गणपति विसर्जन पर प्रेरणा फाउंडेशन द्वारा श्रद्धालुओं को वडापाव एवं जल वितरित
मुंबई । गणपति विसर्जन के पावन अवसर पर गणेश भक्तों एवं श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से प्रेरणा फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार, 25 सितंबर को वडापाव एवं जल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सेवाभावी उपक्रम तीनबत्ती, वालकेश्वर रोड, मलबार हिल में शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक आयोजित किया गया। विसर्जन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इस दौरान वडापाव एवं पीने का पानी उपलब्ध कराया गया। गणेशोत्सव आस्था और भक्ति के साथ-साथ सेवा, सामाजिक एकजुटता एवं सद्भाव का भी पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए प्रेरणा फाउंडेशन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के लिए इस उपक्रम का आयोजन किया गया। प्रेरणा फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रमोद मांद्रेकर ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों से कार्यक्रम में उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं की सेवा में सहभागी बनने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। इस पावन अवसर पर प्रेरणा फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रमोद मांद्रेकर ने ज्वेल मेकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजय जीवनलाल शाह एवं जैन अल्पसंख्यक सेवा संस्थान की उपाध्यक्ष डॉ. अल्पा संजय शाह का सम्मान किया। इसके पश्चात डॉ. संजय जीवनलाल शाह एवं डॉ. अल्पा संजय शाह ने श्रद्धापूर्वक गणपति बप्पा के दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर डॉ. संजय जीवनलाल शाह एवं  डॉ. अल्पा संजय शाह ने मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भेंट कर गणेशोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार, एकता, सद्भाव एवं सेवा की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सुनील कोकाटे, प्रीति प्रमोद मांद्रेकर आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सेवाभाव की सराहना करते हुए गणपति बप्पा से सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
श्री एलआर तिवारी कॉलेज ऑफ लॉ द्वारा संवैधानिक अधिकारों पर केंद्रित विधि माह का आयोजन
मीरा रोड। श्री एलआर  तिवारी कॉलेज ऑफ लॉ,मीरा रोड की अनुसंधान एवं विकास समिति द्वारा विधिक सहायता समिति और मूट कोर्ट समिति के सहयोग से 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक 5वें विधि माह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस एक महीने लंबे समारोह का विषय “संवैधानिक दिशा-सूचक: दैनिक जीवन में मौलिक अधिकारों का मार्गदर्शन” है। इसके अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों को कानून के साथ सार्थक रूप से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
समारोह का उद्घाटन 1 अक्टूबर 2026 को राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी द्वारा किया जाएगा, जो अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित होगा। इस अवसर पर राहुल एजुकेशन के सचिव राहुल तिवारी, सह सचिव कृष्णा तिवारी तथा सीओओ उत्सव तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, कानूनी चिंताओं और उनके संरक्षण पर एक पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा विषय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद का अवसर प्रदान करेगा। इसी दिन विधिक सहायता समिति द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष निःशुल्क विधिक सहायता शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित विभिन्न विषयों पर निःशुल्क कानूनी मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जाएगी, जिनमें देखभाल एवं संरक्षण, संपत्ति, उत्तराधिकार, भरण-पोषण तथा अन्य कानूनी मुद्दे शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य कानूनी अधिकारों और उनकी व्यावहारिक समझ के बीच की दूरी को कम करना तथा न्याय तक पहुंच और बुजुर्गों के सम्मान के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। पूरे महीने के दौरान विद्यार्थी वार्षिक वाद-विवाद प्रतियोगिता, पैनल चर्चाएं, विधिक सहायता शिविर, विधेयक प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता, वक्तृत्व प्रतियोगिता, वार्षिक प्रदर्शनी प्रतियोगिता तथा वार्षिक मूट कोर्ट प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, वकालत एवं तर्क-वितर्क के कौशल तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना है। पहल का संदेश है कि जानकारी रखें। सहभागिता करें। बदलाव लाएं।” इन गतिविधियों के माध्यम से कॉलेज कानून की भावना का उत्सव मनाने, संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को न्याय और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में भाग लेने, सीखने और नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहा है।
बारह ज्योतिर्लिंगों की आकर्षक सजावट बनी इस वर्ष का विशेष आकर्षण
मुंबई। मुंबई के वाडी बंदर में हर वर्ष बड़े भक्तिभाव से विराजमान होने वाले वाडी बंदर के महाराजों का इस वर्ष भी उत्साह और श्रद्धा के साथ आगमन हुआ है। कई वर्षों से चली आ रही यह परंपरा इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आगे बढ़ाई जा रही है। इस वर्ष गणेशोत्सव में वाडी बंदर के महाराजों के मंडप की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस वर्ष भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों की भव्य संकल्पना साकार की गई है। इस संकल्पना के माध्यम से शिवतत्व और गणेशभक्ति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया गया है। बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, उनकी विशिष्ट प्रस्तुति और सजावट में किए गए बारीक कार्य भाविकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इस भव्य सजावट को साकार करने के लिए मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मेहनत भी इसमें स्पष्ट दिखाई देती है। शिवमय वातावरण के बीच विराजमान वाडी बंदर के महाराज भाविकों के लिए श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गणेशोत्सव के अवसर पर यहां दर्शन के लिए आने वाले भाविकों को गणेशभक्ति के साथ-साथ बारह ज्योतिर्लिंगों की संकल्पना के भी दर्शन हो रहे हैं। इस वर्ष की इस अनोखी सजावट के कारण वाडी बंदर के महाराजों का गणेशोत्सव विशेष बन गया है और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
मुंबई में 29 सितंबर को सजेगा भव्य महिला उद्यमिता एवं शॉपिंग उत्सव
मुंबई। मुंबई में जिओ , दक्षिण मुंबई चैप्टर द्वारा 29 सितंबर को जिओ बाजार ,2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह विशेष आयोजन महिला उद्यमियों, कलाकारों और प्रतिभाशाली महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में नयपद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज एवं विदुषी आर्या गुरुवरिया मयणा जी महाराज का सान्निध्य रहेगा। कार्यक्रम के मुख्य प्रेरणा स्रोत महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा हैं। मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ तथा सम्मानित अतिथि के रूप में अभिनेता नील नितिन मुकेश उपस्थित रहेंगे। आयोजन को उद्योगपति बाबूलाल मिश्रीमलज भंसाली का विशेष सहयोग प्राप्त है। लोढ़ा फाउंडेशन भी इस आयोजन से जुड़ा है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मोती सिंह का मुंबई में जोरदार स्वागत और सम्मान
मुंबई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रताप सिंह ‘मोती सिंह’ के मुंबई आगमन पर समाजसेवक अविनाश दिनेश पांडेय सहित विभिन्न गणमान्य लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुंबई आगमन पर आयोजित स्वागत के दौरान अविनाश दिनेश पांडेय ने मोती सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल मुंबई प्रवास की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दोनों के बीच सामाजिक सरोकारों, समसामयिक विषयों तथा मुंबई में रह रहे उत्तर भारतीय समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा भी हुई। स्वागत समारोह में विजय सिंह, सर्वेश उपाध्याय, रामगंज के चेयरमैन राकेश सिंह, लालजी सिंह, राज सिंह, अशोक दुबे, राजा सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पूर्व मंत्री मोती सिंह का अभिनंदन करते हुए उनके मुंबई प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर आत्मीय माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने आपसी संवाद एवं सामाजिक समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया।
भाजपा नेता मुकेश मासूम ने की कच्ची सड़क को पक्की कराने की मांग
खुर्जा। महेश वाटिका के मुख्य कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता मुकेश कुमार मासूम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजा है। उन्होंने लगभग 560 मीटर लंबे मुख्य मार्ग का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने तथा सड़क के साथ उचित नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
महेश वाटिका के बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने अपने नाम, हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर सहित सामूहिक प्रार्थना पत्र मुकेश कुमार मासूम को सौंपकर अपनी समस्या शासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया था। स्थानीय नागरिक राजेश गोविल एवं पूरन चंद शर्मा ने भी सड़क की गंभीर स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि महेश वाटिका का लगभग 560 मीटर लंबा मुख्य मार्ग अभी कच्चा है। रास्ता असमतल होने और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण यहां से पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी और दुर्घटना के जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।सीस्थानीय नागरिकों के अनुसार इस सड़क के निर्माण के लिए पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया गया था। सड़क की नाप आदि की प्रक्रिया भी कराई गई, लेकिन इसके बावजूद अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में एक गंभीर घटना का भी उल्लेख किया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार महेश वाटिका निवासी एवं सेना से सेवानिवृत्त लाखन बाबा खराब एवं क्षतिग्रस्त रास्ते के कारण गिर गए, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई। वर्तमान में उनका उपचार चल रहा है।
मुकेश कुमार मासूम ने कहा कि महेश वाटिका के नागरिक लंबे समय से इस समस्या के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता द्वारा उनके संज्ञान में लाई जाने वाली जनहित की समस्याओं को शासन एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
मनपा एवं कामगार हास्पीटल के तत्वावधान में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित
मुंबई । मैत्री चॅरिटेबल ट्रस्ट एवं अष्टविनायक क्रीडा मंडळ सार्वजनिक गणेशोत्सव के तत्वावधान में मुफ्त स्वास्थ्य शिबीर व आयुष्यमान कार्ड  उपक्रम का आयोजन सोमवार 21 सप्टेंबर 2026 को बी डी डी चाळ क्र. 62 व 63 के मध्य रखा गया।शिवसेना शाखा क्र. १९५ व मैत्री चॅरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कु.ऐश्वर्या ताई सचिन अहिर के सहयोग एवं विशेष सहयोग अधीक्षक, ई एस आय सी रुग्णालय (कामगार हॉस्पिटल) किरण अरुण गावडे,बाळाराम सावर्डेकर के सहयोग से आयोजित किया गया। मनपा द्वारा आयोजित मुफ्त स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का निर्देशन स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विरेन्द्र वी मोहिते एवं संयोजन डॉ प्रज्योत चौव्हाण ने किया। उक्त शिविर में मलेरिया व मधुमेह हेतु रक्त जांच, क्षयरोग हेतु थूंक कफ जांच, सर्दी, खांसी, बुखार, ब्लडप्रेशर की जांच विशेषज्ञ डॉ द्वारा की गई तत्पश्चात उन्हें उक्त बिमारी की दवा दी गई। उक्त आयोजन में डॉ प्रज्योत चौव्हाण, विनय कुमार शर्मा,प्रिति चौधरी, सुजीत सोनावणे, प्रमोद जाधव, शर्वरी कदम, सुरक्षा सावंत, ग़ौरी कांबले, मीरा कांबले, मंदाकिनी सुर्यवंशी, अर्पणा लोंढे,समाज विकास अधिकारी राजेश सुरवाडे, डॉ अमोल दर्रोइ, डॉ मनीष सार्दुल के साथ कामगार हास्पीटल वरली से डा सत्यम जी शुक्ला, डॉ रूतुजा मंधाने, रोशनी चौधरी,सायली खरात, रोशनी कोथेकर,वर्षा गांगुर्डे का सहयोग रहा। कार्यक्रम का आयोजन किरण गावड़े,बाला सौरडेकर, वरिष्ठ समाजसेवी नरेन्द्र सिंह,अक्षय गोस्वामी, माधव पटेल,राजू अडसूल एवं नरसिंह गोस्वामी ने किया। उक्त शिविर का लाभ सैकड़ों नागरिकों ने लिया तथा गणेशोत्सव के अवसर पर सभी ने बाप्पा के दर्शन किया।आयोजक मंडल ने उपस्थित सभी अतिथियों का सम्मान पुष्पगुच्छ देकर किया।
रोजगार महाकुंभ में शामिल होंगी टाटा, महिंद्रा समेत नामचीन कंपनियां : कैबिनेट मंत्री लोढ़ा
मुंबई। राज्य के युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की संकल्पना से आयोजित किए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ‘विश्वविक्रमी रोजगार महाकुंभ’ को नामचीन कंपनियों और उद्योग संस्थानों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 1,588 नियोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है, जिनके माध्यम से 71,939 प्राथमिक रोजगार अवसर उपलब्ध हुए हैं। रोजगार महाकुंभ में टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप, LIC, HDFC, ICICI, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी, बॉश, एंड्युरेंस टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, JSW स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, CEAT और थर्मैक्स जैसी नामचीन कंपनियां एवं संस्थाएं शामिल हैं। ऑटोमोबाइल, विनिर्माण, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, आईटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों द्वारा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं और कौशल वाले युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी। फ्रेशर्स के साथ अनुभवी उम्मीदवारों के लिए भी रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। ITI, स्नातक, HSC, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग तथा अन्य कौशल आधारित योग्यताएं रखने वाले उम्मीदवारों के लिए विभिन्न पदों पर अवसर उपलब्ध हैं। इनमें टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक, ट्रेनी, अप्रेंटिस, सेल्स, ग्राहक सेवा सहित अन्य पद शामिल हैं। साथ ही, सरकार से संबंधित संस्थाओं में भी युवाओं को काम करने का अवसर मिलेगा।
रोजगार महाकुंभ को मिल रहे प्रतिसाद को देखते हुए 29 सितंबर तक पंजीकृत नियोक्ताओं की संख्या 2,500 से अधिक होने की उम्मीद है। आगामी दिनों में और अधिक कंपनियां एवं उद्योग संस्थाएं इसमें शामिल होंगी, जिससे युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों में और वृद्धि होने की संभावना है। रोजगार महाकुंभ के माध्यम से उद्योग क्षेत्र की मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं और युवाओं के कौशल का समन्वय करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उद्योगों को आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी, यह जानकारी कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दी। आगामी 29 सितंबर को आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ‘विश्वविक्रमी रोजगार महाकुंभ’ की पूर्व तैयारियों के तहत कौशल विकास विभाग और मुंबई उपनगर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से 11 सितंबर को बांद्रा पूर्व स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में ‘एम्प्लॉयर राउंड टेबल’ का आयोजन किया गया था। कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की पहल पर आयोजित इस बैठक में महाराष्ट्र के 32 नामचीन उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों के मानव संसाधन प्रबंधन विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में उद्योगों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना, उनकी मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं को समझना तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाना, इस बैठक का उद्देश्य था।
गणपति बप्पा के दरबार में भवन निर्माता मनीष दुबे का सम्मान
भायंदर। महाराष्ट्र में चल रहे गणेशोत्सव के बीच भायंदर पूर्व के इन्द्रलोक फेस 2 में सात इमारतों के बीच स्थापित गणपति बप्पा के दरबार में जेबीएस/एनजी ग्रुप के डायरेक्टर मनीष दुबे का स्थानीय रहवासियों की तरफ से सम्मान किया गया।गणेशोत्सव मंडल की तरफ से मंडल अध्यक्ष अमित मोरे तथा एडवोकेट भक्ति ठाकुर ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर छोटे भाई तथा एनजी ग्रुप के डायरेक्टर नीतीश दुबे भी उपस्थित रहे। एनजी ग्रुप द्वारा यहां की सात इमारतों का पुनर्विकास किया जा रहा है। बिल्डर द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों को देखते हुए स्थानीय रहिवासियों द्वारा उनका सम्मान किया गया। भवन निर्माता मनीष दुबे तथा नीतीश दुबे ,मीरा भायंदर के प्रख्यात समाजसेवी,व्यवसाई तथा भाजपा नेता राजेश मिश्रा के भांजे हैं। इस अवसर पर अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।
गणपति बप्पा की पूजा अर्चना में डूबा रहा ज्ञान प्रकाश सिंह का पूरा परिवार
मुंबई। वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रख्यात समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी गोरेगांव पूर्व के ओबेरॉय टॉवर्स स्थित अपने आवास पर धार्मिक विधि विधान के साथ डेढ़ दिनों तक गणपति बप्पा की स्थापना की। ज्ञान प्रकाश सिंह और उनका पूरा परिवार बप्पा की भक्ति और पूजा अर्चना में डूबा रहा। अनेक गणमान्य लोगों ने उनके घर पर स्थापित बप्पा का दर्शन किया। ज्ञान प्रकाश सिंह ने सभी आगंतुकों का बप्पा की मूर्ति के सामने धार्मिक अंग वस्त्र से सम्मान किया।

धार्मिक कार्यक्रमों से ज्ञान प्रकाश सिंह और उनके पूरे परिवार का गहरा लगाव रहा है। खासकर जौनपुर में धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर ज्ञान प्रकाश सिंह की अपनी एक विशेष पहचान है। जौनपुर में 20 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक, उन्होंने तीसरी बार राम कथा का भव्य आयोजन किया है। ज्ञान प्रकाश सिंह की लोकप्रियता का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि मात्र डेढ़ दिनों की गणपति में भी करीब 900 लोगों ने उनके आवास पर आकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। ज्ञान प्रकाश सिंह के साथ उनके दोनों पुत्र अमित सिंह तथा सुमित सिंह के अलावा उनकी धर्मपत्नी रीना सिंह, बहू दीप्ति अमित सिंह तथा श्वेता सुमित सिंह ने आने वाले सभी लोगों का स्वागत और सत्कार किया। बप्पा के विसर्जन के समय पूरा परिवार भावुक दिखाई दे रहा था।