभूषण निर्माताओं तथा खुदरा कारोबारियों के लिए एक विशेष रणनीतिक सलाहकार मंच शुरू किया है। इसका उद्देश्य व्यवसाय की मौजूदा स्थिति और तैयारी का मूल्यांकन करना, आवश्यक सुधारों की पहचान करना, संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करना तथा संभावित प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम यानी आईपीओ के लिए व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से तैयार करना है। “आकलन करें, तैयारी करें और लक्ष्य हासिल करें” की सोच पर आधारित यह पहल पूंजी बाजार में प्रवेश से पहले व्यवसाय को अधिक मजबूत, पारदर्शी और विस्तार योग्य बनाने पर केंद्रित है। वैलोरा एडवाइजर्स की टीम में गोविंद वर्मा, संस्थापक एवं मुख्य मार्गदर्शक; संजय शाह, सलाहकार; मोहन ललवाणी, कानूनी सलाहकार; कल्पेश दवे, सलाहकार; तथा चिंतन शाह, मुख्य विश्लेषण अधिकारी शामिल हैं। यह मंच पूंजी, रणनीति और व्यवसाय विकास पर केंद्रित है तथा रत्न एवं आभूषण उद्योग के उद्यमियों को व्यवसाय मूल्यांकन, व्यावसायिकरण, संस्थागत संरचना और संभावित पूंजी बाजार के लिए तैयारी की प्रक्रिया में मार्गदर्शन देने का उद्देश्य रखता है।
रत्न एवं आभूषण उद्योग में बड़ी संख्या में पारिवारिक और उद्यमी-आधारित व्यवसाय हैं, जिन्होंने कई पीढ़ियों के दौरान अपने कौशल, ग्राहक संबंधों, विनिर्माण अनुभव और बाजार की समझ के आधार पर मजबूत कारोबार खड़े किए हैं। अनेक व्यवसायों ने प्रतिष्ठित ब्रांड, व्यापक वितरण नेटवर्क तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान बनाई है। हालांकि, एक सफल निजी व्यवसाय को संस्थागत रूप से संचालित संगठन में बदलने के लिए वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी वित्तीय रिपोर्टिंग, प्रभावी सुशासन, नियामकीय अनुपालन, उचित दस्तावेजीकरण और स्पष्ट प्रबंधन प्रणालियों की आवश्यकता होती है।
वैलोरा एडवाइजर्स के संस्थापक एवं मुख्य मार्गदर्शक गोविंद वर्मा ने कहा, कि भारत के रत्न एवं आभूषण उद्योग ने उद्यमिता, कौशल और कई पीढ़ियों के अनुभव के आधार पर उल्लेखनीय व्यवसाय खड़े किए हैं। अब जब ये व्यवसाय विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रहे हैं, तब पेशेवर प्रणालियां, सुशासन और रणनीतिक योजना और अधिक महत्वपूर्ण होंगी। हमारा उद्देश्य उद्यमियों को यह समझने में मदद करना है कि उनका व्यवसाय आज किस स्थिति में है, किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है और भविष्य के विकास के लिए किस तरह की रणनीति अपनाई जा सकती है। उन्होंने कहा, कि आईपीओ को व्यवसाय की तैयारी का परिणाम माना जाना चाहिए, शुरुआत नहीं। पूंजी बाजार में प्रवेश करने से पहले कंपनी के पास मजबूत वित्तीय व्यवस्था, अनुशासन, सुशासन, पारदर्शिता और विस्तार की क्षमता होना आवश्यक है। हम व्यवसायों को इस तैयारी की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी करने में मार्गदर्शन देना चाहते हैं। ज्वेल मेकर वेलफेयर एसोसिएशन के संजय शाह ने कहा, कि रत्न एवं आभूषण उद्योग में बड़ी संख्या में उद्यमी और पारिवारिक व्यवसाय हैं, जिन्होंने विनिर्माण, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जैसे-जैसे ये व्यवसाय विस्तार कर रहे हैं, पेशेवर वित्तीय व्यवस्था, दस्तावेजीकरण, सुशासन और प्रबंधन प्रणालियां सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं। उचित तैयारी से उद्यमियों को नए बाजारों, तकनीक, खुदरा विस्तार और संस्थागत पूंजी जैसी संभावनाओं का मूल्यांकन करने में भी मदद मिल सकती है।
वैलोरा एडवाइजर्स की कार्यपद्धति आकलन, तैयारी और लक्ष्य प्राप्ति के तीन चरणों पर आधारित है। पहले चरण में कंपनी की वित्तीय, संरचनात्मक, संचालन, सुशासन, अनुपालन और रणनीतिक स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारों की पहचान की जाएगी। दूसरे चरण में वित्तीय प्रक्रियाओं, कंपनी संरचना, सुशासन, अनुपालन, प्रबंधन प्रणालियों और संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। तीसरे चरण में लागू पात्रता मानदंड, नियामकीय आवश्यकताओं और बाजार की परिस्थितियों के अधीन, उचित सेबी-पंजीकृत मध्यस्थों तथा अन्य पेशेवर सलाहकारों के समन्वय से संभावित आईपीओ प्रक्रिया की दिशा में मार्गदर्शन किया जाएगा।आईपीओ प्रक्रिया से काफी पहले व्यवसायों के साथ काम करने का उद्देश्य उद्यमियों को आवश्यक संस्थागत बदलावों के लिए पर्याप्त समय देना है। कारोबार विस्तार, संस्थागत विश्वसनीयता, नई निवेश संभावनाओं अथवा पूंजी बाजार तक पहुंच की योजना बना रहे व्यवसायों के लिए यह पहल दीर्घकालीन व्यावसायिक परिवर्तन के लिए एक व्यवस्थित ढांचा उपलब्ध कराने का प्रयास है। वैलोरा एडवाइजर्स के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य केवल आईपीओ की दिशा में आगे बढ़ना नहीं है, बल्कि मजबूत प्रणालियों, पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन, प्रभावी सुशासन और विस्तार क्षमता वाले व्यवसाय तैयार करने में उद्यमियों को सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने व्यवसाय के दीर्घकालीन विकास और भविष्य की पूंजीगत आवश्यकताओं के संबंध में अधिक सूचित निर्णय ले सकें।
वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र द्विवेदी को नई जिम्मेदारी मिलने पर सम्मान समारोह
मुंबई। नरीमन पॉइंट स्थित होटल ट्राइडेंट के मेक्सिकन लाउंज में गुरुवार शाम पत्रकारिता,राजनीति और प्रबुद्ध समाज की प्रमुख हस्तियों का आत्मीय मिलन हुआ। वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र द्विवेदी के नवभारत समूह में ‘संपादक–पूर्व’ की नई जिम्मेदारी संभालने के उपलक्ष्य में ‘भोज-बात: पूरब से उदित एक नई रोशनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों ने द्विवेदी का गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका, समाज में आ रहे बदलाव और भविष्य की चुनौतियों को लेकर सार्थक संवाद हुआ। पुरानी स्मृतियों और पत्रकारिता के अनुभवों के बीच भविष्य की नई प्रशासनिक एवं वैचारिक दिशा पर भी चर्चा हुई। आत्मीय वातावरण में आयोजित यह समारोह उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश दुबे ने कहा कि बदलते समय के साथ समाज की सोच में भी बदलाव आ रहा है और पत्रकारिता को भी समय के अनुरूप आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राघवेंद्र द्विवेदी पत्रकारिता को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में ऐसे लोगों की आवश्यकता है जो अपनी बात निर्भीकता से सामने रख सकें। उन्होंने पत्रकारिता की भाषा और उसके प्रभावी इस्तेमाल के महत्व पर जोर दिया।
समारोह में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़, विधान परिषद सदस्य भाई जगताप, राजहंस सिंह, पूर्व मंत्री नसीम खान, पूर्व विधान परिषद सदस्य मुजफ्फर हुसैन, भाजपा नेता अमरजीत मिश्रा और केशव उपाध्ये सहित पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अविनाश पांडे ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आत्मीय समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता सभी उत्तर भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। समारोह के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने राघवेंद्र द्विवेदी को उनकी नई जिम्मेदारी और नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
महिला उद्यमिता और सामाजिक सहभागिता का उत्सव बना जीवो साउथ मुंबई बाज़ार
मुंबई। महिला उद्यमिता, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने वाला जीवो साउथ मुंबई बाज़ार 2026 अवसर बैंक्वेट, ग्रांट रोड में आयोजित हुआ। 14वें वर्ष में प्रवेश कर चुके इस आयोजन में महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान की महिला उद्यमियों ने 50 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से अपने उत्पादों और हुनर का प्रदर्शन किया। आयोजन में 5,000 से अधिक लोगों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।इस वर्ष जीवो साउथ मुंबई को द एसीई बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के लिए आयोजकों ने डॉ. अनीता नय्यर के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने यह सम्मान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में डिजाइनर परिधान, साड़ियां, हस्तशिल्प, एक्सेसरीज सहित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए। सामाजिक संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को निःशुल्क स्टॉल्स देकर उन्हें अपने कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का अवसर भी मिला।
जीवो साउथ मुंबई की अध्यक्ष मंजू लोढ़ा ने कहा कि हमारा उद्देश्य महिलाओं को उनके हुनर और उद्यमिता के लिए एक सशक्त मंच देना है। पिछले 14 वर्षों में इस पहल ने अनेक महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। इस वर्ष मिले उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए 17 अक्टूबर को आयोजन का दूसरा चरण आयोजित किया जा रहा है। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए अवसर के साथ-साथ उनके हुनर और मेहनत को व्यापक मंच मिलना भी आवश्यक है। उन्होंने जीवो साउथ मुंबई को महिलाओं, सामाजिक संस्थाओं और समुदाय को जोड़ने वाली सराहनीय पहल बताया।

कार्यक्रम में अभिनेता जैकी श्रॉफ और नील नितिन मुकेश की विशेष उपस्थिति रही। जैकी श्रॉफ ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपने हुनर को पहचान दिलाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। नील नितिन मुकेश ने भी आयोजन से अपने लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए भविष्य में भी इसका हिस्सा बने रहने की बात कही।आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा भी मिली। आचार्य भगवान श्री नयपद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज साहेब तथा परम पूज्य विदुषी आर्या मयणा श्रीजी महाराज साहेब ने अपनी उपस्थिति देकर आयोजकों और प्रतिभागियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
सामाजिक सरोकार के तहत जरूरतमंदों के लिए 10 व्हीलचेयर्स और 4 वॉकर्स का दान भी किया गया।आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों एवं प्रायोजकों के प्रति आयोजकों ने आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से श्री बाबूलालजी मिश्रीमलजी भंसाली जी, मैनेजिंग डायरेक्टर, भंसाली इंजीनियरिंग पॉलिमर्स लिमिटेड , के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने JIWO South Mumbai Exhibition के लिए अपना महत्वपूर्ण प्रायोजन और सहयोग प्रदान किया। पूरे जीवो बाज़ार के आयोजन में श्री बाबूलालजी भंसाली परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।महिला उद्यमिता और सामाजिक सहभागिता को एक साथ मंच देने वाली यह पहल अब 17 अक्टूबर को अपने दूसरे चरण के साथ आगे बढ़ेगी। इस आयोजन को सफल बनाने में इंदिरा खिंवसरा, उषा मुणोत, संगीता कोठारी, अनीता पूनमिया, लता जैन, चंदा चोपड़ा, सीमा जैन, संगीता जैन, मंजू सुराणा, मालती जैन , मीना बाफना  , देविना शाह , लुब्धा , वीणा कोठारी , सरोज कोठारी , खुशबू , प्रेमलता और चंद्रश्री जैन का सहयोग रहा।
खारघर में देवदुत वानर सेना की नई शाखा का शुभारंभ   .
                                                   

मुंबई। गरीब असहाय और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए सक्रिय सामाजिक संस्था देवदूत वानर सेना ने नवी मुंबई के खारघर में अपनी नई शाखा की शुरुआत की है संस्था की ओर से बताया गया की नई इकाई के माध्यम से मुंबई और नवी मुंबई क्षेत्र में जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंचाई जाएगी जौनपुर से शुरू हुए इस सेवा अभियान का विस्तार पूरे देश के अन्य हिस्सों तक हो चुका है संस्था के संस्थापक अजीत सिंह (जौनपुर) के अनुसार संगठन की ओर से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों तथा गरीब बच्चों की शिक्षा और चिकित्सा के लिए अब तक 30 लाख 50 लाख और 70 लख रुपए तक की आर्थिक मदद की जा चुकी है संस्था का दावा है कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए अजीत सिंह की अपील देश विदेश से लोग सहयोग करते हैं सब 500 और ₹1000 जैसे छोटे-छोटे सहयोग को एकत्र कर जरूरतमंदों तक बड़ी आर्थिक सहायता पहुंचाई जाती है संस्था से ऑस्ट्रेलिया अमेरिका और सऊदी अरब जैसे अन्य देशों में रहने वाले लोग के भी जुड़े होने की बात कही गई है खारघर में नई शाखा के शुभ मुहूर्त शुभारंभ के अवसर पर प्रमोद सिंह हेमंत सिंह एडवोकेट विशाल सिंह जेडी दुबे संजय सिंह सनी सिंह बीके सिंह विनोद सिंह संतोष सिंह जैय शंकर दुबे और अतुल श्रीवास्तव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे नई टीम के सदस्यों ने बताया कि मुंबई और नवी मुंबई में जरूरतमंदों की जानकारी मिलने पर उसका सत्यापन किया जाएगा और पात्र लोगों तक यथा संभव तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा संस्था के अनुसार देवदूत वानर सेना खारघर नवी मुंबई इकाई की स्थापना पूर्वांचल ग्लोबल फाउंडेशन के प्लेटफार्म के माध्यम से की गई है जिसकी बड़ी जिम्मेवारी समाजसेवी उद्योगपति हेमंत सिंह समाजसेवी उद्योगपति प्रमोद सिंह को प्रमुख रूप से दी गई है इस खबर को सुनने के बाद मुंबई खारघर नवी मुंबई में रहने वाले खासकर उत्तर भारतीयों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है साथ ही 22 नवंबर को देवदूत वानर सेना का सम्मेलन लखनऊ के इंदिरा गांधी न्यू जुपिटर हाल में होने जा रहा है इसमें मुंबई से भारी संख्या में लखनऊ पहुंचने की लोगों की उम्मीद है ऐसा मीडिया से बात करते हुए हेमंत सिंह ने बताया।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने धर्मा प्रोडक्शंस को दी 1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि
मुंबई।  मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने FICCI FRAMES 2026 के मंच से मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत किया। राज्य की फिल्म पर्यटन नीति के तहत मध्यप्रदेश में फिल्माई गई ‘Dhadak 2’ के लिए धर्मा प्रोडक्शंस को ₹1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता को मध्यप्रदेश शासन के पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने मुंबई स्थित ग्रैंड हयात के ग्रैंड बॉलरूम में प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की।
इस अवसर पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि मध्यप्रदेश की वास्तविक ताकत यहां के लोग और उनकी आतिथ्य भावना है। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रोत्साहन, अनुकूल नीतियों और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ राज्य फिल्म निर्माताओं को बेहतर लोकेशन, स्थानीय सहयोग और सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। FICCI FRAMES के एंबेसडर और अभिनेता आयुष्मान खुराना ने मध्यप्रदेश में शूटिंग के अपने अनुभव को बेहद खास बताया। डॉ. इलैयाराजा टी. से बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म ‘डॉक्टर जी’ की शूटिंग को याद करते हुए भोपाल की खूबसूरती, झीलों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का प्राकृतिक और सांस्कृतिक परिवेश शूटिंग अनुभव को यादगार बनाता है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने फिल्म टूरिज्म एवं AVGC-XR विषय पर इंडस्ट्री राउंडटेबल का आयोजन भी किया। इसमें फिल्म निर्माता, प्रोड्यूसर, OTT प्लेटफॉर्म और मीडिया-मनोरंजन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फिल्म लोकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुमतियां, प्रोडक्शन सपोर्ट, प्रतिभा विकास और निवेश जैसे विषयों पर चर्चा हुई।इसके अलावा धर्मा प्रोडक्शंस, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंडिया, अमेज़न प्राइम वीडियो, जियोस्टार, राजश्री प्रोडक्शंस, होम्बले फिल्म्स, दृश्यम फिल्म्स और रॉय कपूर फिल्म्स सहित प्रमुख संस्थानों के साथ B2B बैठकें भी हुईं।
आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार का भव्य समारोह सम्पन्न
 
मुंबई। मुंबई की बहुप्रतिष्ठित अग्रणि सामाजिक, साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्था आशीर्वाद की हिंदी सेवा के 57वें वर्ष पूरे कर, 34 वाँ भाषा सेतु एवं राजभाषा पुरस्कार समारोह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में 29 सितंबर, 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर  फ़िल्म निर्देशक रमेश तलवार, संगीतकार कुलदीप सिंह, निर्देशक तरुण माथुर, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र, अभिनेता विष्णु शर्मा, आशीर्वाद के चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल एवं अध्यक्ष सुधा सिंह, समाजसेवी सुभाष अग्रवाल, आईआईटी मुंबई के डीन प्रा.रवींद्र गुडी, कुलसचिव गणेश बोरकडे, शायरा दीप्ति मिश्रा एवं सुप्रसिद्ध अभिनेता व यूथ आइकन विद्युत जामवाल एवं आशीर्वाद की निदेशक सुश्री नीता बाजपेयी ने पुरस्कार वितरित किये। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक सचिव राजेश विक्रांत ने संस्था का परिचय देते हुए किया। अपनी भाषा अपना गौरव पर आयोजित परिचर्चा में क्राईम पत्रकार विवेक अग्रवाल के संचालन में आईआईटी के कुल सचिव चिंतामणि जोगलेकर, आईआईएम के डीन निखिल मेहता, एसबीआई के सतीश सिंह तथा बैंक ऑफ इंडिया के सरताज मोहम्मद शकील ने अपनी बात रखी।
राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ठ कार्यान्वयन के लिए खादी और ग्रामोद्योग आयोग, केंद्रीय मात्स्यिकी शिक्षा संस्थान, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, आरसीएफ, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एलआईसी, कोंकण रेलवे, भारतीय कपास निगम और गृहपत्रिकाओं में आई.डी.बी.आई, न्यूक्यर पॉवर कार्पो, माझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, सेंट्रल बैंक, दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कं, को पुरस्कृत किया गया। नवोन्मेषी कार्य पुरस्कार आईआईएम, मुंबई को दिया गया। कार्यालयों में आशीर्वाद रत्न सम्मान आई.आई.टी को, एलआईसी की कार्यकारी निदेशक गिरिजा सुकुमारन, भारत पेट्रोलियम के कार्यपालक निदेशक शंकर एम को एवं गौरव सम्मान से आई.डी.बी.आई के नरेश बराल व बैंक ऑफ महाराष्ट्र के रामचंद्र रागिरी को सम्मानित किया गया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के दृष्टिबाधित प्रबंधक निशांत शाह एवं रक्षा लेखा कार्यालय के नीरज कुमार को प्रेरणा पुरस्कार, केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान की प्राची म्हात्रे को महिला प्रचारक पुरस्कार दिया गया। विद्युत जामवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग, जो हमारी भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है, उसके माध्यम से आज के प्रतिस्पर्धात्मक और चुनौतीपूर्ण वातावरण में, चाहे वह कार्यालय हो या जीवन का कोई अन्य क्षेत्र मन की साधना, तनाव को नियंत्रित करना और भीतर की शांति बनाए रखना संभव है और ध्यान अपने लक्ष्य पर केंद्रित हो, तो व्यक्ति हर चुनौती का सामना करते हुए आगे बढ़ सकता है। उन्होंने लघु वीडियो फ़िल्म प्रतिस्पर्धा में में आईआईटी के पीएचडी के छात्र विजेताओं को पुरस्कृत किया । आशीर्वाद नव रत्न सम्मान से सम्मिनित हुए साहित्यकार राजेश रेड्डी, अभिनेता विद्युत जामवाल, पद्मश्री डॉ शोमा घोष, वरिष्ठ मराठी अभिनेत्री उषा नाडकर्णी, डॉ कृष्ण कुमार मिश्र, समाजसेवी डॉ अलका पाण्डेय, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, वृत्त चित्र निर्माता संतोषी गुलाबकली मिश्रा, रंगकर्मी एनएसडी प्रशिक्षित अशोक बन्थिया एवं जापान ये आयीं मायो हितोमी जिन्होंने हिन्दी में अपनी बात रखकर सबको अभिभूत कर दिया । आशीर्वाद मूल साहित्यिक कृति सम्मान पोटली में चांद- असलम हसन, तपती धूप में जिंदगी- सतीश सिंह एवं बीज और आकाश- ममता सिंह को दिया गया।कार्यक्रम का सूत्रसंचालन विख्यात फिल्म निर्माता, निर्देशक, कवि एवं अभिनेता रवि यादव ने कुशलतापूर्वक किया। चयनकर्ताओं में अमर त्रिपाठी राजेश विक्रांत, एवं डॉ जे पी बघेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में डॉ बनमाली चतुर्वेदी, डॉ सुलभा कोरे, नवीन चतुर्वेदी,अतुल राजकुले, श्रेयांस शुक्ला, डॉ मंजुला जगतरामका, अनिल गलगली, अशोक त्रिवेदी, राजीव रोहित, कृष्णा गौतम, गिरीश सेठिया, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, राजकिशोर तिवारी, शामी एन इरफान, अनिल कुमार राही, कृष्णा गौतम समेत बड़ी संख्या में साहित्य सेवी व हिंदी प्रेमी उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन नीता बाजपेयी ने किया।
बीजेपी महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष बनी एडवोकेट अरुणा सत्यप्रकाश पांडे
भायंदर। मीरा भायंदर की तेजतर्रार और लोकप्रिय समाजसेवी एड.अरुणा सत्यप्रकाश पांडे के प्रभावशाली कार्यों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें महिला मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप जैन ने उन्हें इस पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष वैशाली भोईर, जिला महामंत्री बृजेश तिवारी, जिला महामंत्री रथिन दत्ता तथा परिवहन समिति के महामंत्री राज बहादुर सिंह उपस्थित रहे। श्रीमती अरुणा पांडे काफी अरसे से राजनीति में सक्रिय हैं। महिलाओं के कल्याण के लिए वे लगातार काम कर रही हैं। इसके पहले वे भारतीय जनता पार्टी में महिला जिला सचिव तथा शिवसेना में महिला जिला अध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं। श्रीमती पांडे को महिला मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर विधायक नरेंद्र मेहता, सभागृह नेता एडवोकेट रवि व्यास, परिवहन समिति के अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, सभापति मदन उदित नारायण सिंह, नगरसेवक मनोज रामनारायण दुबे, एडवोकेट डीके पांडे, पत्रकार महेंद्र पांडे समेत अनेक लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
बेस्टी एजुकेशन ने भारत रत्न लता मंगेशकर को दी स्वरांजलि
मुंबई । अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था बेस्टी एजुकेशन एंड चेरिटेबल ट्रस्ट दोहा कतर के तत्वावधान में भारत रत्न लता मंगेशकर जी की जयंती ऑनलाइन सोमवार 28 सितंबर 2026 को स्वरांजलि के रुप में किया गया।इस भावभीनी श्रद्धांजलि में भारत के सुप्रसिद्ध गायक गोपाल भटनागर ने अपनी प्रस्तुतियों से स्वर साम्राज्ञी को नमन किया।भटनागर ने लता जी के अमर गीतों की प्रस्तुति से माहौल को भावुक कर दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता व संयोजन ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. बैजनाथ शर्मा ‘मिंटू’ और राष्ट्रीय अध्यक्षा अफ़साना सैयद ने किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. बैजनाथ शर्मा ने कहा, "लता जी केवल एक आवाज़ नहीं, भारत की आत्मा हैं। उनकी जयंती पर यह स्वरांजलि हमारी पीढ़ी का कर्तव्य है। "ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष अफ़साना सैयद ने कहा कि बेस्टी ट्रस्ट लगातार भारतीय संस्कृति और कला को वैश्विक मंच पर ले जाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में लता जी के 1929-2022 तक के संगीत सफर को याद किया गया और उनके गीतों के माध्यम से उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री सहायता निधि में अनिल गलगली ने दी 21 हजार की राशि
मुंबई। सूचना का अधिकार कार्यकर्ता अनिल वेदव्यास गलगली ने अपने जन्मदिन के अवसर पर मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ‘मुख्यमंत्री सहायता निधि’ के लिए 21 हजार रुपए की राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके इस योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। अनिल गलगली जहां देश के नामी आरटीआई एक्टिविस्ट के रूप में जाने जाते हैं, वहीं समाज और देश की भलाई के लिए हमेशा आगे खड़े रहते हैं। वह एक अच्छे पत्रकार भी हैं और अपनी पत्रिका अग्निशिला के माध्यम से समाज को हमेशा जगाने का प्रयास करते हैं। उनके इस प्रेरणादायक कार्य के लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की है।