खारघर में देवदुत वानर सेना की नई शाखा का शुभारंभ   .
                                                   

मुंबई। गरीब असहाय और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए सक्रिय सामाजिक संस्था देवदूत वानर सेना ने नवी मुंबई के खारघर में अपनी नई शाखा की शुरुआत की है संस्था की ओर से बताया गया की नई इकाई के माध्यम से मुंबई और नवी मुंबई क्षेत्र में जरूरतमंद मरीजों और उनके परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंचाई जाएगी जौनपुर से शुरू हुए इस सेवा अभियान का विस्तार पूरे देश के अन्य हिस्सों तक हो चुका है संस्था के संस्थापक अजीत सिंह (जौनपुर) के अनुसार संगठन की ओर से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों तथा गरीब बच्चों की शिक्षा और चिकित्सा के लिए अब तक 30 लाख 50 लाख और 70 लख रुपए तक की आर्थिक मदद की जा चुकी है संस्था का दावा है कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए अजीत सिंह की अपील देश विदेश से लोग सहयोग करते हैं सब 500 और ₹1000 जैसे छोटे-छोटे सहयोग को एकत्र कर जरूरतमंदों तक बड़ी आर्थिक सहायता पहुंचाई जाती है संस्था से ऑस्ट्रेलिया अमेरिका और सऊदी अरब जैसे अन्य देशों में रहने वाले लोग के भी जुड़े होने की बात कही गई है खारघर में नई शाखा के शुभ मुहूर्त शुभारंभ के अवसर पर प्रमोद सिंह हेमंत सिंह एडवोकेट विशाल सिंह जेडी दुबे संजय सिंह सनी सिंह बीके सिंह विनोद सिंह संतोष सिंह जैय शंकर दुबे और अतुल श्रीवास्तव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे नई टीम के सदस्यों ने बताया कि मुंबई और नवी मुंबई में जरूरतमंदों की जानकारी मिलने पर उसका सत्यापन किया जाएगा और पात्र लोगों तक यथा संभव तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा संस्था के अनुसार देवदूत वानर सेना खारघर नवी मुंबई इकाई की स्थापना पूर्वांचल ग्लोबल फाउंडेशन के प्लेटफार्म के माध्यम से की गई है जिसकी बड़ी जिम्मेवारी समाजसेवी उद्योगपति हेमंत सिंह समाजसेवी उद्योगपति प्रमोद सिंह को प्रमुख रूप से दी गई है इस खबर को सुनने के बाद मुंबई खारघर नवी मुंबई में रहने वाले खासकर उत्तर भारतीयों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है साथ ही 22 नवंबर को देवदूत वानर सेना का सम्मेलन लखनऊ के इंदिरा गांधी न्यू जुपिटर हाल में होने जा रहा है इसमें मुंबई से भारी संख्या में लखनऊ पहुंचने की लोगों की उम्मीद है ऐसा मीडिया से बात करते हुए हेमंत सिंह ने बताया।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने धर्मा प्रोडक्शंस को दी 1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि
मुंबई।  मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने FICCI FRAMES 2026 के मंच से मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत किया। राज्य की फिल्म पर्यटन नीति के तहत मध्यप्रदेश में फिल्माई गई ‘Dhadak 2’ के लिए धर्मा प्रोडक्शंस को ₹1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता को मध्यप्रदेश शासन के पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने मुंबई स्थित ग्रैंड हयात के ग्रैंड बॉलरूम में प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की।
इस अवसर पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि मध्यप्रदेश की वास्तविक ताकत यहां के लोग और उनकी आतिथ्य भावना है। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रोत्साहन, अनुकूल नीतियों और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ राज्य फिल्म निर्माताओं को बेहतर लोकेशन, स्थानीय सहयोग और सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। FICCI FRAMES के एंबेसडर और अभिनेता आयुष्मान खुराना ने मध्यप्रदेश में शूटिंग के अपने अनुभव को बेहद खास बताया। डॉ. इलैयाराजा टी. से बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म ‘डॉक्टर जी’ की शूटिंग को याद करते हुए भोपाल की खूबसूरती, झीलों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का प्राकृतिक और सांस्कृतिक परिवेश शूटिंग अनुभव को यादगार बनाता है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने फिल्म टूरिज्म एवं AVGC-XR विषय पर इंडस्ट्री राउंडटेबल का आयोजन भी किया। इसमें फिल्म निर्माता, प्रोड्यूसर, OTT प्लेटफॉर्म और मीडिया-मनोरंजन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फिल्म लोकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुमतियां, प्रोडक्शन सपोर्ट, प्रतिभा विकास और निवेश जैसे विषयों पर चर्चा हुई।इसके अलावा धर्मा प्रोडक्शंस, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंडिया, अमेज़न प्राइम वीडियो, जियोस्टार, राजश्री प्रोडक्शंस, होम्बले फिल्म्स, दृश्यम फिल्म्स और रॉय कपूर फिल्म्स सहित प्रमुख संस्थानों के साथ B2B बैठकें भी हुईं।
आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार का भव्य समारोह सम्पन्न
 
मुंबई। मुंबई की बहुप्रतिष्ठित अग्रणि सामाजिक, साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्था आशीर्वाद की हिंदी सेवा के 57वें वर्ष पूरे कर, 34 वाँ भाषा सेतु एवं राजभाषा पुरस्कार समारोह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में 29 सितंबर, 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर  फ़िल्म निर्देशक रमेश तलवार, संगीतकार कुलदीप सिंह, निर्देशक तरुण माथुर, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र, अभिनेता विष्णु शर्मा, आशीर्वाद के चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल एवं अध्यक्ष सुधा सिंह, समाजसेवी सुभाष अग्रवाल, आईआईटी मुंबई के डीन प्रा.रवींद्र गुडी, कुलसचिव गणेश बोरकडे, शायरा दीप्ति मिश्रा एवं सुप्रसिद्ध अभिनेता व यूथ आइकन विद्युत जामवाल एवं आशीर्वाद की निदेशक सुश्री नीता बाजपेयी ने पुरस्कार वितरित किये। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक सचिव राजेश विक्रांत ने संस्था का परिचय देते हुए किया। अपनी भाषा अपना गौरव पर आयोजित परिचर्चा में क्राईम पत्रकार विवेक अग्रवाल के संचालन में आईआईटी के कुल सचिव चिंतामणि जोगलेकर, आईआईएम के डीन निखिल मेहता, एसबीआई के सतीश सिंह तथा बैंक ऑफ इंडिया के सरताज मोहम्मद शकील ने अपनी बात रखी।
राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ठ कार्यान्वयन के लिए खादी और ग्रामोद्योग आयोग, केंद्रीय मात्स्यिकी शिक्षा संस्थान, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, आरसीएफ, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एलआईसी, कोंकण रेलवे, भारतीय कपास निगम और गृहपत्रिकाओं में आई.डी.बी.आई, न्यूक्यर पॉवर कार्पो, माझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, सेंट्रल बैंक, दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कं, को पुरस्कृत किया गया। नवोन्मेषी कार्य पुरस्कार आईआईएम, मुंबई को दिया गया। कार्यालयों में आशीर्वाद रत्न सम्मान आई.आई.टी को, एलआईसी की कार्यकारी निदेशक गिरिजा सुकुमारन, भारत पेट्रोलियम के कार्यपालक निदेशक शंकर एम को एवं गौरव सम्मान से आई.डी.बी.आई के नरेश बराल व बैंक ऑफ महाराष्ट्र के रामचंद्र रागिरी को सम्मानित किया गया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के दृष्टिबाधित प्रबंधक निशांत शाह एवं रक्षा लेखा कार्यालय के नीरज कुमार को प्रेरणा पुरस्कार, केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान की प्राची म्हात्रे को महिला प्रचारक पुरस्कार दिया गया। विद्युत जामवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग, जो हमारी भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है, उसके माध्यम से आज के प्रतिस्पर्धात्मक और चुनौतीपूर्ण वातावरण में, चाहे वह कार्यालय हो या जीवन का कोई अन्य क्षेत्र मन की साधना, तनाव को नियंत्रित करना और भीतर की शांति बनाए रखना संभव है और ध्यान अपने लक्ष्य पर केंद्रित हो, तो व्यक्ति हर चुनौती का सामना करते हुए आगे बढ़ सकता है। उन्होंने लघु वीडियो फ़िल्म प्रतिस्पर्धा में में आईआईटी के पीएचडी के छात्र विजेताओं को पुरस्कृत किया । आशीर्वाद नव रत्न सम्मान से सम्मिनित हुए साहित्यकार राजेश रेड्डी, अभिनेता विद्युत जामवाल, पद्मश्री डॉ शोमा घोष, वरिष्ठ मराठी अभिनेत्री उषा नाडकर्णी, डॉ कृष्ण कुमार मिश्र, समाजसेवी डॉ अलका पाण्डेय, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, वृत्त चित्र निर्माता संतोषी गुलाबकली मिश्रा, रंगकर्मी एनएसडी प्रशिक्षित अशोक बन्थिया एवं जापान ये आयीं मायो हितोमी जिन्होंने हिन्दी में अपनी बात रखकर सबको अभिभूत कर दिया । आशीर्वाद मूल साहित्यिक कृति सम्मान पोटली में चांद- असलम हसन, तपती धूप में जिंदगी- सतीश सिंह एवं बीज और आकाश- ममता सिंह को दिया गया।कार्यक्रम का सूत्रसंचालन विख्यात फिल्म निर्माता, निर्देशक, कवि एवं अभिनेता रवि यादव ने कुशलतापूर्वक किया। चयनकर्ताओं में अमर त्रिपाठी राजेश विक्रांत, एवं डॉ जे पी बघेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में डॉ बनमाली चतुर्वेदी, डॉ सुलभा कोरे, नवीन चतुर्वेदी,अतुल राजकुले, श्रेयांस शुक्ला, डॉ मंजुला जगतरामका, अनिल गलगली, अशोक त्रिवेदी, राजीव रोहित, कृष्णा गौतम, गिरीश सेठिया, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, राजकिशोर तिवारी, शामी एन इरफान, अनिल कुमार राही, कृष्णा गौतम समेत बड़ी संख्या में साहित्य सेवी व हिंदी प्रेमी उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन नीता बाजपेयी ने किया।
बीजेपी महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष बनी एडवोकेट अरुणा सत्यप्रकाश पांडे
भायंदर। मीरा भायंदर की तेजतर्रार और लोकप्रिय समाजसेवी एड.अरुणा सत्यप्रकाश पांडे के प्रभावशाली कार्यों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें महिला मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप जैन ने उन्हें इस पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष वैशाली भोईर, जिला महामंत्री बृजेश तिवारी, जिला महामंत्री रथिन दत्ता तथा परिवहन समिति के महामंत्री राज बहादुर सिंह उपस्थित रहे। श्रीमती अरुणा पांडे काफी अरसे से राजनीति में सक्रिय हैं। महिलाओं के कल्याण के लिए वे लगातार काम कर रही हैं। इसके पहले वे भारतीय जनता पार्टी में महिला जिला सचिव तथा शिवसेना में महिला जिला अध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं। श्रीमती पांडे को महिला मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर विधायक नरेंद्र मेहता, सभागृह नेता एडवोकेट रवि व्यास, परिवहन समिति के अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, सभापति मदन उदित नारायण सिंह, नगरसेवक मनोज रामनारायण दुबे, एडवोकेट डीके पांडे, पत्रकार महेंद्र पांडे समेत अनेक लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
बेस्टी एजुकेशन ने भारत रत्न लता मंगेशकर को दी स्वरांजलि
मुंबई । अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था बेस्टी एजुकेशन एंड चेरिटेबल ट्रस्ट दोहा कतर के तत्वावधान में भारत रत्न लता मंगेशकर जी की जयंती ऑनलाइन सोमवार 28 सितंबर 2026 को स्वरांजलि के रुप में किया गया।इस भावभीनी श्रद्धांजलि में भारत के सुप्रसिद्ध गायक गोपाल भटनागर ने अपनी प्रस्तुतियों से स्वर साम्राज्ञी को नमन किया।भटनागर ने लता जी के अमर गीतों की प्रस्तुति से माहौल को भावुक कर दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता व संयोजन ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. बैजनाथ शर्मा ‘मिंटू’ और राष्ट्रीय अध्यक्षा अफ़साना सैयद ने किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. बैजनाथ शर्मा ने कहा, "लता जी केवल एक आवाज़ नहीं, भारत की आत्मा हैं। उनकी जयंती पर यह स्वरांजलि हमारी पीढ़ी का कर्तव्य है। "ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष अफ़साना सैयद ने कहा कि बेस्टी ट्रस्ट लगातार भारतीय संस्कृति और कला को वैश्विक मंच पर ले जाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में लता जी के 1929-2022 तक के संगीत सफर को याद किया गया और उनके गीतों के माध्यम से उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री सहायता निधि में अनिल गलगली ने दी 21 हजार की राशि
मुंबई। सूचना का अधिकार कार्यकर्ता अनिल वेदव्यास गलगली ने अपने जन्मदिन के अवसर पर मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ‘मुख्यमंत्री सहायता निधि’ के लिए 21 हजार रुपए की राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके इस योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। अनिल गलगली जहां देश के नामी आरटीआई एक्टिविस्ट के रूप में जाने जाते हैं, वहीं समाज और देश की भलाई के लिए हमेशा आगे खड़े रहते हैं। वह एक अच्छे पत्रकार भी हैं और अपनी पत्रिका अग्निशिला के माध्यम से समाज को हमेशा जगाने का प्रयास करते हैं। उनके इस प्रेरणादायक कार्य के लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की है।
बेस्टी एजुकेशन द्वारा मनाया गया हिन्दी पखवाड़ा
मुंबई । अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था बेस्टी एजुकेशन एंड चेरिटेबल ट्रस्ट दोहा कतर के मुंबई इकाई द्वारा आनलाइन सोमवार 28 सितंबर 2026 को हिंदी पखवाड़ा मनाया गया।जिसकी अध्यक्षता मुंबई के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ रामजीलाल वर्मा ने किया तथा मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई से शिक्षक नरसिंह हैरान जौनपुरी उपस्थित थे। अंतरराष्ट्रीय पटल पर हिन्दी दिवस मनाते हुए उपस्थित साहित्यकारों ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया। कविगोष्ठी का शुभारंभ जौनपुर उत्तर प्रदेश से उपस्थित के. आर. स्नेही के सरस्वती वंदना से हुआ तत्पश्चात कल्याण शहर से बीनू त्रिपाठी विभु, डॉ दयाराम दर्द फिरोजबादी, मुंबई से आनंद पाण्डेय केवल, गाजियाबाद से डॉ मधु स्वामी, सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश से रमेशचंद्र नंदवंशी, मुंबई से विनोद कुमार शुक्ल गुंजन ने हिन्दी के गुणगान को अपनी विधाओं में श्रोताओं के सम्मुख रखा जिसकी सराहना सभी ने किया। उक्त कार्यक्रम का संचालन मुंबई अध्यक्ष विनय शर्मा दीप,आयोजन अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अफसाना सैयद तथा संयोजन संस्थापक अध्यक्ष डॉ बैजनाथ शर्मा मिंटू ने किया।साहित्यकारों द्वारा काव्यपाठ पश्चात संचालक विनय शर्मा दीप एवं संयोजक डॉ बैजनाथ शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत – देवेंद्र फडणवीस
मुंबई। देश की युवा शक्ति को रोजगार के लिए सक्षम बनाने हेतु शिक्षा के साथ कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार का समन्वय आवश्यक है। केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बदलती तकनीक के अनुसार (एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग) लगातार ‘अपस्किलिंग’ और नए कौशल को आत्मसात करना समय की आवश्यकता है। दुनिया के 28 से अधिक देशों में मानव संसाधन की बड़ी मांग है और महाराष्ट्र के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत है, ऐसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा। श्रीमती नाथीबाई दामोदर ठाकरेसी (एसएनडीटी) महिला विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग की ओर से ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय महारोजगार मेले’ का आज कोंकण और नासिक संभाग के सभी जिलों में ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बोल रहे थे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वीडियो संदेश के माध्यम से रोजगार मेले को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सहीदा परमानिक को क्रेवा कैपिटल सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, बेलापुर तथा कांती शंभू चव्हाण को क्रेवा कैपिटल सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, कुर्ला की ओर से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 25 वर्ष पूर्ण होने की पृष्ठभूमि में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत इस रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। इस मेले के माध्यम से कोंकण और नासिक संभाग के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, ऐसी आशा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार की त्रिसूत्री अत्यंत महत्वपूर्ण है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानव दर्शन’ का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास को सुनिश्चित करने वाला है। इसी विचार के आधार पर सरकार का कामकाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि देश में शिक्षा, प्रशिक्षण, रोजगार और मानव संसाधन का निर्माण सबसे महत्वपूर्ण विषय है, जिसके आधार पर हम 2047 का विकसित भारत तैयार कर सकेंगे। गरीबी मुक्त, बेरोजगारी मुक्त और रोगमुक्त भारत हमारा सपना है। इस सपने की ओर आगे बढ़ने के लिए वास्तव में शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार की त्रिसूत्री के आधार पर हमें यह व्यवस्था खड़ी करनी होगी। आज देश की 65 प्रतिशत आबादी कार्यक्षम युवा शक्ति है। एक ओर उद्यमियों को कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, तो दूसरी ओर युवाओं को रोजगार की जरूरत है। इन दोनों को जोड़ने वाली मजबूत कड़ी के रूप में रोजगार मेले कार्य कर रहे हैं। बदलती तकनीक के अनुसार युवाओं को लगातार नए कौशल आत्मसात करने चाहिए। रोजगार देने वाले और रोजगार की तलाश करने वाले युवाओं के बीच सेतु के रूप में रोजगार मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आज महाराष्ट्र की दृष्टि से एक ऐतिहासिक दिन है। कोंकण और नासिक संभाग में 418 स्थानों पर एक साथ रोजगार मेले आयोजित किए गए हैं और एक लाख से अधिक युवक-युवतियां इस पहल से जुड़े हैं। यह केवल 418 रोजगार मेलों का आयोजन नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र की युवा शक्ति को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की व्यापक संकल्पना की शुरुआत है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानव दर्शन’ के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इसी विचार के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह जानकारी कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दी।

मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने आगे कहा कि, आज रोजगार महाकुंभ की शुरुआत हुई है; यह अंत नहीं है। महाराष्ट्र के प्रत्येक युवक-युवती को रोजगार या स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने तक हमारे प्रयास जारी रहेंगे। महाराष्ट्र की युवा शक्ति को कौशल, अवसर और रोजगार से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस बार केवल आईटीआई के विद्यार्थियों तक सीमित न रहते हुए सभी स्तरों के युवाओं के लिए प्रत्येक तहसील में कम से कम तीन छोटे रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। केवल मेले आयोजित करने तक सीमित न रहते हुए विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त हो, इसके लिए 7 दिनों का नि:शुल्क पूर्व-रोजगार प्रशिक्षण दिया गया है और अब तक 61 हजार युवक-युवतियों ने यह प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इस मेले के लिए एक लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है और कम से कम 70 प्रतिशत युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार से जोड़ने तक हम नहीं रुकेंगे, ऐसा भी उन्होंने कहा।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग कौशल विकास विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहा है, ताकि जितने अधिक स्नातक युवा शिक्षा पूरी करके बाहर निकलें, उतने ही अधिक रोजगार के मार्ग भी निर्मित हों। यह जानकारी उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने दी। वहीं, विपणन मंत्री जयकुमार रावल ने कहा कि, महाराष्ट्र ने आज एशिया के अग्रणी निवेश केंद्र और देश की ‘स्टार्टअप कैपिटल’ के रूप में अपनी पहचान बनाई है। युवाओं को केवल राज्य में ही नहीं, बल्कि दुनिया में कहीं भी रोजगार के अवसर मिलने पर उन्हें आवश्यक भाषा एवं कौशल प्रशिक्षण देकर विदेश भेजने की तैयारी सरकार ने की है।

इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री कु. अदिति तटकरे, अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा, श्रीमती नाथीबाई दामोदर ठाकरेसी महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. हेमलता बागला, रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अपूर्वा पालकर, महाराष्ट्र राज्य कौशल विकास सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा आयुक्त डॉ. अमित सैनी, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्यभर से ऑनलाइन और प्रत्यक्ष माध्यम से हजारों विद्यार्थी उपस्थित थे।

*कोंकण और नासिक संभाग में 400 से अधिक रोजगार मेले*

कोंकण और नासिक संभाग के 12 जिलों में रोजगार मेले आयोजित किए गए हैं। अब तक 1,500 से अधिक उद्यमी नियोक्ताओं और एक लाख से अधिक रोजगार इच्छुक युवक-युवतियों ने रोजगार महाकुंभ के लिए पंजीकरण कराया है। सहभागी उद्यमियों की ओर से 25,000 से अधिक रोजगार के अवसरों एवं रिक्त पदों की मांग दर्ज की गई है। जिला स्तर पर शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य संस्थाओं के समन्वय से उम्मीदवारों और नियोक्ताओं के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। जिला प्रशासन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, उद्योग विभाग, विपणन विभाग, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल, विश्वविद्यालयों और औद्योगिक संगठनों का सहयोग प्राप्त हुआ।

*महिलाओं की रोजगार भागीदारी को विशेष प्रोत्साहन*

महिलाओं की रोजगार भागीदारी को विशेष प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से महिलाओं के लिए स्वतंत्र विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। यह मेला विशेष रूप से रोजगार की इच्छुक महिलाओं के लिए आयोजित किया गया। महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों, कंपनियों और सेवा क्षेत्र की आस्थापनाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है। विभिन्न 36 उद्यमियों ने इसमें सहभागिता दर्ज की है। स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न सरकारी महामंडलों की योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी उपलब्ध कराए गए हैं।
ओक स्टूडियोज़ के समारोह में सम्मानित हुईं मनीषा जोशी
मुंबई। युवा पत्रकार मनीषा जोशी को ओक स्टूडियोज़ के खुला मंच समारोह में वरिष्ठ कला निर्देशक जयंत देशमुख, गुरु बिश्वजीत, गायक विनोद दुबे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के महासचिव डॉ वागीश सारस्वत ने सम्मानित किया.खुला मंच समारोह में मुंबई के विख्यात लेखक,पत्रकार तथा फ़िल्मकार विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियां देने के लिए एकत्र हुए। मध्यप्रदेश से पधारीं कवयित्री काव्या मिश्रा ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना पढ़कर समारोह की शुरुआत की।मंचों के विख्यात कवि प्रबुद्ध सौरभ ने अपने अनोखे अंदाज़ में रचनाएँ प्रस्तुत करके भाव विभोर कर दिया। नंदिता माजी शर्मा ने दोहों की प्रस्तुति देकर अचंभित कर दिया।समारोह में सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब कला निर्देशक जयंत देशमुख ने धूमिल की रचनाओं का पाठ किया। संसद से सड़क तक आम आदमी की पीड़ा को चित्रित करती धूमिल की कविताओं की प्रस्तुति ने समारोह के माहौल को राजनीतिक बर्बरता को रेखांकित करने वाला बना दिया। वागीश सारस्वत के काव्यपाठ ने माहौल को करुण कर दिया। जब उन्होंने चीकू की माँ कविता का पाठ किया तो श्रोताओं के रोंगटे खड़े हो गए और आँखें नम हो गईं.
समारोह का संचालन मनीषा जोशी ने किया और चमत्कार कहानी का पाठ करके चमत्कृत कर दिया।रंग लेखक व निर्देशक देव फौजदार ने भी चमत्कार से जुड़ी मथुरा यात्रा की कहानी सुनाई जिसने दर्शकों को राधारानी से जोड़कर आध्यात्मिक अनुभूति कराई। गीतकार विशु ने चलो मराठी हो जाएं रचना सुनाकर महाराष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने का सफल प्रयास किया। राजेश मिश्रा और बेला बारोट ने अपने नाटकों के संवाद प्रस्तुत किए।समारोह में कमर हाजीपुरी, ब्रिजेश शुक्ला, शिखा गोस्वामी,संगीता शुक्ला ,नायरा शर्मा,रजिया रागिनी, श्रुति भट्टाचार्य,आदि ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
गोंडल संप्रदाय की तपस्वी साध्वीजी भगवंतों के पावन सान्निध्य में स्वामिवात्सल्य का आयोजन
मुंबई । गोंडल संप्रदाय की तीर्थस्वरूपा शासनचंद्रिका गुरुणी श्री बा.ब्र.पू. हीराबाई महासतीजी की सुशिष्या तपस्वी बा.ब्र.पू. भारतीबाई महासतीजी, ज्ञानपिपासु बा.ब्र.पू. रत्नज्योतजी महासतीजी आदि ठाणा के पावन सान्निध्य में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, केसरवाड़ी, मुंबई की ओर से रविवार, 27 सितंबर 2026 को भावपूर्ण स्वामिवात्सल्य का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। साध्वीजी भगवंतों के पावन सान्निध्य से पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक भावनाओं का वातावरण निर्मित हुआ। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उपस्थित होकर साध्वीजी भगवंतों के दर्शन-वंदन का लाभ लिया तथा मंगल आशीर्वाद एवं धर्मलाभ प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर श्री जैन धार्मिक शिक्षण संघ के उपाध्यक्ष संजय जीवनलाल शाह एवं जैन अल्पसंख्यक सेवा संस्थान की उपाध्यक्ष अल्पा संजय शाह ने साध्वीजी भगवंतों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्तिभाव व्यक्त करते हुए उनका भावपूर्ण बहुमान किया। संजय शाह एवं अल्पा शाह ने साध्वीजी भगवंतों के चरणों में वंदन कर धर्मशासन के प्रति अपनी श्रद्धा, आस्था एवं समर्पण की भावना व्यक्त की। साध्वीजी भगवंतों के आशीर्वाद को उन्होंने जीवन के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा एवं धर्ममार्ग पर आगे बढ़ने वाली शक्ति बताया। इस अवसर पर वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, कांदावाड़ी से जुड़े श्रावक-श्राविकाओं की धर्म के प्रति गहरी आस्था एवं शासन के प्रति निष्ठा स्पष्ट रूप से देखने को मिली। विशेष रूप से स्थानकवासी जैन उपाश्रय के अध्यक्ष भरतभाई मनुभाई शाह एवं उपाध्यक्ष भरतभाई विराणी की धर्मशासन के प्रति भावना, सेवा-भावना तथा साधु-साध्वी भगवंतों के प्रति श्रद्धा पूरे आयोजन के दौरान विशेष रूप से दिखाई दी। स्वामिवात्सल्य के माध्यम से समाज में साधु-साध्वी भगवंतों के प्रति श्रद्धा, सेवा एवं समर्पण की भावना को और अधिक मजबूती मिली। श्रावक-श्राविकाओं ने सामूहिक रूप से इस पावन अवसर का लाभ लेते हुए धर्मआराधना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम के दौरान शासन सेवा, साधु-साध्वी भक्ति एवं धर्मआराधना की भावना का सुंदर प्रतिबिंब देखने को मिला। स्वामिवात्सल्य में सहभागी बने श्रावक-श्राविकाओं ने साध्वीजी भगवंतों के दर्शन-वंदन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सामूहिक रूप से धर्मलाभ लिया। साध्वीजी भगवंतों के पावन सान्निध्य, श्रावक-श्राविकाओं की श्रद्धा एवं संघ की सेवा-भावना से आयोजित यह स्वामिवात्सल्य समारोह धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से भावपूर्ण एवं यादगार अवसर बना। पूरे आयोजन में भक्ति, विनय, सेवा, साधना और शासन के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।