आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली के निवास पर विराजमान श्री गणेश
मुंबई। आरटीआई कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल गलगली के निवास पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ स्थापित की गई। गणराय के आगमन से निवास पर भक्तिमय एवं आनंदपूर्ण वातावरण बना हुआ है।
इस अवसर पर परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने श्री गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। अनिल गलगली ने गणराय से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और मुंबई के विकास की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि श्री गणेश विघ्नहर्ता और बुद्धि-विवेक के प्रतीक हैं। गणराय की कृपा से समाज में सद्भाव, सकारात्मकता और सेवा की भावना मजबूत हो, यही प्रार्थना है।
लालबागचा राजा के दरबार में फिल्म जगत,मीडिया की विशेष उपस्थिति
मुंबई | मुंबई के विश्वविख्यात लालबागचा राजा के दरबार में गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद, SAB ग्रुप के अध्यक्ष मारकंड अधिकारी, कैलाश अधिकारी तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता विनोद पाठक ने लालबागचा राजा के विशेष दर्शन कर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के अवसर पर सभी ने भगवान श्री गणेश से देश और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। गणेशोत्सव के दौरान मुंबई की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा एक बार फिर पूरे उत्साह के साथ दिखाई दे रही है। वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने भगवान गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए दर्शन किए। वहीं SAB ग्रुप के अध्यक्ष मारकंड अधिकारी और कैलाश अधिकारी की उपस्थिति ने भी इस धार्मिक आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता विनोद पाठक ने कहा कि लालबागचा राजा मुंबई की आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का एक महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। गणेशोत्सव केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि लोगों को आपसी भाईचारे और सद्भाव से जोड़ने वाला उत्सव भी है।
इस विशेष दर्शन के दौरान कौशल विनोद पाठक भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए आध्यात्मिक एवं भावनात्मक रूप से विशेष अनुभव रहा। उन्होंने मुंबईवासियों तथा देशवासियों को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
लालबागचा राजा के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु मुंबई पहुंच रहे हैं। गणपति बप्पा के जयघोष से लालबाग क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
गोंडा के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, SIS लिमिटेड में सुरक्षा जवान व सुपरवाइजर की भर्ती*

*18 सितंबर से विकासखंडवार लगेंगे SIS भर्ती कैंप, हाईस्कूल पास युवा कर सकेंगे प्रतिभाग*

*सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर बनने का मौका, गोंडा के सभी ब्लॉकों में आयोजित होंगे भर्ती कैंप*

*गोण्डा 16 सितंबर 2026* -  गोंडा के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर, एसआईएस लिमिटेड में सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों पर भर्ती — जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी ने बताया कि जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसआईएस लिमिटेड द्वारा सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाइजर के पदों पर विकासखंडवार भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। भर्ती कैंप 18 सितंबर को परसपुर, 19 व 21 सितंबर को बेलसर, 22 व 23 सितंबर को बभनजोत, 24 व 25 सितंबर को नवाबगंज, 26 व 28 सितंबर को मनकापुर, 5 व 6 अक्टूबर को कटरा बाजार, 7 व 8 अक्टूबर को इटियाथोक, 9 व 10 अक्टूबर को करनैलगंज, 12 व 13 अक्टूबर को हलधरमऊ, 17 व 19 अक्टूबर को मुजेहना, 21 व 22 अक्टूबर को छपिया, 23 व 24 अक्टूबर को रुपईडीह, 26 व 27 अक्टूबर को पंडरीकृपाल तथा 28 व 29 अक्टूबर 2026 को झंझरी विकासखंड में आयोजित होंगे। सभी कैंप प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक होंगे। अभ्यर्थी की योग्यता हाईस्कूल उत्तीर्ण, आयु 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम लंबाई 167.5 सेंटीमीटर निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों से ₹350 ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया कैंप स्थल पर ही होगी। अभ्यर्थियों की ड्यूटी 8 घंटे प्रतिदिन एवं 26 दिन प्रतिमाह होगी तथा वेतन ₹16,000 से ₹30,000 तक बताया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ मेट्रो, सचिवालय, कंपनियों, अयोध्या धाम, हनुमानगढ़ सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों तथा आवश्यकता के अनुसार प्रदेश के बाहर भी तैनाती दी जा सकती है। किसी भी विकासखंड का अभ्यर्थी अपनी सुविधानुसार किसी भी भर्ती कैंप में प्रतिभाग कर सकता है। अधिक जानकारी के लिए 9236915649 एवं 7348142910 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला विकास अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भर्ती कैंप में प्रतिभाग कर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
राजस्व विभाग का अजब कारोबार, 60 साल बाद होगी आवंटित जमीन की SIT जांच
मुंबई। कल्याण में पद्मिनी प्रीमियर का निर्माण करने वाली प्रीमियर ऑटोमोबाइल्स की जमीन के आवंटन के मामले में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर ही सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। छह दशक से भी अधिक समय पहले, यानी 1962 से 1965 के दौरान विभिन्न सरकारी आदेशों के माध्यम से आवंटित 170 एकड़ से अधिक जमीन की जांच के लिए 4 सितंबर 2026 को एसआईटी का गठन किया गया है। खास बात यह है कि यह जांच कांग्रेस नेता नाना पटोले की शिकायत के आधार पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के आदेश से शुरू की गई है। शिकायत प्राप्त होने के महज 8 दिनों के भीतर बिना किसी प्राथमिक जांच के समिति गठित किए जाने से आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए उद्योग-धंधों को आमंत्रित कर रहे हैं, वहीं राजस्व विभाग इस तरह अनावश्यक कागजी कार्रवाई के जरिए उद्योगों को परेशान कर रहा है। ऐसे में राज्य में उद्योग कैसे आएंगे और रोजगार सृजन कैसे होगा, यह सवाल भी उठाया जा रहा है। प्रीमियर ऑटोमोबाइल्स की स्थापना 1944 में सोलापुर के उद्योगपति सेठ वालचंद हीराचंद दोशी ने सर एम. विश्वेश्वरैया के प्रोत्साहन से की थी। स्वतंत्रता के बाद देश में प्रत्यक्ष रूप से निर्मित शुरुआती वाहनों में से कुछ वाहनों का उत्पादन प्रीमियर ऑटोमोबाइल्स ने किया था। वर्ष 1953 में वालचंद हीराचंद के निधन के बाद उनके भाई लालचंद हीराचंद ने कंपनी की कमान संभाली। महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार के आग्रह पर हीराचंद परिवार ने राज्य में उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके तहत 1962 से 1965 के दौरान ठाणे जिले के कल्याण तालुका में 170 एकड़ से अधिक जमीन विभिन्न आदेशों के माध्यम से प्रीमियर ऑटोमोबाइल्स को दी गई। उस समय यह इलाका दूर-दराज का था और वहां औद्योगिक गतिविधियां कम थीं। रोजगार सृजन के उद्देश्य से प्रीमियर को एक बड़ा औद्योगिक यूनिट स्थापित करना था, साथ ही कुछ जमीन कर्मचारियों के आवास के लिए इस्तेमाल की जानी थी। हालांकि, इस जमीन के मूल आवंटन को छह दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद अब इसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। इससे इतने लंबे समय बाद की जा रही जांच के समय और इसके पीछे की प्रशासनिक भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच, कंपनी के आर्थिक संकट में आने के बाद उसकी जमीन का कुछ हिस्सा विभिन्न पक्षों को बेचा गया। करीब 55 एकड़ जमीन अनंत डेवलपर्स को विकास करार के तहत दी गई, जबकि कुछ जमीन बेचकर कंपनी ने विभाग का बकाया चुकता किया, ऐसा दावा किया गया है। वर्तमान स्थिति में 170 एकड़ जमीन में से 57 एकड़ जमीन रुनवाल समूह के पास, 55 एकड़ जमीन लोढ़ा डेवलपर्स के पास, 41 एकड़ जमीन सुंदर निवास प्रॉपर्टीज के पास और करीब 13 एकड़ जमीन विभिन्न सरकारी विभागों के पास है।औद्योगिक निवेश, जमीन आवंटन और विकास परियोजनाओं को लेकर सरकार द्वारा लिए गए हर पुराने फैसले की यदि कई दशकों बाद जांच शुरू की जाने लगे, तो भविष्य में उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निर्णय लेने वाले प्रशासन को इसका क्या परिणाम भुगतना पड़ेगा, यह सवाल भी इस मामले के जरिए उठाया जा रहा है। एक ओर उद्योगों को जमीन देकर रोजगार सृजन और विकास को बढ़ावा देने की नीति है, तो दूसरी ओर छह दशक बाद उन्हीं फैसलों की जांच की जा रही है। ऐसे में राजस्व विभाग का यह कारभार वास्तव में विकास को गति देने वाला है या निर्णय प्रक्रिया में बाधा डालने वाला, यह सवाल अब उठ खड़ा हुआ है। कांग्रेस के विधायक के 11 अगस्त के पत्र पर आठ दिनों में बैठक हुई और 19 अगस्त तक निर्णय लिया गया। इस तेजी और इसकी दिशा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए 1960 के दशक में लिए गए फैसले, उसके बाद जमीन के उपयोग में आया बदलाव, न्यायालयीन प्रक्रिया और शासन के समक्ष सभी शुल्क का भुगतान किए जाने के बावजूद अब 60 साल बाद एसआईटी जांच शुरू करने का प्रशासन ने निर्णय लिया है। यह निर्णय किसी के दबाव में लिया गया है और यदि यही स्थिति बनी रही, तो भविष्य में उद्यमी महाराष्ट्र में क्यों रहें?
माटुंगा में गणपति बप्पा की भक्ति में डूबा उदय प्रताप सिंह का परिवार
मुंबई। मुंबई भाजपा प्रवक्ता और वरिष्ठ समाजसेवी उदय प्रताप सिंह के किंग्स सर्कल, माटुंगा स्थित आवास पर विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी गणपति बप्पा की डेढ़ दिनों तक भव्य मूर्ति की स्थापना की गई। इस दौरान सैकड़ो लोगों ने बप्पा के दर्शन किए। उदय प्रताप सिंह के साथ उनका पूरा परिवार बप्पा की भक्ति और पूजा अर्चना में डूबा रहा। आज पूरे सम्मान के साथ बप्पा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर उदय प्रताप सिंह के अलावा मनोजकुमार जेपी सिंह, सुनिता (चंचल), पुजा (मोना), शिवांगी, शिवांशराज, अक्षिता, आरित, निरंतरा व मिनेश द्विवेदी पंडितजी उपस्थित रहे।  इस अवसर पर पूरा परिवार भावुक दिखाई दे रहा था।
गणपति बप्पा के दर्शन हेतु अपने शुभचिंतकों के यहां पहुंच रहे भक्त
मुंबई । महानगर में गणेशोत्सव 14 सितंबर 2026 से धूमधाम से मनाया जा रहा है जिसके दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है।जगह-जगह मंदिरों,पंडालों तथा अधिकतर घरों में पूजा पाठ महाराष्ट्र के सभी क्षेत्रों में किया जा‌ रहा है जो एकता भाईचारे को प्रतिष्ठापित करती है। ऐसे में पालघर जिले के जय विजय नगरी नालासोपारा में उत्कृष्ट कवियत्री किरण रमेश तिवारी के आवास पर बप्पा का आगमन हुआ जहां जयकारा लगाने एवं दर्शन हेतु कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप के साथ रमेश तिवारी,किरण तिवारी,दीपेश,निशांत,जय, आशुतोष, शुभम,गौरव, कार्तिकेय उपस्थित रहे।वहीं मीरारोड निवासी वरिष्ठ समाजसेवी, महामंत्री सविता समाज संस्था प्रधानाचार्य रविंद्रनाथ शांतिलाल शर्मा के निवास स्थान पर बप्पा का भव्य दर्शन करने मीरा भायंदर के वरिष्ठ समाजसेवी मदन सिंह,कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप,श्यामपाल शर्मा, समाजसेवी संतोष राम आसरे शर्मा,सविता समाज संस्था के ट्रस्टी शांतिलाल शर्मा के साथ महानगर के समाजसेवियों में एडवोकेट अनिल शर्मा भारत सरकार नोटरी,चन्द्रभूषण शर्मा अध्यक्ष एवं संस्थापक नई उम्मीद फाउंडेशन ट्रस्ट,प्रेम कुमार शर्मा,रोशन शर्मा,अनिल शर्मा समाजसेवी घनश्याम शर्मा, रामजनम शर्मा,अवधेश शर्मा समाजसेवी एवं अनिल चौहान पत्रकार जैसे गणमान्य उपस्थित रहे। उपस्थित सभी गणमान्यो ने गणपति बप्पा के पावन आगमन का दर्शन करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया एवं प्रसाद ग्रहण किया।
नित्यानंद वृद्धाश्रम में ब्राह्मण सेवा फाउंडेशन ने किया भोजन वितरण
मुंबई। ब्राह्मण सेवा फाउंडेशन द्वारा रविवार को नित्यानंद वृद्धाश्रम में सेवा एवं मानवता की भावना के साथ भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वृद्धजनों को भोजन कराया गया तथा उनका कुशलक्षेम जाना गया।कार्यक्रम का आयोजन मुंबई अध्यक्ष श्रीमती निशा ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन मिश्रा एवं राष्ट्रीय प्रभारी श्रीमती चंद्रावती त्रिपाठी सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ब्राह्मण सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंद, बुजुर्ग एवं असहाय लोगों की सेवा करना संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनापन और सम्मान देना भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने संगठन के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आशीर्वाद दिया। संगठन की ओर से भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा एवं सामाजिक कार्य निरंतर किए जाने की बात कही गई।
मंगल भारत अभियान,केशव सृष्टि एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा वृक्षारोपण
पालघर।  पर्यावरण संरक्षण,हरित भारत के निर्माण तथा आदिवासी किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से रेगलीज़ मेडिकेयर लिमिटेड ने अपनी दसवीं वर्षगांठ मंगल भारत अभियान,केशव सृष्टि एवं राष्ट्रीय सेवा योजना मुंबई विश्वविद्यालय के सहयोग से ग्राम शेनसरी पाटीलपाड़ा, पोस्ट बापूगांव तालुका दहानू, जिला पालघर में भव्य वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया।कंपनी की पिछले एक दशक की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले चिकित्सकों के सम्मान एवं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से 1000 आम,अमरूद,नींबू एवं काजू के पौधों का वृक्षारोपण किया गया।१४४ प्रतिभागियों सहित सैकड़ों स्वयंसेवकों,विद्यार्थियों, चिकित्सकों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता किया।शुभारंभ पारंपरिक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुई।रेगलीज़ मेडिकेयर लिमिटेड की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित यह वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं था बल्कि कंपनी की एक दशक लंबी विकास यात्रा में साथ देने वाले चिकित्सकों के प्रति सम्मान आभार और कृतज्ञता का हरित प्रतीक था।कार्यक्रम में रेगलीज़ मेडिकेयर लिमिटेड की महाप्रबंधक सिमंतनी पांजा,मंगल भारत अभियान के अध्यक्ष मनोज टोडी, जनसंपर्क अधिकारी इशिका शर्मा, पालघर जिला प्रमुख तनिष त्रिवेदी,पालघर जिला समन्वयक श्याम यादव, अभियान समन्वयक रोनक त्रिवेदी एवं मोहित त्रिवेदी, तथा केशव सृष्टि, वाडा के कृषि प्रमुख दिलीप पावरा, विनोद भोये कासा केंद्रप्रमुख, दिनेश भोये कासा विस्तारक सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंगल भारत अभियान के संस्थापक संतोष शर्मा के मार्गदर्शन में अभियान को आगे बढ़ाया गया। रेगलीज़ मेडिकेयर लिमिटेड के निदेशक दीपक देसाई एवं पल्लव शाह तथा विक्रय एवं विपणन अध्यक्ष जी. नरेंद्र ने इस पर्यावरणीय पहल को अपना सहयोग एवं समर्थन प्रदान किया।
केशव सृष्टि के निदेशक विमल केडिया के मार्गदर्शन में ग्राम विकास योजना को इस वृक्षारोपण अभियान से जोड़ा गया। वहीं संतोष गायकवाड़, केशव सृष्टि,वाडा ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
वृक्षारोपण के साथ आदिवासी किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण पर विचार किया गया।केशव सृष्टि की ग्राम विकास योजना के अंतर्गत लगाए गए आम, अमरूद, काजू एवं नींबू जैसे फलदार वृक्ष आने वाले वर्षों में आदिवासी किसानों के लिए आय एवं आजीविका का स्थायी साधन बन सकते हैं।
इस प्रकार इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण विस्तार और ग्रामीण आर्थिक विकास को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया।“एक नागरिक – पाँच पेड़” का संकल्प लिया गया।मंगल भारत अभियान की जनसंपर्क अधिकारी इशिका शर्मा ने सभी 144 प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।संस्थापक संतोष शर्मा ने  “हरित भारत” की परिकल्पना के अंतर्गत यह संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिवर्ष पाँच देशी वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प ले तो देश के पर्यावरण में व्यापक एवं दीर्घकालीन सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।पालघर जिला प्रमुख तनिष त्रिवेदी ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी दी।डॉ. ज्ञानेश्वर भोसले,पी. एल. श्रॉफ महाविद्यालय, चिंचणी; डॉ. सचिन एच. राऊत, कॉम. जी. एस. पी. महाविद्यालय, तलासरी तथा डॉ. मधुरा सुरवे, विवा महाविद्यालय, विरार पश्चिम की सहभागिता रही।प्रोफेसर कोमल पाटील राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष विवा महाविद्यालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना पालघर जिला इकाई समन्वयक,प्रोफेसर सुशील शिंदे वनस्पति विज्ञान ठाकुर कॉलेज विज्ञान एवं वाणिज्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना मुंबई विश्वविद्यालय इकाई समन्वयक तथा अजय शिंदे क्षेत्रीय राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशक का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने वृक्षारोपण में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
संजय उपाध्याय ने कोकण के गणेश भक्तों के लिए 92 बसों को किया रवाना
मुंबई। बोरीवली विधानसभा के लोकप्रिय भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने गणेश उत्सव के दौरान कोकण जाने वाले गणेश भक्तों की सुविधा के लिए बोरीवली विधानसभा से 92 बसों को कोकण के लिए रवाना किया। आज वे खुद बसाें के रवाना स्थल पर मौजूद रहे तथा बस में बैठे लोगों को हाथ हिलाकर शुभकामनाएं दी। इस सुविधा से लाभान्वित होने वाले सैकड़ो कोकण वासियों ने विधायक संजय उपाध्याय के प्रति कृतज्ञता करते हुए आभार व्यक्त किया। मुंबई में रहने वाले लाखों कोकड़ वासी गणेश उत्सव के दौरान अपने गांव में रहकर गणपति बप्पा की पूजा अर्चना करते हैं। ऐसे में घर जाने को लेकर उनके मन में उत्साह देखने को मिलता है।
बॉलीवुड के ओक स्टूडियोज़ का 14 सितंबर को हिंदी सम्मेलन
मुंबई। बॉलीवुड के ओक स्टूडियोज़ ने सोमवार 14 सितंबर को दोपहर 2 बजे से मुंबई के गोरेगाँव पश्चिम स्थित बांगुर नगर में हिंदी दिवस का आयोजन किया है।
ओक स्टूडियोज़ पहली बार हिंदी दिवस का आयोजन कर रहा है। फ़िल्मों से जुड़े कलाकार,पत्रकार तथा रचनाकार इस समारोह में शामिल होंगे। जानेमाने पत्रकार व लेखक डॉ वागीश सारस्वत इस हिंदी समारोह के मुख्य अतिथि होंगे जबकि पत्रकार मनीषा जोशी समारोह का संयोजन व संचालन करेंगी। विशिष्ट अतिथि के तौर पर नंदिता माजी शर्मा और गायक गीतकार विशु का रचना पाठ होगा।